Varanasi: दो लोगों ने की खुदकुशी, व्यवसायी ने काटी हाथ की नस तो युवक ने लगाई फांसी, कर्ज से जुड़ा है मामला
Varanasi News: वाराणसी में दो थाना क्षेत्रों में खुदकुशी की खबरें मिलीं हैं। व्यवसायी और युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बैटरी और इनवर्टर व्यवसायी ने अत्यधिक बीपी की दवा का सेवन और हाथ की नस काटकर जान दे दी। वहीं, चंदापुर गांव निवासी मखंचू ने अपने कमरे में फांसी लगा ली।
विस्तार
वाराणसी के अर्दली बाजार के बजरंग कालोनी निवासी बैटरी और इनवर्टर व्यवसायी ने अत्यधिक बीपी की दवा का सेवन और हाथ की नस काटकर बुधवार को जान दे दी। कैंट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भिजवाया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि आर्थिक तंगी और कर्ज के चलते व्यवसायी ने यह कदम उठाया।
कैंट थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार बजरंग कालोनी निवासी राजन सिंह (50) बैटरी और इनर्वटर का व्यवसाय करता था। एक करोड़ रुपये का उसने बैंक में सीसी अकाउंट करा रखा था और बाजार से कुछ लोगों से कर्ज भी लिया था। पिछले हफ्ते भर से वह काफी अवसाद में रहता था। मंगलवार को राजन ने अपनी हाथ की नस काटने के साथ ही अत्यधिक बीपी की दवा का सेवन कर लिया।
कमरे में खून और राजन को अचेतावस्था में देखत ही परिजन लेकर उसे तुरंत अर्दली बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सुबह 11 बजे राजन की मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल प्रबंधक की सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। पत्नी सोनल सिंह ने कैंट थाने में तहरीर भी दी है।
युवक ने फंदे पर लटक दी जान
लोहता थाना क्षेत्र के चंदापुर गांव में मखंचू (22) दोपहर के समय अपने कमरे में था। काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। कोई उत्तर नहीं मिलने पर भाई राजेश ने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि भाई मखंचू पंखे की कुंडी में गमछे के सहारे लटका हुआ था। चीखते हुए राजेश ने अन्य परिजनों को बुलाया। परिजन तुरंत उसे नीचे उतारकर चिकित्सक के पास ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं है। हालांकि उसे एक आंख से कम दिखाई देता था। अविवाहित मखंचू दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत पर मां अमरावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।