Good News: वाराणसी कैंट स्टेशन पर कम खर्च पर मिलेंगी सितारा होटलों जैसी सुविधाएं, रेलवे ने बनाया जबरदस्त प्लान
वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन परिसर में होटल की तर्ज पर बनने वाले अर्बन पॉड के लिए स्थान चयन कर लिया गया है। इसका निर्माण पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नव्य-भव्य और दिव्य काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण के बाद काशी में बढ़ी सैलानियों की संख्या को देखते हुए रेलवे विभाग भी यात्रियों की सुविधा बढ़ाने की तैयारी में जुट गया है। कैंट रेलवे स्टेशन परिसर में ही मुंबई के चर्च गेट स्टेशन की तरह आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया विश्रामालय बनाया जाएगा।
होटल की तर्ज पर बनने वाले अर्बन पॉड (कैप्शूल होटल) के लिए स्थान चयन कर लिया गया है। इसका निर्माण पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर किया जाएगा। अर्बन पॉड निर्माण के प्रस्ताव के बाद रेलवे की एक तकनीकी टीम कैंट स्टेशन का दौरा कर चुकी है और जरूरी सर्वे कार्य भी पूरा कर लिया गया है। यह पहले से बने यात्री आश्रय के पास ही बनाया जाएगा।
क्या है अर्बन पॉड
अनुमान है कि दो माह के भीतर टेंडर के जरिए निर्माण एजेंसी का चयन कर लिया जाएगा। अर्बन पॉड ऐसे यात्रियों को ज्यादा मुफीद होते हैं, जिन्हें यात्रा में ठहराव के दौरान ज्यादा नहीं रुकना होता है। धार्मिक और व्यवसायिक यात्रा पर रहने वाले यात्रियों को शहर में एक रात या दिन ही रुकना होता है।
कभी-कभी यात्रियों को कुछ घंटे ही रुकने होते हैं। ऐसे यात्रियों के लिए अर्बन पॉड में टाइम स्लॉट के हिसाब से भी बुकिंग कराई जा सकेगी। यहां बता दें कि वर्तमान में कैंट स्टेशन पर ठहरने के लिए एसी और नान एसी कमरे व डोरमेट्री है। रिटायरिंग रूम में नॉन एसी के 8, एसी के चार कमरे हैं। इसी तरह नॉन एसी डोरमेट्री में 20 और एसी वाले में 10 लोगों के ठहरने की सुविधा है। औसतन इसकी 100 फीसदी बुकिंग रहती है।
मिलेगी ये सुविधा
हर एक पॉड के कॉमन एरिया होगा। जहां सामान रखने की जगह, फ्री वाई-फाई, शॉवर और वॉशरूम होगा। पॉड के अंदर ठहरे व्यक्ति को टीवी के साथ लॉकर, रीडिंग लाइट, मोबाइल चार्जर सॉकेट, आइना और एडजस्टेबल एसी की सुविधा मिलेगी।
स्टेशन निदेशक कैंट आनंद मोहन ने बताया कि यात्रियों की संख्या को देखते हुए कैंट स्टेशन पर पीपीपी मॉडल पर अर्बन पॉड बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। तकनीकी टीम के अध्ययन के बाद अर्बन पॉड निर्माण के लिए टेंडर निकालने की प्रक्रिया शुरू कराई गई है। उम्मीद है कि सितंबर तक इसकी निविदा निकालकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।