UP Chunav 2022: जौनपुर में जदयू प्रत्याशी धनंजय सिंह समेत कई दिग्गजों ने भरा नामांकन पर्चा, बिहार के सीएम करेंगे प्रचार
जौनपुर के मल्हनी सीट से जदयू प्रत्याशी पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने दो सेट में अपना नामांकन दाखिल किया। एक दिन के अवकाश के बाद बुधवार की सुबह से कलेक्ट्रेट क्षेत्र में काफी गहमागहमी देखने को मिली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के तहत सातवें व अंतिम चरण के मतदान के लिए वाराणसी समेत पूर्वांचल के जिलों में काफी चहलपहल है। एक दिन के अवकाश के बाद बुधवार की सुबह से सभी जिलों के कलेक्ट्रेट क्षेत्र में काफी गहमागहमी देखने को मिली।
बुधवार को जौनपुर के मल्हनी सीट से जदयू (जनता दल यूनाइटेड) प्रत्याशी पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने दो सेट में अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं वाराणसी की सेवापुरी विधानसभा सीट से सपा-सुभासपा गठबंधन के उम्मीदवार पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल समेत कई दिग्गजों ने भी नामांकन पर्चा भरा।
मंगलवार को मीडिया से बातचीत में धनंजय सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर कहा था कि मैं इनामी और फरार नहीं हूं। मुझ पर इनाम का मामला कोर्ट ने समाप्त कर दिया है। केस की एसटीएफ जांच कर रही है। मुझ पर जो धाराएं हैं वह जमानती हैं।
पढ़ेंः पूर्वांचल की तीन और सीटों पर भाजपा प्रत्याशी घोषित, सेवापुरी से नील रतन पटेल को टिकट, देखें सूची
अखिलेश यादव पर पलटवार
वहीं उन्होंने अखिलेश यादव पर पलटवार किया। कहा कि फरार व इनामी की बात या अखिलेश के ट्वीट पूरी तरह से गलत हैं। वहीं बिहार के अल्पसंख्यक विभाग के मंत्री जमा खां ने कहा कि धनंजय सिंह के संबंध मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आज भी हैं। वह प्रचार करने खुद आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश में नीतीश कुमार जैसा कोई नेता नहीं है, लोग उनसे प्रेरणा लेते हैं।
सोनभद्र में सपा के सभी प्रत्याशियों ने किया नामांकन
सोनभद्र में समाजवादी पार्टी के सभी प्रत्याशियों ने बुधवार को नामांकन दाखिल किया। सदर सीट (राबर्ट्सगंज) से अविनाश कुशवाहा, घोरावल से रमेश दुबे, ओबरा से सुनील गोंड और दुद्धी से विजय सिंह गोंड ने भरा पर्चा। पार्टी कार्यालय से जुलूस के रूप में सभी प्रत्याशी कलेक्ट्रेट तक पहुंचे। घोरावल सीट पर रमेश दुबे के नामांकन के साथ ही संशय खत्म हो गया है। इस सीट पर अपना दल-कमेरावादी ने सुरजीत सिंह पटेल को उम्मीदवार घोषित किया है।
मऊ और गाजीपुर में इन्होंने भरा नामांकन पर्चा
गाजीपुर में बुधवार को सदर सीट से भाजपा प्रत्याशी डा. संगीता बलवंत, जहूराबाद क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी सैयदा शादाब फातिमा, जहूराबाद से भाजपा प्रत्याशी कालीचरण राजभर, जमानिया से बसपा प्रत्याशी मोहम्मद यूसुफ फरीद खान उर्फ परवेज और जखनिया से भाजपा प्रत्याशी रामराज बनवासी ने नामांकन दाखिल किया।
वहीं मऊ सदर सीट से भाजपा प्रत्याशी अशोक सिंह, मधुबन सीट से बसपा के नीलम सिंह कुशवाहा, मुहम्मदाबाद गोहना से भाजपा प्रत्याशी पूनम सरोज, मुहम्मदाबाद गोहना से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी अंकित राव ने नामांकन दाखिल किया।