Varanasi News Today: सील तोड़कर दोबारा कराया जा रहा था अवैध निर्माण, वाराणसी में चार की मौत; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी में विकास प्राधिकरण की ओर से सील किए गए अवैध निर्माण स्थल की सील तोड़कर फिर से काम शुरू कर दिया गया। वहीं, विभिन्न हादसों में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। इसके साथ ही मंदिर के महंत का निधन भी हो गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हिमांशु मौर्य (23) की उपचार के दौरान मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद उसका अंतिम संस्कार सरायमोहना घाट पर किया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की चार साल बेटी का जन्मदिन रविवार को था, जिसकी तैयारियां परिवार कर रहा था, लेकिन उससे एक दिन पहले ही पिता का साया सिर से उठ गया।
मृतक के बड़े भाई मुकेश मौर्य ने बताया कि उनका छोटा भाई हिमांशु मौर्य बृहस्पतिवार रात 1.30 बजे भोजूबीर से घर आयर चोलापुर लौट रहा था। भुसौला चौका के पास उसकी बाइक सड़क किनारे बिजली के पोल को सहारा देने वाले तार में फंस गई।
इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी और हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। पीछे से आ रहे मित्र दीपक यादव ने सड़क पर गिरी बाइक देखकर अनहोनी की आशंका जताई। तलाश करने पर हिमांशु पास के गड्ढे में घायल अवस्था में मिला। उपचार के लिए पांडेयपुर के मंडलीय अस्पताल ले गए।
हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां दो दिन तक चले उपचार के बाद शनिवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार हिमांशु दो भाइयों में छोटा था और होटलों में कीटनाशक का छिड़काव करता था। 8 साल पूर्व उसका विवाह प्रतिमा मौर्य से हुआ था। दंपती की चार साल की बेटी पंछी है। पत्नी प्रतिमा का रो-रोकर बुरा हाल है।
ट्रक ने मारी टक्कर, बेटे की मौत, नवंबर में हुई थी शादी
राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर साक्षी पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार शाम ट्रक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल बाइक सवार राणा प्रताप सिंह ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। नवंबर में राणा प्रताप सिंह की शादी हुई थी।
परिजनों के अनुसार, चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के धपरी नियमताबाद गांव निवासी राणा प्रताप सिंह औद्योगिक क्षेत्र में मुरब्बा निर्माण फैक्ट्री में काम करता था। पिता रामशंकर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
राणा की शादी पिछले साल नवंबर में ही प्रीति सिंह के साथ हुई थी। पति की असमय मौत की खबर मिलते ही पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मां चिंता देवी भी बेटे को खोने के गम में बेसुध हैं। थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। चालक की पहचान की जा रही है।
ऑटो हादसे में घायल सेनानिवृत्त इंजीनियर की मौत, प्राथमिकी
काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन के लिए आए आंध्र प्रदेश के विजयनगरम निवासी एवं सेवानिवृत्त रेलवे सेक्शन अधिकारी बीवीएल नरसिम्हा राव (83) की ऑटो हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान हैदराबाद में मौत हो गई। पुत्र बीबीवीएल सुब्बाराव के अनुसार, 2 नवंबर को मंदिर के पास ऑटो से उतरते समय चालक ने वाहन को लापरवाही से रिवर्स कर दिया, जिससे ऑटो का पहिया उनके दाहिने पैर पर चढ़ गया।
प्रारंभ में चोट मामूली लगी, लेकिन बाद में पैर में सूजन और संक्रमण तेजी से बढ़ गया। विजयनगरम पहुंचने के बाद उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें हैदराबाद के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। हैदराबाद के आबिद्स थाने में दर्ज शिकायत चौक थाना वाराणसी स्थानांतरित कर दी गई है। चौक इंस्पेक्टर दिलीप मिश्रा ने बताया कि प्राप्त प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
कालभैरव मंदिर कमेटी के अध्यक्ष का निधन
कालभैरव मंदिर कमेटी के अध्यक्ष पंडित काशी नाथ दुबे का शनिवार को 80 की उम्र में निधन हो गया। कमेटी के पदाधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। काशी नाथ दुबे लंबे समय से ब्रेन और हार्ट की बीमारियों से जूझ रहे थे। मणिकर्णिका घाट पर उनके बेटे सुनील दुबे ने मुखाग्नि दी। वह अपने पीछे दो बेटे और भरा परिवार छोड़ गए हैं। वहीं, निधन की खबर मिलते ही उनके घर मिलने वालों का तांता लग गया। सभी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
सील तोड़कर दोबारा कराया जा रहा था अवैध निर्माण
विकास प्राधिकरण की ओर से सील किए गए अवैध निर्माण स्थल की सील तोड़कर दोबारा काम शुरू करने के मामले में अवर अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। थाना चोलापुर क्षेत्र के बनियापुर में सरिता सिंह पत्नी रामविलास सिंह की ओर से 92 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कराया जा रहा था।
शिकायत मिलने पर विकास प्राधिकरण ने 20 अप्रैल को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने का निर्देश दिया था, लेकिन बावजूद निर्माण जारी रहा। प्राधिकरण ने 31 मई को भवन को सील कर दिया था। आरोप है कि सीलिंग के बाद भी निर्माणकर्ता ने प्राधिकरण की सील तोड़कर निर्माण शुरू कर दिया।
प्राधिकरण की ओर से लोगों को हमेशा प्लॉट की पूरी जानकारी लेने के बाद ही खरीदने की अपील की जाती है। जानकारी मिलने पर अधिकारियों ने रिपोर्ट तैयार कर चोलापुर थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक चोलापुर सधुवन राम गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर सरिता सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई।
नाबालिग समेत दो बहनों को डंडे से पीटा, प्राथमिकी
चोलापुर थाना क्षेत्र के रैचंदपुर गांव में दरवाजे पर हो रहे विवाद को रोकने का प्रयास कर रही नाबालिग समेत दो बहनों को आरोपी अजीत राजभर डंडे से पीटा। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पीड़ित ओमप्रकाश राजभर ने तहरीर में बताया कि शुक्रवार रात घर के सामने गांव के अजीत राजभर और पिंटू राजभर किसी बात को लेकर मारपीट कर रहे थे।
बड़ी बेटी अंजली (21) और छोटी बेटी रोशनी (16) ने दोनों को दरवाजे पर झगड़ा करने से मना किया। आरोप है कि इस बात से नाराज अजीत ने अपने हाथ में लिए डंडे से अंजली के सिर पर वार कर दिया। अंजली को बचाने पहुंची उसकी छोटी बहन रोशनी पर भी आरोपी ने घायल कर दिया। बहनों को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी सुधवन राम गौतम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
दरवाजे पर खड़ी ट्रैक्टर से बैटरी चोरी
जंसा थाना क्षेत्र के परमंदापुर गांव में शुक्रवार देर रात चोरों ने घर के बाहर लालू यादव की खड़ी ट्रैक्टर से बैटरी चोरी कर ली। घटना की जानकारी शनिवार सुबह होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
चोरी के मामले में एक महीने बाद आरोपी गिरफ्तार
सारनाथ पुलिस ने चोरी के एक मामले में एक महीने से भागे छोटू राजभर निवासी घमहापुर फूलपुर को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 1,750 रुपये भी बरामद किए हैं। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि 30 अप्रैल को कंचन गुप्ता की साड़ी की दुकान का टिन शेड तोड़कर दो लाख की चोरी की गई थी। पुलिस पहले ही दो मई को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आरोपी ने ये भी स्वीकारा कि दो मार्च को मित्रधाम कॉलोनी के पास एक महिला की चेन छीनकर भागा था।
मठ में चोरी करने वाले तीनों आरोपियों को भेजा जेल
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के श्रीविद्या मठ में चोरी करने वाले आरोपी राजू खान और सामान खरीदने वाले दो दुकानदारों ध्रुव कुमार वर्मा और संतोष वर्मा को कोर्ट ने शनिवार को जेल भेज दिया। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी राजू खान पर चार आपराधिक प्राथमिकी पहले से दर्ज है। साकेतनगर निवासी राजू खान ने चोरी का माल सराय नंदन दशमी निवासी संतोष वर्मा और महमूरगंज रानीपुर निवासी ध्रुव कुमार वर्मा को बेचा था। अस्सी चौकी इंचार्ज नवीन चतुर्वेदी ने राजू खान को गिरफ्तार किया। माल खरीदने वाले दोनों दुकानदार भी हत्थे चढ़ गए।
मारपीट और लूट का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में मारपीट, जानलेवा हमले और लूट का आरोप लगाकर नई बस्ती पांडेयपुर कोहराना निवासी गणेश प्रजापति ने प्राथमिकी दर्ज कराई। तहरीर में आरोप लगाया कि वह अपने दोस्तों के साथ दुकान पर सामान लेने गया था। शिवराज कनौजिया, शिवम सोनकर, करण सोनकर समेत तीन से पांच अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया। कारण पूछने पर आरोपियों ने पीटा। उसकी सोने की चेन भी छीन ली। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
दाई ने चोरी किया था सिलिंडर, तीन मिले
कैंट थाना क्षेत्र की विंध्यवासिनी नगर कॉलोनी में कारोबारी अभिषेक सिंह के घर से तीन घरेलू गैस सिलिंडर चोरी का पुलिस ने खुलासा किया। चोरी घर में काम करने वाली दाई ने की थी। पुलिस ने उसके पास तीन सिलिंडर बरामद किए। साथ ही दाई को गिरफ्तार कर लिया। निवासी अभिषेक सिंह ने कैंट थाने में तहरीर देकर बताया था कि उन्होंने हुकुलगंज निवासी महिला को अपने घर में झाड़ू-पोछा करने के लिए रखा था।
26 मई को घर के सदस्य भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में आराम करने चले गए। महिला ने मौका पाकर घर में रखे तीन घरेलू गैस सिलिंडर चोरी कर लिए। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। प्रभारी निरीक्षक राज किशोर पांडेय बताया कि शनिवार को डीएम कंपाउंड के पास से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
युवती के अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
अपहरण के मामले में वांछित रोहित राजभर को बड़ागांव पुलिस ने शनिवार को गढ़वा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी बड़ागांव के भटौली लुच्चेपुर का निवासी है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि अपहृता पिछले महीने 11 मई को थाने पहुंची थी। पीड़ित पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पूछताछ में रोहित राजभर ने पुलिस को बताया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था। विवाह की इच्छा से वह उसे अपने साथ ले गया और जौनपुर में मंदिर में विवाह कर लिया। प्राथमिकी दर्ज होने पर वह मुंबई भाग गया था।
गैंगस्टर का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
आदमपुर थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे अभियुक्त मो. शाहिद (33) को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से फरार था और उसकी तलाश की जा रही थी। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त मो. शाहिद लोहता के धमरिया के एक मकान में किरायेदार के रूप में रह रहा था। पुलिस टीम ने छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मो. शाहिद के विरुद्ध आदमपुर थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज है। उसके खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। 2025 में आदमपुर थाने में, चेतगंज थाने में 2020 के दौरान लूट, चोरी और चोरी के माल के क्रय-विक्रय से संबंधित प्राथमिकी दर्ज है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने वाला गिरफ्तार
कपसेठी थाना क्षेत्र के भीष्मपुर गडरियापुर गांव निवासी पुनीत राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड कर क्षत्रीय समाज के खिलाफ आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया था। मामले में करणी सेना के सदस्य ऊपरवार गांव निवासी रवि सिंह ने तहरीर दी थी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी विकास कुमार मौर्य ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा गया।
किशोरी के अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
बड़ागांव पुलिस ने शनिवार दोपहर मुखबिर की सूचना पर किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में आरोपी रोहित सरोज को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, एक अप्रैल को थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। किशोरी 11 मई को बड़ागांव थाना पहुंच गई थी। शनिवार को आरोपी की गिरफ्तारी कर उसे जेल भेजा गया।
दरसे से भागकर पहुंचा बालक, परिजनों को सौंपा
मंडुआडीह थाना क्षेत्र के बौलिया तिराहे पर शुक्रवार शाम गश्त के दौरान लहरतारा चौकी पुलिस को 10 साल का बालक बैठा मिला। पूछताछ में बालक ने अपना पता महाराजगंज बताया। पिता ने उसे एक दिन पहले वहां के मदरसे में दाखिला दिलाया था, लेकिन पढ़ाई से परेशान होकर वह वहां से भाग निकला और बस से वाराणसी पहुंच गया। पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर बालक को परिजनों को सौंपा। साथ ही उसे समझाया भी गया। ताकि फिर से वह ऐसा न करे।
रिटायरिंग रूम में पुरुष के आने-जाने की शिकायत
कैंट रेलवे स्टेशन पर महिला रिटायरिंग रूम में पुरुष के आने जाने की शिकायत महिलाओं ने रेल मदद एप और आईआरसीटीसी के अधिकारियों से की है। महिलाओं ने एक्स हैंडल पर वीडियो भी अपलोड किया है। एक पुरुष के रिटायरिंग रूम में रात में कई बार आने पर आपत्ति जता रही है। शिकायत में महिलाओं ने लिखा है कि जिस तरह से पुरुष आते जाते रहते हैं, इससे महिला यात्रियों की सुरक्षा और अस्मिता पर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
महिलाओं की शिकायत के बाद शनिवार की देर शाम आईआरसीटीसी की ओर से एक्स हैंडल पर एक बयान जारी कर कहा कि वीडियो में जो पुरुष दिख रहे हैं, उनकी पत्नी महिला केबिन में ठहरी थी। उनके बच्चे की तबीयत ठीक न होने की वजह से उन्हें केबिन में दवा ले जाने की अनुमति दी गई थी। वह रात भर केबिन में रुके नहीं। एक बार रात और एक बार सुबह बच्चे को दवा पिलाने अंदर गए थे।
यात्रियों की सुरक्षा की निगरानी करेंगे पुलिसकर्मी
कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन शनिवार सुबह पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने किया। कहा कि सहायता केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मी क्षेत्र में निगरानी रखेंगे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करेंगे। यह केंद्र महिला सुरक्षा, वरिष्ठ नागरिकों की सहायता और यात्रियों के मार्गदर्शन को और अधिक सुलभ बनाएगा।
साथ ही अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और जन सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के प्रभावी समाधान में भी सहायक होगा। कैंट रेलवे स्टेशन पर रोज बड़ी संख्या में यात्रियों के आवागमन को देख केंद्र सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस दौरान शिवहरी मीणा, गौरव बंशवाल, शुभम कुमार सिंह, शिवाकांत मिश्रा रहे।
विद्युत केबल क्षतिग्रस्त करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज
चितईपुर थाना क्षेत्र में विद्युत विभाग की केबल क्षतिग्रस्त होने के मामले में पुलिस ने एयरटेल कंपनी के फील्ड इंजीनियर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंडुवाडीह उपकेंद्र में तैनात अवर अभियंता अभिषेक कुमार सिंह की तहरीर पर दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, मंडुवाडीह उपकेंद्र से कंदवा और नवनिर्मित सुंदरपुर फीडर के लिए विद्युत केबल बिछाई गई है। आरोप है कि एयरटेल कंपनी की ओर से पाइपलाइन डालने के लिए सड़क की खुदाई कराई जा रही थी। लोक निर्माण विभाग और विद्युत विभाग से अनुमति नहीं ली गई।
अवर अभियंता का आरोप है कि विभाग की ओर से बार-बार मना करने के बाद भी खोदाई जारी रखी गई। दोनों विद्युत केबल कटकर क्षतिग्रस्त हो गया। इससे 3500 घरों की बिजली आपूर्ति 6 से 7 घंटे तक बाधित रही।
विद्युत विभाग के अनुसार, घटना से विभाग को 18 लाख का आर्थिक नुकसान हुआ है। चितईपुर पुलिस ने एयरटेल कंपनी के फील्ड इंजीनियर राहुल गुप्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटिया सड़क निर्माण पर 25 प्रतिशत भुगतान रोका
औसानगंज से राजापुरा मान की तकिया (वार्ड संख्या-73) तक बनाई गई सीसी रोड का निरीक्षण नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने किया। उन्होंने निर्माण कार्य में गंभीर खामियां पाए जाने पर मैसर्स संकटमोचन कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार का 25 प्रतिशत भुगतान दंडस्वरूप रोक दिया। इसके अलावा फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी भी दी है।
निरीक्षण में यह बात सामने आई कि सड़क की सतह से अत्यधिक धूल उड़ रही है और निर्माण स्थल पर प्लास्टिक व अन्य अवांछित सामग्री के अवशेष पाए गए हैं। इन परिस्थितियों से स्पष्ट है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया है। नगर आयुक्त के अनुसार प्रथम दृष्टया यह अनुबंध की शर्तों का घोर उल्लंघन और कार्य में अपेक्षित गुणवत्ता का अभाव प्रतीत होता है।
लेढ़ूपुर में दो घंटे नहीं रहेगी बिजली
लोक निर्माण विभाग की ओर से पुलिस लाइन से संदहा रोड तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इस कार्य में बाधक बन रहे पोल और विद्युत लाइनों को भूमिगत करने के लिए रविवार को लेढ़ूपुर उपकेंद्र के आशापुर फीडर से सुबह 9 बजे से 11 बजे तक शटडाउन लिया जाएगा। इस दौरान पहाड़िया, श्रीनगर, आशापुर, अमानपुर कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
सिक्स लेन पर ब्रूमर मशीनों से सफाई
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्गों को स्वच्छ, सुरक्षित और धूलमुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वाराणसी-औरंगाबाद सिक्स लेन एनएच-2 परियोजना पर अब उन्नत ट्रक-माउंटेड वैक्यूम रोड स्वीपिंग मशीनों (ब्रूमर) के माध्यम से नियमित सफाई की जाएगी। एनएचएआई के परियोजना निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि ये हाईटेक मशीनें सड़कों पर जमी धूल, रेत, पत्तियों और अन्य कचरे को तेजी से हटाने का काम करेंगी।
आज से दिल्ली जाएगी एयर इंडिया की फ्लाइट
ईंधन के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण एयर इंडिया ने वाराणसी से दिल्ली जाने वाली एक उड़ान को छह दिनों के लिए रद्द कर दिया था। रविवार से इस विमान का संचालन फिर से शुरू किया जाएगा। यह विमान सुबह 10 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरेगा। एयर इंडिया के स्टेशन मैनेजर आतिफ इदरिस ने बताया कि उनकी कंपनी की ओर से वाराणसी से सुबह 10 बजे दिल्ली जाने वाली विमान संख्या एआई-1850 को 1 से 6 जून तक निरस्त किया गया था। इस उड़ान से प्रतिदिन करीब 200 यात्री सफर करते हैं।
काशी विद्यापीठ में 20 दिन तक चलेगी कला की कार्यशाला
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में राज्य ललित कला अकादमी उत्तर प्रदेश की ओर से 20 दिवसीय ग्रीष्मकालीन कला कार्यशाला 7 जून से शुरू होगी। डॉ. शत्रुघ्न प्रसाद ने बताया कि ललित कला विभाग में होने वाली कार्यशाला का शुभारंभ राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा करेंगे। 30 जून तक सुबह 10 से 12 बजे तक चलने वाली कार्यशाला में प्रतिभागियों को कंपोजिशन, कोलाज मेकिंग, लैंडस्केप, मिक्स मीडिया, कैलीग्राफी, पोर्ट्रेट एवं क्ले मॉडलिंग सिखाया जाएगा।
बीएचयू में पीजी काउंसिलिंग की आज अंतिम तारीख, 8-9 जून को संशोधन
बीएचयू में पीजी काउंसिलिंग के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर सात जून कर दी गई है। यानी आज रात 11:59 बजे तक ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन हो सकेंगे। 8 और 9 जून को रात 11:59 बजे तक संशोधन विंडो खुली रहेगी। इसका लाभ केवल वे ही उठा सकते हैं जिन्होंने अपना आवेदन जमा किया है।
बीएचयू के सेंट्रल एडमिशन कमेटी (सीएसी) की ओर से बताया गया है कि उम्मीदवारों के अनुरोध पर विचार करते हुए पीजी काउंसिलिंग की तिथि बढ़ाई गई है। सभी संबंधित उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे विस्तारित समय सीमा के भीतर अपना पंजीकरण पूरा कर लें। सीएसी की ओर से स्पष्ट किया गया है कि संशोधन विंडो के दौरान नाम, लिंग, श्रेणी (केवल एक बार परिवर्तन की अनुमति है, लागू नियमों के अधीन), जन्म तिथि में कोई बदलाव नहीं किया जा सकता है।
यूपी कॉलेज में 10 जुलाई तक इंटर्नशिप
यूपी कॉलेज में दो कोर्स को छोड़कर सभी सेमेस्टर परीक्षाओं के रिजल्ट जारी हो गए हैं। बीकॉम इन रिटेल ऑपरेशन मैनेजमेंट दूसरे सेमेस्टर, बीएससी (बायो)-दूसरा सेमेस्टर, बीएससी बायो चौथा सेमेस्टर, बीएससी मैथ्स चौसा सेमेस्टर, बीए, बीएससी और बीकॉम मैथ्स का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। वहीं ये छात्र 10 जुलाई तक अपना इंटर्नशिप करेंगे। वहीं 15 जुलाई तक इंटर्नशिप से संबंधित रिपोर्ट का वाइवा पूरा होगा तब उनका रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा। वहीं अभी एमएससी एजी चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थी अभी अपना रिसर्च प्रोजेक्ट तैयार कर रहे हैं। जुलाई-अगस्त में रिसर्च प्रोजेक्ट जमा करेंगे, उसके बाद वाइवा होगा और तब रिजल्ट जारी होंगे।
डेवलपमेंट ऑफ पिक्टोरियल परसेप्शन का लोकार्पण
बीएचयू के मनोविज्ञान विभाग में ‘डेवलपमेंट ऑफ पिक्टोरियल परसेप्शन’ का लोकार्पण हुआ। वसंता कॉलेज फॉर वूमेन, राजघाट से सेवानिवृत्त एसोसिएट प्रोफेसर स्वर्गीय डॉ. अपर्णा शुक्ला की ये पुस्तक उनके बीएचयू में किए गए पीएचडी शोध पर आधारित है। पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. आरसी मिश्रा, इलाहाबाद विवि के मनोविज्ञान विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. आरसी त्रिपाठी, प्राचार्य प्रो. अलका सिंह, डॉ. पीएन शुक्ला पिंक लोटस प्रकाशन की संस्थापक मौसमी आचार्या भी उपस्थित रहीं। प्रो. पूर्णिमा अवस्थी ने कहा कि इस पुस्तक में चित्रात्मक परीक्षणों के आधार पर बच्चों के कई तार्किक विकास पक्षों की चर्चा की गई है।
बीएचयू में सात दिन का योग शुरू, लंदन और त्रिनिदाद वालों ने सीखी क्लासिकल कपालभाति
बीएचयू के भारत अध्ययन केंद्र में सात दिन की कार्यशाला शुरू हुई। इसका विषय प्राण से प्रज्ञा: प्राणायाम, त्राटक और प्रेक्षा ध्यान का कला एवं विज्ञान रखा गया है। केंद्र के योग सभागार में ऑफलाइन और ऑनलाइन जुड़े यूनाइटेड किंगडम (लंदन) और त्रिनिदाद और टोबैगो सहित कई देशों से भी प्रतिभागियों को क्लासिकल कपालभाति, सेक्शनल ब्रीदिंग (अधम, मध्यम और आध्य श्वसन), शरीर प्रेक्षा और कायोत्सर्ग का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
इसमें बताया कि ये तकनीक श्वसन तंत्र को मजबूत बनाने, शरीर और मन के तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने और आंतरिक शांति व संतुलन विकसित करने में काफी प्रभावी है। केंद्र के समन्वयक प्रो. शार्दिंदु कुमार तिवारी ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में योग केवल स्वास्थ्य संवर्धन का साधन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व, चरित्र और चेतना विकास का मार्ग है। छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह ने विद्यार्थियों और शोधार्थियों से योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने की बात कही।
सांस, शरीर, मन और चेतना के बीच संबंध
केंद्र की सेंटेनरी विजिटिंग फेलो डॉ. गीता योगेश भट्ट ने प्राण से प्रज्ञा की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए कहा कि सांस, शरीर, मन और चेतना के बीच गहन संबंध को समझे बिना समग्र स्वास्थ्य की कल्पना संभव नहीं है। मालवीय भवन के योग प्रशिक्षक डॉ. योगेश कुमार भट्ट ने श्वास को जीवन ऊर्जा का मूल स्रोत बताते हुए प्राणायाम की वैज्ञानिक पृष्ठभूमि के साथ ही उसके स्वास्थ्यवर्धक प्रभावों को गिनाया।
जनप्रतितिधि जवाब दो अभियान चलाएंगे शिक्षक
बेसिक शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्यता, बैक डेट से फैसले को लागू करने और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी के खिलाफ जनप्रतिनिधि चुप्पी तोड़ो अभियान चलाएंगे। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के मुहिम में देशभर के करीब 25 लाख शिक्षक एकजुट होंगे। वह अपने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से विभिन्न बिंदुओं पर जवाब मांगेंगे।
अभियान के तहत जुलाई में शिक्षक विद्यालयों में तालाबंदी ओर गैर शेक्षणिक कार्यों का विरोध करेंगे। अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ से संबद्ध उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलामंत्री डॉ. शैलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि न्यायपालिका के रुख पर केंद्र-प्रदेश सरकार और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी से शिक्षकों में आक्रोश है। देश के करीब 25 लाख शिक्षकों के जीवन-मरण से जुड़े मुद्दे पर जनप्रतिनिधियों की चुप्पी गंभीर चिंता का विषय है।
कार्यशाला में 25 मरीजों की हुई सर्जरी
राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल चौकाघाट में दो दिन तक चली कार्यशाला में बवासीर, फिशर, फिस्टूला इन एनो सहित अन्य बीमारियों से परेशान 25 मरीजों की निशुल्क सर्जरी की गई। इसके साथ ही सर्जरी की विधियों के बारे में भी विशेषज्ञों ने विस्तार से चर्चा की। आयुर्वेदिक अस्पताल के शल्य विभाग और नीमा सर्जिकल सोसायटी यूपी चैप्टर की ओर से आयोजित सुश्रुतकॉन के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि डॉ.केके द्विवेदी ने कहा कि आयुर्वेदिक पद्धति से किए जाने वाले उपचार में नई तकनीक के प्रयोग से युवा डॉक्टरों को सहूलियत होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रोफेसर डीके मौर्य ने इस तरह के कार्यशालाओं को उपयोगी बताया। इस दौरान डॉ. आलोक गुप्ता, प्रोफेसर पी हेमंत कुमार, डॉ. अशोक कुमार विश्वकर्मा, प्रोफेसर सुमन यादव, डॉ. मृगांक शेखर, प्रोफेसर लक्ष्मण सिंह, डॉ. अरुण दत्त राजोरिया और डॉ. श्रुति सिंह रहीं।
कलेक्ट्रेट परिसर में जल्द खुलेगी बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा
न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं वादकारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में जल्द ही बैंक ऑफ़ महाराष्ट्र की नई शाखा खोली जाएगी। सेंट्रल बार एसोसिएशन प्रयास पर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने अपनी सहमति प्रदान कर दी है। सीबीए अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम और महामंत्री आशीष सिंह ने शनिवार को बैंक ऑफ महाराष्ट्र के अंचल प्रबंधक कमल कुमार ठाकुर से कचहरी स्थित सभागार में भेंट कर स्वागत किया।
अंचल प्रबंधक कमल कुमार ठाकुर ने बैंक की ओर से सेंट्रल बार के गांधी कक्ष में लगाए जाने हेतु चार वातानुकूलित एसी उपलब्ध कराने की घोषणा की। रंजन मिश्र, शारदा यादव, गौतम कुमार झा, अंकुर प्रकाश, सूर्य प्रकाश पांडेय, राजेश सिंह, रोहित सिंह, पंकज प्रजापति, संजय सिंह दाढ़ी, सुरेंद्र नाथ पांडेय और उमाकांत यादव रहे।
10 को दी गई नौकरी, 14 कर्मचारी दे रहे धरना
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों का धरना अभी जारी है। हालांकि, प्रदर्शन कर रहे 10 कर्मियों की नौकरी पर वापसी कराई गई है। प्रदर्शन कर रहे कर्मी नए टेंडर की शर्तों के आधार पर सेवा से हटाए जाने का विरोध करने के साथ ही नौकरी पर बहाल किए जाने की मांग कर रहे हैं। एयरपोर्ट की सफाई व्यवस्था का कार्य देख रही अरुण एविएशन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को दी गई है।
मैनेजर कौशल कुमार ने बताया कि नए टेंडर की शर्तों के अनुसार 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के कर्मियों को ही नियुक्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के बाहर प्रदर्शन कर रहे 24 सफाईकर्मियों में से 10 की वापसी हो गई है। इसके अलावा शेष कर्मचारियों को कंपनी के अन्य स्थानों पर संचालित टेंडरों में कार्य उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी दिया गया है। उन्होंने कहा कि कंपनी टेंडर की शर्तों के अनुरूप ही कार्रवाई कर रही है।
फर्जी वोटर चिह्नित कर मतदाता सूची से उनका नाम कटवाएं सपा कार्यकर्ता
सपा की मासिक बैठक शनिवार को भेलूपुर स्थित महानगर कार्यालय में हुई। इसमें सपा के महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हर बूथ के वोटर लिस्ट का गहनता से परीक्षण करें। जिनका वोटर लिस्ट में नाम नहीं है। फाॅर्म 6 भर कर चुनाव कार्यालय में जमा कराएं और उनके नाम जुड़वाएं।
फर्जी वोटरों को चिह्नित कर मतदाता सूची से उनका नाम निरस्त कराएं। कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार में मंहगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक चरमोत्कर्ष पर पहुंच चुकी है। पुलिस के बल पर पीडीए समाज का उत्पीड़न किया जा रहा है। डाॅ. बहादुर सिंह रहे। संचालन महानगर महासचिव योगेंद्र यादव और धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने किया। उधर, अर्दली बाजार स्थित जिला कार्यालय में मासिक बैठक हुई।
जिला महासचिव आनंद मौर्या ने कहा कि विधानसभा चुनाव कभी भी हो सकता है। पूरी तैयारी कर लें। जिला प्रवक्ता संतोष यादव ने विचार रखे। पार्टी कार्यकर्ता संजय यादव गंगापुर, रामू चौहान सिकरौल के असामयिक निधन पर उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। डॉ. उमाशंकर सिंह यादव, उमेश प्रधान, संजय मिश्रा, पूजा यादव रहे।
11 जून को लगेगा डिजाइन समर कैंप
राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) की ओर से 11 जून को 'डिजाइन समर कैंप' लगाया जाएगा। भारत सरकार के कपड़ा मंत्रालय के तहत आने वाले इस प्रतिष्ठित संस्थान ने किशोरों के हुनर को निखारने के लिए यह अनूठी पहल की है। प्रतिनिधि उमेश चंद्रा ने बताया क 11 जून सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान कैंपस में कैंप लगेगा। कैंप में 13 से 18 साल तक के छात्र-छात्रा हिस्सा ले सकते हैं। इसका रजिस्ट्रेशन निशुल्क है। आधिकारिक गूगल फॉर्म लिंक पर क्लिक करके अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
आजीविका मिशन के प्रबंधक ने महिलाओं को दी काम की जानकरी
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत विकासखंड हरहुआ के लक्ष्य महिला प्रेरणा संकुल समिति और विकासखंड सेवापुरी के एकता महिला संकुल समिति में वार्षिक आम सभा का आयोजन हुआ। इसमें जिला मिशन प्रबंधक श्रवण सिंह ने महिलाओं को संकुल के कार्यों के बारे में जानकारी दी।
वार्षिक आम सभा में संकुल समितियों ने अपने समूह के सदस्यों के बीच बीते वर्ष के आय-व्यय, वर्तमान वित्तीय वर्ष की कार्य योजना प्रस्तुत की। नए पदाधिकारियों के बदलाव पर चर्चा हुई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूह सदस्यों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एलआईसी के कृष्ण मोहन मिश्र द्वारा बीमा सखी कार्यक्रम के बारे में जानकारी जानकारी दी गई। इस दौरान हरहुआ के ब्लाक मिशन प्रबंधक ज्ञानेंद्र शुक्ला, संकुल प्रबंधक विजेता, साजिदा, अंजू, सीता, प्रीती, सुमन मौजूद रहीं।
आधी रात बाद बारिश से तेज आवाज के साथ जला तार, कॉलोनियों में छाया अंधेरा
दिन में तीखी धूप और गर्मी के बाद शुक्रवार आधी रात बाद आई आंधी के बाद बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई। एहतियातन बिजली निगम ने कुछ देर के लिए बिजली काट दी, लेकिन पंचवटी के पास सुभाषनगर में मोहल्ले में तेज आवाज के साथ तार जल गए। संयोग ठीक था कि मौजूद नहीं था, नहीं तो बड़ी घटना हो जाती। इसके बाद शनिवार सुबह तक ककरमत्ता, सेंट जांस कालोनी मड़ौली, कैंट, परेडकोठी, कंदवा, महेशपुर, लहरतारा सहित शहर के कई इलाकों में ट्रिपिंग, बिजली की आवाजाही की समस्या बनी रही।
शुक्रवार आधी रात बाद 1 बजे आई आंधी और बारिश से राजातालाब से 33 केवी मेन सप्लाई बंद कर दी गई। इसके बाद भठ्टी, चांदपुर, महेशपुर, ककरमत्ता, लोहता, बड़ी बाजार में शनिवार भोर तक बिजली ट्रिपिंग का खेल जारी रहा। इस बीच शनिवार को शाम 7.30 बजे बजरंगनगर, कुशवाहानगर में ट्रांसफॉर्मर का फेस उड़ गया। इस वजह से कॉलोनी में अंधेरा छा गया। लोगों ने इसकी जानकारी उपकेंद्र को दी, इसके बाद कर्मचारियों ने शटडाउन लिया। करीब एक घंटे बाद ट्रांसफॉर्मर सही हुआ तो आपूर्ति बहाल हो सकी।
ट्रांसपोर्ट नगर योजना : टैंकों में होगी जिंक एल्यूमिनियम की कोटिंग
ट्रांसपोर्ट नगर योजना को बेहतर बनाने में वीडीए जुटा है। आईआईटी बीएचयू की मदद से यहां निर्माण कार्य कराया जा रहा है, ताकि ट्रांसपोर्टरों को बेहतर माहौल मिल सके। उनके सुझावों के आधार पर यहां कई कार्य कराए गए हैं। यहां के टैंकों में जिंक-एल्यूमिनियम कोटिंग का उपयोग कराया जा रहा है। संरचनाओं का निर्माण अधिक सुगमता और टिकाऊपन के साथ किया जाएगा। सीवेज लाइन, स्टॉर्म वाटर लाइन, ग्राउंड वॉटर रिचार्जिंग सिस्टम, फ्रेश वॉटर एवं ट्रीटेड वाटर की प्रबंधन प्रणाली, फायर फाइटिंग सिस्टम सहित अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
एसटीपी से संबद्ध तीन ओवरहेड टैंकों का निर्माण भी किया जा रहा है। पिछले दिनों ई-ऑक्शन के जरिये प्लॉटों की बिक्री हुई थी। इसमें व्यापारियों और निवेशकों ने विभिन्न प्रकार के व्यावसायिक उपयोग के लिए प्लॉट प्राप्त किए हैं। वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने कहा कि यहां के कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
शिव-शक्ति के दिव्य स्वरूप की भावपूर्ण अभिव्यक्ति
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को नेहरू पार्क, कैंटोनमेंट में साप्ताहिक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘करुणा संध्या’ का आयोजन किया गया। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के सहयोग से सजे इस मंच पर हिमाचल प्रदेश के मंडी से आए प्रसिद्ध कथक कलाकार डॉ. संतोष सांवरिया ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ शिव वंदना ‘कर्पूरगौरं करुणावतारम्’ से हुआ, जिसमें शिव-शक्ति के दिव्य स्वरूप की भावपूर्ण अभिव्यक्ति दिखाई गई। इसके बाद डॉ. सांवरिया ने ‘शिव पंचाक्षर स्तोत्र’ पर आधारित ऊर्जावान तांडव नृत्य प्रस्तुत कर शिव के रौद्र और विराट स्वरूप का चित्रण किया।
संकल्प अन्न क्षेत्र में बांटा प्रसाद व शीतल जल
संकल्प संस्था द्वारा संचालित संकल्प अन्न क्षेत्र की ओर से शनिवार को चौक में खिचड़ी प्रसाद एवं शीतल जल का वितरण किया गया। भगवान संकटमोचन को भोग लगाने के बाद आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में राहगीरों, श्रमिकों और जरूरतमंदों ने प्रसाद ग्रहण किया। मृदुला रानी के सहयोग से आयोजित इस साप्ताहिक शिविर में संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन ने कहा कि प्रत्येक शनिवार को चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य समाज में संवेदनशीलता और मानवीय सहयोग को बढ़ावा देना है।
सुबह ए बनारस में प्रियांशु मौर्य का गायन
सुबह ए बनारस में शुक्रवार को प्रशिक्षु कलाकार प्रियांशु मौर्य ने शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति दी। उनके गायन ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के संस्थापक सचिव रत्नेश वर्मा ने उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किया। मौर्य ने अपने गायन का आरंभ राग भैरव में विलंबित झपताल में निबद्ध रचना से किया। इसके बोल 'शशधर तिलक भाल गंगा जटा पर' थे। उन्होंने इसके बाद द्रुत एकताल में निबद्ध रचना “प्रातः समय अरुण उदय” प्रस्तुत की। यह प्रस्तुति भी श्रोताओं को खूब पसंद आई। कार्यक्रम का समापन भक्तिमय भजन “गंगा मेरे अंग” से हुआ। तबले पर जयवर्धन पांडेय ने संगत की। संवादिनी पर उज्जवल पाठक ने उनका साथ दिया।
दिनेश गोयल दोबारा बने आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष
लखनऊ स्थित आईआईए भवन में शनिवार को हुए इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के वार्षिक चुनाव में 21 सदस्यीय केंद्रीय कार्यसमिति (सीईसी) ने सर्वसम्मति से बरेली के वरिष्ठ उद्यमी दिनेश गोयल को दोबारा राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित किया। वहीं, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वाराणसी के आरके चौधरी ने औद्योगिक भूखंडों को लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड करने की मांग पर सरकार से प्रभावी समाधान की अपील की। सर्वसम्मति से चुनाव संपन्न होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए वाराणसी चैप्टर के चेयरमैन पंकज अग्रवाल, सचिव बी.एन. दुबे, उपाध्यक्ष गौरव गुप्ता, प्रशांत अग्रवाल और नीरज पारेख ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई दी।
विलय से खो जाती है राजनीतिक दलों की पहचान : मनोज झा
देश की राजनीति में बड़े बदलाव सामने आ रहे हैं। पुराने नेता रिटायर होने के करीब हैं। युवा राजनीति में आगे आ रहे हैं। राजनीति दलों का गठबंधन सलाद बाउल की तरह होता है। इसमें सभी दल अपनी अलग पहचान के साथ मिलकर काम करते हैं। विलय से पहचान समाप्त हो जाती है। यह कहना है आरजेडी के राज्यसभा सांसद प्रो. मनोज कुमार झा का। वह शनिवार को भेलूपुर स्थित एक होटल में बनारस उत्सव कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
राज्यसभा सांसद काशी में वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखिका सुनीता ऐरन की नई पुस्तक का विमोचन भी किया। साथ ही गठबंधन और विलय के अंतर को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि भारत में कई महत्वपूर्ण सामाजिक और कल्याणकारी कानून गठबंधन सरकारों के दौर में बने हैं। इनमें आरटीई, आरटीआई और मनरेगा जैसे कानून प्रमुख हैं। राज्यसभा सांसद ने भारतीय राजनीति में क्षेत्रीय दलों की भूमिका, गठबंधन राजनीति की प्रासंगिकता और लोकतांत्रिक चुनौतियों पर भी प्रक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और पारदर्शिता जरूरी है।
मागत विदा राऊ अनुरागे - सुतन समेत थाड़ वे आगे
अखिल भारतीय सनातन न्यास, जैतपुरा द्वारा आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा के छठवें दिन शनिवार को पातालपुरी पीठाधीश्वर जगद्गुरु बालक देवाचार्य महाराज ने राम विवाह और बारात आगमन प्रसंग की रसमय प्रस्तुति की। कथा की शुरुआत मुख्य अतिथि, शहर दक्षिणी के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी द्वारा व्यासपीठ की भव्य आरती उतारकर की गई। कथा व्यास पातालपुरी पीठाधीश्वर ने ‘‘मागत विदा राऊ अनुरागे, सुतन समेत थाड़ वे आगे’’ चौपाई की व्याख्या करते हुए कहा कि जनकपुर में जब प्रभु श्रीराम ने धनुष भंजन किया, तब राजा जनक ने महर्षि विश्वामित्र की अनुमति से अयोध्या में दूत भेजे।
भगवान अपने भक्त की रक्षा हमेशा करते हैं : रहिश महाराज
सामनेघाट, मदरवां स्थित आनंदम ट्रस्ट में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के शनिवार के सत्र में श्रद्धालुओं ने कथा का अमृतपान किया। कथा व्यास, भगवताचार्य पंडित वेदमूर्ति, वेदभूषण पंडित रहिश मिश्रा महाराज ने भक्त प्रह्लाद के चरित्र का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया।
महाराज ने कहा कि हिरण्यकश्यप का पुत्र प्रह्लाद भगवान विष्णु का परम भक्त था, लेकिन उसका पिता इस भक्ति से चिढ़ता था। उसने प्रह्लाद को भगवान की भक्ति से रोकने के लिए पर्वत शिखर से नीचे फिंकवाया, हाथी से कुचलवाना चाहा और बड़े-बड़े पहलवानों से मरवाना चाहा, परंतु हर बार भगवान विष्णु ने अपने भक्त की रक्षा की।
घुटनों ने दिया जवाब तो नाती-पोतों ने व्हीलचेयर पर कराई दादी को पंचक्रोशी परिक्रमा
अधिक मास में काशी में देश-दुनिया से आए पुरुष, महिलाएं और बच्चे पूरी श्रद्धा के साथ पंचक्रोशी परिक्रमा यात्रा में हिस्सा ले रहे हैं। परिक्रमा के समापन में अब लगभग 10 दिन का समय शेष रह गया है, जिसके चलते पंचक्रोशी मार्ग पर पदयात्रियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। इसी बीच कड़कड़ाती धूप में एक परिवार की ऐसी अनूठी मिसाल देखने को मिली, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया।
परिक्रमा मार्ग पर डोमैला गांव का एक परिवार अपनी 70 वर्षीय बुजुर्ग दादी की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए उन्हें व्हीलचेयर पर बैठाकर यात्रा पर निकल पड़ा। डोमैला निवासी वंश नारायण सिंह अपनी पत्नी गीता सिंह, बहू अर्चना सिंह तथा अपने दो पोतों आयुष प्रताप सिंह और प्रत्यूष प्रताप सिंह के साथ इस धार्मिक अनुष्ठान को पूरा करने निकले थे। 70 वर्षीय गीता सिंह पहले भी दो बार इस कठिन पंचक्रोशी परिक्रमा को सफलतापूर्वक पूरा कर चुकी थीं।