फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today driver dead getting stuck in tractor engine chased and beaten at assi ghat

News: इंजन में फंसकर चालक के हो गए टुकड़े, घाट पर युवकों को दाैड़ा-दाैड़ा कर पीटा; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें

Sun, 04 May 2025 12:28 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sun, 04 May 2025 12:28 PM IST
सार

वाराणसी में बीत रात एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चालक की माैत हो गई। वहीं, अस्सी घाट पर घूमने के लिए बिहार से आए युवक और उसके मौसेरे भाई की पिटाई की गई। मामले को लेकर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today driver dead getting stuck in tractor engine chased and beaten at assi ghat
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News Today: रिंगरोड पर बन रहे मॉल के बेसमेंट मिट्टी खोदाई के दौरान हादसा हो गया। बीती रात ट्रैक्टर की ट्राॅली और इंजन की चपेट में आने से चालक की दर्दनाक मौत हो गई। रिंग रोड पर निर्माणाधीन मॉल से मिट्टी लेकर जा रहे ट्रैक्टर के स्टेयरिंग में फंसने के कारण यह हादसा हुआ है। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ट्रैक्टर चालक चोलापुर थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।

विज्ञापन


बिना फिनिशिंग खेल शुरू, एस्ट्रोटर्फ पर हॉकी खिलाड़ी घायल
बिना फिनिशिंग कराए लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में हॉकी टर्फ पर खिलाड़ियों ने खेलना शुरू कर दिया है। शुक्रवार शाम एक खिलाड़ी घायल हो गया। खिलाड़ियों ने बताया कि एक बॉल खिलाड़ी के लेग गार्ड के ऊपर पैर में टकरा गई। उसे चोट लगी है। बताया कि टर्फ लगा दिया गया है, लेकिन उसे फाइनल टच नहीं दिया गया है। आरएसओ विमला सिंह ने बताया कि एक खिलाड़ी के पैर में मोच आई है। 
विज्ञापन


श्रद्धालुओं को चार तीर्थों के दर्शन कराएगा परिवहन निगम
परिवहन निगम श्रद्धालुओं को स्पेशल बसों से चार तीर्थों का दर्शन कराएगा। इसे अगले महीने से शुरू करने की योजना है। इससे यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। परिवहन निगम से मिली जानकारी के अनुसार, अयोध्या, वाराणसी, विंध्याचल और प्रयागराज के लिए दर्शन स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। ये बसें वातानुकूलित होंगी। अयोध्या, वाराणसी, विंध्याचल और प्रयागराज में दर्शन-पूजन व स्नान करने जाने वाले श्रद्धालुओं को इस बस की सुविधा मिलेगी। यह आम बसों की तरह स्टेशन पर श्रद्धालुओं को न छोड़कर तीर्थस्थल के निकट तक लेकर जाएगी। 

विज्ञापन
विज्ञापन

शासन ने दी हरी झंडी, 33 महीने में बन जाएगा मंडलीय कार्यालय
मंडलायुक्त एस राजलिंगम की अध्यक्षता में कमिश्नरी परिसर में बनने वाले एकीकृत मंडलीय कार्यालय परिसर के निर्माण संबंधी प्रगति की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने कहा कि शासन ने हरी झंडी दे दी है। वीडीए को निर्माण कार्य करना है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराएं। इसे अगले 33 महीने में पूरा करना है।

वीडीए वीसी पुलकित गर्ग ने बताया कि टेंडर को अतिशीघ्र जारी किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। टेंडर की विभिन्न शर्तों को मंडलायुक्त के समक्ष रखा गया, जिसके संदर्भ में सभी ने अपनी राय रखी। एकीकृत मंडलीय कार्यालय 33 महीने में दो बेसमेंट के साथ जी+10 रूप में बनेगा जिसमें कुल 59 विभागों के विभिन्न कार्यालय शामिल होंगे। 

परिवहन विभाग की नई व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा शुरू
नागरिकों को परिवहन विभाग से संबंधित जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के लिए परिवहन आयुक्त कार्यालय ने एक नई व्हाट्स एप चैटबॉट सेवा शुरू की है। 8005441222 नंबर पर इसका उपयोग कर सकते हैं। यह सेवा 24x7 उपलब्ध है। परिवहन आयुक्त बीएन सिंह के नेतृत्व में यह पहल सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और नागरिक केंद्रित बनाने के उद्देश्य से की गई है। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए बस ऊपर दिए गए व्हाट्स एप नंबर के पर Hi भेजें। 

आज चार घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
शहर में सड़क निर्माण में बाधक बन रहे पोलों की शिफ्ट्टिंग, पेड़ कटिंग संबंधित कार्य को लेकर रविवार को चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। उदयपुर उपकेंद्र पर दोपहर 11 बजे से सायं 3 बजे तक कटौती होगी। इस कारण धनश्याम डिग्री कॉलेज के आसपास बिजली नहीं रहेगी। इसके साथ ही दौलतपुर, पांडेयपुर, लेढ़ूपुर उपकेंद्र पर दोपहर 11 बजे से सायं 3 बजे तक बिजली बाधित रहेगी। इस कारण दौलतपुर आवास, विकास कॉलोनी, आरटीओ तिराहा, लालपुर, पांडेयपुर राय साहब का बगीचा के आसपास बिजली नहीं रहेगी। 

