UP Chunav 2022: पूर्वांचल में आज शाम थम जाएगा चुनाव प्रचार, वाराणसी समेत 9 जिलों की 54 सीटों पर सियासी घमासान
वाराणसी सहित सोनभद्र, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, मीरजापुर, गाजीपुर, चंदौली और भदोही की 54 सीटों पर सात मार्च को मतदान होगा। आज शाम चुनाव प्रचार थम जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्वांचल में सातवें चरण के मतदान से 48 घंटे पहले शनिवार को शाम पांच बजे चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। वाराणसी सहित सोनभद्र, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, मीरजापुर, गाजीपुर, चंदौली और भदोही की 54 सीटों पर सात मार्च को मतदान के लिए तैयारियां प्रशासन ही नहीं सियासी दल भी कर रहे हैं।
इसके लिए पूर्व से ही चुनावी रैलियों का दौर शुरू हो चुका है। आज शाम चुनाव-प्रचार थमने के बाद मतदान के लिए प्रशासन की जिम्मेदारी शुरू हो जाएगी। राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारक, मंत्री, नेता सहित अन्य बाहरी लोगों को शहर छोड़ना होगा।
अंतिम दिन सभी राजनीतिक दल और प्रत्याशी पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में हैं। मतदान की तारीख करीब होने से सियासी सूरमाओं की धड़कने भी तेज हो गई हैं। चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार, शनिवार शाम पांच बजे के बाद जनसभा, रोड शो सहित अन्य तरह के चुनाव प्रचार से संबंधित आयोजन नहीं किए जा सकेंगे।
ऐसे में प्रत्याशी, समर्थकों और अपने खास लोगों के जरिये मतदाताओं तक पहुंचने में जुटे हैं। वहीं वाराणसी के लंका क्षेत्र में प्रियंका गांधी रोड शो करेंगी।
वाराणसी में 1248 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग
सात मार्च को वाराणसी के आठ विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से पोलिंग बूथों पर मतदान शुरू होगा। शाम छह बजे तक मतदान होगा। निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदित 1248 मतदान केंद्रों के 3371 मतदेय स्थलों पर मतदाता अपने मतदान डालेंगे।
प्रत्याशी नियुक्त कर सकते हैं पोलिंग एजेंट
जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल राज शर्मा द्वारा शुक्रवार को जारी निर्देश में कहा कि प्रत्याशी पोलिंग एजेंट नियुक्त कर सकते हैं। यदि किसी उम्मीदवार को उस मतदेय स्थल या पड़ोसी मतदेय स्थल का पोलिंग एजेंट नहीं मिलता है, तो वो उस विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के किसी मतदाता को पोलिंग एजेंट नियुक्त कर सकता है।
अनुपस्थित रहने वाले मतदानकर्मी के खिलाफ होगी एफआईआर
सातवें और अंतिम चरण के विधानसभा चुनावों के लिए सभी पोलिंग पार्टी की रवानगी रविवार को होगी। पोलिंग पार्टियों के रवानगी के पहले सभी को निर्धारित स्थल पर समय से पहुंचना होगा। मुख्य विकास अधिकारी अभिषेेक गोयल ने शुक्रवार को सभी विभागों को निर्देश जारी कर निर्वाचन ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को रवानगी स्थल पर समय से उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। रवानगी के दौरान अनुपस्थित रहने वाले मतदान कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी।
चार पहिया वाहनों में पांच से ज्यादा की नहीं होगी अनुमति
मतदान वाले दिन प्रत्याशी को उपयोग के लिए कुल तीन वाहनों की अनुमति होगी। चार पहिया वाहनों में चालक सहित पांच से अधिक व्यक्तियों को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रत्याशियों के लिए आवंटित वाहन किसी अन्य व्यक्ति द्वारा उपयोग नहीं किया जा सकता है।