Varanasi News : एनएमएमएस परीक्षा आज, एक सीट पर दस दावेदार, 3217 बैठेंगे; छात्रों को एक हजार मिलेंगे
Varanasi News : परीक्षा सुबह 10 बजे से दो खंडों में होगी। पहले भाग में मानसिक योग्यता के 90 प्रश्न होंगे।
विस्तार
राष्ट्रीय आय और योग्यता छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) की 10 नवंबर को परीक्षा होगी। इस बार एक सीट पर दस विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। जिले में छह केंद्र बनाए गए हैं। 269 सीट पर 3217 से अधिक विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने केंद्र प्रभारियों को जिम्मेदारी दी है। चयनित अभ्यर्थियों को कक्षा 9 से लेकर 12 तक पढ़ाई के लिए हर साल 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। पहली बार परीक्षा प्रतियोगी परीक्षाओं की तर्ज पर ओएमआर शीट पर होगी। नई व्यवस्था में प्रतिभागियों को उत्तर देने में आसानी होगी। छात्रवृत्ति के लिए जिले में 269 सीटें आवंटित हैं।
मनोवैज्ञानिक जितेंद्र कुमार ने बताया कि सभी छात्र-छात्राओं शुक्रवार को क्वींस इंटर कॉलेज में प्रशिक्षण दिया गया है। उन्हें ओएमआर सीट भरने, टेस्ट देने, पढ़ाई करने और प्रश्नों की जानकारी दी गई।
ये बनाए गए हैं केंद्र : राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज चेतगंज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मलदहिया, प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज रामनगर, सुधाकर महिला कॉलेज पांडेयपुर, कटिंग मेमोरियल इंटर कॉलेज, जेपी मेहता केंद्र बने हैं।
परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। उत्तीर्ण होने वाले छात्र-छात्राओं को नौवीं से 12वीं तक हर महीने एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। इस हिसाब से चार साल में 48 हजार रुपये मिलेंगे। - शैलेश कुमार, मंडलीय मनोवैज्ञानिक
15 जनवरी तक करें छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन
नए सत्र के अन्य पिछड़ा वर्ग के कक्षा नौ व 10 के छात्र-छात्राओं की पूर्व दशम छात्रवृत्ति और कक्षा 11 व 12 की दशमोत्तर छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए दूसरे चरण की समय सारिणी तय कर दी गई है। अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन 15 जनवरी तक कर सकेंगे। जबकि अन्य दशमोत्तर कक्षाओं के विद्यार्थी 21 नवंबर से 15 जनवरी तक आवेदन कर सकेंगे। त्रुटिपूर्ण और संदेहास्पद आवेदनों को 27 जनवरी तक दोबारा आगे बढ़ा सकते हैं।