अस्सी घाट पर घूमने आए युवक की पिटाई
अस्सी घाट पर घूमने के लिए बिहार से आए युवक और उसके मौसेरे भाई की पिटाई की गई। मामले को लेकर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। बिहार के कैमूर के मदुरना, हाटा चैनपुर निवासी नीतीश कुमार ने पुलिस को बताया कि गत बीती देर रात वह अपने मौसेरे भाई पवन के साथ अस्सी घाट पर गया था। घाट किनारे सीढ़ी पर बैठने को लेकर एक युवक से उसका विवाद हो गया। 

इसके बाद उस युवक ने फोन करके अपने साथियों को बुला लिया। फिर उस युवक और उसके दोस्तों ने मिलकर नीतीश और पवन की जमकर पिटाई की। मारपीट में नीतीश के सिर में गंभीर चोट लगी है। पीड़ित की शिकायत पर भेलूपुर थाने की पुलिस आरोपी युवक नीतीश और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज करके सीसी फुटेज की मदद से आरोपियों को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है। 

बीएचयू कैंपस में मारपीट के मामले में 5 का चालान
बीएचयू कैंपस स्थित स्वतंत्रता भवन के सामने दो भाइयों और उनके करीबियों के बीच हुई मारपीट को लेकर लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस ने रौनक मिश्रा, गौरव तिवारी, हिमांशु राय, अभय सिंह और उसके रिश्तेदार सत्यवान सिंह का पुलिस ने शनिवार को चालान किया।

लंका थाना क्षेत्र के रमना में रहने वाले रामआसरे सिंह के दो बेटों अजय सिंह और अभय सिंह के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। इस संबंध में लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मारपीट में शामिल पांच आरोपियों का चालान किया गया है। 

खड़ी गाड़ी को हटाने के लिए युवक पर हमला 
खोजवा इलाके की शंकरधाम कॉलोनी में रहने वाले अनिल साहू का रास्ते में खड़ी गाड़ी को हटाने को लेकर शुक्रवार की देर रात प्रीतम मोदनवाल से विवाद हो गया। विवाद के दौरान प्रीतम ने अनिल के ऊपर ईंट से वार कर दिया। अनिल की आंख में गंभीर चोट लगी है और वह बेहोश हो गए।

अनिल को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। अनिल की पत्नी प्रीती साहू ने बताया कि उनके पति की आंख के ऊपरी हिस्से में 40 टांके लगे हैं। प्रीती साहू की शिकायत पर भेलूपुर थाने की पुलिस प्रीतम के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है। 

मां-बेटी के साथ मारपीट और अश्लील हरकत 
गिलट बाजार, भोजूबीर क्षेत्र की एक विवाहिता ने मारपीट, अश्लील हरकत और धमकी देने के आरोप में कैंट थाने में तीन महिलाओं और एक पुरुष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला के अनुसार, सिकरौल की सारिका ने उसकी बेटी के साथ मारपीट की थी।

इसके बारे में बात करने के लिए वह उसके घर गई थी। बातचीत के दौरान सारिका का भाई सोनू, बहन खुशी और उसकी मां ने मिलकर मां-बेटी के साथ गालीगलौज और मारपीट की। सोनू ने उसके साथ अश्लील हरकत भी की और जान से मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

ट्रांसपोर्टर के ऑफिस से नकदी और अंगूठी चोरी
लोहता के भट्ठी गांव में ट्रांसपोर्टर सौरभ सिंह के घर में घुसे चोर 4.15 लाख रुपये और सोने की एक अंगूठी चुरा ले गए। शनिवार की सुबह चोरी के संबंध में सौरभ सिंह ने लोहता थाने की पुलिस को सूचना दी। उधर, सूचना पाकर लोहता थानाध्यक्ष निकिता सिंह मौके पर पहुंची। उनके साथ आया डॉग स्क्वॉड घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर प्राइमरी स्कूल तक जाकर चला आया। 

रास्ते के विवाद में दंपती को पीटा
फूलपुर थाना क्षेत्र के पुरारघुनाथपुर गांव में शनिवार सुबह रास्ते के विवाद में दबंगों ने दंपती को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस को दी गई तहरीर में निर्मला देवी ने बताया कि उसका पति तूफानी व पड़ोसी संजय के बीच रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। संजय और उसके साथियों ने मुझे और मेरे पति की पिटाई की। फूलपुर थानाध्यक्ष ने बताया इस मामले में दो नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

