केंद्रीय मंत्री बोले: जब अखिलेश ट्वीट करते हैं, तब तक पीएम और सीएम योगी चार जिलों का विकास कर देते हैं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले जनता के बीच पैठ बनाने में जुटी भाजपा की जनविश्वास यात्रा गुरुवार को वाराणसी के शिवपुर, अजगरा और पिंडरा क्षेत्र से होते हुए जौनपुर रवाना हुई। केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री रमाशंकर पटेल की अगुवाई में गुरुवार को नटिनियादाई से शुरू हुई यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया।
यात्रा में केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि हताश और निराश विपक्ष जनता के बीच बेबुनियाद बातें कर रहा है। डबल इंजन की भाजपा सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। जब तक सपा मुखिया अखिलेश यादव ट्विटर पर ट्वीट करते हैं तब तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चार जिलों का विकास कर लौट आते हैं।
केंद्र में नरेंद्र मोदी व प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में विकास की गाथा लिखी जा रही है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस जातिवाद, वंशवाद और परिवारवाद की लड़ाई लड़ रही है। वहीं भाजपा का हर कार्यकर्ता अपने प्रदेश और देश की भलाई की लड़ाई लड़ रहा है। राज्यमंत्री रमाशंकर पटेल ने कहा कि देश और प्रदेश में ऐसी ईमानदार और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार है, जिस पर कोई दाग नहीं है।
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि यूपी में 2017 से पहले कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी। बड़े से बड़े गैंगस्टर भी या तो जेल भेज दिए गए हैं या फिर प्रदेश छोड़ कर चले गए हैं। जनविश्वास यात्रा में कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा रहा।
विधानसभाओं में निकाली गई पदयात्रा
जनविश्वास यात्रा के स्वागत में जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने पदयात्रा निकाली। इसमें अजगरा से राजीव किरण, पूर्व विधायक त्रिभुवन राम, रामजी मौर्या, मंजीत सिंह, पिंडरा में विधायक डॉ. अवधेश सिंह, रवि सिंह सहित अन्य लोगों ने पदयात्रा के जरिए स्वागत किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा राम प्रकाश दुबे, अखंड सिंह, ई.आनन्द कुमार, विनोद सिंह, अरविन्द मिश्रा, नवरतन राठी, जिला मीडिया प्रभारी श्रीनिकेतन मिश्र आदि उपस्थित रहे।