News: डूबने से हुई थी छात्र की मौत, हिस्ट्रीशीटर के साथ कई लोग पहुंचे थाने; वाराणसी की ये खबरें रहीं चर्चा में
मिर्जामुराद में हुए छात्र की मौत कुएं में डूबने से हुई थी। परिजनों ने उसके लापता होने की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। वहीं, दालमंडी में दो पक्षा में विवाद के दाैरान पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर को भी पकड़ लिया। थाने लाने के बाद उसके साथ दर्जनों लोग पहुंच गए। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
मिर्जामुराद के अमिनी गांव में कुएं में मृत मिले छात्र शनि कुमार प्रजापति (15) की मौत डूबने की वजह से हुई थी। छात्र के शरीर पर किसी भी किस्म के चोट के निशान नहीं मिले हैं। यह जानकारी छात्र के शव का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने मिर्जामुराद थाने की पुलिस को दी है। उधर, इससे पहले शनिवार की देर रात छात्र के शव की अंत्येष्टि पुलिस की मौजूदगी में मिर्जापुर के बरैनी घाट पर गंगा किनारे की गई।
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के अमिनी गांव निवासी मुकेश प्रजापति और मीरा देवी का इकलौता बेटा शनि बीते गुरुवार से लापता था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं लगा तो पिता ने मिर्जामुराद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शनिवार को शनि का शव अमिनी गांव निवासी बनारसी गुप्ता के घर के सामने स्थित कुएं में मिला। पोस्टमार्टम और अंत्येष्टि के बाद रविवार को भी गांव में मातम पसरा रहा। इकलौते बेटे को खोने के बाद मीरा देवी और मुकेश की हालत बेसुधों जैसी है। मुकेश ने शनि की हत्या की आशंका जताते हुए न्यायिक जांच की मांग की है।
इस संबंध में डीसीपी गोमती जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि छात्र के शव का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर के अनुसार उसकी कुएं में डूबने से मौत हुई है। मौके पर पहुंचा डॉग स्क्वॉड भी कुएं से छात्र के कमरे तक ही गया था। इसलिए संभावना है कि किशोर ने आत्महत्या की है। पुलिस जांच कर रही है कि आखिर क्या वजह थी कि छात्र को आत्मघाती कदम उठाना पड़ा।
सड़क दुर्घटना में हिस्ट्रीशीटर को थाने बुलाया, कई लोग पहुंचे
दालमंडी में रविवार की रात बाइक की टक्कर के विवाद में चौक थाने की पुलिस ने दोनों पक्ष को पकड़ा और थाने ले आई। इसमें एक पक्ष से दालमंडी निवासी चौक थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। उसके थाने लाए जाने की सूचना मिलते ही उसके पक्ष से दर्जनों लोग जमा हो गए।
पुलिस ने सभी को हिदायत देते हुए बाहर कर दिया। बावजूद दालमंडी वाली गली में सभी जुटे रहे। चौक थाना प्रभारी निरीक्षक विमल मिश्रा ने बताया कि बाइकों की टक्कर के बाद हुए विवाद में पुलिस ने दोनों पक्ष को बुलाया है। एक हिस्ट्रीशीटर के पक्ष से कई लोग आ गए थे। उससे पूछताछ की जा रही है। दोनों पक्ष से तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।
अत्यधिक शराब पीने से हुई थी सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष की मौत
सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष अधिवक्ता राजा आनंद ज्योति सिंह की मौत अत्यधिक शराब पीने की वजह से हुई थी। यह खुलासा रामनगर स्थित विधि विज्ञान प्रयोगशाला से चौबेपुर थाने की पुलिस को मिली बिसरा जांच रिपोर्ट से हुआ है।
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बर्थरा कलां गांव निवासी अधिवक्ता राजा आनंद ज्योति सिंह की तबीयत 29 नवंबर 2024 की रात खराब हुई थी। उपचार के दौरान खजुरी स्थित एक निजी अस्पताल में 30 नवंबर 2024 की सुबह उनकी मौत हो गई थी। अधिवक्ता के पिता उमेश सिंह ने चौबेपुर थाने में तहरीर दी थी।
उन्होंने बेटे के खाने में जहर देकर हत्या की साजिश की आशंका जताई थी। उनका कहना था कि जौनपुर निवासी एक बाहुबली का करीबी वरुणा पार क्षेत्र में रहता है। पुरानी रंजिश में उसी ने खाने में जहर मिलवा कर उनके बेटे की हत्या की साजिश रची।
इस संबंध में एसीपी सारनाथ डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने रविवार को बताया कि बिसरा जांच रिपोर्ट मिल गई है। रिपोर्ट में स्पष्ट है कि अत्यधिक शराब पीने की वजह से राजा आनंद ज्योति सिंह की मौत हुई थी। उनके खाने में जहर वगैरह नहीं मिलाया गया था।
एनआरआई का पर्स दुर्गाकुंड मंदिर से चोरी
दुर्गाकुंड मंदिर से एनआरआई का पर्स चोरी हो गया। घटना मंदिर में लगे सीसी कैमरे में कैद हुई है। महिला ने दुर्गाकुंड पुलिस चौकी में शिकायत की है। गुजरात की रहने वाली मीता विद्या अमेरिका में रहती हैं। प्रयागराज के बाद वह काशी भ्रमण के लिए आई हैं। छावनी क्षेत्र स्थित एक होटल में वह ठहरी हैं।
रविवार को संकटमोचन मंदिर में दर्शन करने के बाद वह दुर्गाकुंड स्थित दुर्गा मंदिर पहुंची। मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए लाइन में लगने के दौरान एक महिला ने मीता का पर्स चुरा लिया। पर्स में 10 हजार रुपये, पासपोर्ट और वीजा के अलावा अन्य जरूरी कागज थे। इससे दो दिन पहले आंध्र प्रदेश की रहने वाली एक महिला के 50 हजार रुपये दुर्गा मंदिर में लाइन में लगने के दौरान चोरी हो गए थे।
गांव भरथरा में हुई चोरी
लोहता थाना क्षेत्र के भरथरा गांव में शनिवार की रात बबलू मिश्र और डब्लू मिश्र के घर चोरी हो गई। बबलू मिश्रा की पैंट की जेब में करीब दस हजार रूपये रखे थे। चोरी करके जब जाने लगे तो परिजनों की नींद खुल गई। परिजनों ने चिल्लाना शुरू किया तो चोर छत से कूदकर भाग गए। इस गांव में यह लगातार चौथी चोरी है। पुलिस को सूचना दी गई है।
ग्रामीणों की जमा पूंजी लेकर भागे फाइनेंस कंपनी के कर्ता-धर्ता
पिंडरा बाजार में एक फाइनेंस कंपनी का कार्यालय खोल कर ग्रामीणों को कम समय में पैसा दोगुना करने का झांसा दिया। 30 से ज्यादा लोगों ने निवेश कर दिया तो कंपनी का कार्यालय बंद कर कर्ता-धर्ता लापता हो गए। रविवार को फूलपुर थाने में पीड़ित महिला-पुरुषों ने फाइनेंस कंपनी के लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पिंडरा की रहने वाली राजकुमारी और संजय कुमार के साथ 30 से अधिक लोगों ने फूलपुर थाने की पुलिस को तहरीर दी। आरोप लगाया कि फाइनेंस कंपनी के मैनेजर और उसके कर्मचारियों ने कम समय में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर पैसा जमा कराया।
