UP Chunav 2022: वाराणसी में प्रियंका के रोड शो में उमड़ी भीड़, छतों से बरसाए गए फूल, भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने वाराणसी में अखरी चौराहे से चितईपुर तक रोड शो किया। प्रियंका के स्वागत में रास्ते भर लोगों ने घरों की छतों से फूल बरसाए। चार किमी लंबे रोड शो में प्रियंका गांधी और राजेश्वर पटेल वाहन की छत पर बैठकर जनता का अभिवादन स्वीकार कर रही थीं। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए चल रहे थे।
अवलेशपुर में घर की छतों से लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया तो प्रियंका ने अपने हाथों से सड़क के किनारे खड़े लोगों के ऊपर फूल फेंककर अभिवादन किया। प्रियंका गांधी के रोड शो की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी भी मोबाइल से फोटो बना रहे थे। वहीं सड़क किनारे खड़ी महिलाएं व पुरुष भी सेल्फी व फोटो लेने के लिए बेताब थे।
जवानों पर चल रही लाठी, किसानों पर मंत्री का बेटा चढ़वा रहा गाड़ी
रामनगर की जनसभा में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लालबहादुर शास्त्री की यह पावन जन्मस्थली है। उन्होंने जय-जवान जय किसान का नारा दिया था, लेकिन आज जवान और किसान दोनों बर्बाद हो गए हैं। जवानों पर योगी सरकार लाठियां चला रही है तो किसानों पर केंद्र सरकार के मंत्री का बेटा गाड़ियां चढ़वा रहा है।
हर बात पर परिवारवाद की दुहाई देने वाले यह नही बताएंगे कि कैंट विधानसभा में क्या हो रहा है। रामनगर स्थित पीएन इंटर कॉलेज में जनसभा को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा अंग्रेजों के फूट डालो और राज करो की तर्ज पर काम कर रही है। विश्वनाथ कॉरिडोर के नाम पर अनगिनत मंदिर तोड़ दिए गए। उन्होंने कहा कि कहीं कोई घटना घटती है तो प्रियंका सबसे पहले पहुंचती हैं।
धरी रह गई तैयारी, नहीं आईं प्रियंका
रामनगर में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को सुनने के लिए पीएन कालेज पहुंचे लोगों को निराश होना पड़ा। सुबह से चल रही तैयारियों के बावजूद जनसभा में प्रियंका के नहीं पहुंचने पर नागरिक और कार्यकर्ताओं में प्रियंका को न देख पाने और सुन पाने का मलाल साफ नजर आया।
शाम को एक हेलीकाप्टर सभा स्थल के पास से गुजरा तो लोगों ने समझा कि प्रियंका आ गईं। उत्साह में लोगों ने नारेबाजी भी कर दी लेकिन प्रियंका के आने की आशंका निर्मूल निकली। इधर स्थानीय नेताओं ने मंच संभाले रखा।