UP Chunav 2022: दो दिवसीय दौरे पर पीएम मोदी 27 को आएंगे वाराणसी, रैली और रोड शो का बन रहा प्लान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 फरवरी को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आएंगे। बूथ लेवल के करीब 2200 कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान चुनाव प्रबंधन के साथ ही बूथ पर प्रचार के तौर-तरीके भी बताएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी के बूथ कार्यकर्ताओं को जीत हासिल करने का मंत्र देने 27 फरवरी को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आएंगे। करीब 20 घंटे के प्रवास में बैठक के साथ ही जनसभा और रोड शो भी कर सकते हैं। गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को पीएम के दो दिवसीय दौरे की सूचना के साथ ही तैयारी का निर्देश दिया।
इसके बाद भाजपा पदाधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं। कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाने लगा है। पीएम मोदी 27 फरवरी के अपने वाराणसी दौरे में बूथ लेवल के करीब 22 सौ कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान चुनाव प्रबंधन के साथ ही बूथ पर प्रचार के तौर-तरीके भी बताएंगे।
यह कार्यक्रम संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित करने की योजना है। देहात की एक विधानसभा क्षेत्र में पीएम मोदी की जनसभा भी होगी।
पीएम के कार्यक्रम के लिए अमित शाह ने किया मंथन
प्रधानमंत्री के वाराणसी आगमन को लेकर मंगलवार को गृहमंत्री अमित शाह ने नदेसर स्थित एक होटेल में भाजपा नेताओं संग मंथन किया। इसमें केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल, प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा, सरोज पांडेय, महेश चंद श्रीवास्तव आदि मौजूद थे। पार्टी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारी में जोरशोर से जुट गई है।
पूर्वांचल फतह के लिए अमित शाह ने बनाई योजना
वाराणसी दौरे पर पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह ने नेताओं संग पूर्वांचल में भाजपा की जीत के लिए योजना बनाई। उन्होंने पूर्वांचल की सीटों पर सपा को घेरने के लिए कमान संभाल ली है। भाजपा नेताओं संग बैठक में उन्होंने कहा कि काशी क्षेत्र की 71 सीटों में पिछली बार 65 भाजपा व सहयोगी दलों ने जीती थी। इस बार यह आंकड़ा शत-प्रतिशत करना है।
इसमें यह ध्यान रखना है कि विपक्ष में मजबूत छवि वाले प्रत्याशियों की घेराबंदी बहुत जरूरी है। इसके लिए वहां प्रचार के तरीके में बदलाव के साथ आक्रामक प्रचार की जरूरत होगी। विधानसभा क्षेत्रों में जातीय समीकरणों को समझा जाए और भाजपा के नेताओं के कार्यक्रम तय कराए जाएं।