Varanasi: ATS ने पीएफआई के दो इनामी सदस्यों को किया गिरफ्तार, वाराणसी और आजमगढ़ के 11 लोगों से पूछताछ
एटीएस द्वारा पीएफआई के दो इनामी सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि एटीएस द्वारा पीएफआई के इन दोनों सदस्यों पर 50/50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने आदमपुर थाना क्षेत्र से प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई ) के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। दोनों की पहचान छित्तनपुरा निवासी परवेज अहमद और रईस अहमद के तौर पर हुई है। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उनकी तलाश बीते आठ महीने से की जा रही थी।
डिटेल्स के लिए यहां क्लिक करें-
सितंबर 2022 में वाराणसी से पीएफआई के तीन सदस्य गिरफ्तार किए गए थे। आखिरी गिरफ्तारी लोहता थाना क्षेत्र के अलावल से अब्दुल्ला सऊद अंसारी की हुई थी। अब्दुल्ला पीएफआई के साथ ही उसकी पॉलिटिकल विंग सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया से भी सक्रियता से जुड़ा था। हाल ही में संपन्न हुए निकाय चुनाव में लोहता क्षेत्र से वह पार्षद पद के लिए तैयारी भी कर रहा था।
यह भी पढ़ें- Varanasi News: क्रिकेट कोच को गोली मारने वाले पांच बदमाश हिरासत में, आज होगा बड़ा खुलासा
पूछताछ में अबुल्ला से मिली जानकारी के आधार पर परवेज अहमद और रईस अहमद के ऊपर इनाम घोषित कर एटीएस द्वारा उनकी तलाश की जा रही थी। शनिवार को एटीएस ने पीएफआई के सदस्यों और उसके प्रति लगाव रखने वाले संदिग्ध लोगों की धरपकड़ के लिए एकदिवसीय विशेष गोपनीय अभियान चलाया। इसी क्रम में परवेज और रईस गिरफ्तार किए गए। एकदिवसीय अभियान के दौरान एटीएस ने वाराणसी के आठ और आजमगढ़ के तीन लोगों को हिरासत में लिया। फिलहाल सभी 11 लोगों से पूछताछ जारी है।
सीएए-एनआरसी के विरोध में प्रदर्शन के दौरान जुड़े पीएफआई से
परवेज और रईस सीएए-एनआरसी के विरोध में प्रदर्शन के दौरान दिसंबर 2019 में पीएफआई से जुड़े थे। दोनों के खिलाफ सीएए-एनआरसी के विरोध-प्रदर्शन के दौरान चेतगंज थाने में मुकदमा भी दर्ज किया गया था। सितंबर 2022 में पीएफआई के तीन सदस्यों के पकड़े जाने के बाद आदमपुर और लोहता थाने में दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। दोनों जेल भी जा चुके हैं। एटीएस के अनुसार, परवेज और रईस पीएफआई के सक्रिय नेताओं के संपर्क में थे। दोनों यूपी के अलावा दिल्ली, असम और केरल में होने वाली पीएफआई की बैठकों में शामिल होकर प्रशिक्षण प्राप्त करते थे। इसके बाद वाराणसी और आसपास के जिलों में पीएफआई के कैडर विस्तार के लिए मुस्लिम युवाओं को प्रेरित करते थे। इसके अलावा दोनों पीएफआई से जुड़े साहित्य व अन्य सामग्री का प्रचार-प्रसार और वितरण भी करते थे। लोहता क्षेत्र के अलावल से अब्दुल्ला की गिरफ्तारी के बाद दोनों लोकेशन बदल कर भूमिगत रह रहे थे।
आठ माह में पीएफआई के पांच सदस्य गिरफ्तार
बीते आठ महीने में पीएफआई के पांच सदस्य वाराणसी से गिरफ्तार किए जा चुके हैं। सितंबर 2022 में सबसे पहले आदमपुर और जैतपुरा क्षेत्र से साड़ी तैयार करने का काम करने वाले शाहिद और रिजवान को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सितंबर महीने में ही लोहता क्षेत्र के अलावल से अब्दुल्ला सऊद अंसारी गिरफ्तार किया गया था। अब परवेज और रईस को गिरफ्तार किया गया है।