पैसा मिलने की अवधि पूरी हुई तो सिस्टम अपग्रेड का हवाला देकर टरकाने लगे। लगभग दो महीने पहले कंपनी के कर्मचारी अपना कार्यालय बंद कर लापता हो गए। इस संबंध में फूलपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की बात कही है।
प्राथमिक विद्यालय से हजारों का सामान उठा ले गए चोर
जंसा थाना क्षेत्र के कुरौना प्राथमिक विद्यालय का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर गैस सिलिंडर और बर्तन उठा ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई गई है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश पाठक ने जंसा थाने में तहरीर दी है।
जमीन विवाद में महिला घायल
लोहता बाजार में रविवार को सुबह नौ बजे तीन दबंगो ने जमीन संबंधी विवाद में राजकुमारी देवी को लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। राजकुमारी को सर और हाथ में चोट आई है। राजकुमारी ने बताया कि लोहता के दिलीप सिंह एवं उनका पुत्र अभिषेक सिंह और दिलीप का साला उनकी पुश्तैनी जमीन को अपना बताकर कब्जा कर रहे थे। विरोध किया तो मारपीट कर घायल कर दिया। थाने में तीनों आरोपी के खिलाफ राजकुमारी के पति पप्पू ने तहरीर दी है।
ट्रैक्टर ट्रॉली चोरी, मुकदमा दर्ज
ट्रैक्टर ट्रॉली चोरी होने के संबंध में मवैया निवासी कल्लू यादव ने सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। कल्लू ने पुलिस को बताया कि गत 21 जनवरी को उनका ट्रैक्टर ट्रॉली आशापुर से चोरी हुआ है। उन्होंने काफी खोजबीन की, लेकिन उनके ट्रैक्टर ट्रॉली का कहीं पता नहीं लगा।
दो के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई
रामनगर थाने में थानाध्यक्ष राजू सिंह की तहरीर पर गांजा तस्करी करने वाले गिरोह के सरगना और उसके साथियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। रामनगर थानाध्यक्ष ने बताया कि गैंग का लीडर बिहार के रोहतास जिले के करगहर थाने के वार्ड नंबर-9 रेहादरी का रहने वाला धर्मेंद्र शाह है। धर्मेंद्र का गुर्गा रोहतास जिले के रामपुर गच्छ गांव का उमेश सिंह है।
काम का पैसा मांगा तो दंपती की पिटाई की
महमूदपुर निवासी संतोष पटेल ने अपने काम का पैसा मांगा तो कारखाना मालिक ने उसकी और उसकी पत्नी की पिटाई की। मामले को लेकर लोहता थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
महमूदपुर के संतोष पटेल ने बताया कि वह अपने पड़ोसी बाबूदीन के यहां रेपियर मशीन चलाने का काम करता है। गत एक मार्च को रेपियर मशीन में खराबी आ जाने पर वह उसे खोल कर बना रहा था। उसी दौरान मशीन के मालिक जैनुल उससे अकारण ही गालीगलौज करते हुए कारखाने से निकाल दिया।
जैनुल से उसने अपने काम का पैसा मांगा तो वह हिसाब वाली डायरी फाड़ दिया। इसके बाद जावेद, गोरख, परवेज और आशिक के साथ मिलकर उसे पीटा। उसकी पत्नी बीचबचाव करने आई तो उसकी भी पिटाई की गई।
वासंतिकी में सितार और सरोद में बरसे सुरों के सप्तक
ज्ञान प्रवाह और काशी संगीत परिषद की ओर से सामनेघाट स्थित ज्ञान प्रवाह परिसर में वासंतिकी का आयोजन हुआ। गंगा की लहरों के समानांतर रागों का प्रवाह श्रोताओं के अंतस को छू गया। कोलकाता से आई विदुषी स्मिता नाग और देवस्मिता भट्टाचार्य ने सितार और सरोद का युगल वादन किया।
स्मिता और देवस्मिता भट्टाचार्य ने राग पटदीप के साथ शुरुआत की तो पूरे प्रांगण में सुरों की स्वरलहरियां झंकृत हो उठीं। इसके बाद दूसरी प्रस्तुति में बहार और उसके बाद राग सरस्वती में प्रस्तुति दी। समापन उन्होंने धुन से किया। संचालन सुप्रिया शाह और धन्यवाद ज्ञापन विनय जैन ने किया।
बड़े बकायेदारों का बिल सोशल मीडिया पर पड़ेगा
नगर निगम की ओर से गृहकर बड़े बकायेदारों का बिल सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म पर डालने की तैयारी की गई है। इसके तहत जोनवार बड़े बकायेदारों की लिस्ट तैयार करने की जिम्मेदारी नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने कंप्यूटर सेल को दी है। कंप्यूटर सेल ने सभी जोनल अधिकारियों से बड़े बकायेदारों का लिस्ट मांगी है। इसे सोशल मीडिया पर डाला जाएगा।
जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र के 2000 आवेदन लंबित
जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र के 2000 आवेदन लंबित हैं। इसके लिए नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सभी जोनल अधिकारियों को हिदायत दी है। उनके आदेश पर फाइलों का निस्तारण किया जा रहा है। इसमें ज्यादातर आवेदन पोर्टल बंद होने और धीमी गति से चलने के कारण समस्या आ रही है। जिसे निस्तारित करने के लिए जन्म मृत्यु कार्यालय में 13 आपरेटर रखे गए हैं। जो लगातार लंबित आवेदनों के निस्तारण करने में लगे हैं। जोनल अधिकारियों से भी प्रतिदिन निस्तारण की रिपोर्ट मांगी जा रही है।
बेनियाबाग में सफाई कर्मियों से संग सहभोज सोमवार को
बेनियाबाग में सफाई कर्मियों संग सहभोज कार्यक्रम सोमवार को रखा गया है। इसमें मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा होंगे। इसमें महाकुंभ में प्रयागराज की तर्ज पर काशी में आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करने वाले सफाई कर्मियों का सम्मान होगा और उनके साथ नगर निगम के अधिकारी सहभोज करेंगे।
तीखी धूप ने कराया गर्मी का अहसास, 32 के पार पहुंचा पारा
सुबह और रात में हवा में नमी है, लेकिन दिन में हो रही तीखी धूप ने गर्मी का अहसास करा दिया। रविवार को दोपहर में हवा नहीं चली और धूप भी अन्य दिनों की तुलना में तेज रही। इसका असर अधिकतम तापमान पर देखने को मिला और तापमान 32 के पार पहुंच गया। दिन की धूप का ही असर रहा कि रात में भी मौसम गर्म रहा।
शनिवार को अधिकतम तापमान 31.2 रहा जो रविवार को बढ़कर 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह औसत से 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इसके अलावा न्यूनतम तापमान 17.2 पहुंच गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर अब खत्म हो गया है, ऐसे में तीखी धूप होने के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। अगले सप्ताह तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की परीक्षाएं 19 मार्च से
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के सात पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 19 मार्च से शुरू होंगी। परीक्षाओं का टाइम टेबल जल्द ही जारी किया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि पत्रकारिता एवं जनसंचार के प्रथम सेमेस्टर, तृतीय सेमेस्टर, ग्रंथालय एवं सूचना विज्ञान शास्त्री के प्रथम सेमेस्टर, पुरातत्व एवं संग्रहालय स्नातकोत्तर डिप्लोमा के प्रथम सेमेस्टर, कौशल विकास के तृतीय सेमेस्टर, योग विज्ञान के द्वितीय सेमेस्टर, संस्कृत प्रमाण पत्रीय के प्रथम, द्वितीय व तृतीय खंड और परिसर व संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षाशास्त्री के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 19 मार्च से शुरू हो जाएंगी।
बजबजाती नालियों से परेशान हो रहे मणिकर्णिका घाट के लोग
महाश्मशान मणिकर्णिका घाट पर मसाननाथ मंदिर के आसपास नालियां बजबजा रही हैं। घाट का निर्माण कार्य भी अब तक पूरा नहीं हुआ है। पुराने स्वरूप के तोड़ दिया गया है। 12 साल पहले शुरू हुई मसाने की होली आगामी 11 मार्च को होगी। इसमें हजारों लोगों की भीड़ होती है और इस समय यहां पैदल चलना भी मुश्किल है। दाह संस्कार के लिए आने वाले लोगों को अलावा आसपास के लोग भी परेशान हैं।
पहले घाट पर एक साथ 18 चिताएं नीचे और लगभग उतनी ही ऊपर जलती थी। जितेश ने बताया कि इस वक्त तो एक प्लेटफाॅर्म नीचे और एक ऊपर मौजूद है। यहां एक बार में 10 से 11 शवों के ही अंतिम संस्कार हो पा रहे हैं। आयोजन समिति से जुड़े गुलशन कपूर का कहना है कि हमने समिति के साथ बैठक की है।
कार्यदायी एजेंसी और नगर निगम से भी बात की है। बता दें कि मणिकर्णिका घाट पर 19.88 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक शवदाह स्थल का निर्माण होना है। भू-तल का कुल क्षेत्रफल 29.350 वर्ग फीट होगा। दाह संस्कार का क्षेत्रफल 12,250 वर्गफीट होगा। रत्नेश्वर महादेव समेत तीन मंदिरों का कायाकल्प भी होगा। यहां तीन तल बनेंगे, प्रथम तल कुल क्षेत्रफल 20,200 वर्गफीट का होगा। निर्माण के बाद 32 शवों का दाह संस्कार एक साथ होगा। ये खुले में जलते नहीं दिखेंगे।
मुक्ति का मार्ग गुरु भक्ति से होता है सुगम
कथावाचक पं. रवींद्र पाठक ने कहा कि मुक्ति का मार्ग गुरु भक्ति से आसान हो जाता है। जो मुक्ति का अनुभव करते हैं, वो उसे शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकते हैं। मुक्ति की अवस्था अनुमान से नहीं अनुभव से होती है। गोस्वामी तुलसीदास ने रामचरित मानस में कहा कि बिनु बिस्वास भगति नहिं, तेहि बिनु द्रवहिं न रामु।
राम कृपा बिनु सपनेहुं, जीव न लह बिश्राम...। यानी भगवान पर श्रद्धा-विश्वास हुए बिना उनकी भक्ति नहीं होती, भक्ति के बिना श्रीराम पिघलते नहीं और श्रीराम की कृपा बिना जीव स्वप्न में विश्राम (शांति) नहीं पाता है।
वह रविवार को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में चैतन्य गोशाला ट्रस्ट,चिंचवड़ पुणे की ओर से आयोजित श्रीराम कथा मानस मुक्ति के दूसरे दिन कथा सुना रहे थे। पं. रवींद्र पाठक ने कथा के दौरान ऋषि याज्ञवल्क्य- भारद्वाज मुनि तथा प्रयाग महात्म्य का विस्तार पूर्वक उल्लेख किया। उन्होंने अगस्त्य ऋषि, महादेव एवं माता सती की कथा का सुंदर वर्णन किया।
पुस्तक का हुआ लोकार्पण : सायंकालीन सत्र में कथा आरंभ होने से पूर्व पं. जगन्नाथ शास्त्री मठ द्वारा लिखित व अनुवादित दत्त पुराण, शार्ङ्गधर पद्धति, सुभाषित रत्न भांडागार, कामंदकीय नीतिसार, वेदांगशिक्षा का अध्ययन तथा संकलन, बत्तीस पुत्तलिका सिंहासन का लोकार्पण हुआ।
इंटैक के वार्षिक मिलन समारोह में मिली विरासत की जानकारी
इंटैक का वार्षिक मिलन समारोह रविवार को रथयात्रा स्थित भक्ति भवन परिसर में संगीतमय वातावरण में आयोजित किया गया। हर साल की तरह इंटैक वाराणसी के सदस्यों ने पूरे परिवार के साथ इस समारोह में हिस्सा लिया। इंटैक वाराणसी चैप्टर के कन्वीनर अशोक कपूर ने इंटैक की ओर से होने वाले कार्यक्रम जैसे हेरिटेज वॉक, विरासत दर्शन व्याख्यान के बारे में पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी।
टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिलेश कुमार ने इंटैक और पर्यटन क्षेत्र की संयुक्त गतिविधियों की जानकारी दी। उपशास्त्रीय गायक मोहित साहनी ने बनारस की ठुमरी, ब्रज और काशी की होली की प्रस्तुति दी। इको-कन्वीनर अनिल केशरी व अदिति गुलाटी ने उप शास्त्रीय गायक मोहित साहनी तथा सहयोगी कलाकारों का स्वागत किया। धन्यवाद ज्ञापन अनुराग चंद्रा ने दिया।
एनएसएस के सात दिवसीय शिविर का शुभारंभ
डीएवीपीजी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का रविवार को शुभारंभ हुआ। रविदास घाट पर शिविर के दौरान स्वयंसेवकों की ओर से स्वच्छता, स्वास्थ्य, साक्षरता के प्रति जागरूकता कार्यक्रम होंगे। आर्य महिला पीजी काॅलेज की प्रो. पुष्पा त्रिपाठी ने कहा कि निस्वार्थ सेवा ही राष्ट्रीय सेवा योजना का मुख्य उद्देश्य है। शिविर में मिलने वाली जानकारी व्यवहारिक जीवन में भी उपयोगी होती है।
कार्यक्रम में डॉ. रविंद्र सिंह ने शिविर को छात्रों के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में दीपक कुमार ने वित्तीय जागरूकता के बारे में बताया। इससे पहले कार्यक्रम का प्रारंभ राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्य गीत एवं ताल से हुआ। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजेश कुमार झा, डॉ. रंगनाथ मिश्र, डॉ. दीपक कुमार शर्मा, डॉ. मनीषा सिंह मौजूद रहे।
विश्वंभर और प्रणव ने हासिल की अंतरराष्ट्रीय फिडे रेटिंग
जिले के शतरंज खिलाड़ी विश्वंभर दयाल और प्रणव रूंगटा ने अंतरराष्ट्रीय फिडे रेटिंग हासिल कर ली है। सब जूनियर वर्ग के शतरंज खिलाड़ी ने यह सफलता 31 जनवरी से 5 फरवरी तक दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फिडे रेटिंग क्लासिकल प्रतियोगिता में हासिल की।
कोच विनित राज ने बताया कि 9 चक्रों में खेली गई बाजी में 5 फिडे रेटेड खिलाड़ियों को हराकर फिडे रेटिंग हासिल की है। फिडे द्वारा मार्च की अंतरराष्ट्रीय शतरंज रेटिंग लिस्ट जारी कर दी गई है। इसमें वाराणसी के विश्वंभर दयाल ने 1590 और प्रणव रूंगटा ने 1483 रेटिंग अंक प्राप्त किया है।
पुरातन छात्र समिति ने किया एक लाख 11 हजार का सहयोग
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में रविवार को पुरातन छात्र समिति की बैठक हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के विकास एवं नैक में विश्वविद्यालय को उच्च ग्रेड दिलाने पर विचार विमर्श हुआ। समिति के अध्यक्ष प्रो. युगल किशोर मिश्र ने समिति के कोष में एक लाख रुपये तथा प्रो. सदानंद शुक्ल ने 11 हजार रुपये प्रदान किए।
