बाइक सवार युवक की लापरवाही रेलवे को पड़ी भारी, डेढ़ घंटे तक थमी रही कृषक एक्सप्रेस की रफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में कज्जाकपुरा रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के बावजूद जल्दबाजी के दौरान एक बाइक सवार की लापरवाही से सोमवार की दोपहर बड़ा हादसा होते हुए बाल-बाल बच गया। लखनऊ से वाराणसी सिटी स्टेशन जा रही कृषक एक्सप्रेस के इंजन में बाइक फंस गई, जिससे डेढ़ घंटे तक ट्रेन को रोकना पड़ा।
इस दौरान फाटक बंद होने के चलते कज्जाकपुरा-पंचकोशी मार्ग पर जाम भी राहगीरों को झेलना पड़ा। आरपीएफ मुकदमा दर्ज कर बाइक सवार युवक की तलाश कर रही है।
दरअसल, लखनऊ से कृषक एक्सप्रेस वाराणसी सिटी स्टेशन जा रही थी। दोपहर करीब 12 बजे ट्रेन कज्जाकपुरा रेलवे फाटक से गुजरने वाली थी तो गेटमैन ने फाटक बंद कर दिया। इस बीच बंद फाटक के नीचे से एक युवक जबरदस्ती बाइक निकालने लगा तभी सामने से ट्रेन आ गई और ट्रैक के बेहद करीब बाइक को छोड़ युवक भाग निकला।
ट्रेन के इंजन में घिसटते हुए बाइक लगभग 50 मीटर तक गई। इस दौरान ड्राइवर ने सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन को रोक दिया। तेज आवाज सुनकर आसपास इलाके के लोग भी मौके पर पहुंच गए। ड्राइवर व गार्ड ने इस हादसे की सूचना तत्काल कंट्रोल को दी।
मौके पर पहुंचे रेलकर्मियों ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाइक को इंजन से अलग किया। तब तक फाटक बंद होने से दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। जाम छुड़ाने को लेकर आदमपुर थाने की पुलिस को दोपहर 2 बजे तक काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सिटी स्टेशन के आरपीएफ़ इंस्पेक्टर एसके सिंह ने बताया कि बाइक को कब्जे में लेकर युवक की तलाश की जा रही है। रेलवे एक्ट में मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। बाइक रजिस्ट्रेशन के आधार पर युवक का पता लगाया जा रहा है।