दो प्रवासियों की संदिग्ध हालत में मौत, एक की क्वारंटीन सेंटर में सैंपल देते ही चली गई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जौनपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को कुछ दिन पूर्व मुंबई से आए दो प्रवासियों की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। स्वास्थ्य टीम के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने एक मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया था, जबकि दूसरे की मौत सैंपल देने के चंद मिनटों बाद हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों में सर्दी-खांसी, बुखार के लक्षण थे। घटना से ग्रामीण सहमे हुए हैं।
सिंगरामऊ के बछाड़ी खुर्द गांव निवासी महंथ लाल (47) दस दिन पूर्व स्पेशल ट्रेन से मुंबई से आए थे। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद वे होम क्वारंटीन में थे। बृहस्पतिवार को सांस लेने में दिक्कत होने पर परिजन राजा हरपाल सिंह इंटर कॉलेज में बने क्वारंटीन सेंटर ले गए। वहां डॉ. अभिषेक वर्मा ने सैंपल लिया। इसके चंद मिनटों बाद ही महंथ लाल की मौत हो गई। घटना से सेंटर में खलबली मच गई।
शव परिजनों को सौंप दिया गया। सैंपल को जांच के लिए बीएचयू भेजा गया है। मृतक के परिजनों को सावधानी बरतते हुए क्वारंटीन में रहने को कहा गया है। उधर, सरपतहां क्षेत्र के हमजापुर गांव निवासी राजू (20) चार दिन पूर्व मुंबई से आया था। बुधवार की शाम सर्दी-खांसी की शिकायत पर परिजन निजी अस्पताल ले गए। दवा लेकर घर लौटने के बाद देर रात युवक ने दम तोड़ दिया।
कोरोना संक्रमण के संदेह में ग्रामीणों ने सूचना एसडीएम और थाने पर दी। सुबह देर तक स्वास्थ्य टीम के न आने पर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। कुछ घंटे बाद पहुंची स्वास्थ्य टीम ने मृतक के संपर्क में आए परिजनों व आसपास के लोगों के सैंपल लिए। सभी को होम क्वारंटीन में रहने की सलाह दी गई है।