यूपीः वाराणसी से ऋषिकेश जा रहे जर्मन दंपति से दुर्व्यवहार की हद, एक आरोपित गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी से ऋषिकेश जा रहे कार सवार जर्मन दंपति से मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना 16 जनवरी की रात बरसठी थाना क्षेत्र के सिंगारपुर गांव की है। अराजक तत्वों ने पथराव कर उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। किसी तरह वहां से भागकर दंपति ने खुद को बचाया। उन्होंने मडियाहूं थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी में जुट गई।प्रकरण में देर शाम पुलिस ने रमाशंकर नामक एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
जर्मनी निवासी टिमोथी वेंजामिन हैटन किराये पर कार लेकर अपनी पत्नी के साथ वाराणसी से ऋषिकेश जा रहे थे। गूगल पर रास्ता सर्च करते हुए वह बरसठी के बड़वा रोड पर पहुंच गए। रात करीब आठ बजे आराम करने के मकसद से सिंगारपुर गांव के पास सड़क किनारे उन्होनें गाड़ी पार्क की और अंदर ही आराम करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान तीन युवक मौके पर पहुंचे और कार का शीशा पीटने लगे। उन्होंने दरवाजा खोला तो गाली-गलौज के साथ अश्लील हरकत की। उनकी मंशा भांपते हुए कार लेकर वह तेज रफ्तार में भागने लगे।
इस दौरान युवकों ने उनकी कार पर पथराव भी किया, जिससे कार के एक किनारे का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। भागते हुए कुछ दूरी पर वह सिंगारपुर गांव के रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचे। क्रॉसिंग बंद होने के चलते उनकी कार रुक गई। पीछा करते हुए युवक भी पहुंच गए। इस दौरान लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास के लोगों के हस्तक्षेप पर युवक वहां से भाग गए। घटना की रात ही दंपति ने मड़ियाहूं थाने पहुंचकर केस दर्ज कराया। बरसठी एसओ मुन्नाराज धुसिया ने बताया कि दंपति ने गूगल पर सर्च कर नजदीकी पुलिस स्टेशन मड़ियाहूं में केस दर्ज कराया था, जो बाद में बरसठी ट्रांसफर हो गया। विवेचनाओं के दौरान आरोपियों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।