Varanasi News: ज्योति गेस्ट हाउस में देह व्यापार का भंडाफोड़, पांच युवतियां, दो संचालक व दो ग्राहक अरेस्ट; FIR
Varanasi News: वाराणसी के मलदहिया स्थित ज्योति गेस्ट हाउस में सिगरा पुलिस ने छापा मारकर कथित देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने पांच युवतियों, दो संचालकों और दो ग्राहकों समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया। जांच में अन्य होटलों तक नेटवर्क और रैपिडो के जरिए युवतियों को भेजे जाने की बात भी सामने आई।
विस्तार
Varanasi News: वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र के मलदहिया स्थित सिंह मेडिकल के सामने ज्योति गेस्ट हाउस में बीती देर शाम पुलिस ने छापा मारकर कथित देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच युवतियों, दो संचालकों और दो ग्राहकों समेत कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से आपत्तिजनक सामग्री, रजिस्टर और अन्य सामान भी बरामद किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार गेस्ट हाउस संचालकों की पहचान अंधरापुल निवासी राहुल प्रजापति और भुल्लनपुर निवासी सागर सेठ के रूप में हुई है। वहीं ग्राहकों में मंडुवाडीह निवासी विशाल कुमार और लालपुर-पांडेयपुर निवासी रवि कुमार शामिल हैं। गिरफ्तार पांच युवतियों में चार पश्चिम बंगाल के कोलकाता और एक महोबा की रहने वाली है।
पुलिस पूछताछ में संचालकों ने बताया कि उन्होंने ज्योति गेस्ट हाउस 63 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर लिया था। आरोप है कि वहीं से कथित देह व्यापार का संचालन किया जाता था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि कोलकाता से युवतियों को बुलाकर इस काम में लगाया जाता था। पुलिस के अनुसार, केवल ज्योति गेस्ट हाउस ही नहीं बल्कि मांग आने पर शहर के अन्य होटलों में भी युवतियों को भेजा जाता था।
जांच के दौरान संचालकों ने यह भी बताया कि ग्राहकों की मांग के अनुसार युवतियों को रैपिडो जैसी बाइक टैक्सी सेवा के माध्यम से अलग-अलग स्थानों तक भेजा जाता था। आरोप है कि पूरी रात के लिए सात हजार रुपये और एक से दो घंटे के लिए एक हजार रुपये तक वसूले जाते थे। पुलिस बरामद रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
सिगरा पुलिस का कहना है कि मामले में अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।