{"_id":"62129e97c52f997233508419","slug":"up-assembly-elections-home-minister-amit-shah-will-lead-bjp-in-purvanchal","type":"story","status":"publish","title_hn":"UP Assembly Elections : पूर्वांचल में गृहमंत्री अमित शाह के हाथ होगी भाजपा की कमान, पीएम की जनसभा 23 को","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP Assembly Elections : पूर्वांचल में गृहमंत्री अमित शाह के हाथ होगी भाजपा की कमान, पीएम की जनसभा 23 को
Mon, 21 Feb 2022 01:33 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 21 Feb 2022 01:33 AM IST
सार
कल से वाराणसी सहित काशी क्षेत्र के जिलों में सक्रिय हो जाएंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा। 23 और 24 फरवरी को काशी क्षेत्र के पांच जिलों में पीएम मोदी करेंगे जनसभा को संबोधित।
विज्ञापन
गृहमंत्री अमित शाह
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पूर्वांचल की सियासी जमीन पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए विधानसभा चुनाव में भाजपा की कमान गृहमंत्री अमित शाह संभालेंगे। तीसरे चरण का मतदान पूरा होने के बाद अब काशी और गोरक्ष क्षेत्र के विधानसभा सीटों पर प्रचार की रणनीति तय की जा रही है। भाजपा के दिग्गज नेता ना सिर्फ जनसभा और रैली करेंगे, बल्कि रोड शो के जरिए जनता के बीच भी जाएंगे। प्रधानमंत्री 23 और 24 फरवरी को काशी क्षेत्र के पांच जिलों में रैली कर यहां के चुनाव प्रचार अभियान को धार देंगे।
विज्ञापन
भाजपा ने काशी क्षेत्र की विधानसभाओं में प्रचार अभियान की रणनीति तैयार की है। रविवार को तीसरे चरण का मतदान पूरा होने के बाद सभी राजनीतिक दलों और पार्टियों का जोर चौथे, पांचवें, छठवें और सातवें चरण पर है। दरअसल, वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले से ही पूर्वांचल की सियासत पर तगड़ी पकड़ बना चुके गृहमंत्री अमित शाह काशी और गोरक्ष क्षेत्र की रणनीति बनाएंगे।
विज्ञापन
भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो गृहमंत्री फरवरी के अंतिम सप्ताह से काशी को केंद्र बनाकर प्रवास भी करेंगे। अब वाराणसी के साथ ही प्रयागराज, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र सहित अन्य जिलों में प्रचार की रणनीति को तैयार किया गया है। काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 फरवरी को कौशांबी, 24 फरवरी को अमेठी, सुल्तानपुर, प्रयागराज और प्रतापगढ़ में जनसभा करेंगे।
विज्ञापन
काशी क्षेत्र के प्रचार अभियान की शुरुआत 22 फरवरी को गृहमंत्री शाह प्रयागराज में रोड शो के जरिए करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 23 फरवरी को वाराणसी की अजगरा और दो मार्च को शहर उत्तरी व सेवापुरी में जनता के बीच जाएंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 24 फरवरी को जौनपुर की मल्हनी, बदलापुर, गाजीपुर की जंगीपुर और चार मार्च को भदोही के ज्ञानपुर और वाराणसी की शिवपुर और चंदौली के चकिया में प्रचार अभियान को गति देंगे।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी, पीयूष गोयल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, सांसद हेमा मालिनी, मनोज तिवारी, रवि किशन और दिनेश लाल यादव निरहुआ सहित अन्य स्टार प्रचारक भी पूर्वांचल में रोड शो के जरिए माहौल बनाएंगे।
सपा के लिए शिवपाल भी उतरेंगे मैदान में
भाजपा से सीधी टक्कर लेने के लिए सपा भी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया शिवपाल यादव को पूर्वांचल के मैदान में उतार सकती है। सपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों की माने तो सपा मुखिया के साथ ही प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव भी पूर्वांचल में सक्रिय होंगे। कारण, सपा कार्यकर्ताओं के बीच शिवपाल यादव की सक्रियता का लाभ पार्टी हर हाल में लेना चाहेगी। इसके लिए सपा की ओर से भी पूर्वांचल के प्रचार अभियान की रणनीति तैयार की जा रही है।