वाराणसी : घड़ी व्यापारी को गोली मार कर 20 हजार रुपये लूटे, चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी के गोइठहा में शुक्रवार की देर रात बाइक सवार बदमाशों ने घड़ी व्यवसायी श्याम बिहारी मिश्र (52) को उनके घर के समीप गोली मार कर 20 हजार रुपये लूट लिए। आनन फानन व्यापारी को मलदहिया स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। पुलिस क्षेत्र के संदिग्ध गतिविधियों वाले चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
गोइठहा निवासी श्याम बिहारी मिश्र की चौक में घड़ी की दुकान है। उन्होंने बताया कि वह दुकान बंद करने के बाद घर जा रहे थे। उनके बैग में 20 हजार रुपये, एटीएम कार्ड और दुकान की चाबी थी। रास्ते में लालपुर में उन्होंने मिठाई खरीदी। इसके बाद बेलवा में अपना पान बंधवाए। फिर वह बाइक से घर के लिए निकले।
घर से लगभग 100 मीटर पहले ही बाइक सवार हेलमेट पहने दो युवकों ने उनकी बाइक में टक्कर मार कर उनका बैग छीनने का प्रयास किया। उन्होंने विरोध किया तो दोनों युवकों में से एक ने उन्हें गोली मार दी और उनका बैग छीन कर भाग निकले। किसी तरह से वह भाग कर घर पहुंचे तो परिजन उन्हें लहूलुहान देख कर सन्न रह गए।
आनन फानन उन्हें मलदहिया स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि व्यापारी को सीने में बाएं तरफ पेट के ऊपर गोली लगी है। गोली रीढ़ की हड्डी में फंसी है और ऑपरेशन किया जा रहा है। फिलहाल व्यापारी की हालत स्थिर है। वारदात के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच सहित पुलिस की तीन टीम लगाई गई है।