समिति अध्यक्ष प्रो. युगल किशोर मिश्र ने कहा कि विश्वविद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए जो भी कार्य होंगे पुरातन छात्र समिति इसके लिए विश्वविद्यालय के पुरातन छात्रों से धन एकत्र कर संसाधन जुटाने में पूरा सहयोग करेगी। विश्वविद्यालय को नैक द्वारा उच्च ग्रेड दिलाने के लिए भी विश्वविद्यालय को अपने शैक्षिक एवं प्रशासनिक अनुभवों से सहयोग करेगी।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने विचार व्यक्त किए और विश्वविद्यालय पुरातन छात्र समिति के क्रिया कलापों पर संतोष व्यक्त किया। बैठक का शुभारंभ वैदिक मंगलाचरण के साथ हुआ। बैठक में प्रो. हेतराम कछवाह, प्रो. सदानंद शुक्ल, प्रो. रामपूजन पांडेय, प्रो. उमापति उपाध्याय, प्रो. हर प्रसाद दीक्षित ने विचार व्यक्त किया।
भवानीपुर के छात्रों ने छात्रवृत्ति परीक्षा में लहराया परचम
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा के मेरिट लिस्ट में उच्च प्राथमिक विद्यालय भवानीपुर के सात छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। इनमें सत्यम पटेल ने सर्वाधिक 117 अंक प्राप्त किए और 13वां रैंक हासिल किया। इनके अलावा आदर्श पटेल, अंजलि पटेल, रानी पटेल, सुनेहा, सत्यम कनौजिया ने भी परीक्षा पास की। विद्यालय की प्रधानाचार्य मालती देवी और शिक्षक राम आलम, रवि भूषण, चंद्रिका, विजय बहादुर, अर्चना त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं को बधाई दी।
बालिकाओं को मिलेगा आठ मार्च से प्रवेश
पीएम श्री क्वींस इंटर काॅलेज में आठ मार्च से लड़कियों को भी प्रवेश दिया जाएगा। कक्षा छह से 11वीं में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा होगी। सबसे अधिक अंक लाने वाली छात्रा का पूरे सत्र फीस माफ होगी। इसके अलावा जो भी छात्रा बोर्ड परीक्षा में टाॅप करेगी उसको नकद पुरस्कार विद्यालय के प्रधानाचार्य देकर सम्मानित भी करेंगे।
किसी राजकीय विद्यालय में पहली बार इस तरह का प्रयोग किया जा रहा है। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अभी तक विद्यालय में सिर्फ बालक ही प्रवेश लेते रहे हैं। पहली बार ये प्रयोग किया जा रहा है।
ई धरा आसमान दे देईं, तू कहा त परान दे देईं
श्री खोजवां आदर्श पुस्तकालय में हर महीने के पहले रविवार को होने वाली काव्य गोष्ठी आदर्श काव्य सरिता फागुनी रस में पगी रचनाओं के साथ हुई। फागुन, वसंत के साथ ही हास्य रस की कविताओं का श्रोताओं ने लुत्फ उठाया। पहली प्रस्तुति कवि परमहंस तिवारी की रही। उन्होंने सुनाया - परम के ई धरा आसमान दे देईं, तू कहा त परान दे देईं...।
डॉ. वत्सला श्रीवास्तव ने सुनाया, अजनबी होके अपनों से दूर हो गए हम, जज्बे जज्बे को दिल में रखने को मजबूर हो गए हम...। कंचन लता चतुर्वेदी ने फागुनी दोहे में वसंत का वर्णन किया। पढ़ा- घर आंगन सुंदर लगे, आया देख वसंत, मधुर तान दे कोकिला खुशियां मिले अनंत...।
बीना त्रिपाठी ने सुनाया, स्वाभाविकता बयां करती है स्त्रियां, लफ्जों से सुखद अहसास जगाती हैं स्त्रियां....। दिनेश दत्त पाठक ने फागुन मूड बना गया साली दिखी शराब, नैनन प्याला चख लिया, झूठा हुआ शबाब... सुनाया तो पूरा हाल तालियों और हंसी के ठहाकों से गूंज उठा।
कवि प्रसन्न मदन चतुर्वेदी ने सरसों के फूलों पर तितली का मंडराना, बसंती मौसम का हर दिल पर छा जाना... सुनाया। कवि विकास विदिप्त ने सुनाया आपने जब छुआ तो हमें यूं लगा, शुद्ध संपूर्ण तन और मन हो गया...। गोष्ठी के मुख्य अतिथि महेंद्र अलंकार ने इस बसंत में अमृत छलकेगा, महाकुंभ से अमृत छलकेगा सुनाया।
सिद्धनाथ शर्मा सिद्ध ने सुनाया। कवि गिरीश पांडेय, कवि गणेश गंभीर और कवि जयशंकर सिंह ने अपनी रचनाएं सुनाईं। संचालन नागेश शांडिल्य ने किया। अध्यक्षता विजय मिश्र बुद्धिहीन ने की। धन्यवाद ज्ञापन परमहंस तिवारी परम ने किया। इस अवसर पर राकेश अग्रहरी, बृजेंद्र अग्रहरि तथा सरोज कुमार जायसवाल उपस्थित रहे।
डॉ. नरेंद्र पटेल बने क्षेत्रीय अध्यक्ष
अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल डॉ. नरेंद्र पटेल को ( वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर) का क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया। वह पहले तीन बार जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष बनने पर प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मंच धीरेंद्र सिंह सोनू, डा महेंद्र सिंह पटेल, डा उमेश पटेल ने बधाई दीं।
ठेला-पटरी व्यवसायियों की मांग, न हटवाएं ठेला
कछवा के ठटरा गांव के अंडरपास के पास में ठेला-पटरी व्यवसायियों को महाकुंभ के दौरान पुलिस ने हटवा दिया था। इसके बाद से वह लोग दोबारा दुकान नहीं सके। रविवार को सभी ने भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल से मुलाकात की। कहा कि होली आ रही है और उनका परिवार यहीं की कमाई से चलता है। ऐसे में उन्हें दोबारा लगाने की अनुमति दी जाएगी। इस दौरान अर्जुन गुप्ता, उपाध्यक्ष संदीप मोदनवाल समेत अन्य मौजूद रहे।
18 को सदन की बैठक में चर्चा के बाद लागू होगी घाट उपविधि
आगामी 18 मार्च को होने वाली सदन की बैठक में नगर निगम घाट उपविधि पर चर्चा की जाएगी। सभी की सहमति से घाट उपविधि को लागू करने की तैयारी नगर निगम ने की है। इस उपविधि में 2013 के बाद गंगा घाटों पर होने वाले दैनिक कार्यक्रमों को अनुमति दी जाएगी। 2013 के बाद शुरू होने वाले कार्यक्रम को बाहर किया जाएगा।
उपविधि लागू होने के तीन महीने के भीतर घाट पर कार्यक्रम करने के लिए आवेदन करके वालों की अनुमति लेनी पड़ेगी। किसी भी संस्था को कार्यक्रम कराने की अनुमति एक साल के लिए दी जाएगी, फिर नए सिरे से औपचारिकता पूरी कराई जाएगी। घाटों पर गंदगी करने और नुकसान पहुंचाने पर जुर्माने का प्रावधान किया जा रहा है। जिम्मेदारों पर 200 से 5000 रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है। नियमावली के जरिये घाटों पर होने वाली मनमानी रोकी जाएगी।
अब धार्मिक आयोजनों को छोड़कर बाकी किसी भी प्रकार के आयोजन के लिए न केवल निगम से अनुमति लेनी होगी बल्कि शुल्क भी जमा करना होगा। यह व्यवस्था गंगा के सभी 84 घाटों पर लागू होगी। नगर निगम प्रशासन ने गंगा घाटों के लिए अलग से उपविधि बनाई है। इस दायरे में गंगा घाट पर आरती कराने वाली संस्थाओं को भी दायरे में लाया जाएगा। इसके लिए मेयर अशोक कुमार तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है।
राष्ट्र के गौरव की आधारशिला हैं महिलाएं : कुलपति
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति का गौरव बढ़ाने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारे देश की महिलाएं न केवल परिवार और समाज में महत्वपूर्ण योगदान करती हैं, बल्कि वे राष्ट्र के गौरव में भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। माता अहिल्याबाई होल्कर ने अपने जीवनकाल में समाज सेवा के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए।
वह रविवार को पाणिनी भवन सभागार में महारानी अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशती जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमार ने कहा कि माता अहिल्याबाई होल्कर ने सांस्कृतिक विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए। आर्य महिला पीजी कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रचना दूबे ने कहा कि माता अहिल्याबाई ने महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
सारस्वत अतिथि बीएसए डॉ. अरविंद पाठक और संस्कृत विद्या विभाग के आचार्य रविशंकर पांडेय ने विचार रखे। इस अवसरपर अहिल्याबाई होल्कर स्मृति सम्मान के लिए चयनित वाराणसी के विभिन्न शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रो. शैलेश कुमार मिश्र, प्रो. हीरक कांति चक्रवर्ती, प्रो. रमेश प्रसाद, प्रो. महेंद्र पांडेय, डॉ. सुरेश उपाध्याय उपस्थित थे।
क्यूआर कोड का सत्यापन करेंगे मेयर
नगर निगम की ओर से शहर के सभी घरों पर क्यूआर कोड लगाया गया है। इसका सत्यापन मेयर अशोक कुमार तिवारी सोमवार से करेंगे। 18 मार्च तक 76 मोहल्लों में मेयर व उनकी टीम निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट देगी। इसी आधार पर कूड़ा उठान का भुगतान किया जाएगा।
पहले दिन सिगरा, पांडेयपुर, सिकरौल, कोनिया और कालभैरव वार्ड से सत्यापन कार्य शुरू किया जाएगा। सत्यापन के लिए संबंधित जोनल अधिकारी, सफाई निरीक्षक, कर अधीक्षक, राजस्व निरीक्षक, मोहर्रिर, नायब मोहर्रिर होंगे।
कपड़ा मंत्री से मिले बुनकर, सौंपा पत्रक
हिंदू बुनकर कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने बिजली समेत अन्य मामलों को लेकर कपड़ा मंत्री राकेश सचान से शनिवार की शाम सर्किट हाउस में मुलाकात की। इस दौरान उन्हें पत्रक सौंपा। कपड़ा मंत्री ने बुनकरों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या का समाधान कराया जाएगा। इस मौके पर हिंदू बुनकर कल्याण समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल, राकेश कांत राय, अनिल मुंद्रा, ज्वाला सिंह, विनय जायसवाल मौजूद रहे।
विनायकी श्रीगणेश चतुर्थी व्रत आज
वरद वैनायकी श्रीगणेश चतुर्थी व्रत सोमवार को रखा जाएगा। श्रद्धालु भगवान श्रीगणेश का पूजन-अर्चन करेंगे। 56 विनायक मंदिरों में दर्शन पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
फाल्गुन मास शुक्लपक्ष की चतुर्थी तिथि को वरद वैनायकी श्रीगणेश चतुर्थी या विनायकी श्रीगणेश चतुर्थी के नाम से जाना जाता है। ज्योतिष में श्रीगणेश जी केतु ग्रह के देवता माने गए हैं। ज्योतिषविद विमल जैन के अनुसार फाल्गुन शुक्लपक्ष की मध्याह्न व्यापिनी चतुर्थी तिथि सोमवार को पड़ रही है।
चतुर्थी तिथि रविवार को रात में 9:03 बजे लगेगी, जो सोमवार शाम 6:03 बजे तक रहेगी। इस दिन भरणी नक्षत्र रहेगी। श्रद्धालु सुबह स्नान ध्यान कर आराध्य देवी-देवता की पूजा कर व्रत का संकल्प लेंगे। इसके बाद श्रीगणेशजी की षोडशोपचार से दूर्वा एवं दूर्वा की माला, मोदक (लड्डू), मिष्ठान्न व ऋतुफल आदि अर्पित कर पूजा करेंगे।
जेसीआई काशी शिवा ने भारत विकास परिषद को 36 रन से हराया
जेसीआई काशी शिवा की ओर से रविवार सुबह जय नारायण मैदान पर क्रिकेट प्रतियोगिता खेली गई। इसमें जेसीआई की टीम के मैन ऑफ द मैच गौरव मेहरोत्रा के नाबाद 37 रन और एक विकेट की मदद से भारत विकास परिषद की टीम को 36 रन से हरा दिया।
टॉस जीतकर काशी शिवा के कप्तान श्याम जालान ने बल्लेबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में प्रभास के 47, स्पर्श मेहरोत्रा के 29 और गौरव मेहरोत्रा के नाबाद 37 रनों की बदौलत काशी शिवा की टीम ने चार विकेट खोकर 141 रन का स्कोर खड़ा किया।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी भारत विकास परिषद की पूरी टीम नौ ओवर में 105 रन पर सिमट गयी। इसमें विवेक ने 14, कप्तान आनंद ने 19, कुशाग्र ने 16 और हर्ष ने नाबाद 16 रन का योगदान किया। वहीं कुशाग्र ने 2, हरीश, आशीष और विवेक ने 1-1 विकेट लिया। जेसीआई काशी शिवा के अभिषेक जोशी और वरुण ने 2-2 और गौरव मेहरोत्रा, स्पर्श और रोहित ने 1-1 विकेट लिए।
काशी कला कस्तूरी कराएगी राष्ट्रीय ठुमरी प्रतियोगिता
सामाजिक, सांस्कृतिक संस्था काशी कला कस्तूरी की ओर से अखिल भारतीय ठुमरी गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। संस्था की अध्यक्ष डॉ. शबनम ने बताया कि तीन और चार अप्रैल को काशी में होने वाली प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण शुरू हो चुका है। पहले दो दिनों में देश के आठ राज्यों के 39 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है।
प्रतियोगिता के इस संस्करण में सौ से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे। दो वर्गों में होने वाली इस प्रतियोगिता में करीब 35 हजार रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 21 वर्ष से अधिक उम्र के लिए वरिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
दूसरे स्थान पर आने वाले को छह हजार और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले को तीन हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं कनिष्ठ वर्ग में 21 वर्ष से कम उम्र के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इनमें प्रथम पुरस्कार पांच हजार एक सौ, द्वितीय पुरस्कार तीन हजार, तृतीय पुरस्कार ढाई हजार का होगा। दोनों वर्गों में 11 सौ रुपए का सांत्वना पुरस्कार भी दिया जाएगा।
हाथ से दिव्यांग करें उपकरण को पंजीकरण
भारत विकास परिषद वरुणा सेवा संस्थान (ट्रस्ट) एवं बिड़ला अस्पताल की ओर से दो दिवसीय दिव्यांग शिविर में आठ मार्च से शुरू होगा। संस्थापक अध्यक्ष रमेश रमेश लालवानी ने बताया कि शिविर में निशुल्क हाथ (कोहिनी के नीचे कटे हाथ) से दिव्यांगों को बैटरी से संचालित हाथ दिए जाएंगे। वे मोबाइल नंबर 7398302132, 9795451111, 9554744440 पर अपना फोटो, आधार कार्ड देकर पंजीकरण करवा लें। पूर्वाचल भर के ऐसे दिव्यांग इसका लाभ ले सकते हैं।
तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण की मांग
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के वाराणसी मंडल की बैठक रविवार को प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व शिक्षक विधायक चेतनारायण सिंह के आवास पर हुई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सुधाकर सिंह ने की। बैठक में वाराणसी मंडल के तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण और वेतन भुगतान, बरेली में अप्रैल में होने वाले प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आदि पर चर्चा की गई। बैठक में जनपद जौनपुर के इंटर कॉलेज सेनापुर के प्रधानाचार्य अमरेज सिंह के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया गया। बैठक में संतसेवक सिंह, सुधाकर सिंह, सत्येन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे।
अपना दल एस के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ नरेंद्र पटेल और राजेंद्र पटेल बने जिलाध्यक्ष
अपना दल एस की मासिक समीक्षा बैठक रविवार को लखनऊ के गांधी भवन में हुई। इसमें वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली को मिलाकर बनाए गए वाराणसी परिक्षेत्र का क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ नरेंद्र पटेल को बनाया गया। इसके पूर्व वे जिलाध्यक्ष पद पर थे। अब वाराणसी के जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी चित्रसेनपुर के राजेंद्र पटेल को दी गई है। यह जिम्मेदारी पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने दी। क्षेत्रीय अध्यक्ष पद की घोषणा कैबिनेट मंत्री आशीष सिंह पटेल ने की।
श्री सर्वेश्वरी समूह आश्रम में 205 मिर्गी रोगियों को दी गई दवा
पड़ाव स्थित अघोर पीठ श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम्, अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम में निशुल्क मिर्गी रोग चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर में आश्रम के वैद्य रंजीत कुमार ने कुल 205 मिर्गी रोग से पीड़ित मरीजों को आयुर्वेदिक व फकीरी दवा दी।
रविवार को अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम के प्रमुख वैद्य बैकुंठ नाथ पांडेय ने भी मरीजों को आवश्यक सुझाव दिए। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, पंजाब, नई दिल्ली के राज्यों से रोगी पहुंचे।
शिवबरात के बाल कलाकारों का हुआ सम्मान
श्री तिलभांडेश्वर महादेव शिव बरात समिति की ओर से आयोजित महाशिवरात्रि महोत्सव के समापन पर रविवार को पांडेय हवेली के मंदिर परिसर में सम्मान समारोह हुआ। मुख्य अतिथि भाजपा नेता संजय गुप्ता और मंदिर के महंत शिवानंद गिरि ने इसमें शामिल बाल कलाकारों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।
स्वागत समिति के अध्यक्ष रामबाबू यादव और कार्यवाहक अध्यक्ष विजय प्रजापति ने किया। धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष मन्नालाल विश्वकर्मा ने किया। इस मौके पर रवि प्रकाश चक्रवाल, मंगल प्रजापति, विजय प्रजापति, रोहित, रविशंकर आदि रहे।
नेत्र परीक्षण शिविर में 375 की जांच, 90 में मोतियाबिंद के लक्षण मिले
नारायण रेकी सत्संग परिवार और राउंड टेबल सर्कल की ओर से आयोजित निशुल्क नेत्र परीक्षण और मोतियाबिंद लेंस प्रत्यारोपण शिविर में 375 लोगो की जांच की गई। इस दौरान 90 लोगों में मोतियाबिंद के लक्षण मिले। इन लोगों का निशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। इसके अलावा 280 लोगों को चश्मा देने का निर्णय लिया गया।
हिंदू सेवा सदन के सहयोग से दुर्गाकुंड स्थित अंध विद्यालय में लगे शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. अभिषेक चंद्रा ने लोगों की जांच कर जरूरी सुझाव दिए। नारायण रेकी सत्संग परिवार की वाराणसी सेंटर हेड अनीता भालोटिया ने कहा कि देश में 60, विदेश में 15 केंद्र चलाया जा रहा है। हिंदू सेवा सदन अस्पताल से अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, सचिव राजेंद्र मोहन साह, सारिका प्रकाश, अनुज पोद्दार, श्याम सुंदर प्रसाद मौजूद रहे।
101 गर्भवती महिलाओं को पोषण किट दिए
गर्भवती महिलाओं को निशुल्क पोषण किट का वितरण रविवार को पहड़िया में लगे स्वास्थ्य शिविर में हुआ। एसआर शिक्षण समिति एवं एक सोलर एनर्जी कंपनी की ओर से आयोजित शिविर में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारीलाल शर्मा, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने पोषण किट दिए। इस मौके पर विपिन पाठक, आशीष यादव आदि रहे।
छुट्टी के दिन भी खुलेंगे टैक्स कलेक्शन सेंटर
नगर निगम के टैक्स कलेक्शन सेंटर अवकाश के दिन भी खुलेंगे। यह आदेश नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने दिया है। इस साल गृहकर वसूली के लिए 94.09 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा गया था। अब तक 54.89 करोड़ की वसूली हुई है। 39.40 करोड़ की वसूली के लिए नगर निगम मुख्यालय, जोनल कार्यालय के सभी टैक्स कलेक्शन सेंटर अवकाश में भी खुलेंगे। मार्च में केवल होली के अवकाश को छोड़कर बाकी सभी अवकाश के दिन सेंटर खुलेंगे।
आज चार घंटे होगी बिजली कटौती
सड़क चौड़ीकरण और जर्जर एबीसी लाइन बदलने के लिए सोमवार को उदयपुर, दौलतपुर और कज्जाकपुरा उपकेंद्र से जुड़ इलाकों में बिजली कटौती रहेगी। बिजली विभाग के मुताबिक सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक बिजली नहीं रहेगी। इससे घनश्याम डिग्री कॉलेज के आसपास मडाव, सोयेपुर, दैत्रावीर बाबा, लालपुर मस्जिद पास और संजय नगर, जीडी नगर, भक्ति नगर में बिजली कटाैती होगी।
क्यूआर कोड का सत्यापन करेंगे मेयर
नगर निगम की ओर से शहर के सभी घरों पर क्यूआर कोड लगाया गया है। इसका सत्यापन मेयर अशोक कुमार तिवारी सोमवार से करेंगे। 18 मार्च तक 76 मोहल्लों में मेयर व उनकी टीम निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट देगी। इसी आधार पर कूड़ा उठान का भुगतान किया जाएगा।
पहले दिन सिगरा, पांडेयपुर, सिकरौल, कोनिया और कालभैरव वार्ड से सत्यापन कार्य शुरू किया जाएगा। सत्यापन के लिए संबंधित जोनल अधिकारी, सफाई निरीक्षक, कर अधीक्षक, राजस्व निरीक्षक, मोहर्रिर, नायब मोहर्रिर होंगे।
बड़े बकायेदारों का बिल सोशल मीडिया पर पड़ेगा
नगर निगम की ओर से गृहकर बड़े बकायेदारों का बिल सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म पर डालने की तैयारी की गई है। इसके तहत जोनवार बड़े बकायेदारों की लिस्ट तैयार करने की जिम्मेदारी नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने कंप्यूटर सेल को दी है। कंप्यूटर सेल ने सभी जोनल अधिकारियों से बड़े बकायेदारों का लिस्ट मांगी है। इसे सोशल मीडिया पर डाला जाएगा।
भवानीपुर के छात्रों ने छात्रवृत्ति में लहराया परचम
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा के मेरिट लिस्ट में उच्च प्राथमिक विद्यालय भवानीपुर के सात छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। इनमें सत्यम पटेल ने सर्वाधिक 117 अंक प्राप्त किए और 13वां रैंक हासिल किया। इनके अलावा आदर्श पटेल, अंजलि पटेल, रानी पटेल, सुनेहा, सत्यम कनौजिया ने भी परीक्षा पास की। विद्यालय की प्रधानाचार्य मालती देवी और शिक्षक राम आलम, रवि भूषण, चंद्रिका, विजय बहादुर, अर्चना त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं को बधाई दी।
एक लाख 11 हजार का किया सहयोग
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में रविवार को पुरातन छात्र समिति की बैठक हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के विकास एवं नैक में विश्वविद्यालय को उच्च ग्रेड दिलाने पर विचार विमर्श हुआ। समिति के अध्यक्ष प्रो. युगल किशोर मिश्र ने समिति के कोष में एक लाख रुपये तथा प्रो. सदानंद शुक्ल ने 11 हजार रुपये प्रदान किए।
समिति अध्यक्ष प्रो. युगल किशोर मिश्र ने कहा कि विश्वविद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए जो भी कार्य होंगे पुरातन छात्र समिति इसके लिए विश्वविद्यालय के पुरातन छात्रों से धन एकत्र कर संसाधन जुटाने में पूरा सहयोग करेगी।
शोध में दाखिले के लिए 15 तक जमा होगी फीस
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शोध में होने वाले दाखिले के लिए विभागवार आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय की ओर से अभ्यर्थियों से 15 मार्च तक फीस जमा करने को कहा गया है। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता के साथ पावर पाॅइंट प्रेजेंटेशन की एक काॅपी भी विभाग में देनी होगी। विश्वविद्यालय के 28 विषयों में 834 सीटों पर शोध में दाखिले कराए जाने हैं। इसके लिए बीते आठ फरवरी को प्रवेश परीक्षा परिणाम जारी किया गया था।
इंद्रप्रस्थ विवि विजयी, अहमदाबाद बना उपविजेता
बीएचयू के विधि संकाय में 12वें महामना मदन मोहन मालवीय राष्ट्रीय मूट कोर्ट का आयोजन हुआ। इसमें बीएचयू समेत देशभर की 20 टीमों ने हिस्सा लिया। नई दिल्ली के गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय की टीम विजेता बनी। वहीं निरमा विश्वविद्यालय अहमदाबाद की टीम उपविजेता रही।
इनके अलावा 4 श्रेष्ठ पुरस्कार और समस्त प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। देश में विधिक शिक्षा के मामले में राष्ट्रीय मूट कोर्ट सबसे बड़ा प्रतियोगी आयोजन माना जाता है। यहां देशभर के प्रतिभाशाली विधि छात्र अपने ज्ञान और विधिक कौशल का प्रदर्शन करते हैं।
संस्कृत विवि की परीक्षाएं 19 मार्च से
संस्कृत विवि के सात पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 19 मार्च से शुरू होंगी। परीक्षाओं का टाइम टेबल जल्द ही जारी किया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि पत्रकारिता एवं जनसंचार के प्रथम सेमेस्टर, तृतीय सेमेस्टर, ग्रंथालय एवं सूचना विज्ञान शास्त्री के प्रथम सेमेस्टर, पुरातत्व एवं संग्रहालय स्नातकोत्तर डिप्लोमा के प्रथम सेमेस्टर, कौशल विकास के तृतीय सेमेस्टर, योग विज्ञान के द्वितीय सेमेस्टर, संस्कृत प्रमाण पत्रीय के प्रथम, द्वितीय व तृतीय खंड की परीक्षाएं 19 मार्च से शुरू होंगी।
आईएमएस बीएचयू के आयुर्वेद संकाय को मिलेंगे 13 सीनियर रेजिडेंट
आईएमएस बीएचयू के आयुर्वेद संकाय को 13 सीनियर रेजिडेंट मिलेंगे। इसके लिए अभ्यर्थी 31 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। आईएमएस बीएचयू के मेडिसिन फैकल्टी, ट्रॉमा सेंटर, अस्पताल, डेंटल फैकल्टी के साथ ही आयुर्वेद फैकल्टी को मिला कर 179 पदों पर सीनियर रेजिडेंट की तैनाती होनी है। सबसे अधिक मेडिसिन फेकेल्टी में 87, ट्रॉमा सेंटर 66, सरसुंदर लाल अस्पताल 10, डेंटल फैकल्टी 3 और आयुर्वेद संकाय में 13 पद हैं।
सभी संकायों के लिए एक मार्च तक आवेदन की तिथि तय की गई थी, लेकिन आयुर्वेद संकाय में पर्याप्त आवेदन नहीं आए। इसलिए आवेदन की तिथि बढ़ा कर 31 मार्च कर दी गई। आवेदन पत्रों का सत्यापन आईएमएस बीएचयू के न्यू लेक्चर थियेटर कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा। साक्षात्कार आईएमएस बीएचयू के निदेशक कार्यालय में होगा।
स्नातक प्रवेश में 22 मार्च तक मौका
एनटीए के द्वारा केंद्रीय विश्वविद्यालयों में यूजी एडमिशन में ऑनलाइन आवेदन का लिंक जारी कर दिया गया है। आवेदन 1 मार्च से शुरू होकर 22 मार्च तक होगा। प्रवेश परीक्षा 8 मई से एक जून तक होगी। रिजल्ट जुलाई से पहले ही जारी करने की तैयारी की जा रही है। वहीं अब यूपी-बिहार और देश भर के अभ्यर्थियों को बीएचयू के कोर्स लिस्ट का इंतजार है।
अगले 3 दिन में बीएचयू भी कोर्स की डिटेल और यूजी बुलेटिन पोर्टल पर अपलोड कर सकता है। एनटीए के रिजल्ट घोषित करने के बाद बीएचयू काउंसिलिंग का शेड्यूल तय करेगा। फिलहाल बीएचयू में 250 कोर्स की 8000 सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया होगी। हर साल खाली रह जाने वाली सीटों के चलते बीएचयू में 8 से ज्यादा कोर्स पर प्रवेश की प्रक्रिया नहीं हो पाएगी।
मैलाथियान टेक्निकल केमिकल से होगी फाॅगिंग
मच्छरों से बचाव के लिए इस बार मैलाथियान टेक्निकल केमिकल से फाॅगिंग शुरू कराई गई है। पहले किंग फॉक्स केमिकल से फाॅगिंग कराई जाती थी। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. शरत चंद्र पांडेय ने बताया कि मच्छरों के रोकथाम के लिए फाॅगिंग मशीन में डाली जाने वाला केमिकल असरहीन हो गया था। अब मैलाथियान टेक्निकल केमिकल से फाॅगिंग कराई जा रही है।
नगर आयुक्त ने बताया कुछ इलाकों में इस बार ड्रोन के माध्यम से छिड़काव कराने की योजना है। इससे कम समय से अधिक स्थानों पर छिड़काव किया जा सकेगा। इसके लिए बनाए गए रोस्टर स्वास्थ्य विभाग को दिए गए हैं। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. सुरेंद्र चौधरी की देखरेख में फाॅगिंग कराई जाएगी। सभी वार्डों में मशीनें उपलब्ध कराई गई है। नौ बड़ी मशीनों से भी फागिंग कराई जाएगी।
कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों को दिलाई शपथ
उत्तर प्रदेशीय चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ की ओर से रविवार को पीलीकोठी स्थित एसएस काॅन्वेंट स्कूल में पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। बद्री प्रसाद को अध्यक्ष, रेशम लाल को कार्यवाहक अध्यक्ष, विजय कुमार दुबे व शेर बहादुर सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सुरजीत आर्य, अवधेश कुमार गुप्ता, राजेश्वर कुमार गौतम, राजीवकांत दुबे को उपाध्यक्ष चुना गया।
विनोद कुमार त्रिपाठी को जिलामंत्री, माया देवी, जितेंद्रराम रावत को उपमंत्री, प्रदीप कुमार बाबा, नफीस अहमद, गायत्री पाल को संयुक्त मंत्री, मनोज कुमार को कोषाध्यक्ष, रामविलास यादव, रेखा देवी, निशा देवी, जमीला खातून को संगठन मंत्री, दीनदयाल यादव को प्रचार एवं संगठन मंत्री, सौरभचंद्र गिरी को ऑडिटर चुना गया। मुख्य अतिथि प्रांतीय अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने सभी को शपथ दिलाई।
चुनाव अधिकारी मुन्नूलाल रावत की देखरेख में हुआ। विशिष्ट अतिथि महामंत्री जीके शर्मा रहे। प्रांतीय उपाध्यक्ष विजय कुमार यादव, बद्री प्रसाद, विनोद कुमार मौजूद रहे।
तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण की मांग
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के वाराणसी मंडल की बैठक रविवार को प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व शिक्षक विधायक चेतनारायण सिंह के आवास पर हुई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सुधाकर सिंह ने की। बैठक में वाराणसी मंडल के तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण और वेतन भुगतान, बरेली में अप्रैल में होने वाले प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आदि पर चर्चा की गई। जनपद जौनपुर के इंटर कॉलेज सेनापुर के प्रधानाचार्य अमरेज सिंह के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया गया। बैठक में संतसेवक सिंह, सुधाकर सिंह, सत्येन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे।
101 गर्भवती महिलाओं को पोषण किट दिए
गर्भवती महिलाओं को निशुल्क पोषण किट का वितरण रविवार को पहड़िया में लगे स्वास्थ्य शिविर में हुआ। एसआर शिक्षण समिति एवं एक सोलर एनर्जी कंपनी की ओर से आयोजित शिविर में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारीलाल शर्मा, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने पोषण किट दिए। इस मौके पर विपिन पाठक, आशीष यादव आदि रहे।
एनएसएस के सात दिवसीय शिविर का शुभारंभ
डीएवीपीजी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का रविवार को शुभारंभ हुआ। रविदास घाट पर शिविर के दौरान स्वयंसेवकों की ओर से स्वच्छता, स्वास्थ्य, साक्षरता के प्रति जागरूकता कार्यक्रम होंगे। आर्य महिला पीजी काॅलेज की प्रो. पुष्पा त्रिपाठी ने कहा कि निस्वार्थ सेवा ही राष्ट्रीय सेवा योजना का मुख्य उद्देश्य है। शिविर में मिलने वाली जानकारी व्यवहारिक जीवन में भी उपयोगी होती है।
कार्यक्रम में डॉ. रविंद्र सिंह ने शिविर को छात्रों के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में दीपक कुमार ने वित्तीय जागरूकता के बारे में बताया। इससे पहले कार्यक्रम का प्रारंभ राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्य गीत एवं ताल से हुआ। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजेश कुमार झा, डॉ. रंगनाथ मिश्र, डॉ. दीपक कुमार शर्मा, डॉ. मनीषा सिंह मौजूद रहे।
205 मिर्गी रोगियों को दी गई दवा
पड़ाव स्थित अघोर पीठ श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम्, अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम में निशुल्क मिर्गी रोग चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर में आश्रम के वैद्य रंजीत कुमार ने कुल 205 मिर्गी रोग से पीड़ित मरीजों को आयुर्वेदिक व फकीरी दवा दी। रविवार को अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम के प्रमुख वैद्य बैकुंठ नाथ पांडेय ने भी मरीजों को आवश्यक सुझाव दिए। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, पंजाब, नई दिल्ली के राज्यों से रोगी पहुंचे।
ठेला-पटरी न हटवाने की मांग
कछवा के ठटरा गांव के अंडरपास के पास में ठेला-पटरी व्यवसायियों को महाकुंभ के दौरान पुलिस ने हटवा दिया था। इसके बाद से वह लोग दोबारा दुकान नहीं सके। रविवार को सभी ने भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल से मुलाकात की। कहा कि होली आ रही है और उनका परिवार यहीं की कमाई से चलता है। ऐसे में उन्हें दोबारा लगाने की अनुमति दी जाएगी। इस दौरान अर्जुन गुप्ता, उपाध्यक्ष संदीप मोदनवाल समेत अन्य मौजूद रहे।
गूंजीं प्रेमचंद की अमर रचनाएं
जब भी हिंदी साहित्य में कहानी की बात होती है, तो मुंशी प्रेमचंद का नाम सम्मान के साथ लिया जाता है। उन्होंने अपने जीवन के अनुभवों को, अपनी आंखों से देखे यथार्थ को अपनी कहानियों में जीवंत कर दिया।
यह बातें डॉ. राम सुधार सिंह ने लमही स्थित प्रेमचंद स्मारक स्थल पर आयोजित सुनो मैं प्रेमचंद कहानी पाठ के 1476वें दिन कहीं। प्रेमचंद मार्गदर्शन केंद्र ट्रस्ट लमही की ओर से आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार बुद्ध देव तिवारी ने प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानी डिक्री के रुपये का पाठ किया। इस दाैरान ट्रस्ट के संरक्षक प्रो. श्रद्धानंद, डॉ. राम सुधार सिंह और निदेशक राजीव गोंड ने बुद्ध देव तिवारी का सम्मान किया।
लखनऊ की उड़ानें वाराणसी में शिफ्ट करने की तैयारी
अमौसी एयरपोर्ट लखनऊ के रनवे मरम्मत और सामांतर टैक्सी वे निर्माण कार्य के चलते उड़ानें प्रभावित हैं। ऐसे में लखनऊ एयरपोर्ट की कुछ उड़ानें वाराणसी एयरपोर्ट से संचालित किए जाने की तैयारी है। हैदराबाद, मुंबई, बंगलूरू, दिल्ली की उड़ानें बाबतपुर एयरपोर्ट पर शिफ्ट की जा सकती हैं।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों ने बताया कि दिन की कुछ उड़ानें शिफ्ट की जा सकती हैं। आजमगढ़ एयरपोर्ट से भी कुछ विमान उड़ान भर सकते हैं।
लखनऊ एयरपोर्ट पर एक मार्च से जुलाई तक सुबह 10 से शाम 6 बजे तक एयरपोर्ट बंद रहेगा। अल सुबह और देर शाम की कुछ उड़ानें हैं।
कुछ विमानों को रद्द कर दिया गया, लेकिन होली से पहले अधिकतर उड़ानों को वाराणसी और लखनऊ के आसपास एयरपोर्ट से संचालित किए जाने की तैयारी है। वाराणसी एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि एएआई की ओर से अभी कोई ठोस दिशा निर्देश नहीं मिले हैं। हालांकि अपने यहां तैयारी पूरी है।