वाराणसी के खेल समाचार: शिवांश के 97 रनों से डीएवी ने कृषि विज्ञान संस्थान को हराया, लखनऊ भी जीता; पढ़ें खबरें
वाराणसी में खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बीएचयू अंतर संकाय क्रिकेट में डीएवी पीजी कॉलेज जीता। रेलवे क्रिकेट में वाराणसी मंडल ने इज्जतनगर को हराया। बालिका क्रिकेट में वाराणसी अंडर-19 फाइनल में पहुंचा। वॉलीबॉल में बीएचयू चैंपियन बना। बनारस बेबी गेम्स के लिए 410 बच्चों ने पंजीकरण कराया। गाजीपुर में एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीते।
विस्तार
बीएचयू अंतर संकाय क्रिकेट (पुरुष) प्रतियोगिता में डीएवी पीजी कॉलेज ने कृषि विज्ञान संस्थान को 39 रनों से शिकस्त दी। बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान पर खेले गए मैच में डीएवी पीजी कॉलेज ने पहले बल्लेबाजी कर 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। जवाब में इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज की टीम आठ विकेट खोकर 148 रन ही बना सकी।
डीएवी पीजी कॉलेज की ओर से शिवांश सिंह ने शानदार बल्लेबाजी कर 53 गेंदों पर 97 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कृषि विज्ञान संस्थान की टीम 20 ओवर में 148 रन ही बना सकी।
काशी मंडल ने इज्जतनगर को 83 रनों से हराया, लखनऊ भी जीता
लहरतारा रेलवे स्टेडियम पर रेलवे सुरक्षा बल अंतर मंडली क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को वाराणसी मंडल ने इज्जतनगर को 83 रनों से हरा दिया। वहीं दूसरे मैच में बरेका ने लखनऊ को पटकनी दे दी। पहले मैच में वाराणसी मंडल ने 205 रनों का लक्ष्य दिया, लेकिन इज्जत नगर की टीम 121 रन ही बना सकी। मैच को वाराणसी मंडल ने 83 रनों से जीत लिया। दूसरा मैच लखनऊ मंडल और बरेका के बीच खेला गया, जिसमें बरेका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ मंडल को 181 रनों का लक्ष्य दिया। लखनऊ मंडल ने 20वें ओवर की अंतिम गेंद पर मैच जीत लिया।
अंडर-19 में वाराणसी ने कानपुर को हराया
प्रदेशीय विद्यालयीय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को चारों सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। अंडर-19 वर्ग में वाराणसी और मेरठ मंडल ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। अंडर-17 वर्ग में अयोध्या और लखनऊ मंडल ने खिताबी मुकाबले में प्रवेश कर लिया। तीसरे स्थान के मुकाबलों में अंडर-19 वर्ग में कानपुर और अंडर-17 में आजमगढ़ मंडल विजेता रहा। पारकर इंटर कॉलेज के मैदान पर अंडर-19 वर्ग के पहले सेमीफाइनल में कानपुर मंडल ने आठ विकेट पर 70 रन बनाए। टीम की ओर से जान्हवी ने 18 रन का योगदान दिया। वाराणसी की प्रियंका ने तीन विकेट लिए। जवाब में वाराणसी मंडल ने प्रिया के 34 रन की मदद से तीन विकेट पर 72 रन बनाकर सात विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अयोध्या ने काशी को हराया
स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी आजमगढ़ टी-20 स्टेट चैंपियनशिप के ग्रुप बी के दूसरे दिन के पहले मुकाबले में अयोध्या ने वाराणसी को छह विकेट से हरा दिया। वाराणसी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 110 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अयोध्या की टीम ने 13वें ओवर में चार विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। उत्कर्ष यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वॉलीबॉल : अंडर-20 में बीएचयू चैंपियन
सिगरा के संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो दिवसीय अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-20 बालक-बालिका वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। इसमें 30 टीमों के 350 खिलाड़ी खेले। अंडर-14 वर्ग में सिगरा स्टेडियम की टीम ने बीएलडब्ल्यू एकेडमी को हराकर जीत दर्ज की। अंडर-17 वर्ग में रोहनिया सनबीम ने सिगरा स्टेडियम को पराजित किया। वहीं, अंडर-20 वर्ग में बीएचयू की टीम ने सिगरा स्टेडियम को सीधे सेटों में हराकर खिताब जीता।
बेबी गेम्स के लिए 410 खिलाड़ियों का पंजीकरण
बनारस बेबी गेम्स के लिए 410 नन्हें खिलाड़ियों का पंजीकरण हो गया है। आयोजन 23 से 25 अक्तूबर तक परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में किया जाएगा। आयोजक डॉ. आशा सिंह के अनुसार इस प्रतियोगिता में चार से नौ वर्ष तक के बालक और बालिकाएं अलग-अलग आयु वर्गों में खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
एक ही कॉलेज के सात एथलीटों को स्वर्ण पदक
गाजीपुर में 70वीं मंडलीय विद्यालयीय एथलेटिक प्रतियोगिता में शनिवार को जिले के एथलीटों ने पांच स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। विनीत सिंह पटेल ने जूनियर बालक वर्ग में तीन किलोमीटर वॉक रेस में स्वर्ण पदक जीता। रीतिमा पटेल ने जूनियर बालिका वर्ग में 400 मीटर हर्डल रेस, प्रिया पटेल सब जूनियर बालिका वर्ग में 80 मीटर हर्डल रेस, रुद्राक्ष भारद्वाज ने जूनियर बालक वर्ग में त्रिकूद में और शोएब खान ने सब जूनियर बालक वर्ग में 80 मीटर हर्डल रेस में स्वर्ण पदक जीता। विष्णु को 400 मीटर हर्डल रेस और पूनम विश्वकर्मा को जूनियर बालिका वर्ग में 400 मीटर हर्डल रेस में स्वर्ण पदक से नवाजा गया।