ठेकेदार के साथ मारपीट का आरोप
शिवपुर के वरुणापार जोन के विश्वनाथपुरी कॉलोनी में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के कार्य करने से पहले ही ठेकेदार के साथ मारपीट का आरोप है। स्थानीय निवासियों ने पानी की समस्या को लेकर आईजीआरएस के मध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं  30 अप्रैल को ठेकेदार के स्टाफ ने कार्य स्थल पर पहुंचकर काम शुरू करने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय निवासी ने पिटाई कर दी। शिवपुर थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। 

लापता सगी बहनों को पुलिस ने किया बरामद
मिर्जामुराद क्षेत्र स्थित एक गांव की लापता दोनों सगी बहनों को मिर्जामुराद पुलिस ने बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। मिर्जामुराद थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि लापता दोनों सगी बहनों को तलाश के लिए टीम गठित की गई थी। लोकेशन दिल्ली में मिला। दोनों सगी बहनों को परिजनों को सौंप दिया गया। 

समाधान दिवस में 256 शिकायतों में 9 का निस्तारण, एक्सईएन का वेतन रोका
संपूर्ण समाधान दिवस पर डीएम सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को राजातालाब तहसील में शिकायतें सुनीं। 256 शिकायतों में नौ का मौके पर निस्तारण किया गया। अनुपस्थित रहने पर एक्सईएन जल निगम ज्ञानेंद्र चौबे का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया। बाकी शिकायतें संबंधित विभागों को भेजकर जांच कर निस्तारण करने के निर्देश दिए।

डीएम ने अफसरों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण के लिए टीम गठित करें और स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का निस्तारण करें। अतिक्रमण के मामले में संयुक्त रूप से राजस्व और पुलिस फोर्स के साथ मौके पर जाकर निस्तारित कराना सुनिश्चित करें। समाधान दिवस के बाद डीएम ने गंजारी में निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण किया। कार्यदाई संस्था को निर्देश दिए कि तय समय में काम पूरा करें। इस मौके पर डीसीपी गोमती और एसडीएम शिवानी सिंह मौजूद रहीं। 

अफवाह फैलाने पर नोटिस 
सोशल मीडिया पर पहलगाम हमले को लेकर अफवाह फैलाने वाले शिक्षक के खिलाफ बेसिक शिक्षा अधिकारी ने नोटिस जारी किया है। शिक्षक ने पहलगाम आतंकी हमले पर वाट्सएप ग्रुप में बीते दो दिनों से आपत्तिजनक पोस्ट डाली गई थी। बीएसए डा. अरविंद कुमार पाठक ने बताया कि तीन ग्रुप एडमिन और एक शिक्षक से नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। 

शराब के ठेकों को खंगाला 
डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने शनिवार की रात वरुणा पुल, जिला जेल रोड और पांडेयपुर स्थित देसी-अंग्रेजी शराब के ठेकों पर छापा मारा। ठेका संचालकों को उन्होंने हिदायत दी कि कोई शराब पीता हुआ न नजर आए। इसके बाद वरुणा जोन के थाना क्षेत्रो में पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। 

30 दुकानों पर छापा 34 नमूने लिए
मंडल के चार जिलों में चले अभियान में 30 स्थानों पर छापा मार कर खाद्य पदार्थों के 34 नमूने लिए गए। छह क्विंटल से अधिक मिठाई व खोवा खराब पाए जाने पर नष्ट करवाया गया। इसकी कीमत करीब 1.11 लाख रुपये थी। 

खाद्य विभाग की ओर से 23 अप्रैल से खासकर मिठाई, खोवा, पनीर, दूध आदि की जांच की गई। संदेह होने पर नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। सहायक आयुक्त खाद्य राजेंद्र सिंह ने बताया कि तीन जिलों में अभियान खत्म हो चुका है। वाराणसी में दो मई तक चले अभियान में नौ प्रतिष्ठानों से 17 पनीर, खोवा व मिठाई के नमूने लिए गए। जबकि 303 किलो किलो मिठाई नष्ट कराई गई। 

इसके साथ ही चंदौली में आठ दुकानों से सात नमूने लिए और 20 किलो खराब गुणवत्ता की मिठाई नष्ट करवाई गई। गाजीपुर में 10 दुकानों से सात नमूने लिए गए थे। यहां पर 250 किलो खराब मिठाई फेंकी की गई। शनिवार से जौनपुर में शुरू हुए अभियान में तीन नमूने लिए गए। यहां अभियान छह मई तक चलेगा। कुल 1.11 लाख रुपये के खाद्य पदार्थ नष्ट करवाए गए।

उपस्थिति दर्ज न करने पर सीएचओ पर होगी कार्रवाई
जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों यानी सीएचओ को अब हर दिन सुबह 9 से 9.30 बजे के बीच पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। ऐसा न करने पर उनका संबंधित दिन का वेतन भी काटा जाएगा। पिछले दिनों काशी दौरे के दौरान एनएचएम महानिदेशक से सीएचओ को समय से ड्यूटी करने को कहा था। अब सीएमओ ने सभी चिकित्साधीक्षकों से इस आदेश का पालन करने को कहा है। चिकित्साधीक्षक डॉ. रामबली सिंह ने बताया कि सीएचओ को एएमएस पोर्टल पर सुबह 9-9:30 तक पहुंचना होगा। 

