UP Chunav 2022: आज वाराणसी में पीएम मोदी करेंगे रोड शो, घर से निकलने से पहले देख लें रूट डायवर्जन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानि चार मार्च को वाराणसी में रोड शो करेंगे। इस दौरान शहर में दोपहर 12 बजे से आठ घंटे के लिए ट्रैफिक में परिवर्तन रहेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को वाराणसी शहर के विभिन्न इलाकों में रोड शो करेंगे। रोड शो संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से शुरू होकर लहुराबीर, मैदागिन और काशी विश्वनाथ मंदिर होते हुए गोदौलिया से बीएचयू तक जाएगी। इसे लेकर यातायात पुलिस कमिश्नरेट की ओर से शुक्रवार की दोपहर 12 बजे से रात आठ बजे तक संबंधित मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है।
एडीसीपी ट्रैफिक दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि शहरवासी टॉफिक डायवर्जन प्लान का पालन करने की अपील की। जिसमें चौकाघाट लकडमंडी चौराहे से संपूर्णानंद वीसी आवास, चौकाघाट चौराहे से अंधरापुल चौराहा, अंधरापुल चौराहे और तेलियाबाग तिराहे से मरीमाई तिराहा, मरीमाई तिराहे से मलदहिया चौराहा, इंगलिशिया लाइन से मलदहिया, मलदहिया चौराहे से लहुराबीर चौराहा, साजन तिराहे से मलदहिया चौराहा, जयसिंह चौराहे से मलदहिया चौराहा और लहुराबीर चौराहे से मैदागिन चौराहे की ओर वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा।
इन मार्गों पर भी नहीं चलेंगे वाहन
वहीं मैदागिन चौराहे से गौदलिया, विशेश्वरगंज तिराहे से मैदागिन चौराहा और रामापुरा चौराहे से गौदलिया चौराहा की तरफ किसी भी प्रकार के वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। जबकि सोनारपुरा से गोदौलिया चौराहा और अस्सी तिराहा तक वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही भगवानपुर मोड़ से मालवीय चौराहा, चितईपुर चौराहा से भिखारीपुर तिराहा मार्ग पर भी वाहन नहीं जाएंगे। सभी वाहन परिवर्तित मार्ग की ओर से होकर जाएंगे।
सोशल मीडिया पर तेज हुई निगरानी
अंतिम चरण के चुनाव को लेकर अब काशी में दिग्गज नेताओं की भीड़ बढ़ रही है तो उनकी सुरक्षा के साथ ही सोशल मीडिया पर भी निगरानी पुलिस ने तेज कर दी है। कमिश्नरेट की सोशल मीडिया की टीम ऐसे पोस्ट और वीडियो पर भी नजर रख रही है जो उन्माद फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
बाहर से आज आएगी फोर्स
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय दौरे के लिए बाहर से भी फोर्स बुलाई गई है। बृहस्पतिवार को फोर्स आ जाएगी। इसमें दस आईपीएस, 15 एएसपी, 25 डीएसपी, 250 इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल एक हजार और लगभग दस कंपनी पीएसी शामिल है।
प्रधानमंत्री के रोड शो रूट की ड्रोन से होगी निगरानी
पीएम मोदी के रोड शो के दौरान मलदहिया से बाबा विश्वनाथ धाम तक भवनों के छतों पर पुलिस तैनात रहेगी और भीड़ की निगरानी ड्रोन कैमरे से कराई जाएगी। रोड शो के बीच में पड़ने वाली बहुमंजिली इमारतों का सर्वे कराया जा रहा है। एचडी फोटोग्राफी भी कराई जा रही है।
विद्यापीठ हेलीपैड, गांधी अध्ययन पीठ में बन रहा सेफजोन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित रोडशो के लिए महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में हेलीपैड बनाया जा रहा है तो वहीं गांधी अध्ययनपीठ सभागार में सेफजोन बनाया जाएगा।