वाराणसी एसएसपी ने निभाया अपना वादा, पहुंचे बैडमिंटन और शटल लेकर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर रोजाना स्ट्रीट लाइट की रोशनी में पहले पढ़ाई और फिर तरह-तरह के खेल के गुर सीखने वाले बच्चों के लिए मंगलवार की रात एक बार फिर यादगार रही। दरअसल, इन बच्चों के लिए एसएसपी अमित पाठक रैकेट, शटल कॉक, नेट, बैट-बॉल और पेन-पेंसिल लेकर पहुंचे थे।
एसएसपी के उपहार देख कर बच्चों की खुशी का ठिकाना ही नहीं रहा। इसके साथ ही एसएसपी ने बच्चों के साथ बैडमिंटन खेल कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। इस प्रेमभाव और उत्साहवर्धन पर बच्चों ने कहा थैंक्यू एसएसपी अंकल...।
एसएसपी अमित पाठक महाशिवरात्रि और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के शहर आगमन के मद्देनजर बीती नौ मार्च की रात दशाश्वमेध घाट की ओर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने गए थे। दशाश्वमेध घाट पर उन्होंने देखा कि सामाजिक कार्यकर्ता सीमा गौड़ निम्न आय वर्ग के परिवार के बच्चों को पढ़ाने के साथ ही उन्हें खेलकूद के गुर भी सिखा रही है।
इससे प्रभावित हुए एसएसपी ने सीमा की प्रशंसा करते हुए बच्चों के साथ बैडमिंटन खेला था। साथ ही वादा किया था कि वह जल्द ही बच्चों के लिए रैकेट और शटल कॉक लेकर दोबारा उनके बीच होंगे। एसएसपी अपना वादा निभाते हुए मंगलवार की रात सीमा गौड़ और बच्चों के पास फिर पहुंचे।
एसएसपी ने बच्चों से कहा कि आप सभी अच्छे से पढ़ें और जहां भी दिक्कत महसूस हो हमें निःसंकोच बताएं। इस दौरान एसएसपी ने बच्चों को उपहार देकर उनके साथ फोटो खिंचवाई और सभी को जीवन में अच्छा करते रहने के लिए प्रेरित किया।