वाराणसी: मंडुवाडीह में 12 फीट ऊंची मां ब्रह्मचारिणी की प्रतिमा होगी आकर्षण का केंद्र
वाराणसी के मंडुवाडीह में आदर्श स्पोर्टिंग क्लब की ओर से शारदीय नवरात्रि पर मां ब्रह्मचारिणी की 12 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। सब्जी मंडी के पास ‘भूत बंगला’ थीम पर पंडाल तैयार किया जा रहा है। सप्तमी को मां के पट खुलेंगे।
विस्तार
शारदीय नवरात्रि पर मंडुवाडीह में आदर्श स्पोर्टिंग क्लब की ओर से इस वर्ष मां ब्रह्मचारिणी की 12 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। सब्जी मंडी के पास तैयार हो रहे पंडाल में ‘भूत बंगला’ थीम की झलक देखने को मिलेगी। सफेद वस्त्रों में मां ब्रह्मचारिणी की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगी। सप्तमी को मां के पट खुलने के बाद श्रद्धालु दर्शन-पूजन कर सकेंगे। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह है।
क्लब के संरक्षक श्रीनाथ उर्फ बबलू गुप्ता ने बताया कि गुरुवार को पंडाल में मां ब्रह्मचारिणी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इस वर्ष मां सफेद वस्त्र धारण कर भक्तों को दर्शन देंगी। पंडाल के निर्माण में ‘भूत बंगला’ थीम को ध्यान में रखा जा रहा है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को पूजा के साथ एक अलग तरह का अनुभव देना है।
सप्तमी से दशमी तक होंगे विशेष आयोजन
आदर्श स्पोर्टिंग क्लब की ओर से दुर्गा पूजा के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी तैयारी की गई है। पंडाल में प्रसाद वितरण के साथ भंडारे का आयोजन होगा। नवमी के दिन डांडिया कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें महिलाएं और युवतियां उत्साह के साथ हिस्सा ले सकेंगी। दशमी के दिन जागरण का आयोजन होगा। इसमें मां दुर्गा की महिमा का गुणगान किया जाएगा।
1986 से हो रही मां की आराधना
आदर्श स्पोर्टिंग क्लब की स्थापना वर्ष 1986 में हुई थी। स्थापना के बाद से ही क्लब की ओर से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। क्लब धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक परंपराओं को भी आगे बढ़ाने का काम कर रहा है।
आयोजन को सफल बनाने में लव गुप्ता, विशाल गुप्ता उर्फ विक्की, अभिषेक कान्हा, राजेंद्र सोनकर, मोनू पंडित, धीरज पटेल और सौरभ भारद्वाज सहित अन्य सदस्य जुटे हुए हैं।