जल संरक्षण के लिए शुरू करें काम
डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को जिला भूगर्भ जल प्रबंधन परिषद की बैठक हुई। इसमें नोडल अधिकारी भूगर्भ जल विभाग डॉ. नम्रता जायसवाल समेत 17 निजी प्राइवेट संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। 25 आवेदनों में से 14 आवेदनों को स्वीकृत वहीं पांच आवेदनों को खारिज किया  डीएम ने सभी को भूजल निकासी के सापेक्ष वर्षा जल संरक्षण करने के निर्देश दिए। 

सुविधाओं का मूल्यांकन करने पहुंची टीम
चिरईगांव ब्लाॅक के मातृ-शिशु कल्याण उपकेंद्र जयरामपुर में सुविधाओं का मूल्यांकन करने शनिवार को एनक्वास की टीम पहुंची। विशेषज्ञ मानसिंह जाट एवं ब्रह्मदेव गौतम ने साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता देखी। इस दौरान पीएचसी प्रभारी डाॅ. मनोज कुमार,डाॅ. अनुरागी मौर्या, डाॅ. संतोष, डाॅ. मानसी रहीं।

पीएनयू क्लब का चुनाव दोबारा कराने की मांग
पीएनयू क्लब प्रबंध समिति के निर्विरोध चुनाव पर शनिवार को पीएनयू क्लब के सदस्यों ने सिगरा के एक होटल में प्रेसवार्ता कर अध्यक्ष समेत अन्य ने मनमाने ढंग से चुनाव कराने का आरोप लगाया। पूर्व अध्यक्ष अशोक वर्मा ने बताया कि निबंधक कार्यालय के गत माह के निर्विरोध निर्वाचन को अमान्य करार दिया। अनुज डिडवानिया, रमेश गिनोडिया और राजेश, मयंक टकसाली मौजूद रहे। 

मृदा स्वास्थ्य सुधार अभियान कल से शुरू होगा 
मृदा स्वास्थ्य सुधार अभियान कृषि विभाग 5 मई से पांचवें चरण की शुरुआत करेगा। मिट्टी के एकत्र नमूनों को वैज्ञानिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। कार्ड में किसान के खेत की मिट्टी में मौजूद पोषक तत्व की जांच होगी। कृषि अधिकारी संगम सिंह ने बताया कि 11,200 मिट्टी के नमूने लेने का लक्ष्य है। 

छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा लगवाने की मांग
शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. ओम प्रकाश मिश्रा ने शनिवार को प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि 3 मार्च 2025 को शिवसेना मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन कमिश्नर को सौंपा था। मांग की थी कि जेल चौराहे पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा लगाई जाए और वह चौराहा उन्हें समर्पित करें। 

फंसी नगर निगम की गाड़ी, घंटों लगा जाम
रामनगर के सामने घाट पुल पर शनिवार सुबह नगर निगम का मिनी ट्रक रामनगर पुल की ओर लगे हाईट गेज में फंस गया। इससे जाम लग गया। शास्त्री चौक के समीप की गलियां भी जाम हो गई। रामनगर पुलिस ने दो घंटे बाद आवागमन शुरू कराया।

Varanasi News Today driver dead getting stuck in tractor engine chased and beaten at assi ghat
Suspended - फोटो : Adobe Stock

आईओएस के वरिष्ठ सहायक निलंबित
राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित एक शिक्षक का विवरण समय पर पोर्टल पर अपलोड करने में हुई लापरवाही के चलते जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय के एक वरिष्ठ सहायक को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई लापरवाही बरतने के आरोप में की गई है।

संयुक्त शिक्षा निदेशक (वाराणसी मंडल) राम शरण सिंह ने बताया कि भोजूबीर स्थित यूपी कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विषय के शिक्षक उमेश सिंह का चयन राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए जिला स्तरीय चयन समिति की ओर से किया गया था। चयन प्रक्रिया के अगले चरण के तहत, चयनित शिक्षक का सम्पूर्ण विवरण ऑनलाइन माध्यम से मंडलीय चयन समिति के पोर्टल पर अपलोड किया जाना था। 

यह कार्य डीआईओएस कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक शिरीष शर्मा को सौंपा गया था। आरोप है कि शिरीष ने निर्धारित समय सीमा के भीतर शिक्षक उमेश का विवरण पोर्टल पर अपलोड नहीं किया। इसी आधार पर, संयुक्त शिक्षा निदेशक ने वरिष्ठ सहायक को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया है। 

संविदा कर्मियों को हटाने का उठाया मुद्दा
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम की ओर से उपकेंद्रों पर तैनात संविदा कर्मियों को हटाने का मुद्दा कर्मचारी नेताओं ने उठाया है। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने प्रबंध निदेशक को ज्ञापन देकर मानक के अनुसार संविदा कर्मियों की नियुक्ति करने और पूर्व में निष्कासित कर्मियों को प्राथमिकता के आधार पर सेवा में लेने की मांग की है। संगठन के पूर्वांचल महामंत्री वेदप्रकाश राय ने बताया कि संघर्ष समिति के बैनर तले इंद्रेश कुमार राय, जेपी सिंह, रमन कुमार श्रीवास्तव, दीपक देहाती आदि की ओर प्रबंध निदेशक को ज्ञापन दिया है। 

श्रद्धालुओं में बांटा गया खिचड़ी प्रसाद
संकट के समय संकटमोचन का नाम तो सभी लेते हैं, लेकिन संकट में लोगों का संकल्प बन जाना ही असली सेवा है। शनिवार को संकल्प संस्था द्वारा संचालित संकल्प अन्नक्षेत्र की ओर से संकटमोचन हनुमान जी को भोग अर्पण करने के बाद श्रद्धालुओं, श्रमिकों और राहगीरों के बीच खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। शनिवार को कन्हैयालाल गुलालचंद सर्राफ के सामने खिचड़ी का वितरण किया गया। 

मन नेपाली धाम में हुआ शृंगार
चौबेपुर के छितमपुर गांव में स्थित मन नेपाली धाम में शृंगार और पूजन अर्चन हुआ। हवन पूजन के साथ भजन संध्या हुई। कलाकार राधा मौर्य और प्रतिमा पंडित ने माता की महिमा गाई। आयोजन में अनंत मिश्र, आद्विक मिश्र, हरिहरदत्त मिश्रा, आशीष, दिनेश तिवारी, संजय तिवारी का सहयोग रहा। 

शनिश्चर शिवलिंग का हुआ पूजन
श्री काशी विश्वनाथ धाम में तिथि के अनुसार पूजन के क्रम में शनिवार को शनिश्चर शिवलिंग का पूजन हुआ। धाम में लिंग स्वरूप में विराजमान शनिश्चर शिवलिंग की आराधना में तेल और काला तिल अर्पित किया गया। शनिदेव को तेल और तिल चढ़ाने के पीछे कई धार्मिक मान्यताएं और कथाएं जुड़ी हैं। 

अंकिता ने काशी वंदन में किया कथक
काशी वंदन सांस्कृतिक कार्यक्रम में शनिवार को कथक नृत्य हुआ। जिला प्रशासन एवं मंडलायुक्त एस राजलिंगम की पहल पर आयोजित होने वाले लखनऊ से पधारी अंकिता सिंह ने कथक नृत्य में सर्वप्रथम गणेश वंदना, तत्पश्चात तीन ताल विलंबित लय, कृष्ण भजन और अंत में ठुमरी पर भाव नृत्य प्रस्तुत किया। संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन अनूप मिश्रा ने किया। 

बांसुरी पर छेड़ी धुन...
दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया एवं छावनी परिषद की ओर से कैंटोनमेंट के नेहरू पार्क में आयोजित साप्ताहिक आयोजन वरुणा संध्या में शनिवार को बांसुरी वादक पं. सुनील प्रसन्ना ने तान छेड़ी। उन्होंने राग यमन की बंदिश- झूला झुलावे ए सखी तोरी ओर... को धुनों में पिरोया। योगेंद्र कुमार, अतुल श्रीवास्तव सोसायटी के अध्यक्ष अजय गुप्ता, तनुज कुमार, सचिन कुमार श्रीवास्तव रहे। 

रोटरी फाउंडेशन में अंशदान देने वाले सम्मानित
रोटरी क्लब के मंडलाध्यक्ष पारितोष बजाज की आधिकारिक यात्रा शनिवार को ककरमत्ता स्थित एक होटल में हुई। उन्होंने रोटरी क्लब शिवगंगा की गतिविधियां देखीं। उन्होंने कहा कि रोटरी शिवगंगा समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। क्लब के अध्यक्ष अरविंद विनोद अग्रवाल, सचिव आनन्द बर्मन ने रिपोर्ट प्रस्तुत की। रविशंकर सिंह, आनन्द बर्मन, अनूप नागर, शिखा माैजूद रहे। 

135 एजुकेटर की भर्ती के लिए 100 काउंसिलिंग
परिषदीय के आंगनबाड़ी केंद्रों में नौनिहाल की देखभाल और शिक्षा देने के लिए शनिवार को दूसरे दिन भी 100 आवेदकों की काउंिसलिंग हुई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद पाठक ने बताया कि जिले में परिषदीय विद्यालय में 600 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। केंद्रों में आने वाले 3 से 6 साल के बच्चों को औपचारिक शिक्षा से पूर्व की तैयारी के लिए प्रशिक्षित शिक्षक मिलेंगे। 

अंतरराष्ट्रीय यज्ञ दिवस पर हुआ यज्ञानुष्ठान
पर्यावरण संरक्षण, संवर्धन, सुरक्षा एवं सुख समृद्धि तथा राष्ट्रोन्नति के लिए आर्य समाज भोजूबीर में यज्ञानुष्ठान का कार्यक्रम हुआ। इस अवसर पर वेद महाविद्यालय की पूर्व आचार्या डॉ. माधुरी रानी ने कहा कि ऋषि-मुनियों द्वारा निर्दिष्ट, प्रत्येक परिवार के लिए अनिवार्य, वेद मंत्रों द्वारा सस्वर गुंजित पूजा, संगतिकरण, दान, परोपकार, पर्यावरण संरक्षण, शुद्धि, सौभाग्य और समृद्धि प्रदान करने वाला संसार का एकमात्र पवित्र कर्म कांड यज्ञ को अवश्य ही करना चाहिए। 

भाग्यश्री ने घाट संध्या में समर्पित की गंगा स्तुति
सुबह ए बनारस और जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को आयोजित घाट संध्या में मुंबई की भाग्यश्री देशपांडेय का गायन हुआ। घाट संध्या में बाल कलाकार भाग्यश्री ने गायन का आरंभ राग यमन में मध्य एकताल में निबद्ध शिव स्तुति आदि देव महादेव...से किया। इसके उपरांत कन्नड़ भाषा में निबद्ध श्री राम भजन को प्रस्तुत कर भाव विभोर किया। 

यूनियन बैंक में सखी सम्मान समारोह का आयोजन 
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी में बैंक सखी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें 30 से अधिक बैंक सखियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र प्रमुख शैलेंद्र कुमार, उपायुक्त (स्वतः रोजगार) पवन कुमार सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक अविनाश अग्रवाल, जिला मिशन प्रबंधक श्रवण कुमार और विक्रम सिंह उपस्थिति रहे।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक अमित कुमार ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रमुख ने बैंक और बैंक सखियों के बीच टीम वर्क की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 100 स्वयं सहायता समूह को चालू वित्तीय वर्ष में लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर सीएम युवा उद्यमी योजना एवं नारी शक्ति योजना की भी जानकारी दी गई।

नारायनदास के छठे ज्वेलरी शोरूम का दुर्गाकुंड में शुभारंभ
शहर के दुर्गाकुंड तिराहा स्थित कार्नर पर अक्षय तृतीया के उपलक्ष्य में नारायनदास के छठे ज्वेलरी शोरूम का शुभारंभ किया गया। नारायनदास परिवार की संरक्षक विसुन देवी अग्रवाल, मुख्य अतिथि महंत विशंभर नाथ मिश्र और आभा मिश्र ने शोरूम का उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि ज्वेलरी व्यवसाय में नारायनदास विश्वास का प्रतीक है।

नारायनदास के अधिष्ठाता श्रीकृष्ण अग्रवाल और रश्मि अग्रवाल हमारे अन्य शोरूम ठठेरी बाजार चौक, रथयात्रा, अर्दली बाजार, चितईपुर अवलेशपुर और मीरापुर बसई में हैं। शोरूम संचालक सिल्की अग्रवाल ने बताया कि यहां आकर्षक डिजाइन के गहनों का विशाल कलेक्शन उपलब्ध है। कार्यक्रम में नारायनदास परिवार से डॉ. अजय अग्रवाल, डॉ. मधु अग्रवाल, निति अग्रवाल, शोरूम निदेशक आदित्य अग्रवाल उपस्थित रहे।

राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में काशी की छात्राएं सम्मानित
स्टडी हॉल एजुकेशनल फाउंडेशन की ओर से इंडियाज डॉटर्स कैंपेन में बालिकाओं के सशक्तीकरण और सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने के लिए प्रतियोगिता हुई। इनमें कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पिंडरा की छात्राओं ने वाद-विवाद और पोस्टर प्रतियोगिता में पहले स्थान पर रहीं। वहीं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सेवापुरी की छात्राएं नाटक में तीसरा स्थान हासिल किया।

विजेता छात्राओं को लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित एक राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। इसमें चयनित छात्राओं के साथ-साथ शिक्षिका भी उपस्थित रहीं। विजेता छात्राओं में पिंडरा की उजाला, श्रद्धा श्रीवास्तव, शिवानी, गौरी कुमारी, आस्था वर्मा, अंजलि, प्रीति रंजन रहीं। 

Varanasi News Today driver dead getting stuck in tractor engine chased and beaten at assi ghat
कैंप का उद्घाटन करते कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर। - फोटो : अमर उजाला

सरकार श्रमिकों के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित : अनिल राजभर
श्रीखंडेश्वरी बाबा इंटर काॅलेज चांदपुर में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने श्रमिक पंजीयन कैंप का फीता काटकर उद्घाटन किया। श्रम उपायुक्त ने कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर और एमएलसी धर्मेंद्र कुमार को पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। 

अनिल राजभर ने कहा कि सरकार श्रमिकों के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है। सरकार की यह मंशा है कि समाज का हर वर्ग सरकारी योजनाओं से लाभांवित हो। इसके बाद उन्होंने श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के 10-10 लाभान्वित श्रमिकों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। इस दौरान सहायक श्रमायुक्त जौनपुर देवव्रत यादव, सहायक निदेशक कारखाना अर्चना समेत अन्य मौजूद रहे। 

बीएचयू शोध प्रवेश प्रक्रिया पर अभाविप ने उठाए सवाल, जांच की मांग
बीएचयू में प्रवेश की प्रक्रिया पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने सवाल उठाए है। वह पूरे मामले की जांच के साथ ही जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं। शनिवार को कुलपति आवास के गेट पर अभाविप के प्रदेश मंत्री अभय सिंह, बीएचयू ईकाई अध्यक्ष प्रशांत राय और धरने पर बैठे इकाई मंत्री भास्करादित्य त्रिपाठी ने प्रवेश प्रक्रिया की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। 

पदाधिकारियों ने बताया कि शोध प्रवेश प्रक्रिया पहले दिन से ही विवादों के घेरे में है। परिषद के साथ ही अन्य छात्रों की ओर से भी विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की गई है। इसके बाद भी कार्रवाई न होने को लेकर ही यूजीसी को प्रक्रिया पर रोक लगानी पड़ी। पदाधिकारियों ने बताया कि हिंदी विभाग में ईडब्ल्यूएस सीट पर शोध प्रवेश में गड़बड़ी को लेकर 15 दिन से भास्करादित्य त्रिपाठी कुलपति आवास के पास धरने पर बैठे हैं। पहले भी कई बार आवाज उठाई, लेकिन अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। 

परिषद की ओर से शोध प्रवेश प्रक्रिया में गड़बड़ी की जांच के साथ ही अनियमितता के लिए कार्यवाहक कुलपति प्रो. संजय कुमार, कुलसचिव एवं यूनिवर्सिटी में बने प्रवेश के बोर्ड से जुड़े लोगो से इस्तीफे की मांग की है। चेतावनी दी कि पीड़ित विद्यार्थियों को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

बीएचयू प्रशासन ने तीन दिन में दूसरी बार बदला विभागाध्यक्ष का आदेश
बीएचयू में विभागाध्यक्ष पद पर नियुक्ति को लेकर शिक्षकों के सवाल उठाने और यूजीसी का पत्र आने के बाद एक बार फिर विश्वविद्यालय प्रशासन को अपना आदेश बदलना पड़ा। 

यूजीसी के पत्र में दिए निर्देशों के आधार पर प्राचीन इतिहास विभाग में अध्यक्ष पद की तैनाती के बाद अब आईएमएस बीएचयू के जनरल सर्जरी विभाग में भी अध्यक्ष पद पर तैनाती का आदेश बदला गया है। पहले सर्जरी विभाग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी मेडिसिन फेकल्टी के डीन को दी गई थी, अब प्रो. एसके भारतीय को जिम्मेदारी दी गई है। 

आईएमएस बीएचयू की ओर से सर्जरी विभागाध्यक्ष पद पर मेडिसिन फेकल्टी डीन को जिम्मेदारी देने का आदेश 28 अप्रैल को जारी किया गया था। यह जिम्मेदारी डीन को तब दी गई, जब खुद विभाग में कई प्रोफेसर सेवा दे रहे हैं। इस बीच यूजीसी की ओर से 1 मई को जो पत्र कुलसचिव को भेजा गया है, उसमें कहा गया है कि शिक्षकों की वरिष्ठता का फैसला नियमानुसार कैडर के आधार पर होना है। 

रंजिश में किया हमला, दो गिरफ्तार
बड़ागांव के हसनपुर गांव में शुक्रवार की रात पुरानी रंजिश में एक पक्ष के पांच लोगों ने दूसरे पक्ष के चार लोगों पर धारदार औजार से हमला कर घायल कर दिया। मामले में दो आरोपियों को बड़ागांव थाने की पुलिस ने शनिवार की दोपहर गिरफ्तार किया। वहीं, घटना की सूचना पाकर पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह गांव पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई का निर्देश दिया। 

तेलारी गांव के डीह बाबा मंदिर पर आयोजित भंडारे के कार्यक्रम के लिए हसनपुर गांव के आलोक सिंह अपने चचेरे भाइयों हर्षित सिंह और शुभम सिंह के साथ पत्तल लेने जा रहे थे। उसी दौरान गांव के साहबजान, अजहरुद्दीन, रमजान, साहिल और बब्बू मोहम्मद ने पुरानी रंजिश को लेकर उन लोगों पर धारदार औजार से हमला कर दिया। उधर, इस संबंध में बड़ागांव थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले में हसनपुर निवासी रमजान और साहबजान को गिरफ्तार किया गया है। तीन अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

राजातालाब चौकी प्रभारी ने देख लेने की धमकी दी 
राजातालाब बाजार में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अरविंद पटेल ने शनिवार को चौकी प्रभारी विपिन कुमार पांडेय पर देख लेने की धमकी देने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा और एमएलसी धर्मेंद्र राय ने पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से बात कर राजातालाब चौकी प्रभारी को निलंबित करने की मांग की। 

भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अरविंद पटेल ने बताया कि वह पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं के साथ राजातालाब से जा रहे थे। चौकी प्रभारी राजातालाब ने उनकी गाड़ी रोककर कागज मांगा, जिसे उन्होंने दिखा दिया। चौकी प्रभारी राजातालाब ने उनकी गाड़ी पर जिला उपाध्यक्ष लिखा देखकर व्यंग्य किया। चौकी इंचार्ज ने उन्हें अपशब्द कहा और देख लेने की धमकी दी। उधर, डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर मामले की जांच का निर्देश एसीपी राजातालाब को दिया गया है। 

सगी बहनों ने जेआरएफ में लहराया परचम
चौबेपुर के बनकट गांव की दो बेटियों ने अपनी प्रतिभा से पूरे इलाके का नाम रोशन किया है। प्रोफेसर डॉ. राजेंद्र प्रसाद की बेटियां मोनालिसा सोनकर और स्वाति सोनकर ने यूजीसी और सीएसआईआर की ओर से जेआरएफ परीक्षा में सफलता हासिल की है। बहनों की उपलब्धि से क्षेत्र में जश्न का माहौल है।

मोनालिसा ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से रसायन विज्ञान में एमएससी की डिग्री प्राप्त की है। उनकी छोटी बहन स्वाति सोनकर ने उदय प्रताप कॉलेज से जीव विज्ञान में एमएससी की शिक्षा ग्रहण की है। दोनों बहनों ने सफलता का श्रेय पिता डॉ. राजेंद्र प्रसाद और मां सुषमा सोनकर को दिया है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद गणेश राय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जौनपुर में शिक्षा शास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष हैं। 

ट्रेजर हंट रेस में 60 प्रतिभागियों ने प्रतिभा दिखाई 
बीएचयू में छात्र अधिष्ठाता कार्यालय की देखरेख में गठित कल्याणकारी सेवा प्रकोष्ठ की ओर से ट्रेजर हंट रेस में विभिन्न संकायों से 60 प्रतिभागियों ने प्रतिभा दिखाई। टीम वर्क, रचनात्मक भागीदारी के साथ कार्य करने की महत्ता भी बताई गई। छात्रों को 10 समूहों में बांटकर टीमवर्क, आलोचनात्मक सोच, रचनात्मक भागीदारी, शारीरिक सक्रियता और भावनात्मक कल्याण के माध्यम से प्रोत्साहित किया गया। 

प्रो. ओम बने इलाहाबाद विवि में कार्यपरिषद सदस्य
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मदन मोहन मालवीय पत्रकारिता संस्थान के पूर्व निदेशक प्रो. ओमप्रकाश सिंह को इलाहाबाद विश्वविद्यालय में कार्यपरिषद का सदस्य मनोनीत किया गया है। शिक्षा मंत्रालय की ओर से आदेश भी जारी कर दिया  गया है। प्रो. सिंह का कार्यकाल तीन साल के लिए होगा। 

छात्रों को बताई सुंदरकांड की महत्ता
बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान में शनिवार को शिक्षकों, छात्रों ने सुंदरकांड का संगीतमय पाठ किया। मानस किंकर आईएएस डाॅ. अखिलेश कुमार मिश्रा ने सुंदरकांड पाठ के साथ ही उसकी महत्ता बताई। कृषि विज्ञान संस्थान से 1986 में बैचलर इन एग्रीकल्चरल साइंसेज, 1988 में मास्टर्स इन जेनेटिक्स और 1991 में पीएचडी (जेनेटिक्स) करने वाले डॉ. अखिलेश ने कहा कि सुंदरकांड का पाठ न केवल मानसिक शांति देता है, बल्कि आत्मिक ऊर्जा और नैतिक बल भी देता है। प्रो. एसपी सिंह, कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. उदय प्रताप सिंह ने स्वागत किया। छात्र अधिष्ठाता प्रो. अनुपम नेमा, प्रो. धनंजय कुमार पांडेय मौजूद रहे। 

दो दिवसीय शैक्षिक कार्यशाला का शुभारंभ
संकट मोचन पुरानी गली के महामना मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज में  शनिवार को दो दिवसीय शैक्षिक कार्यशाला शुरू हुई। बीएचयू के सेवानिवृत्त प्रोफेसर गीता राय की अध्यक्षता में,  मुख्य अतिथि बीएचयू के शिक्षा संकाय के प्रो. सुनील  सिंह, विशिष्ट अतिथि प्रो. आलोक गांधियल ने नई शिक्षा नीति पर विचार रखे।

उन्होंने छात्रों को कैसे अधिक से अधिक बोधगम्य बनाया जाए इस पर जोर दिया। प्रो. सुनील सिंह ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र का निर्माता है, उसके कंधे पर देश का भविष्य हैं। प्रधानाचार्य संजय राय प्रियदर्शी, धन्यवाद जटाशंकर सिंह ने किया। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed