फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News today rupees withdrawn from account after asking for OTP animal smuggler arrested

News: ओटीपी पूछ कर खाते से उड़ाए 98 हजार, इनामी पशु तस्कर गिरफ्तार; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें

Sun, 08 Jun 2025 05:46 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sun, 08 Jun 2025 05:46 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में ओटीपी पूछकर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस रपट दर्ज कर पड़ताल कर रही है। वहीं, कपसेठी थाने की पुलिस ने 25 हजार के इनामी पशु तस्कर को गिरफ्तार किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News today rupees withdrawn from account after asking for OTP animal smuggler arrested
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News Today: रोहनिया के कादीपुर की पूनम को साइबर ठगों ने 98 हजार रुपये की चपत लगा दी। पूनम ने बताया कि आशा कार्यकर्ता बिंदू देवी ने एक नंबर दिया था। कहा था कि उस नंबर पर बैंक का डिटेल शेयर कर देना। ताकि प्रसव के बाद सरकार की तरफ से मिलने वाला अनुदान मिल सके।

विज्ञापन


पूनम ने शनिवार को बैंक का डिटेल शेयर किया तो उसके मोबाइल फोन में ओटीपी आया। उसके बाद फोन आया और उससे ओटीपी पूछा गया। पूनम के ओटीपी बताने पर उसके खाते से दो बार में 98 हजार रुपये कट गया। पूनम के पति राजगीर सोनू को रोहनिया थाने की पुलिस ने साइबर सेल भेजकर शिकायत दर्ज कराने को कहा।
विज्ञापन


25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
सेवापुरी के कपसेठी थाने की पुलिस ने शनिवार को 25 हजार रुपये के एक इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। बदमाश सकलपुर गांव निवासी विशाल यादव उर्फ सनी यादव है। कपसेठी थानाध्यक्ष ने बताया कि विशाल पशु तस्कर है।
विज्ञापन
विज्ञापन


वह गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित था। गत नौ अप्रैल को संरक्षित मवेशियों की तस्करी के आरोप में विशाल के भाई पंकज यादव और शशिकांत सिंह उर्फ विक्की को जेल भेजा गया था। तभी से पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए विशाल छिपता फिर रहा था।

खड़े ट्रक के पीछे ट्रेलर टकराया, खलासी की मौत
रोहनिया के पंडितपुर बाइपास पर शनिवार सुबह एक ट्रेलर खड़े ट्रक के पीछे जा टकराया। हादसे में ट्रेलर के खलासी की मौत हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। आशंका है कि ट्रेलर के चालक को झपकी आने की वजह से हादसा हुआ है।

सुल्तानपुर के अहदर मोतियरपुर निवासी चालक प्रेम यादव (45) ट्रेलर में नौबतपुर में सीमेंट लोड किया था। उसके साथ उसी के इलाके का रहने वाला खलासी पवन पांडेय (38) भी था। दोनों सुल्तानपुर जा रहे थे। पंडितपुर बाइपास पर प्रेम ट्रेलर लेकर एक खड़े ट्रक के पीछे जा टकराया। चौकी प्रभारी मोहनसराय धर्मेंद्र राजपूत ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रेलर के केबिन में फंसे चालक और खलासी को बाहर निकलवाया।

हादसे में पवन की मौत हो गई और प्रेम को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। हादसे के बाद ट्रक लेकर चालक भाग गया। रोहनिया थानाध्यक्ष ने बताया कि खलासी के परिजनों का सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। जिस ट्रक के पीछे ट्रेलर टकराया था, उसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

18 लाख का कर्ज लेकर गबन किया, केस दर्ज
लहुराबीर के पंजाब एंड सिंध बैंक की शाखा से 18 लाख रुपये का कर्ज लेकर गबन के आरोप में चेतगंज थाने में शुक्रवार को दो आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में नवापुर, दारानगर का कौशल सेठ और आजमगढ़ के लालगंज, काटघर के जेपी एंटरप्राइजेज शामिल हैं। 

शाखा प्रबंधक मनीष अस्थाना ने पुलिस को बताया कि गोदरेज गोल्ड टेस्टिंग मशीन की खरीदारी करने के लिए कौशल सेठ ने जेपी एंटरप्राइजेज से 18 लाख रुपये का कर्ज लिया। पैसा जेपी एंटरप्राइजेज के खाते में जमा कराया गया। सितंबर 2024 तक जिस कार्य के लिए ऋण लिया गया था, उसे शुरू नहीं किया गया। कार्य स्थल का निरीक्षण करने और पत्र लिखने के बावजूद कौशल सेठ ने काम नहीं शुरू कराया। मगर, ऋण की किश्त बैंक खाते में जमा की जा रही थी।

शाखा प्रबंधक ने कहा कि ऋण लेने वालों की विश्वसनीयता पर शक हुआ। जांच में सामने आया कि बैंक की ऋण की राशि का दुरुपयोग किसी और मद में किया जा रहा है। इंस्पेक्टर चेतगंज ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

डिजिटल लॉकर से लाखों रुपये के आभूषण चोरी
महमूरगंज क्षेत्र की शिवाजी नगर कॉलोनी में डिजिटल लॉकर से लाखों रुपये मूल्य के कीमती आभूषण और नकदी चुरा ली गई। भुक्तभोगी श्रीप्रकाश पांडेय की तहरीर पर सिगरा थाने की पुलिस ने शुक्रवार की रात मुकदमा दर्ज किया। पुलिस घर आने वाले रिश्तेदारों और इलाके के संदिग्ध गतिविधियों वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। 

श्रीप्रकाश पांडेय ने पुलिस को बताया कि 18 अप्रैल को पुत्र जय पांडेय का विवाह हुआ था। उनकी पत्नी मधु पांडेय लीवर संबंधी गंभीर बीमारी से ग्रसित थीं। 13 मई को डिस्चार्ज होकर घर आई थीं। 19 मई को मधु का निधन हो गया। 18 अप्रैल से लेकर 31 मई तक रिश्तेदार, परिजन और परिचितों का घर आना-जाना लगा था। चार जून को बेडरूम में डिजिटल लॉकर खोलकर देखा तो अंदर रखे डेढ़ लाख रुपये और लाखों के रत्न व आभूषण गायब थे। सिगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

संपत्ति विवाद में भतीजे ने चाचा को पीटा
वाराणसी। छित्तूपुर क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर अभिषेक ने अपने चाचा पुनीत बरनवाल की पिटाई कर दी। पुनीत का आरोप है कि किरायेदारों के बहकावे में आकर उनके बड़े भाई प्रकाश चंद ने तोड़फोड़ की। पुनीत की तहरीर पर सिगरा थाने की पुलिस ने आरोपी पिता और पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

खेत में रखा थ्रेशर चोरी
चौबेपुर के मुस्तफाबाद गांव निवासी मुरारी यादव के खेत में रखा थ्रेशर शुक्रवार रात चोर उठा ले गए। किसान मुरारी यादव ने बताया कि गेहूं की मड़ाई करने के बाद थ्रेशर घर के पास खेत में खड़ा करदिया था। शुक्रवार को उनके घर शादी थी सभी लोग बरात में चले गए। इसी का फायदा उठाकर चोर ट्रैक्टर लगाकर थ्रेशर खींच ले गए। उन्होंने बताया की तीन लाख पचास हजार रुपये में पुराना थ्रेशर लिया था। प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि अभी मीडिया सेल से पता चला है। जानकारी ली जा रही है।

चौबेपुर में युवक से मारपीट, कमिश्नर के आदेश पर 10 दिन बाद लिखा मुकदमा
चोलापुर के गुरवट गांव निवासी अतुल के साथ मारपीट के मामले में कमिश्नर के आदेश पर 10 दिन बाद चोलापुर पुलिस ने मुकदमा दर्लिज किया। पीड़ित के चाचा चंद्रशेखर सिंह का आरोप है कि बीते 27 मई को उनका भतीजा अतुल मोहांव चौराहे पर गया था, जहां उनके गांव के ही ओमकारनाथ मिश्रा, अंकित मिश्रा, प्रदीप मिश्रा और संदीप मिश्रा सहित अन्य लोग इसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

ये घटना मोहांव चौराहे पर लगे सीसी कैमरे में कैद हो गई। उसके अगले दिन जब आरोपियों के घर बातचीत के लिए गए तो वहां जान से मारने की धमकी दी गई। महिलाओं ने गालियां दी। इस दौरान वहां पहुंचे पड़ोसियों से भी मारपीट हो गई। घटना के 10 दिन बाद मुकदमा दर्ज कर चोलापुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 

24 घंटे में बरामद किया आभूषण और नकदी से भरा बैग
कानपुर से आए एक परिवार का नकदी और आभूषण से भरा ट्रॉली बैग लंका क्षेत्र में एक ऑटो में छूट गया। मुखिया की सूचना पर लंका थाने की पुलिस ने 24 घंटे की मशक्कत के बाद बैग बरामद कर सौंप दिया। पुलिस के सहयोग के लिए परिवार के सदस्यों ने आभार जताया। कानपुर के विश्व बैंक, बर्रा के रहने वाले अवधेश कुमार शर्मा साली की शादी में शामिल होने के लिए परिवार के साथ शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे। 

लंका में ऑटो से उतरने के बाद उनका ट्रॉली बैग उसी में छूट गया। लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि अवधेश ने ऑटो में बैग छूटने की सूचना महिला रिपोर्टिंग चौकी की प्रभारी शिप्रा सिंह को दी। बताया कि बैग में पत्नी के ढाई लाख रुपये के गहने और नकदी के अलावा कीमती कपड़े हैं। पुलिस सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से ऑटो को चिह्नित कर चालक तक पहुंची और बैग लेकर अवधेश को सौंप दिया। अवधेश और परिजनों ने पुलिस का आभार जताया। 

मारपीट के दो मामलों में चार घायल
थाने में मारपीट के दो मामलों को लेकर दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पंचक्रोशी इलाके में शुक्रवार को रंजिश को लेकर सोनातालाब दानियालपुर के सुनील सोनकर व उसके भाई अनिकेश को पवन, मनोज, सिकंदर और सोनू ने रॉड और डंडे से जमकर पीटा।

तिलमापुर लेढ़ूपुर के पेट्रोल पंप के पास गाजीपुर के रामपुर मांझा निवासी दिव्यांश चौबे और निखिल यादव की माधव यादव, शिव यादव और उनके सात साथियों ने पिटाई की। सारनाथ थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों को लेकर दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

उमरहां बाजार में दुकान में आग लगी
चिरईगांव के उमरहां बाजार में शुक्रवार रात कृषि यंत्र, खाद-बीज और कीटनाशक की दुकान में आग लग गई। आग से दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार उपेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि दुकान से अचानक धुआं उठता देखा गया। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं।

दुकान में ग्राहक भी मौजूद थे। आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई। लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक सारा सामान जल गया था। उपेंद्र मिश्रा ने बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट समझ में आया है।

पति सहित चार पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा
ऊषा प्रजापति ने दहेज उत्पीड़न के आरोप में पति सहित ससुराल के चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है। मरूई गांव की ऊषा ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 30 जून 2020 को भगतपुर गांव के आकाश प्रजापति के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ससुराल के लोग मायके से एक लाख रुपये और सोने की चेन मंगवाने के लिए परेशान करने लगे।

मांग पूरी न होने पर 28 नवंबर 2024 को उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। मायके वालों ने बातचीत से मसला सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन ससुराल के लोग तैयार नहीं हुए। थानाध्यक्ष सिंधौरा ने बताया कि विवाहिता के पति आकाश प्रजापति, ससुर नागेंद्र प्रजापति, सास रीता देवी और जेठ राज प्रजापति के खिलाफ शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। 

सेक्शन कंट्रोलर से मारपीट, बुलेट सवार पर मुकदमा
शिवपुर में रेलवे के सेक्शन कंट्रोलर के साथ मारपीट करने के मामले में एक बुलेट सवार पर मुकदमा दर्ज किया गया। वाराणसी जंक्शन से ऑटो में सवार होकर सेक्शन कंट्रोलर अमरजीत सिंह अपने घर बड़ा लालपुर जा रहे थे।

इस दाैरान मीरापुर बसही के समीप बुलेट सवार ऑटो रिक्शा के सामने आया और चालक को मारने लगा। पत्नी ने जब उसे ऐसा करने से मना किया तो उसने थप्पड़ मारकर चेन छिनने लगा। लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। बुलेट सवार की पहचान अशोक पुरम कॉलोनी निवासी आरोपी आदित्य गोस्वामी के रूप में हुई। 

शादी के बाद नही करा रहे विदाई, केस
रोहनिया थाने में एक विवाहिता ने शादी के बाद विदाई न कराने के आरोप में ससुराल के लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है। निधि पांडेय ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी 19 अप्रैल 2018 को जौनपुर के सुरेरी निवासी अभय मिश्रा के साथ हुई थी। मगर, उनके ससुराल वाले उनकी विदाई नहीं करा रहे हैं। 

इस संबंध में बात करने पर ससुराल के लोग गालीगलौज करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। निधि की तहरीर पर शनिवार को रोहनिया थाने में पति अभय मिश्रा, ससुर पतेंजय मिश्रा, सास श्रीदेवी और देवर विपिन मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

मनपसंद गाना न बजाने पर डीजे संचालक को पीटा
पिंडरा के फूलपुर थाना क्षेत्र के सगुनहा में मनपसंद गाना न बजाने पर मनबढ़ों ने डीजे संचालक को पीट दिया। पीड़ित की तहरीर पर फूलपुर थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को बसनी, बड़ागांव निवासी धीरज सेठ ने तहरीर दी।

बताया कि 6 जून की रात सगुनहा में वंशीलाल के लड़की की शादी में डीजे बजाने के दौरान बसनी निवासी रहमान और साथियों ने मनपसंद भोजपुरी गाने न बजाने पर लात-घूसों से पीटा। थानाध्यक्ष फूलपुर ने बताया कि रहमान और अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है। 

मारपीट के मामले में ढाई माह बाद मुकदमा दर्ज
जंसा थाने की पुलिस ने रुपये के लेनदेन के विवाद में मारपीट के मामले में ढाई माह बाद शनिवार को मुकदमा दर्ज किया। आपी गांव निवासी प्रकाश ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 14 मार्च 2025 को गांव के ही संदीप और प्रदीप ने बकाया पैसे को लेकर उससे गालीगलौज और मारपीट की। मारपीट में उन दोनों के अलावा राकेश भी शामिल था। जंसा थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

दंपती को पीटा और धमकाया, आठ पर मुकदमा
बिहड़ा गांव में जमीन विवाद को लेकर दंपती के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में शुक्रवार रात मिर्जामुराद थाने में आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। 

बिहड़ा गांव की यादव बस्ती के रहने वाले दूधनाथ यादव ने बताया कि जमीन विवाद में रंजिश को लेकर आशा यादव, राजदेव यादव, दीपक यादव, सुरेंद्र यादव, गोलू यादव, किशन यादव, करण यादव और विनोद यादव उनके घर आए। सभी उनके साथ गालीगलौज करते हुए लाठी-डंडा लेकर टूट पड़े। शोर मचाने पर पत्नी वंशराजी देवी आई तो उन पर भी लाठी-डंडे से हमला किया गया। 

हमलावरों ने दरवाजे पर रखी नाद और सरकारी शौचालय को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। मिर्जामुराद थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा
शिवपुर के कादीपुर की वैशाली सेठ की तहरीर पर पति और सास-ससुर सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वैशाली सेठ ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी 12 दिसंबर 2019 को अटल बिहारी गेट नंबर-1, उन्नाव निवासी अंकित मेहरोत्रा के साथ हुई थी। अंकित एक संस्थान में मैनेजर है और उसका वेतन 50 हजार रुपये प्रतिमाह है।

शादी के कुछ समय बाद मायके से बुलेट मोटरसाइकिल मंगवाने के लिए ससुराल में उन्हें परेशान किया जाने लगा। मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने उन्हें मारपीट कर बच्ची के साथ 17 अक्तूबर 2021 को मायके भेज दिया। चार साल होने को आए, लेकिन ससुराल वालों ने कभी खोज-खबर नहीं ली।

वैशाली ने बताया कि उनके पति ने दूसरी शादी कर ली है। शिवपुर थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि वैशाली के पति अंकित मेहरोत्रा, सास सुनीता मेहरोत्रा, ससुर राकेश मेहरोत्रा, ननद अलंकृता और ननदोई सिद्धार्थ सेठ के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

नमो घाट पर गंगा में डूबे युवक का मिला शव
नमो घाट पर गंगा में डूबे युवक का शव शनिवार दोपहर गोताखोरों ने बरामद कर लिया। युवक की पहचान नहीं हो पाई है। आदमपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक की उम्र लगभग 25 साल है। उसने काले रंग का पैंट पहन रखा है। शुक्रवार रात नमो घाट पर मौजूद लोगों ने युवक के गंगा में डूबने की सूचना दी थी। युवक की तलाश कराई गई थी, लेकिन अंधेरे की वजह से उसका पता नहीं चला। सुबह गोताखोरों की टीम गंगा में उतरी और युवक का शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।

जिलाबदर बदमाश गिरफ्तार किया गया
लंका थाने की पुलिस ने जिलाबदर बदमाश योगेश्वर सिंह राजभर उर्फ राजा राय उर्फ बंगाली को शुक्रवार को लौटूबीर पुलिया अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र ने शनिवार को बताया कि योगेश्वर मलहिया, रमना का रहने वाला है। उसे दो जून को तीन माह के लिए जिलाबदर किया गया था। बावजूद घर में ही छिपकर रह रहा था। उसके खिलाफ हत्या सहित अन्य आरोपों में लंका थाने में तीन मुकदमे दर्ज हैं।

1.60 करोड़ के दो नए ट्रक माउंटेड नाला क्लीनिंग मशीन का शुभारंभ
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने दुर्गाकुंड के समीप दो नए ट्रक माउंटेड नाला क्लीनिंग मशीन का शुभारंभ किया। इसकी लागत एक करोड़ 60 लाख रुपये है। महापौर तिवारी ने दुर्गाकुंड रोड स्थित नाले की सफाई कार्य भी देखा। निर्देश दिया कि सिल्ट तत्काल उठ जाए। फिर नारियां वार्ड, दनियालपुर वार्ड, रामनगर वार्ड में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि योजना के अंतर्गत इंटरलॉकिंग और सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। 

एयर स्कवाड्रन एनसीसी कैडेट्स को दिया ड्रोन फ्लाइंग का प्रशिक्षण
मानव रहित हवाई यान यानी ड्रोन की उपयोगिता निरंतर कृषि, सैन्य निगरानी, फोटोग्राफी, वैज्ञानिक अनुसंधान, आपदा प्रबंधन, सामानों आपूर्ति और अन्य कार्यों में बढ़ रही है। भविष्य में यह एक प्रमुख साधन के रूप में उपयोगी माना जा रहा है। इसके संचालन और रख रखाव की जानकारी नई पीढ़ी में बढ़ाने के उद्देश्य से 7 यूपी एयर स्कवाड्रन एनसीसी बीएचयू द्वारा सम्मिलित वार्षिक प्रशिक्षण और ड्रोन फ्लाइंग, एसेंबली ट्रेनिंग शिविर का आयोजन हुआ। 

30 मई से जारी ट्रेनिंग प्रोग्राम का समापन 8 जून को होगा। भगवानपुर स्थित एक महाविद्यालय में आयोजित इस प्रशिक्षण में एनसीसी के 328 कैडेट्स भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण शिविर में वाराणसी, जौनपुर, और प्रयागराज के विभिन्न स्कूलों कैडेट्स के साथ एयर विंग एनसीसी स्कवाड्रन आगरा, कानपुर, लखनऊ के कुल 328 कैडेट्स भाग ले रहे हैं। इसमें 40 कैडेट्स ड्रोन फ्लाइंग और एसेंबली की विशेष ट्रेनिंग ले रहे हैं। 

संकटमोचन हनुमान जी को भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं को खिलाई खिचड़ी
संकल्प संस्था के अन्नक्षेत्र ने संकटमोचन हनुमान मंदिर में खिचड़ी का भोग अर्पित कर चौक क्षेत्र में खिचड़ी प्रसाद और शीतल जल का वितरण किया। शनिवार को वितरण हुआ, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु, श्रमिक और राहगीर लाभान्वित हुए।

संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन ने कहा कि काशी की आत्मा मां अन्नपूर्णा और मां गंगा दोनों में बसती है। यदि हर व्यक्ति अपने हिस्से की थोड़ी सी संवेदना साझा कर ले, तो भूख और प्यास दोनों से लड़ना आसान हो जाएगा। आयोजन में मृदुला अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में गिरधर दास अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, संजय अग्रवाल, राजेन्द्र अग्रवाल मौजूद रहे।

ट्रिपल ट्वेंटी का पालन करने से आंख रहेगी सुरक्षित
अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित नेत्र परीक्षण शिविर में छात्राओं और उनके अभिभावकों की जांच की गई। इस दौरान डॉक्टरों ने आंखों को सुरक्षित रखने के लिए ट्रिपल 20 का नियम पालन करने को कहा। इसमें बताया कि 20 बार पलक को झपकाने और 20 बार आंखों को बंद करने के साथ ही 20 सेकंड तक लंबी सांस लेने का अभ्यास करने से आंखें सुरक्षित रहती हैं।

अग्रसेन महिला समिति एवं वाराणसी आई बैंक सोसाइटी की ओर से लगे शिविर का शुभारंभ काशी अग्रवाल समाज के सभापति संतोष कुमार अग्रवाल, प्रधानमंत्री डॉ रचना अग्रवाल ने किया। डॉ. सुनील साह एवं डॉ. रिषभ साह करीब 150 छात्राओं और उनके अभिभावकों के आंखों की जांच की।

सहायक उपकरण वितरण शिविर स्थगित
दिव्यांगजनों और वरिष्ठजनों के लिए नौ जून को लगने वाला निशुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर स्थगित हो गया है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम की ओर से ट्रेड फैसिलिटी सेंटर (टीएफसी) में वितरण होना था। इसी माह अगली तिथि घोषित की जाएगी।

शिविर में शामिल कैडेट्स को अनुशासन, ड्रिल, फ्लाइंग, राइफल शूटिंग के साथ विविध प्रकार के खेल और योगा की ट्रेनिंग दी जा रही है। फ्लाइंग की ट्रेनिंग ग्रुप कैप्टन नीरज अम्बा और ड्रोन फ्लाइंग एवं एसेंबली की ट्रेनिंग ग्रुप कैप्टन ए के तिवारी और कर्नल दीगवेंद्र सिंह द्वारा दी जा रही है। ड्रोन के बारे में विस्तृत जानकारी उसकी तकनीक सिखाई जा रही है।

प्रवेश परीक्षा से वंचित अभ्यर्थी फिर दे सकते हैं परीक्षा
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद की ओर से पाॅलिटेक्निक संस्थानों में प्रवेश के लिए कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा 13 जून तक कराई जाएगी। वहीं 5 और 6 जून को हुई परीक्षा में जिन छात्रों परीक्षा छूट गई या फिर प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं कर पाए थे। वे अब परिषद की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर परीक्षा दे सकते है।

संयुक्त निदेशक ने बताया कि अभ्यर्थी किसी भी परीक्षा दिवस में किसी भी नजदीकी परीक्षा केंद्र पर परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं। 8 जून को तीनों पाली सुबह 8 से 10:30, दोपहर 12 से 2:30 व शाम 4 से 6:30 तक शामिल हो सकते हैं। इसके बाद नौ जून को भी सुबह 8 से 10:30 बजे तक परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।

नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में पियरी क्लब ने जीता खिताब
आजाद स्पोर्टिंग क्लब की ओर से पियरी में आयोजित 20-दिवसीय नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला पियरी क्लब ने चेतगंज टीम को हराकर जीत लिया। 6 ओवर के मैच में चेतगंज टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 31 रन बनाए।

जवाब में पियरी क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 3 ओवर में 2 विकेट खोकर 32 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। विजेता टीम को मुख्य अतिथि आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र और विशिष्ट अतिथि किशन दीक्षित ने नकद और ट्राॅफी दी। उपविजेता टीम को नकद पुरस्कार दिया गया।

होमगार्ड के जवानों ने किया योगाभ्यास
मंडलीय होमगार्डस प्रशिक्षण केंद्र स्थित पार्क में शनिवार सुबह एक दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन होमगार्ड कमांडेंट बृजेश मिश्र ने किया। योग प्रशिक्षक मनीष पांडेय ने योगाभ्यास कराया। संचालन मेजर रितेश मिश्र ने किया। इस मौके पर डिविजनल कमांडेंट गिरिश चंद कटियार, बृजभान सिंह, अरुण सिंह, अनिल उपाध्याय, प्रताप नारायण मौजूद रहे। 

किसानों को निशुल्क मिलेगा मोटे अनाज का बीज
खरीफ की बोआई के लिए मोटे अनाज, धान, दलहनी व तिलहनी आदि के बीज नौ सौ क्विंटल आए है। सभी ब्लाकों के राजकीय कृषि बीज भण्डारों से किसानों को इन बीजों को अनुदान पर दिया जा रहा है। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने बताया कि धान की एचयूआर-917, सियाट्स-1 व 4, तेलंगाना सोना प्रजाति के बीज आए हैं।

उर्द के आईपीयू 13-1, मूंग की आईपीएम 409-4 और ढैंचा के बीज उपलब्ध है, जो 50 प्रतिशत अनुदान पर किसानों को दिया जा रहा है। इसके अलावा मोटे अनाज में ज्वार, बाजरा के मिनी किट के लिए 15 क्विंटल से अधिक बीज आए हैं। इसे किसानों को मुफ्त में दिया जाएगा। अभी कोदो, सांवा, मडुवा आदि के भी बीज अगले सप्ताह आएंगे। 

बाढ़ से बचाव के लिए 14 हजार पशुओं को लगा टीका
जिला प्रशासन ने बाढ़ से प्रभावित होने वाले इलाकों में राहत के लिए चिरईगांव और चोलपुर में पशुओं का टीकाकरण शुरू कर दिया है। जिला मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रवींद्र सिंह राजपूत ने बताया कि अभियान एक सप्ताह से शुरू है। अभी ढाब क्षेत्र में रहने वाले पशुओं का टीकाकरण हो रहा है। इसके बाद अन्य ब्लॉकों के पशुओं में टीकाकरण होगा।

अब तक 14 हजार पशुओं को गलाघोंटू का टीका लग चुका है। 30 हजार बेक्सिन बची हैं और मंगाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि बाढ़ से बचाव के लिए चौकियों पर चिकित्सकों की टीम बनाने की तैयारी चल रही है। जिला प्रशासन की ओर से पशुओं के लिए भूसा खरीदने के लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। जिले में कुल 5.50 लाख पशु हैं।

150 केंद्रों के केंद्राध्यक्षों को मिली परीक्षा सामग्री
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शनिवार को दूसरे दिन 150 परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष को परीक्षा सामग्री का वितरण किया गया। विश्वविद्यालय की परीक्षाएं देश भर के 341 परीक्षा केंद्रों पर नौ जून से शुरू होकर 18 जून तक चलेंगी। परीक्षाएं प्रातः 08.00 बजे से पूर्वाह्न 11.00 बजे तक आयोजित होंगी। इसमें 2025 वर्षीय मध्यमा, शास्त्री तृतीय खंड एवं शास्त्री चतुर्थ सेमेस्टर सत्र 2023-2026 तथा आचार्य द्वितीय सेमेस्टर 2024-2026, आचार्य चतुर्थ सेमेस्टर सत्र 2023-2025 के संस्थागत, व्यक्तिगत, भूतपूर्व, बैक, श्रेणी सुधार एवं एक विषयक की परीक्षा होने जा रही है। 

शनिवार को रायबरेली, कानपुर, प्रतापगढ़, गाजीपुर, भदोही, संतकबीर नगर, बहराईच, बस्ती, सोनभद्र, बाराबंकी, कौशांबी, मिर्जापुर, आंबेडकरनगर, बलिया, आजमगढ़, मऊ, सुल्तानपुर, महाराजगंज, शाहजहांपुर, चंदौली, जौनपुर, लखनऊ एवं वाराणसी के प्राचार्य व केंद्राध्यक्षों ने गोपनीय थैला प्राप्त किया।

पत्रकारिता और पुरातत्व में दाखिले की प्रक्रिया शुरू
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के सामाजिक विज्ञान विभाग में संचालित पत्रकारिता और पुरातत्व के पाठ्यक्रम में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्र पत्रकारिता एवं जनसंचार विज्ञान स्नातकोत्तर तथा पुरातत्व एवं संग्रहालय विज्ञान स्नातकोत्तर डिप्लोमा में दाखिला ले सकते हैं।

विभागाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने बताया कि स्ववित्तपोषित पत्रकारिता एवं जनसंचार विज्ञान स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम और पुरातत्व एवं संग्रहालय विज्ञान स्नातकोत्तर डिप्लोमा के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। अभ्यर्थी सामाजिक विज्ञान विभाग से किसी भी कार्य दिवस में प्रवेश आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। विभाग की ओर से नियमानुसार प्रवेश आवेदन पत्र बांटे जाएंगे। अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए विभाग से संपर्क कर सकते हैं और अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

ऑडिट गुणवत्ता से बढ़ती है नॉन-कॉर्पोरेट संस्थाओं की वित्तीय विश्वसनीयता
दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया, वाराणसी शाखा की ओर से शनिवार को गैर-कॉर्पोरेट संस्थाओं के लिए ऑडिट गुणवत्ता को बढ़ाना विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में नई दिल्ली के मुख्य वक्ता सीए कार्तिक जिंदल ने कहा कि नॉन-कॉर्पोरेट संस्थाओं के वित्तीय विवरणों में ऑडिट गुणवत्ता में सुधार करने से वित्तीय विश्वसनीयता बढ़ती है और हितधारकों का विश्वास बढ़ता है। सेंट्रल रीजनल काउंसिल मेंबर और सचिव सीए जयेंद्र तिवारी ने भी विचार रखे। इस दौरान शाखा कोषाध्यक्ष सीए रंजीत पांडेय, प्रकाश पांडेय, नमन कपूर, रवि सिंह, सोम दत्त, रघु आदि रहे।

सुमित के तीन गोल से सेमीफाइनल में विवेक एकेडमी
ओलंपियन विवेक सिंह की स्मृति में अखिल भारतीय हॉकी का सेमिफाइनल शनिवार शाम शिवपुर मिनी स्टेडियम में हुआ। पहला सेमीफाइनल विवेक सिंह हॉकी एकेडमी-ए बनाम गंगापुर स्पोटर्स एकेडमी के बीच खेला गया। विवेक सिंह एकेडमी की टीम ने 6-2 से जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। विवेक एकेडमी के फॉर्वर्ड खिलाड़ी सुमित सिंह ने तीन गोल किए। नागेंद्र ने दो गोल किए जबकि सामर्थ्य ने एक गोल किया।

गंगापुर की ओर से नितेष भारद्वाज और कुणाल ने एक-एक गोल किया। मुख्य अतिथि भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर खेल शुरू कराया। दूसरा सेमीफाइनल पूर्वोत्तर रेलवे और विवेक सिंह एकेडमी शिवपुर के बीच खेला गया। इस मौके पर ओलंपियन राहुल सिंह, संजू ओझा, रीता पांडेय, सतनाम वत्स, सुग्रीव यादव मौजूद रहे। 

4.68 लाख से होगी चौका रीसेटिंग
वार्ड संख्या 84 गोला दीनानाथ, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के काशीपुरा क्षेत्र स्थित खरवां कुआं, हनुमान मंदिर, बलुआ गली में 4.68 लाख की लागत से होने वाले चौका रीसेटिंग कार्य का शिलान्यास राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काशी का निरंतर विकास हो रहा है। हर गली, हर मोहल्ले तक विकास की रोशनी पहुंचे, यही हमारा संकल्प है। स्थानीय प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के समन्वय से जनसुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में यह कार्य एक महत्वपूर्ण पहल है।

शिवम के सितार से सजा सुबह ए बनारस का मंच
सुबह ए बनारस में राष्ट्रीय इंटरमीडिएट कॉलेज जौनपुर के संगीत शिक्षक डॉ. शिवम मिश्रा का सितार वादन हुआ। गायन का आरंभ राज बिलासखानी तोड़ी में आलापचारी के साथ विलंबित रूपक में निबद्ध रचना से हुआ। द्रुत तीनताल में निबद्ध रचना के अंतर्गत विविध लयकारियों का समावेश हुआ।

समापन राग भैरवी में निबद्ध धुन से हुआ। तबला संगति ज्ञान स्वरूप मुखर्जी की रही। कलाकार को प्रमाण पत्र जज अवधेश कुमार और वित्त आयोग के संयुक्त निदेशक कुमार विवेक ने दिया। इस अवसर पर प्रो. शैलेश तिवारी, प्रो. अरविंद तिवारी एवं उत्कर्ष पांडेय उपस्थित रहे।

काशी में मेडिकल टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा, तीन अस्पताल खुलेंगे
धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी अब स्वास्थ्य सेवाओं के हब के रूप में भी उभरती जा रही है। यहां मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा दिया जा रहा है। बहुत जल्द यहां तीन नए अस्पताल खुलेंगे। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से आए प्रस्तावों में 902 करोड़ से तीन बड़े अस्पताल खोले जाने का फैसला हुआ था। इससे वाराणसी सहित पूर्वांचल के लोगों को इलाज में सहूलियत होगी।

जिला उद्योग प्रोत्साहन और उद्यमिता विकास केंद्र के सहायक आयुक्त विनोद वर्मा ने बताया कि 400 बेड का अपोलो सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बड़ालालपुर में और 300 बेड का रीजेंसी हॉस्पिटल धनेसरी पिंडरा में प्रस्तावित है। 

इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की प्रक्रिया जारी है। श्रीवेदम हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर खोले जाने की प्रक्रिया भी चल रही है। तीनों हॉस्पिटलों के खुलने से करीब 3518 लोगों को रोजगार मिलेगा। इसमें करीब 902 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

बरेका के गुमटी मार्केट में नि:शुल्क प्याऊ का उद्धाटन
बरेका व्यापार मंडल की ओर से शनिवार को सब्जी मंडी गुमटी मार्केट के गेट पर नि:शुल्क प्याऊ का उद्धाटन संरक्षक दीपक राय और सचिव योगिता तिवारी ने किया। इस दौरान सह सचिव मदनलाल, अध्यक्ष राजेश सिंह, रमेश सिंह, अखिलेश पाठक, रितेश सिंह, तेजू गुप्ता, बीना सिंह आदि रहीं। योगिता तिवारी ने बताया कि वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा के निर्देशन में यह प्याऊ लगा।

हरि चरणन चित धरिए मितवा...
छावनी परिषद और दीपिका कल्चरल सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित साप्ताहिक आयोजन वरुणा संध्या में अरविंद साईंया का गायन हुआ। कैंटोनमेंट के नेहरू पार्क में आयोजित वरुणा में अरविंद साईंया ने राग यमन में बंदिश हरि चरणनन चित धरिए मितवा...से शुरुआत की।

इसके बाद साईं भजन साईं नाम तू जपले...के बाद समापन कव्वाली अल्लाह हो अल्लाह हो...से किया। तबले पर शुभम प्रजापति एवं बांसुरी पर संगम कुमार ने एवं कोरस में नीरज चौधरी ने साथ दिया। कलाकारों को प्रमाणपत्र दीपिका कल्चरल सोसाइटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने प्रदान किया। संचालन तनुज कुमार वर्मा एवं धन्यवाद ज्ञापन परिषद के अभियंता सचिन कुमार श्रीवास्तव ने दिया।

काग्निटिव बिहेवियरल थेरेपी से दूर होगी मन की समस्या
आईएमएस बीएचयू आयुर्वेद संकाय के काय चिकित्सा विभाग में तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला में काग्निटिव बिहेवियरल थेरेपी (सीबीटी) पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों को थेरेपी की उपयोगिता बताई गई। मनोवैज्ञानिक डॉ. लक्ष्मण यादव ने कहा कि इस थेरेपी की खासियत है कि मन संबंधी समस्याओं का निदान काउंसिलिंग के माध्यम से किया जाता है। 

इंडियन एकेडमी ऑफ मेंटल हेल्थ और काय चिकित्सा विभाग की राष्ट्रीय कार्यशाला में मणिपुर, तिब्बत सहित देश के विभिन्न जगहों से 20 प्रतिभागी शामिल रहे। काय चिकित्सा विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजेंद्र प्रसाद ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को समय की मांग बताया। 

प्रो. जेएस त्रिपाठी ने कहा कि सीबीटी युवाओं में बढ़ते तनाव और अवसाद के मामलों में उपयोगी साबित हो रहा है। डीएवीपीजी कॉलेज के डॉ. सत्यगोपाल ने कहा कि मानसिक रोगों को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने की जरूरत है। इस दौरान डॉ. ऋचा यादव ने फायदे बताए।

अपना घर आश्रम में संस्थाओं ने दिया राशन
सामने घाट स्थित अपना घर आश्रम में शनिवार को विभिन्न संस्थाओं ने राशन दिया। इसमें 15 टीन सोयाबीन का तेल, एक लाख रुपये, तरबूज सहित अन्य राशन दिया। अस्सी भदैनी क्षेत्र के एक प्रभु जी को उनका बेटा आश्रम से अपने साथ ले गए। संस्था के संस्थापक डॉ. के निरंजन ने बताया कि समय समय पर संस्थाओं का सहयोग मिलता रहता है।

विश्व हिंदू रक्षा परिषद की सनातन जनाक्रोश यात्रा आज
विश्व हिंदू रक्षा परिषद की ओर से सनातन जनाक्रोश यात्रा रविवार को निकाली जाएगी। यह यात्रा पश्चिम बंगाल तक जाएगी। इसकी अध्यक्षता परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सलाहकार रेल मंत्रालय भारत सरकार गोपाल राय करेंगे। यात्रा में 50 चार पहिया वाहन शामिल होंगे। यह यात्रा मुर्शिदाबाद तक जाएगी। परिषद के राष्ट्रीय महासचिव पंकज प्रधान ने बताया कि यात्रा मऊ, देवरिया आजमगढ़, सिवान बिहार होते हुए 19 जून को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद पहुंचेगी, जहां पीड़ित हिंदू परिवारों से मुलाक़ात की जाएगी।

काशी के नौ वैदिक ब्राह्मण बैंकाक में कर रहे हैं महारुद्र यज्ञ
काशी के वैदिक ब्राह्मण थाईलैंड की राजधानी बैंकाक में पांच दिवसीय महारुद्र यज्ञ कर रहे हैं। थाईलैंड हिंदु समाज के शताब्दी समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय अनुष्ठान पांच जून से शुरू है। नौ आचार्यों के सानिध्य में काशी की गंगा आरती की झलक भी वहां दिखी।

अनुष्ठान में भारतीय दूतावास सहित वहां की सरकार के मंत्री शामिल हैं। काशी के नौ आचार्यों का दल चार जून को थाईलैंड पहुंचा। आचार्य राजमन पांडेय और आचार्य राजेश कौशिक के सानिध्य में पांच को अनुष्ठान शुरू हुआ। बैंकाक शहर चौकाया नदी के तट पर काशी की गंगा आरती की तर्ज पर आरती हुई। 

यह अद्भुत और अलौकिक दृश्य देखकर हिंदू समाज के लोगों के अलावा भारतीय दूतावास और वहां के सरकार के मंत्री भी प्रभावित हुए। राजमन पांडेय ने बताया कि यज्ञ में सुबह और शाम को हवनात्मक और अभिषेकात्मक अनुष्ठान होता है। समापन 10 जून को होगा। अनुष्ठान में आचार्य सुमित तिवारी, ललित मोहन व्यास शामिल रहीं।

बीएचयू में अव्यवस्था को लेकर आज निकलेगा मौन जुलूस
बीएचयू अस्पताल और ट्राॅमा सेंटर में अव्यवस्था को लेकर रविवार को विश्वविद्यालय के सिंह द्वार से रविदास गेट तक मौन जुलूस निकाला जाएगा। इसको लेकर शनिवार को हुई एक बैठक में जुलूस की तैयारियों पर चर्चा हुई। वरिष्ठ छात्रनेता मृत्युंजय तिवारी आजाद ने बताया कि अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में अव्यवस्था को लेकर अब तक कई बार आवाज उठाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

इसके विरोध में रविवार शाम 5 बजे से निकलने वाले जुलूस में छात्र और पूर्व छात्र शामिल होंगे। अरविंद शुक्ल ने कहा कि अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में अव्यवस्था की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस दौरान अभय सिंह, रविभान सिंह, हिमांशु राय, हर्ष तिवारी आदि लोग मौजूद रहे।

भाजपा का अभियान 9 जून से 
भाजपा सरकार के 11 साल पूरे होने के अवसर पर विकसित भारत का अमृतकाल थीम पर अभियान चलेगा। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 साल विषयक एक विशेष प्रदेश व्यापी अभियान आगामी 9 जून से शुरू होकर 21 जून तक चलेगा। इसकी रूपरेखा बनाने के लिए काशी क्षेत्र मुख्यालय, रोहनिया में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन हुआ। 

इसकी शुरुआत पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि अमृतकाल में विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियां गौरव का विषय हैं। 

कार्यकर्ताओं को इन उपलब्धियों को जनपद, मंडल, शक्ति केंद्र से लेकर बूथ स्तर तक पहुंचाना होगा। काशी क्षेत्र मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि 9 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में प्रेसवार्ता करेंगे। 10-11 जून को जनपद स्तर पर प्रेस वार्ता और केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी और प्रबुद्ध समागम होंगे। 

डीह बाबा मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का किया लोकार्पण
आयुष मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु ने देउरा गांव में स्थित डीह बाबा के मंदिर के नव जीर्णोद्धार का शुभारंभ किया। इसके बाद 25 लोगों को ठेले वितरित किए। राज्यमंत्री ने ठेले पर रोजगार से संबंधित सामग्री रखकर लाभार्थी अपनी आमदनी को बढ़ा सकते हैं और इसके माध्यम से वे अपने परिवार को शिक्षित करने की दिशा में भी प्रयास करें। इस दौरान रवि मिश्रा, दिव्यांशु उपाध्याय, संदीप गुप्ता, श्यामा कांत, पीआरओ गौरव राठी, श्रुति द्विवेदी मौजूद रहीं।

78 ट्रक निकली पचौनी, सभी का निस्तारण
बकरीद त्योहार के दिन 78 ट्रक पचौनी निकली। नगर निगम की टीमें पूरे शहर में तैनात रहीं। पचौनी के लिए 68 स्थानों को चिन्हित कर गाड़ियों को लगा दिया गया था। जोनल स्वच्छता अधिकारी रवि चंद्र निरंजन ने बताया कि पचौनी ट्रकों पर भरने के बाद उसे ढंक कर करसड़ा पर निस्तारण के लिए भेजा जा रहा था। नगर निगम द्वारा सभी स्वास्थ्य निरीक्षकों को दिए गए निर्देश के अनुसार नगर के सभी मस्जिदों एवं ईदगाहों के पास सफाई एवं कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया गया। 

आईएमएस निदेशक कार्यालय पर कल से शुरू होगा आंदोलन का दूसरा चरण
आईएमएस बीएचयू में मेडिसिन फैकल्टी के डीन पद पर तैनाती में यूजीसी के नियम का पालन करवाने की मांग को लेकर मनोचिकित्सा विभाग के प्रो.संजय गुप्ता शांति आंदोलन का दूसरा चरण सोमवार से शुरू करेंगे। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन को इसके पहले जो पत्र दिए गए हैं, उसमें यूजीसी के नियमानुसार डीन पद पर तैनाती की मांग की गई थी। इसके बाद भी संज्ञान नहीं लिया गया। 

प्रो. संजय गुप्ता ने बताया कि यूजीसी के जिस नियम से विश्वविद्यालय में प्राचीन इतिहास विभाग और सर्जरी विभाग के अध्यक्ष पद पर तैनाती की गई थी, उसी नियम का पालन फैकल्टी ऑफ डीन पद पर तैनाती में भी करना चाहिए। यूजीसी के नियम के अनुसार वही डीन हैं, इसी वजह से शांति आंदोलन वाले स्थान पर यूजीसी के नियम से फैकल्टी ऑफ मेडिसिन होने का बोर्ड भी लगाया गया है।

काग्निटिव बिहेवियरल थेरेपी से दूर होगी मन की समस्या
आईएमएस बीएचयू आयुर्वेद संकाय के काय चिकित्सा विभाग में तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला में काग्निटिव बिहेवियरल थेरेपी (सीबीटी) पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों को थेरेपी की उपयोगिता बताई गई। मनोवैज्ञानिक डॉ. लक्ष्मण बताया कि इस थेरेपी की खासियत है कि मन संबंधी समस्याओं का निदान काउंसिलिंग के माध्यम से किया जाता है। इंडियन एकेडमी ऑफ मेंटल हेल्थ की राष्ट्रीय कार्यशाला में मणिपुर, तिब्बत सहित देश के विभिन्न जगहों से 20 प्रतिभागी शामिल रहे।

आईआईटी बीएचयू में हिंदी शब्दावली पर कार्यशाला
आईआईटी बीएचयू में सोमवार को तकनीकी भाषा की मानक शब्दावली और लीला हिंदी प्रवाह टूल्स विषय पर हिंदी कार्यशाला होगी। भारतीय शर्करा संस्थान कानपुर की सहायक निदेशक मल्लिका द्विवेदी एनी बेसेंट हॉल में 12 कार्यालयों के कर्मचारियों को तकनीकी शब्दों की जानकारियां देंगी।

ये कार्यशाला सुबह के 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक चलेगी। इसके लिए विभागाध्यक्ष, स्कूलों के समन्वयक, प्रोफेसर इंचार्ज, प्रभारी इकाई, संरक्षक परिषद, चीफ प्रॉक्टर, वेब मैनेजमेंट कमेटी, प्रशासनिक संरक्षक, संयुक्त कुलसचिव, उप कुलसचिव आदि कार्यालायों को कार्यशाला की सूचना भेजी गई है। 

मनीष का आईआईएम कोझिकोड में चयन
सीएचएस के पूर्व छात्र मनीष कुमार राव का आईआईएम कोझिकोड के पीएचडी प्रोग्राम (फाइनेंस) में चयन हुआ है। सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल के छात्र रहे मनीष ने वर्ष 2022 में मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से बीटेक किया है। स्नातक शिक्षा पूरी होने के बाद मनीष लक्ष्मीश्री इन्वेस्टमेंट्स में रिसर्च एनालिस्ट के रूप में कार्यरत रहे। 

वंचित अभ्यर्थी फिर दे सकते हैं प्रवेश परीक्षा
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद की ओर से पाॅलिटेक्निक संस्थानों में प्रवेश के लिए कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा 13 जून तक कराई जाएगी। वहीं 5 और 6 जून को हुई परीक्षा में जिन छात्रों परीक्षा छूट गई या फिर प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं कर पाए थे। वे अब परिषद की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर परीक्षा दे सकते है। 

संयुक्त निदेशक ने बताया कि अभ्यर्थी किसी भी परीक्षा दिवस में किसी भी नजदीकी परीक्षा केंद्र पर परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं। 8 जून को तीनों पाली सुबह 8 से 10:30, दोपहर 12 से 2:30 व शाम 4 से 6:30 तक शामिल हो सकते हैं। इसके बाद नौ जून को भी सुबह 8 से 10:30 बजे तक परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। 

प्रसिद्ध सांस्कृतिक स्थल नरसिंह चबूतरे का हुआ जीर्णोद्धार
दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने शनिवार को प्रसिद्ध सांस्कृतिक स्थल नरसिंह चबूतरा का जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया। बताया कि प्रसिद्ध नरसिंह चबूतरे पर विगत 400 वर्षों से नरसिंह लीला होती आ रही है। दारानगर क्षेत्र स्थित दारानगर उद्यान में भी होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास किया। उक्त पार्क में करीब 7.5 लाख रुपये की लागत से पाथवे निर्माण, बच्चों के लिए झूला और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के लिए लाइट के साथ इंटरलॉकिंग कार्य कराया जाएगा। 

पत्रकारिता और पुरातत्व में दाखिले की प्रक्रिया शुरू
संपूर्णानंद संस्कृत विवि के सामाजिक विज्ञान विभाग में संचालित पत्रकारिता और पुरातत्व के पाठ्यक्रम में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्र पत्रकारिता एवं जनसंचार विज्ञान स्नातकोत्तर तथा पुरातत्व एवं संग्रहालय विज्ञान स्नातकोत्तर डिप्लोमा में दाखिला ले सकते हैं। 

विभागाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने बताया कि स्ववित्तपोषित पत्रकारिता एवं जनसंचार विज्ञान स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम और पुरातत्व एवं संग्रहालय विज्ञान स्नातकोत्तर डिप्लोमा के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। अभ्यर्थी सामाजिक विज्ञान विभाग से किसी भी कार्य दिवस में प्रवेश आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए विभाग से संपर्क कर सकते हैं और अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। 

जगतगुरु शांति गिरि की अगुवाई में निकाली शोभायात्रा
जगतगुरु शांति गिरि महाराज के सानिध्य में डोमरी स्थति मौनगिरि आश्रम में चल रहे आठ दिवसीय जगद्गुरु जन शांति धर्म समरोह के तहत शनिवार को मच्छोदरी पार्क से दशाश्वमेध घाट तक गाजेबाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। साधु-संत, बटुक व भक्त भजन कीर्तन करते हुए चल रहे थे। पूजन अर्चन के बाद शोभायात्रा निकाली गई। 

रथ पर जगद्गुरु जनार्दन स्वामी महाराज रथ पर विराजमान थे। यात्रा बाबा कालभैरव मंदिर द्वार से होते हुए मैदागिन, नीचीबाग, चौक, बाबा विश्वनाथ धाम, गोदौलिया होते हुए दशाश्वमेध घाट पहुंची, जहां पुष्पवर्षा कर स्वागत हुआ। शोभायात्रा में विवेकानंद महाराज, रामानंद महाराज, अविमुक्तेश्वरानंद महाराज, डॉ. राकेश त्रिवेदी, विक्की अग्रवाल शामिल रहे। 

उधर, आश्रम में चल रहे अनुष्ठान के दौरान आयोजित सत्संग में महामंडलेश्वर संतोषदास सतुआ बाबा ने कहा कि हमारे गुरु सतुआ बाबा और जर्नादन स्वामी जी की आत्मा एक-दूसरे में बसती थी। भाजपा के जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने स्वामी जी का आशीर्वाद लिया। गुरु जी द्वारा देशभर में सनातन को बढ़ाए जाने पर सराहना की।

4.68 लाख रुपये से ठीक होगा चौका
वार्ड संख्या 84 गोला दीनानाथ, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के काशीपुरा क्षेत्र स्थित खरवां कुआं, हनुमान मंदिर, बलुआ गली में 4.68 लाख की लागत से होने वाले चौका रीसेटिंग कार्य का शिलान्यास राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काशी का निरंतर विकास हो रहा है। हर गली, हर मोहल्ले तक विकास की रोशनी पहुंचे, यही हमारा संकल्प है। 

निशुल्क मिलेगा मोटे अनाज का बीज
खरीफ की बोआई के लिए मोटे अनाज, धान, दलहनी व तिलहनी आदि के बीज नौ सौ क्विंटल आए है। सभी ब्लाॅकों के राजकीय कृषि बीज भंडारों से किसानों को इन बीजों को अनुदान पर दिया जा रहा है। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने बताया कि धान की एचयूआर-917, सियाट्स-1 व 4, तेलंगाना सोना प्रजाति के बीज आए हैं। उर्द के आईपीयू 13-1, मूंग की आईपीएम 409-4 और ढैंचा के बीज उपलब्ध है। 

रग्बी खिलाड़ियों ने फ्री हिट का किया अभ्यास
सीतापुर में प्रादेशिक रग्बी खेली जाएगी। जुलाई माह में प्रस्तावित प्रतियोगिता के लिए बालिका वर्ग की 30 खिलाड़ी परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में रोज तीन घंटे अभ्यास कर रही हैं। रग्बी कोच अवनीश पाल ने बताया कि प्रादेशिक प्रतियोगिता जुलाई माह में खेली जाएगी। इसकी शुरुआत सीतापुर से होगी।

बालिका वर्ग की खिलाड़ियों को बिना साइड पास दिए बाॅल को लाॅन्ग किक की मदद से ट्राई करने की जानकारी दी जा रही है। रग्बी में खिलाड़ी अपने प्रतिद्वंदी को पकड़ कर जमीन पर गिरा सकता है। एक ट्राई के पांच अंक मिलते हैं। वाराणसी की जूनियर बालिका टीम दो प्रतियोगिता में रजत पदक जीत चुकी है। 

काशी में मेडिकल टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा, तीन नए अस्पताल खुलेंगे
धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी अब स्वास्थ्य सेवाओं के हब के रूप में भी उभरती जा रही है। यहां मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा दिया जा रहा है। बहुत जल्द यहां तीन नए अस्पताल खुलेंगे। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से आए प्रस्तावों में 902 करोड़ से तीन बड़े अस्पताल खोले जाने का फैसला हुआ था। 

इससे वाराणसी सहित पूर्वांचल के लोगों को इलाज में सहूलियत होगी। जिला उद्योग प्रोत्साहन और उद्यमिता विकास केंद्र के सहायक आयुक्त विनोद वर्मा ने बताया कि 400 बेड का अपोलो सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बड़ालालपुर में और 300 बेड का रीजेंसी हॉस्पिटल धनेसरी पिंडरा में प्रस्तावित है। 

इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की प्रक्रिया जारी है। श्रीवेदम हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर खोले जाने की प्रक्रिया भी चल रही है। तीनों हॉस्पिटलों के खुलने से करीब 3518 लोगों को रोजगार मिलेगा। इसमें करीब 902 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 

यूपी पुलिस भर्ती की क्वालीफाइंग परीक्षा में पास हुई पूजा
भारतीय हॉकी टीम की खिलाड़ी पूजा यादव ने यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा पास कर ली है। उन्हाेंने बताया कि लखनऊ में आयाेजित क्वालीफाइंग परीक्षा पास कर ली है। अब फिजिकल और मेडिकल क्लियर करना है। उन्होंने उम्मीद जताई की दोनों परीक्षा आसानी से पास कर लेंगी। पूजा यादव ने गंगापुर हॉकी एकेडमी से खेलों में कॅरिअर की शुरुआत की थी। उन्हें गंगापुर हॉकी एकेडमी के कोषाध्यक्ष प्रदीप सिंह, माता प्रसाद, जयप्रकाश राजभर ने बधाई दी है। 

सीएचएस के मनीष का आईआईएम कोझिकोड में चयन
सीएचएस के पूर्व छात्र मनीष कुमार राव का आईआईएम कोझिकोड के पीएचडी प्रोग्राम (फाइनेंस) में चयन हुआ है। सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल के छात्र रहे मनीष ने वर्ष 2022 में मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से बीटेक किया है। स्नातक शिक्षा पूरी होने के बाद मनीष लक्ष्मीश्री इन्वेस्टमेंट्स में रिसर्च एनालिस्ट के रूप में कार्यरत रहे।

सूद का पैसा नहीं चुकाया, उधारकर्ता को घर से लेकर भागा
सूदखोरी का पूरा पैसा नहीं लौटा पाया तो बदमाश उधार लेने वाले को गाड़ी से लेकर भाग निकले। परिजनों ने पुलिस को अपहरण की सूचना दी, जिस पर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। पहाड़पुर के नाई महेश शर्मा लालपुर के पराक्रम सिह से 5 लाख सूद लिया। पूरा पैसा नहीं चुका पाया और 1.70 हजार बच गया।

कुछ दिन कहासुनी हुई फिर शनिवार को आए पराक्रम ने महेश को घर से ही उठा लिया। चोलापुर पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी राकेश कुमार गौतम ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मारपीट धमकी का मुकदमा दर्ज कर दिया गया है।

किसानों ने जाना बेमौसम सब्जी उत्पादन की तकनीक
सब्जियों की खेती की शनिवार को पिंडरा और सेवापुरी ब्लॉक के 650 से अधिक किसानों को जानकारी दी गई। भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान ने विकसित कृषि संकल्प अभियान के वैज्ञानिकों ने किसानों को भिंडी की खेती, व्यावसायिक सब्जी उत्पादन और बेमौसम सब्जियों को उगाने के वैज्ञानिक तरीकों के बारे में जानकारी दी।

भिंडी में रोग प्रबंधन, टमाटर में ग्राफ्टिंग तकनीक और मिर्च में एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन पर विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम में नैनो यूरिया और नैनो डीएपी जैसे आधुनिक उर्वरकों का भी प्रदर्शन किया गया, जो कम मात्रा में उपयोग होकर भी समान उपज देते हैं। ड्रोन तकनीक से कीटनाशक छिड़काव और सेंसर आधारित सिंचाई प्रणाली के बारे में बताया गया। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed