फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News today not allow more than 10 shops in vending zone married woman dies, FIR against five people

News: वेंडिंग जोन में 10 से अधिक दुकानों को अनुमति न दें, विवाहिता की मौत, पांच पर FIR; पढ़ें वाराणसी की खबरें

Sun, 29 Jun 2025 05:57 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sun, 29 Jun 2025 05:57 AM IST
सार

Varanasi News Today: वाराणसी में पुलिस आयुक्त ने शहर के वेंडिंग जोन का निरीक्षण कर निर्देश दिए हैं। वहीं, सलारपुर गांव में एक विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। इसमें पांच लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News today not allow more than 10 shops in vending zone married woman dies, FIR against five people
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: किसी भी वेंडिंग जोन में 10 से अधिक दुकानों/ ठेलों को अनुमति न दी जाए। जिन दुकानों/ठेलों को अनुमति दी जाए, उनकी चौड़ाई चार फीट से अधिक न हो। दुकानदार के चरित्र सत्यापन के बाद ही दुकान/ ठेला आवंटित किया जाए। यह निर्देश पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को शहर में गश्त करने के बाद अस्थायी वेंडिंग जोन का निरीक्षण करके दिया।

विज्ञापन


पुलिस आयुक्त ने अशोक विहार कॉलोनी पहड़िया, शिवपुर बाजार, दीनदयाल अस्पताल की बाउंड्री वॉल के किनारे, कांशीराम आवास, नरिया से करौंदी मार्ग और लहरतारा फ्लाईओवर के नीचे प्रस्तावित अस्थायी वेंडिंग जोन का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वेंडिंग जोन का प्रत्येक दुकानदार अपनी अनुमति को बोर्ड लगाकर प्रदर्शित करेगा। दुकान/ठेला के आगे सामान रखकर या कुर्सी लगाकर दुकानदार अतिक्रमण नहीं करेगा। 
विज्ञापन


दुकान के आसपास अराजकतत्व एकत्रित न हों। दुकान से मादक पदार्थों की बिक्री न हो। दुकानदारों को अनुमति अस्थायी दी जाए। ताकि, शर्तों का पालन न करने या यातायात अवरुद्ध होने पर तत्काल वेंडिंग जोन को समाप्त किया जा सके। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन


ट्रेन से कटकर युवक की मौत
लोहता थाना क्षेत्र के बनकट गांव के पास वाराणसी-भदोही रेल मार्ग पर रविवार की सुबह करीब पांच बजे एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कैलाश बनवासी (28) ग्राम नरौला थाना सिधारी (आजमगढ़) अपने ससुराल लोहता क्षेत्र के सभई पुर में सास शांति देवी के घर आया हुआ था। शांति ने बताया की उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी। उसका दवा चल रहा था। रविवार की सुबह पांच बजे ट्रेन से कटकर उसकी मौत हो गई। 

कर्मचारी न तो मंत्रालय से पत्राचार करें न ही सोशल मीडिया पर बयान दें
बीएचयू ने अपने स्कूलों के लिए एक आदेश जारी कर बिना वैधानिक अनुमति के मंत्रालय, विभाग से पत्राचार न करें। मीडिया और सोशल मीडिया में बयान जारी करने पर रोक लगा दिया गया है। बीएचयू के छात्र सोशल मीडिया पर आदेश का जमकर विरोध कर रहे हैं। छात्रों ने कहा कि ये तुगलकी फरमान है। 

कुलसचिव कार्यालय प्रशासन स्कूल बोर्ड की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल, ब्वायज स्कूल और श्री रणवीर संस्कृत विद्यालय के समस्त कर्मचारी टीचिंग, नॉन टीचिंग, तकनीकी और गैर तकनीकी कर्मचारी दैनिक कार्य व्यवहार में केंद्रीय सिविल आचरण नियमावली का पालन करें। कहा गया है कि आदेश का पालन नहीं हुआ तो फिर विवि प्रशासन संबंधित कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगा।

रास्ते में रोक कर किया हमला, चार पर केस
लालपुर पांडेयपुर थाने में मारपीट में घायल एक व्यक्ति ने एक नामजद और तीन अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कराया है। नई बस्ती निवासी गोविंद सिंह राजपूत ने पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार की रात अपने घर जा रहे थे। रास्ते में घात लगाकर बैठे सोनू खान और उसके तीन साथियों ने उन्हें रोक कर उन पर लाठी-डंडे और रॉड से जानलेवा हमला किया। लालपुर पांडेयपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

बाइक से नकदी और रजिस्टर उड़ा दिया
विश्वेश्वरगंज फल मंडी के पास खड़ी बाइक में टंगे झोले से उचक्कों ने 50 हजार रुपये और दुकान के हिसाब का रजिस्टर उड़ा दिया। मामले को लेकर शशांक साहू ने कोतवाली थाने में तहरीर दी है। शशांक ने बताया कि वह गत 26 जून को विश्वेश्वरगंज फल मंडी के पास एक व्यापारी से तगादा करने गए थे। उन्होंने अपनी बाइक खड़ी की और उसी में झोला टंगा रहने दिया। तगादा करके लौट कर आए तो उनकी बाइक से झोला गायब था।

पुराने मुकदमें को लेकर युवक की पिटाई, 11 पर मुकदमा दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार में पुराने मुकदमें को लेकर शनिवार चोलापुर के युवक को मारा पीटा गया। चोलापुर इमिलियां निवासी शुभम मिश्रा ने तहरीर में बताया कि 10 मार्च 2024 को मेरे घर पर आशीष दुबे ने साथियों के साथ मेरे ऊपर जानलेवा हमला किया था। जिसका मुकदमा मैंने चोलापुर में दर्ज करवाया है। इसी बात को लेकर 26 जून को अर्दली बाजार भोजूबीर के पास आशीष दुबे अपने 10 साथियों के साथ पिटाई कर दी और सोने की चेन को लूट लिया। कैंट थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

मरीज की मौत पर पीएचसी पर परिजनों ने कि हंगामा
टीबी से ग्रसित एक मरीज की मौत के विरोध में शनिवार को परिजनों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेवापुरी पर हंगामा किया। आरोप लगाया कि शुक्रवार को पीएचसी पर आने के बाद मरीज का इलाज नहीं हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझाबुझाकर मामला शांत कराया।

परिजनों ने बताया कि डिगहर गांव निवासी राम प्यारे सिंह (70) टीबी से ग्रसित थे। उनका कार्ड बनाया गया है। शुक्रवार को मरीज के मुंह से खून और बलगम आ रहा था। आरोप है कि टीबी सुपरवाइजर के वहां न रहने की वजह से मरीज को इलाज नहीं मिल सका। साथ ही फार्मासिस्ट के अनुपस्थित रहने की वजह से दवा नहीं मिल पाई। इस बारे में पीएचसी प्रभारी डाॅ. अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी।

अतिक्रमण करने पर तीन के खिलाफ मुकदमा
पंचकोशी चौराहा से पुराना पुल मार्ग पर अतिक्रमण करने के आरोप में तीन दुकानदारों के खिलाफ शनिवार को मुकदमा दर्ज किया गया। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि राजेंद्र चौहान, गोविंद सोनकर और तरुण यादव कई बार समझाने के बाद अतिक्रमण नहीं हटाए। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

विवाहिता की मौत, पांच पर मुकदमा दर्ज
सलारपुर गांव में शुक्रवार की देर रात एक विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पाकर पहुंचे मायके वालों ने सारनाथ थाने में विवाहिता के पति सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है।

जौनपुर जिले के खुटहन थाने के पिलकछा निवासी धनंजय सेठ ने बताया कि दो साल पहले उन्होंने अपनी बेटी महिमा सोनी (24) का विवाह सलारपुर निवासी अशोक सेठ से किया था। दोनों की डेढ़ वर्ष की बेटी है। शादी के बाद से ही पति सहित ससुराल के अन्य लोग दहेज के लिए उनकी बेटी को प्रताड़ित करते आ रहे थे। इससे आजिज आकर महिमा फंदा लगाकर जान दे। इस संबंध में सारनाथ थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने शनिवार को बताया कि धनंजय सेठ की तहरीर पर पति अजय सेठ, जेठ अशोक व पल्लू, जेठानी और सास के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में जेल गया
सिंधोरा थाने की पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मरुई गांव निवासी जयहिंद को गिरफ्तार किया है। सिंधोरा थानाध्यक्ष ने बताया कि जयहिंद पाल और बबिता पाल (21) एक ही गांव के रहने वाले थे। उनके बीच लगभग एक वर्ष से प्रेम संबंध था। जयहिंद ने बबिता से विवाह करने से इन्कार कर दिया। उसके पिता उसकी शादी के लिए लड़की देख रहे थे। इससे दुखी होकर गत 22 जून को जयहिंद के घर जाकर बबिता फंदा लगाकर जान दे दी थी। 

230 ग्राम हेरोइन के साथ एक गिरफ्तार
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की गाजीपुर इकाई ने धौरहरा पंडापुर (दत्ता मिश्र का पुरा) गांव से छोटेलाल राजभर को 230 ग्राम हेरोइन और 1250 रुपये के साथ शनिवार को गिरफ्तार किया। एएनटीएफ के आदित्य नारायण सिंह ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी की पुख्ता सूचना पर छोटेलाल राजभर पकड़ा गया है। छोटेलाल ने बताया कि वह बिनाथीपुर निवासी अखिलेश चौबे से हेरोइन खरीदता है। उसके बाद पुड़िया बनाकर गांवों में बेचता है। 

Varanasi News today not allow more than 10 shops in vending zone married woman dies, FIR against five people
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल। - फोटो : अमर उजाला

जिला अस्पताल में युवती के पेट से निकला तीन किलो का ट्यूमर
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में शनिवार को एक युवती के पेट से तीन किलो का ट्यूमर निकाला गया। इसके लिए डॉक्टरों की टीम ने करीब एक घंटे तक सर्जरी की। इसके बाद 32 वर्षीय युवती पूरी तरह स्वस्थ है। जौनपुर के दुधौड़ा चंदवक निवासी 32 वर्षीय मरीज सीमा देवी को परिजन पेट में दर्द की शिकायत पर अस्पताल लेकर आए। महिला के पति कल्लू राजभर और ससुर विनोद राजभर के मुताबिक उन्होंने अस्पताल के सर्जन डॉक्टर मेंहिलाल पटेल से परामर्श लिया। 

डाॅक्टर ने पहले अल्ट्रासाउंड करवाया। इसमें स्थिति स्पष्ट न होने पर सीटी स्कैन कराया, तो रिपोर्ट में पाया गया की मरीज के बच्चेदानी के पास बड़ी साइज का ट्यूमर है। उसके बाद डॉक्टरों की टीम ने उसे ऑपरेशन कर निकालने का निर्णय लिया। इसकी जानकारी तीमारदारों को भी दी गई। जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद महिला की सर्जरी कर तीन किलो का टयूमर निकाला गया। टीम में एनेस्थेसिया से अस्मिता, नर्स शशि प्रभा शामिल रहीं।

रेलवे स्टेशन पर लावारिस हालत में 26 बोतल शराब बरामद
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने शनिवार को स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में 22 बोतल शराब बरामद की। सहायक उपनिरीक्षक शिवकुमार ने बताया कि स्टेशन पर लावारिस पड़े बैग में 26 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

आरपीएफ ने तीन भटके बच्चों को चाइल्डलाइन भेजा
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की अलर्ट टीम ने शनिवार को वाराणसी स्टेशन पर तीन भटके बच्चों को चाइल्डलाइन भेजा। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त देवांश शुक्ला के अनुसार 11 वर्षीय बालक रेलिंग के पास मायूस खड़ा था। पूछने पर बालक ने बताया कि वह भटक कर यहां आ गया है। प्लेटफॉर्म नंबर एक से बच्चा मिला जो झारखंड का रहने वाला था। साथ ही प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर बिहार का रहने वाला बालक मिला। इसकी सूचना चाइल्डलाइन को दी गई। चाइल्डलाइन की टीम को बच्चों सुपुर्द किया गया।

सवाल पूछने वाले पत्रकारों पर मुकदमा निंदनीय
महामना पं. मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा के विवाद में पत्रकारों पर मुकदमे के मामले में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त को संबोधित पत्रक सौंपा। जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल व महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि सवाल पूछने वाले पत्रकार साथियों पर मुकदमा होना निंदनीय है। पत्रकारों की कलम, समाज की आवाज और शक्ति का प्रतीक है। 

पत्रकारों के खिलाफ पुलिस की कार्यवाही भारत के संविधान के अनुच्छेद 9(2) में निहित प्रेस की स्वतंत्रता के विरुद्ध है। कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई में पत्रकारों के साथ खड़ी है। हम मांग करते हैं कि दोषियों पर कार्यवाही सुनिश्चित हो, प्रशासन अपनी जवाबदारी तय करे और पत्रकार साथियों पर फर्जी मुकदमा वापस हो। इस दौरान फसाहत हुसैन बाबू, लोकेश सिंह, मनोज कुमार पांडेय, वीरेंद्र कुमार पंडित, लाल बहादुर, सैय्यद आफाक हुसैन, शान, पवन शर्मा शामिल रहे। 

बच्ची का शव मिलने के मामले को लेकर पुलिस कर रही प्रताड़ित
कपसेठी थाने के भगवतीपुर गांव के ग्रामीण महिला-पुरुष शनिवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस आयुक्त कार्यालय में पत्रक सौंप कर कपसेठी थाने की पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। सबीना और मोहम्मद सिराजुद्दीन ने कहा कि भगवतीपुर गांव स्थित ननिहाल आई तीन वर्षीय रुचि का शव गत 24 जून की सुबह उसके घर के पास स्थित तालाब में उतराया मिला था। 

वह 23 जून से अपने नाना के घर से लापता थी। पुलिस का कहना है कि रुचि की हत्या की गई है। इसे लेकर पुलिस गांव के लोगों को पूछताछ के लिए कपसेठी थाने ले जाती है। पूछताछ के नाम पर थाने में जमकर पिटाई की जाती है। पुलिस आयुक्त कार्यालय में मौजूद पुलिसकर्मियों ने मामले से गोमती जोन के अफसरों को अवगत कराने का आश्वासन दिया।

सात साल की सजा और 4 लाख रुपये जुर्माने से दंडित
एएसजे-14 की अदालत ने गड़खरा पिंडरा निवासी उमाशंकर गुप्ता को ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत दोषी पाया है। अदालत ने अभियुक्त को सात वर्ष के साधारण कारावास और चार लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। फूलपुर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि उमाशंकर गुप्ता के खिलाफ वर्ष 1997 में मुकदमा दर्ज किया गया था।

देसी पिस्टल के साथ एक युवक गिरफ्तार
सिगरा थाने की पुलिस ने गाजीपुर के रामपुर मांझा थाने के बासूचक निवासी समीर को एक देसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया। सिगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने शनिवार को बताया कि पिस्टल पर दाएं तरफ 9एमएम 9 राउंड लिखा था। बाएं तरफ मेड इन यूएसए और बैरल पर सिर्फ आर्मी सप्लाई के लिए लिखा था। हालांकि पिस्टल देसी है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के ही एक पार्क में झगड़ा हो रहा था। वहीं वह युवक भी देसी पिस्टल के साथ मौजूद था। इसलिए देसी पिस्टल सीज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।

पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट, तीन पर केस
सेवापुरी के बरनी हंसना गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार पांडे का प्रवीण पांडे के साथ पुरानी रंजिश को लेकर शुक्रवार की देर शाम विवाद हुआ। देखते ही देखते प्रवीण के पक्ष के लोगों ने धर्मेंद्र पक्ष के आकाश पांडे और उत्कर्ष पांडे को मारपीट कर घायल कर दिया। धर्मेंद्र कुमार की तहरीर पर जंसा थाने में प्रवीण कुमार पांडे उर्फ राहुल, प्रतीक कुमार पांडे और सतीश कुमार पांडे के खिलाफ मारपीट सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सांप के डसने से चार साल के बच्चे की मौत
कपसेठी थाना क्षेत्र के महराजपुर गांव में शुक्रवार की शाम सांप के डसने से चार वर्षीय बालक की मौत हो गई। मासूम की मौत से परिजनों की हालत बेसुधों जैसी है। महाराजपुर गांव निवासी महेश चक्रवर्ती ने बताया कि उनका पुत्र आदेश चक्रवर्ती बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते हुए वह झाड़ी के पास चला गया, जहां उसे सांप ने डस लिया। उसकी पैर की अंगुली से खून निकलने लगा। 

घर आकर खेलने वाले बच्चों में से एक ने बताया कि ठोकर लगने से पैर की अंगुली से खून निकल रहा है। परिवार के लोगों ने मलहम लगा दिया, जिससे खून निकलना बंद हो गया। रात में 9 बजे जब वह घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि आदेश सुस्त पड़ा था। उसे लेकर वह चितईपुर स्थित निजी हॉस्पिटल गए। आदेश की हालत गंभीर देख कर डॉक्टर ने दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। उधर, आदेश की मौत के बाद उसकी मां सरिता देवी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। 

जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की
शिवपुर थाने में शनिवार को विवेकपुरम, भरलाई निवासी नेशनल इक्वल पार्टी के अध्यक्ष शशि प्रताप सिंह ने तहरीर दी। उन्होंने बताया कि जंसा थाना क्षेत्र निवासी एक स्थानीय नेता सोशल मीडिया पर उनकी फोटो पर माला डाल कर उन्हें जान से मारने की धमकी देता रहता है। इसके साथ ही वह सोशल मीडिया पर उनके लिए लगातार अभद्र बातें कहता है। इस संबंध में शिवपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले को दिखवा कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

खाद की दुकानों पर छापा, जांच के लिए 22 नमूने लिए
खाद की कालाबाजारी के खिलाफ शनिवार को जिले के कई दुकानों पर छापा मारा मारी कर 22 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल के नेतृत्व में आठ खाद गोदामों की जांच की गई। इस दौरान गोदाम में मौजूद स्टॉक का मिलान किया गया। जांच के लिए खाद के 22 नमूने लिए गए।

उप कृषि निदेशक ने बताया कि सभी उर्वरक व्यापारियों को किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। स्टॉक, बिक्री रजिस्टर और रेट बोर्ड नियमित रूप से अपडेट रखने की हिदायत दी गई। साथ ही कहा गया कि यदि कोई कंपनी किसानों को अनावश्यक रूप से कोई उत्पाद खरीदने के लिए मजबूर करे तो सूचना तत्काल दें। 

रथयात्रा मेले में खाद्य दुकान पर मिली भांग
रथयात्रा मेला को प्लास्टिक फ्री जोन घोषित किया गया था। नगर निगम की आईईसी टीम ने शनिवार को रथयात्रा मेले में जागरूकता अभियान चलाकर जांच की। प्रवर्तन दल ने जांच के दौरान एक खाद्य पदार्थ के ठेले पर भांग बरामद की। टीम ने दुकानदार को पुलिस को सौंप दिया।

अर्दली बाजार में युवक से मारपीट कर लूटी चेन
कैंट थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार में पुराने मुकदमें को लेकर चोलापुर के युवक को मारा पीटा गया। तहरीर में चोलापुर के शुभम मिश्रा ने आरोप लगाया कि पिछले साल 10 मार्च को उसके घर पर आशीष दुबे ने साथियों के साथ उसके ऊपर जानलेवा हमला किया था। जिसका मुकदमा चोलापुर में दर्ज करवाया है। जिस नाते इसे बराबर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। 

26 जून को अर्दली बाजार भोजूबीर में बीएसजी हॉस्पिटल के पास आशीष दुबे अपने 10 साथियों के साथ आया और गाली देते हुए मुझे थप्पड़ मारा, साथ में गले की चेन लूट लिया। आरोप है कि गाड़ी रोक कर गला भी दबाया गया। तहरीर के आधार पर कैंट पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Varanasi News today not allow more than 10 shops in vending zone married woman dies, FIR against five people
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला

पुरातन छात्रों पर है संस्था के विकास की जिम्मेदारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के विधि विभाग में शनिवार को पुरातन छात्र सम्मेलन में पूर्व छात्रों ने विवि के दिनों को साझा किया। मुख्य अतिथि आजमगढ़ के गांधी स्मारक त्रिवेणी पीजी कॉलेज बरदह के प्राचार्य प्रो. विजय कुमार राय ने कहा कि किसी भी संस्था का विकास वहां के पुरातन छात्रों की जिम्मेदारी होती है। उन्होंने अपने छात्र जीवन के अनुभवों के बारे में बताया। 

कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि किसी भी संस्था की रीढ़ की हड्डी उस संस्था के छात्र होते है, जो संस्था को आगे बढ़ाने में मदद करते हैं। टीडी कॉलेज जौनपुर में विधि विभाग के डॉ. शैलेंद्र कुमार यादव ने पुरातन छात्रों को संस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। स्वागत विभागाध्यक्ष प्रो. रंजन कुमार, संचालन डॉ. हंसराज और धन्यवाद डॉ. शशांक चंदेल ने किया। इस दौरान डॉ. राम जतन प्रसाद, डॉ. मैराज हाशमी, सोमेश सिंह कठेरिया, उषा चौरसिया मौजूद रहे। 

निर्मल गंगा की कामना कर भगवान जगन्नाथ की उतारी आरती
काशी के लक्खा मेले में शुमार तीन दिवसीय रथयात्रा मेले के दूसरे दिन शनिवार को नमामि गंगे गंगा विचार मंच महानगर की ओर से पूजन-अर्चन किया गया। मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के संयोजन में गंगा निर्मलीकरण की कामना से भगवान जगन्नाथ की आरती उतारी गई। इसके पहले रथारूढ़ बलभद्र, सुभद्रा समेत भगवान जगन्नाथ को नानखटाई और पंचमेवे का भोग लगा कर तुलसी की माला चढ़ाई गई। 

भक्तों में प्रसाद का बांटा गया। संस्था के सदस्यों ने पूजन के दौरान सफाई का पालन करते हुए, स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। इस दौरान जय विश्वकर्मा, रेखा विश्वकर्मा, रवि जायसवाल, सपना वर्मा, सरिता मेहरोत्रा, रीता बजाज, मधु श्रीवास्तव समेत अन्य मौजूद रहे। 

एआई आधारित ऑनलाइन कोर्स चलाने की मिली ट्रेनिंग
बीएचयू के अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र की ओर से छह दिनों तक आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस आधारित ऑनलाइन कोर्स की प्रक्रिया समझाई गई। अहमदाबाद के गुजरात विद्यापीठ में शनिवार को समापन सत्र में स्टोरी बोर्डिंग और वीडियो प्रोडक्शन की भी बारीकियां बताई गईं। छह दिनों में मैसिव ओपन एंड ऑनलाइन कोर्सेज तैयार करने पर विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के 42 शिक्षकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। डिजिटल कंटेंट तैयार करने और ऑनलाइन एजुकेशन का वातावरण बनाने की स्किल सिखाई गई।

दूरदर्शन के पूर्व निदेशक का निधन
आकाशवाणी और दूरदर्शन के पूर्व निदेशक प्रेम नारायण का शनिवार को उनके आवास विजय विहार कॉलोनी (सारनाथ) पर निधन हो गया। वे 75 साल के थे। उनका अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट पर किया गया। मुखाग्नि उनके बड़े बेटे निशांत ने दी।

प्रेम नारायण ने काशी विद्यापीठ के पत्रकारिता विभाग में एक दशक तक शिक्षण कार्य किया। वह गोरखपुर, रोहतक सहित कई जगहों पर प्रसार भारती के निदेशक पद पर काम कर चुके थे। उनके निधन पर काशी विद्यापीठ के पत्रकारिता विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार उपाध्याय, डॉ. प्रभाशंकर मिश्र, डॉ. मनोहरलाल, डॉ. प्रदीप कुमार ने उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना प्रकट की। 

Varanasi News today not allow more than 10 shops in vending zone married woman dies, FIR against five people
नगर निगम वाराणसी। - फोटो : अमर उजाला

जलनिकासी का मास्टर प्लान तैयार करेगा नगर निगम, मिले चार करोड़ रुपये
बारिश के पानी के निकासी का मास्टर प्लान नगर निगम तैयार करेगा। इसके लिए नगर निगम को चार करोड़ रुपये दिए गए हैं। यह रुपये अर्बन फ्लड, जलप्लावन नियंत्रण एवं वर्षा जल निकासी योजना के तहत प्राप्त हुए हैं। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बताया कि मास्टर प्लान तैयार किए जाने के लिए नगर निगम द्वारा निविदा भी आमंत्रित की गई थी। इसमें हैदराबाद व दिल्ली के दो प्रतिष्ठित फर्मों की निविदाएं प्राप्त हुई हैं। इसका तकनीकी मूल्यांकन व परीक्षण करने हेतु सीएंडडीएस, मुख्यालय, लखनऊ को प्रस्ताव भेज दिया गया है।

दूसरी बार वाराणसी महानगर महासचिव बने आशीष केशरी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने शनिवार को शहर कांग्रेस कमेटी का गठन किया। इसमें आशीष केशरी को पुन: महानगर महासचिव बनाया है। प्रदेश अक्ष्यक्ष ने कुल 30 पदाधिकारियों की सूची जारी की है, जिसमें एक कोषाध्यक्ष, 14 उपाध्यक्ष और 15 महासचिवों को अपने-अपने क्षेत्रों में कांग्रेस की नीतियों से अवगत कराने और आम लोगों के साथ हर मोर्चे पर खड़े रहने की प्रतिब्धता दोहराते हुए जिम्मेदारियां साैंपी हैं। 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से माफी मांगे नगर निगम, नहीं तो करेंगे घेराव
युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव चंचल शर्मा ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से नगर निगम और अधिकारीगण माफी मांगे नहीं तो नगर निगम का घेराव करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के सोशल हैंडल के प्लेटफार्म से मणिकर्णिका घाट स्थित बाबा मसाननाथ मंदिर की दुर्दशा पर और मंदिर परिसर में जलभराव की सच्चाई को जनता के सामने रखा गया था। इसके बाद नगर निगम की नींद खुली, आनन-फानन में सफाई शुरू कर दी गई। 

इसके बाद नगर निगम ने दावा किया कि वहां कोई गंदगी या जलभराव नहीं है। नगर निगम के आधिकारिक सोशल हैंडल व वक्तव्य में प्रदेश अध्यक्ष को झूठा बताया गया जो कि गलत है। वहां के निवासी और पुजारी ने इस बात को स्पष्ट किया कि प्रदेश अध्यक्ष के बोलने के बाद सफाई हुई। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मांग करते हैं कि जल्द से जल्द नगर निगम के जिम्मेदार लोग प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से माफी मांगे अन्यथा युवा कांग्रेस जनांदोलन के लिए बाध्य होगी और नगर निगम का घेराव कर सवाल पूछेगी।

काशी विद्यापीठ में बीए मास कम्यूनिकेशन में 57 ने करवाई काउंसिलिंग
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 2025-26 में प्रवेश के लिए चल रही काउंसिलिंग में शनिवार को बीए ऑनर्स मास कम्यूनिकेशन में दाखिले की प्रक्रिया चली। 57 अभ्यर्थियों ने प्रमाणपत्रों की जांच करवाई जबकि 55 ने शुल्क जमा किए। विश्वविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रमों की काउंसिलिंग शुरू हो गई है। स्नातकोत्तर में ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 30 जून तक चलेगी। शनिवार को बीए मास कम्यूनिकेशन में दाखिले के लिए संबंधित अभ्यर्थी अपने जरूरी कागजात के साथ ही विश्वविद्यालय पहुंचे। 

प्रवेश सेल समन्वयक प्रो. बंशीधर पांडेय ने बताया कि काउंसिलिंग के बाद अभ्यर्थियों को उसी दिन निर्धारित शुल्क ऑनलाइन (पेटीएम, गूगल पे, डेबिट कार्ड, यूपीआई ) माध्यम से जमा करना होगा। यह भी जानना जरूरी है कि कोई भी शुल्क नगद जमा नहीं किया जाएगा। प्रवेश सेल के सदस्य प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि शुल्क जमा करने के बाद छात्रों का परिचय पत्र और लाइब्रेरी कार्ड भी काउंसिलिंग स्थल पर ही जारी कर दिया गया।

पांच जुलाई को होगी मंडलीय खेल समिति की बैठक
मंडलीय खेल समिति की बैठक पांच जुलाई को लहुराबीर के क्वींस इंटर कॉलेज में होगी। संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी मंडल दिनेश सिंह ने शनिवार को बताया कि स्पोर्ट्स फॉर स्कूल कार्यक्रम के लिए मंडलीय समिति का गठन होगा।

अस्पताल परिसर में लग गया पानी, मरीज-तीमारदार परेशान
तेज बारिश का असर शहर, गांव से लेकर बीएचयू कैंपस सहित अन्य अस्पतालों में भी देखने को मिला। बारिश की वजह से बीएचयू कैंपस के मेन गेट से लेकर अस्पताल परिसर में पानी भर गया। महिला अस्पताल कबीरचौरा और जिला अस्पताल परिसर में भी पानी लगा रहा। बीएचयू कैंपस में मुख्य गेट से लेकर आईएमएस बीएचयू गेट, अस्पताल परिसर में बाल रोग विभाग के सामने से लेकर इमरजेंसी जाने वाले रास्ते पर मंदिर के पास से लेकर अन्य जगहों पर पानी लगा रहा। 

विद्यालय बनाएं निपुण कार्ययोजना
काशी विद्यापीठ विकास खंड के बीआरसी केसरीपुर में शनिवार को बीईओ रामपूजन पटेल ने विभिन्न योजनाओं की परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बीईओ ने प्रेरणा पोर्टल पर आधारविहीन छात्रों की समीक्षा, विभिन्न विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्य, जर्जर भवन के ध्वस्तीकरण की समीक्षा की। 

बैठक में पूर्व एकेडमिक रिसोर्स पर्सन अमिताभ मिश्र ने बताया कि शिक्षकों को जुलाई से ही निपुण लक्ष्य एप पर आकलन करने सहित विभिन्न बिंदुओं पर अंक देने को कहा। बैठक में संचारी रोगों से बच्चों का बचाव व आगामी सप्ताह में सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता में सभी शिक्षकों की सहभागिता पर चर्चा की गई। बैठक में एआरपी डॉ. संजय गुप्ता, पुरंदर पांडेय, अभिषेक तिवारी, कीर्ति मौजूद रहे।

बारिश से धान की नर्सरी को फायदा
दो घंटे की बारिश के बाद खरीफ की मुख्य फसल धान की नर्सरी को फायदा हुआ है। बारिश अधिक और लगातार होती है, तो धान की नर्सरी डूब सकती है। टमाटर, मिर्च, बैंगन, भिंडी, कद्दू, पालक, और पत्तागोभी जैसी सब्जियां अत्यधिक बारिश के प्रति संवेदनशील होती हैं।

खेतों में जलभराव से इनकी जड़ें सड़ने लगती हैं। बारिश से मक्का की फसल पानी में डूबने से खराब हो सकती है। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. नवीन कुमार सिंह ने बताया कि किसान खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करें, ताकि पानी जमा न हो। भारी बारिश की आशंका में कीटनाशकों और उर्वरकों का प्रयोग बंद कर दें। 

पॉलिटेक्निक की काउंसिलिंग के दूसरे दिन पहुंचे 25 अभ्यर्थी
प्राविधिक शिक्षा निदेशालय उत्तर प्रदेश की ओर से यूपी पॉलिटेक्निक में शुक्रवार से काउंसिलिंग चल रही है। राजकीय महिला पॉलिटेक्निक सुंदरपुर को सेंटर बनाया गया है। यहां हेल्प डेस्क बनी है। दूसरे दिन शनिवार को 25 अभ्यर्थी पहुंचे, जिन्होंने च्वाइस फिलिंग के लिए सेंटर लॉक किया। पहले चरण के लिए च्वाइस फिलिंग 2 जुलाई तक चलेगी। 3 जुलाई को सीट अलॉटमेंट होगी। काउंसिलिंग में छात्रों को सीट फ्लोट, फ्रीज करने के लिए 3000 रुपये शुल्क जमा करना होगा।

बकरियों में कृत्रिम गर्भाधान की हुई शुरुआत
आराजीलाइन ब्लॉक के पशु अस्पताल शाहंशाहपुर में शनिवार को बकरियों में कृत्रिम गर्भाधान की शुरुआत हो गई। बकरी पशुपालकों को अब अच्छी नस्ल की प्रजातियों के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। पशु प्रसार अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि कृत्रिम गर्भाधान से हरा पीटल, सफेद जखराना, बर्बरीक ब्लैक बंगाल आदि नस्ल की बकरियों का प्रजनन होगा। यह सुविधाएं पशु अस्पताल में उपलब्ध रहेगा। 

पद्मश्री पं. गणेश्वर शास्त्री द्राविड का हुआ सम्मान
काशी मराठी समाज ने अपने स्थापना दिवस पर शनिवार को पं. गणेश्वर शास्त्री द्राविड को पद्मश्री मिलने पर सम्मानित किया। संस्था के ट्रस्टी पं. माधव जनार्दन रटाटे और संतोष सोलापुरकर ने अंग वस्त्रम दिया। अध्यक्ष मकरंद म्हास्कर और मंत्री षडानन पाठक कारखेड़कर ने स्मृति चिन्ह भेंट किया। पं. गणेश्वर शास्त्री द्राविड ने काशी महाराष्ट्र भवन के निर्माण का भी आशीर्वाद दिया।

वन स्टॉप शॉप के लिए 20 तक आवेदन
प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन (एग्रीजंक्शन) योजना के तहत जिले में आठ वन स्टॉप शॉप (एग्रीजंक्शन केन्द्र) खोले जाएंगे। उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल ने बताया कि एग्रीजंक्शन केंद्र की स्थापना के लिए अभ्यर्थी 20 जुलाई तक कृषि विभाग की वेबसाइट http://agriculture.up.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कृषि भवन चांदपुर स्थित उप कृषि निदेशक कार्यालय से संपर्क कर ले सकते हैं।

मंदिर स्थापना के लिए निकाली कलशयात्रा
काशी में पहली बार श्रीपाली सती दादी मंदिर की स्थापना हो रही है। शनिवार को कलश स्थापना के साथ इसकी शुरुआत हुई। लक्सा के प्राचीन विघ्नहरण हनुमान मंदिर से दादी और राधे-श्याम की छवि के साथ 51 महिलाओं ने कलश लेकर भजन कीर्तन करते हुए शोभायात्रा निकाली।

श्री नुआं पाली सती भक्त मंडल और श्रीमंगल करण कीर्तन मंडल के संयोजन में पूजन अर्चन के बाद मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा लक्ष्मीकुंड के श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंची। यहां दर्शन पूजन के बाद पुन: हनुमान मंदिर पहुंची। वहां कलश स्थापना के बाद पूजन अर्चन हुआ। विनोद लोहिया ने बताया कि रविवार को सुबह 10 बजे से प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान शुरू होगा। 30 जून को शाम चार बजे से भजन संध्या और अंतिम दिन एक जुलाई को मंगल पाठ होगा। शोभायात्रा में नारायण लोहिया, रामलखन लोहिया, सीताराम, सुशील लोहिया शामिल रहे।

राजघाट वार्ड में राहगीरों के लिए लगाया गया वाॅटर कूलर
राहगीरों को स्वच्छ और शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए राजघाट वार्ड में कई स्थानों पर आरओ सहित वाॅटर कूलर लगाए गए। इनका लोकार्पण भाजपा विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने किया।राजघाट, नमो घाट और कोनिया पुल के कारण इन क्षेत्रों में राहगीरों और पर्यटकों का आवागमन बढ़ गया। गर्मी में उन्हें पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ता था। 

इसे ध्यान में रखते हुए कजाकपुरा स्थित शीतला माता मंदिर नई बस्ती, ताड़वीर बाबा मंदिर के पास, भदउवीर बाबा मंदिर के पास और राजघाट पर भैसासुर बाबा मंदिर के पास शामिल हैं। इन स्थानों पर अब राहगीर शुद्ध और ठंडा पानी पी सकेंगे।विधायक ने बताया कि दक्षिणी विधानसभा में अब तक 10 सार्वजनिक स्थलों पर वाॅटर कूलर का लोकार्पण किया जा चुका है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मंडल अध्यक्ष बबलू सेठ, संदीप चतुर्वेदी मौजूद रहे। 

शिल्पकारों को सशक्त बनाने की रणनीति पर चर्चा
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना को गति देने के लिए शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति की बैठक हुई। इसमें शिल्पकारों और कारीगरों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की रणनीति तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता सीडीओ हिमांशु नागपाल ने की। इस दौरान सत्यापन के लिए चिह्नित पांच ट्रेड शस्त्र निर्माता, मोची, सुनार, ताला बनाने वाले और नाव निर्माता पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा। 

उन्होंने नगर निगम को 500 और प्रत्येक विकास खंड को 100 आवेदन कराने का लक्ष्य दिया है। सभी खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को ग्राम स्तर पर लंबित आवेदनों का सत्यापन एक सप्ताह में कराकर प्रति-सत्यापन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।

संविधान को बचाने के लिए एनएसयूआई ने निकाला मार्च
आरएसएस के महासचिव दत्तात्रेय होसबोले के संविधान से समाजवाद और धर्मनिरपेक्षता को हटाने के बयान पर एनएसयूआई ने विरोध जताया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में संविधान बचाओ मार्च निकाला। एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ पांडेय ने कहा कि आरएसएस की ये सोच साफ बताती है कि आरएसएस के लोग संविधान को समाप्त करना चाहते हैं। हम उनकी गलत नीतियों का विरोध करते हैं। वर्तमान समय में पूरे देश में आपातकाल जैसी स्थिति है। 

देश में गलत नीतियों का विरोध करना जुर्म हो गया है। आज विश्वविद्यालय को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। आरएसएस के लोग हमें रोकना चाहते हैं। हम पुलिस प्रशासन से डरने वाले नहीं हैं। हम सब आरएसएस और भाजपा के खिलाफ लड़ते रहेंगे और देश के संविधान को बचाने का काम करेंगे। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष संदीप पाल, जिलाध्यक्ष शशांक सिंह, गौतम शर्मा, आदर्श सोनकर, राघवेंद्र सिंह, हिमांशु पांडेय, जतिन पटेल, रोनिक सोनकर उपस्थित रहे।

संतुष्ट नहीं हुई समिति, फिर मांगा जवाब
सर्किट हाउस सभागार में शनिवार को उप्र विधानमंडल की अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और विमुक्त जातियों से संबंधित संयुक्त समिति की बैठक हुई। बैठक में मंडी परिषद और राजस्व से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति पलटू राम ने की।

बैठक के दौरान नवीन मंडी स्थल पहड़िया के तहत हुए स्वीकृत हुए विभिन्न कार्यों और उनके निर्माण के दौरान आई शिकायतों के संबंध में डीडी मंडी द्वारा जवाब समिति के सामने रखा गया। जवाब से संतुष्ट न होने पर समिति ने डेढ़ माह का समय देकर उचित जवाब के साथ दोबारा समिति के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए।

समिति ने नवीन मंडी स्थल पहड़िया में साफ-सफाई, ट्रैफिक की उचित व्यवस्था, फल और सब्जियों के ट्रकों को नो-एन्ट्री के दौरान छूट देने तथा सुरक्षा की बात रखी गई। इस पर समिति ने एडीएम सिटी को समस्या का समाधान के निर्देश दिए।

उद्यमियों की समस्याओं का करें समाधान
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार जनपद स्तरीय एमओयू क्रियान्वयन समिति की बैठक हुई। सीडीओ ने प्रस्तावों के क्रियान्वयन संबंधी प्रगति की समीक्षा की। उद्यमियों के द्वारा उठाए गए मुद्दों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया। एक ग्रुप के प्रकरण में एसडीएम राजातालाब को भूमि अतिक्रमण की जांच के आदेश दिए। साथ ही एक और कंपनी के मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त उद्योग, सहायक आयुक्त उद्योग, उद्यमी मित्र, विभागों के अधिकारी और उद्यमी मौजूद रहे।

स्वप्ना के गायन से सजा सुबह ए बनारस का मंच
सुबह ए बनारस में ग्वालियर से आई राजकीय महाविद्यालय में संगीत की प्रो. स्वप्ना मराठे का गायन हुआ। इसका आरंभ राग अहीर भैरव में विलंबित एक ताल में निबद्ध बंदिश अलसाने लालन हो रतिया...से हुआ। इसके उपरांत द्रुत एकताल में निबद्ध बंदिश बेगी-बेगी आवो मंदिरवा...सुनाकर आनंदित किया।

इसके साथ ही द्रुत तीनताल में निबद्ध बंदिश रैन गई जागो...की प्रस्तुति दी। समापन राग गुनकली में रूपक ताल में निबद्ध बंदिश डमरू हर कर बाजे...से हुआ। तबला संगति कृष्ण कुमार उपाध्याय एवं संवादिनी पर संगति हर्षित उपाध्याय की रही। कलाकार को प्रमाणपत्र लाल सिंह ने दिया। संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया। अतिथि का सम्मान सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा और स्वागत डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह ने किया।

शास्त्री अस्पताल में दूरबीन विधि से हुई महिला की सर्जरी
लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में डॉक्टरों ने शनिवार को एक महिला की दूरबीन विधि से सर्जरी कर गाॅल ब्लैडर निकाला गया। अब तक एक महीने में यहां 10 मरीजों की सर्जरी हो चुकी है। शास्त्री अस्पताल में जिलाधिकारी की पहल पर सीएसआर की फंड से लै-प्रोस्कोपिक मशीन दी गई है। इसकी मदद से ही मरीजों की सर्जरी की जा रही है। 

सीएमएस डॉ. गिरीश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि शनिवार को चंदौली की हीरावती (62) और नसरीन (36) की सर्जरी की गई। मरीज पूरी तरह स्वस्थ है। डाॅ. द्विवेदी ने बताया कि इस विधि से छोटे से चीरे द्वारा गाल ब्लैडर निकला जाता है। निजी अस्पतालों में मरीज को इसके लिए बड़ी धनराशि खर्च करनी पड़ती है लेकिन अस्पताल में निशुल्क सर्जरी होती है। सर्जरी करने वाली टीम में डॉ. प्रकाश भारती, डाॅ. रिची सिन्हा, डाॅ. प्रेषक द्विवेदी, डॉ.पीआर मिश्रा, डॉ. राजेश श्रीवास्तव शामिल रहे। 

महिलाओं की क्षमताओं को पहचानने और तराशने की जरूरत
अजीम प्रेमजी फाउंडेशन, महिला कल्याण विभाग और डॉ. शंभूनाथ सिंह रिसर्च फाउंडेशन की ओर से शनिवार को सेंट्रल जेल रोड के एक होटल में कार्यशाला हुई। मुख्य अतिथि उपनिदेशक (महिला कल्याण) पंकज कुमार मिश्र ने बालिकाओं को लैंगिक भेदभाव के मूल कारणों के बारे में बताया। कहा कि वास्तव में लैंगिक भेदभाव के पीछे संपत्ति के अधिकार की भावना प्रबल है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी डीके सिंह ने कहा कि महिलाओं के अंदर अपार क्षमता और संभावनाएं होती हैं। इसे पहचानने और तराशने की आवश्यकता है। जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीशचंद दुबे ने सभी योजनाओं से उन्हें अच्छादित करने के लिए प्रेरित किया।

क्षेत्रीय सेवा योजन कार्यालय के रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने रोजगार पोर्टल पर पंजीकरण और रोजगार मेले की जानकारी दी। महिला कल्याण विभाग की प्रियंका राय, रेखा श्रीवास्तव ने भी योजनाओं के बारे में बताया। स्वागत फाउंडेशन के महासचिव राजीव कुमार सिंह, संचालन परियोजना प्रबंधक राजेश कुमार सोनकर और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रोली सिंह ने किया।

दुलदुल के जुलूस की हिंदुओं ने भी की जियारत
दूसरी मुहर्रम पर शनिवार को शिवपुर में अंजुमन पंजतनी की ओर से 45 साल से निकलने वाली दुलदुल का जुलूस अकीदत और एहतेराम से उठाया गया। अजादारों ने या हुसैन की सदाएं बुलंद की। मौलाना कासिम कुम्मी ने मजलिस को खिताब किया। तफसीर जौनपुरी ने सोजख्वानी पेश की।

जुलूस शिवपुर के शिव मंदिर चौराहे पर पहुंचा, जहां मौलाना फिरोज अली तथा शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने तकरीर पेश की। कहा कि इमाम हुसैन को भारत से बहुत प्रेम था। वो यहां आना भी चाहते थे और यही कारण है कि हमारे मुल्क में उनका गम इतनी शिद्दत से मनाया जाता है। 

हिंदू भाइयों ने भी दुलदुल की जियारत की दूध पिलाया और मन्नतें मांगी। इस दौरान मौलाना कासिम जौनपुरी और मौलाना गुलजार मौलाई ने भी तकरीर पेश की। अंजुमन आबिदीन, सज्जादिया, इमामिया, गुलजारिया, अब्बासिया और जादे आखिरत अंजुमनों ने नौहा मातम पेश किया। जुलूस में अली हसन, शमशेर अली, अनीस, इजहार अली आदि शामिल रहे।

हाजी फरमान हैदर ने बताया कि तीसरे मुहर्रम रविवार को तीन जुलूस उठेंगे। औसानगंज नवाब की ड्यूढी से मेंहदी समय के संयोजन में रात आठ बजे, शिवाला में आलिम हुसैन रिजवी के निवास से रात नौ बजे और रामनगर वारीगढ़ी से सगीर अहमद के निवास से रात आठ बजे निकलेगा।

कैबिनेट मंत्री ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित
आशापुर के रुद्रा बुद्धा इंक्लेव रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी के सभागार में शनिवार को सम्मान समारोह हुआ। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने सीबीएसई, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में सोसाइटी के सात मेधावियों को सम्मानित किया। मेधावी छात्रों में आकर्ष पांडेय, आंशिक यादव, अराध्या सिंह, अनन्या सिंह, यशस्वी राय, यशवीता और शिखर सिंह शामिल रहे। सोसाइटी के डॉ. आलोक तिवारी ने कैबिनेट मंत्री और अन्य अतिथियों को सम्मानित किया। संचालन कल्पना तिवारी और नमिता पांडेय ने किया। कार्यक्रम में कल्पना तिवारी, डॉ. आलोक तिवारी, विवेक कुमार सिंह रहे। 

स्थापना दिवस पर मेधावियों का किया सम्मान
महाराष्ट्र सेवा समिति का स्थापना दिवस सिद्धेश्वरी के नीलकंठ स्मृति भवन में मनाया गया। इस दौरान भगवान सत्यनारायण की पूजा हुई। ट्रस्टी विशाल औंढेकर ने पत्नी के साथ विधिवत पूजा की। इस दौरान दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।

गायिका तेजस्विनी वर्णेकर ने मराठी भजन और भावगीत पेश किया। उन्होंने नारायणा प्रभा रमणा मधुसूदना मनमोहना, माझे माहेर पंढरी भजन पेश किया। तबले पर पं. किशन रामडोहकर व हारमोनियम पर भइय्यन ने संगत की। अध्यक्षता मकरंद महैस्कर ने की। संचालन माधव रटाटे व धन्यवाद ज्ञापन षडानन पाठक ने किया। इस मौके पर ट्रस्टी संतोष सोलापुरकर, हरिहर पटवर्धन, शशांक पुराणिक, संदीप कोटेकर, विकास होशिंग, सुहास कापशे, आश्रय मिटकर कांचन पुणतांबेकर, विनय रोहे मौजूद रहे।

बारात घर बनाने के लिए जमीन करें चिन्हित : नगर आयुक्त
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने शनिवार को रामनगर जोन एरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने पीएसी कमांडेंट आवास के पास नगर निगम की भूमि का चिन्हांकन कराकर बैरिकेडिंग के निर्देश दिए। साथ ही इस क्षेत्र में बरात घर के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित कर प्रस्ताव देने के निर्देश दिए गए।

लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय में बन रहे स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय को शीघ्र निर्माण कार्य को पूर्ण किए जाने एवं महिला चिकित्सालय के पास पिंक शौचालय का निर्माण कार्य कराए जाने के साथ ही मरम्मत योग्य शौचालय की शीघ्र मरम्मत कराए जाने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में रामनगर जोन के पास स्थित वार्ड नंबर 13 अंतर्गत कंपोजिट स्कूल में सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक कार्य कराए जाने का प्रस्ताव बनाने को कहा।

रामनगर जोन अंतर्गत वार्ड नंबर 13 में वीडीए द्वारा बनाए गए धोबी घाट को संस्था को हस्तगत करने की कार्यवाही कराए जाने के निर्देश दिए गए। रामनगर जोनल कार्यालय कैंपस और कंपोजिट स्कूल में वाटर रिचार्ज पीट को बड़ा कर बनाए जाने के निर्देश दिए गए।

मारवाड़ी युवा मंच काशी शिवा शाखा ने किया सुंदरकांड का पाठ
मारवाड़ी युवा मंच काशी शिवा शाखा का शनिवार को प्रवर्तन किया गया। इस मौके पर इस साल के पहले कार्यक्रम संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। श्री श्याम मंदिर लक्सा में आयोजित कार्यक्रम में शाखा के 25 से अधिक सदस्यों सहित 200 से अधिक श्रद्धालुओं ने मिलकर सुंदरकांड का पाठ किया। इसके बाद बाबा का दिव्य शृंगार दर्शन कराया गया। साथ ही भक्तों को प्रसाद भी बांटा गया। इस दौरान रोहित अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, प्रफुल्ल अग्रवाल, आशुतोष अग्रवाल, ईशान तुलस्यान, प्रीति बजोरिया मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed