Varanasi : विधान परिषद में उठा वेतन न मिलने का मुद्दा, लालच देकर 20 लाख की ठगी; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में वेतन न मिलने का मुद्दा सपा एमएलसी ने विधान परिषद में उठाया। बजट भी जारी करने की मांग की। वहीं, एक व्यक्ति को अंडे के व्यवसाय में 50 प्रतिशत ज्यादा पैसा वापस देने का प्रलोभन देकर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शिक्षकों, कर्मचारियों को वेतन न मिलने का मुद्दा विधान परिषद में उठाया गया है। सपा एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने इस पर सरकार से बजट जारी करने की मांग की है।
विधान परिषद में आशुतोष सिन्हा ने बताया कि सरकार की ओर से संस्कृत विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। लोगों को पांच माह से वेतन नहीं मिल पा रहा है। कहा कि विश्वविद्यालय पूरी तरह से शासन के अनुदान पर निर्भर है। शासन से मिलने वाले 30.76 करोड़ अनुदान के सापेक्ष इस वित्तीय वर्ष में भी केवल 19.87 करोड़ ही मिल पाए हैं। ऐसे में परीक्षा, निर्माण कार्यों में वेतन मद की धनराशि को व्यय करना पड़ा है।
सीएम से की तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण की मांग
रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास के संबंध में चर्चा की। विधायक ने वर्ष 2000 के पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण की मांग की। मुख्यमंत्री से विधानसभा क्षेत्र में महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज, मोहनसराय चौराहे पर ग्रेड सेपरेटर ब्रिज, चितईपुर (भिखारीपुर) से एनएच 2 अखरी तक सीवर लाइन के बारे में बातचीत की।
विधायक ने मुख्यमंत्री से कहा कि प्रदेश में ऐसे शिक्षक लंबे अरसे से अपनी सेवाएं अर्पित कर रहे हैं। अनुकंपा के आधार पर इन शिक्षकों को नियमित कर दिया जाए। विधायक के अनुसार मुख्यमंत्री ने उनके निवेदन को सुनने के बाद प्रकरण पर फिर से विचार करने का आश्वासन दिया। इस दौरान विधायक के साथ प्रतिनिधि मंडल में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ माध्यमिक के वाराणसी मंडल अध्यक्ष प्रणय सिंह, छात्र नेता समीर मिश्रा शामिल रहे।
अवैध ईंट-भट्ठों का संचालन करने वालों पर करें कार्रवाई
डीएम एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई। डीएम ने कहा कि अवैध ईंट भट्ठों के संचालन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें।
क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को बंदी आदेश के बावजूद भी संचालन करने वाले ईंट भट्टों पर आरसी जारी कराते हुए पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। औद्योगिक आस्थान, चांदपुर में अतिक्रमण की समस्या दूर कराएं।
बैठक में दी स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने ईएसआईसी डिस्पेंसरी को इंडस्ट्रियल स्टेट में स्थानांतरित करने की मांग रखी। उद्यमियों ने कहा कि वर्तमान में जो डिस्पेंसरी महमूरगंज में चल रही है, उसमें लाइट और पंखा नहीं है। बिजली कटी हुई है। नीरज पारिख ने इंडस्ट्रियल स्टेट में अतिक्रमण के मुद्दे को उठाया। आईआईए के राष्ट्रीय सचिव राजेश भाटिया ने बिजली निगम की तमाम समस्याओं को उठाया। बैठक में अनुपम देवा, मनीष कटारिया, पीयूष अग्रवाल आदि रहे।
स्वर्वेद महामंदिर धाम से गिरफ्तार 4 महिलाएं गईं जेल
चौबेपुर के उमरहां स्थित स्वर्वेद महामंदिर धाम से चोरी के आरोप में गिरफ्तार चार महिलाओं को मंगलवार को पुलिस ने अदालत में पेश किया। अदालत ने चारों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। चारों महिलाओं की पहचान मध्य प्रदेश के भोपाल की सोनम, सुमन देवी, अमिका और सुनीता के रूप में हुई है।
केवाईसी अपडेट करने के नाम पर 1.53 लाख उड़ाए
मोती झील, महमूरगंज की रहने वाली आस्था चतुर्वेदी की शिकायत पर बैंक अकाउंट से पैसा निकालने के आरोप में भेलूपुर थाने में केस दर्ज किया गया है। उनका आरोप है कि बीते 24 फरवरी को उनके मोबाइल पर एक नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताते हुए केवाईसी अपडेट करने के बारे में कहा। उसी दौरान उनके खाते से 1,53,000 रुपये आईसीसी बैंक के अकाउंट में ट्रांसफर कर लिया गया।
व्यापारी पर हमला, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
चौक थाना क्षेत्र के राजा दरवाजा में व्यापारी अवधेश जायसवाल की संपत्ति पर कब्जा के लिए मनबढ़ों ने हैमर हमला किया। सूरज को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अवधेश ने मुकदमा दर्ज कराने के लिए चौक थाने में तहरीर दी। हिंदू युवा वाहिनी से अजय सिंह, मयंक जैन, महानगर उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष प्रेम मिश्रा, अशोक जायसवाल आदि चौक थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। थाना प्रभारी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
व्यवसाय का प्रलोभन देकर 20 लाख की ठगी
सारनाथ थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति को अंडे के व्यवसाय में 50 प्रतिशत ज्यादा पैसा वापस देने का प्रलोभन देकर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। मामले को लेकर सारनाथ थाने में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
अशोक नगर काॅलोनी, तपोवन आश्रम के रहने वाले नंद किशोर सिंह के मकान पर हुकुलगंज का रहने वाला संदीप गुप्ता अंडे का व्यवसाय करता है। नंद किशोर सिंह ने बताया कि संदीप ने उनसे अंडे के व्यवसाय के लिए 20 लाख रुपये उधार मांगा। कहा कि लाभ का 50 प्रतिशत भी देंगे। हुकुलगंज के संदीप, उसकी पत्नी पूजा, साले विकास, सास चंपा देवी और राघवेंद्र नगर, वी वेंकट रेड्डी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
किशोर ने लगाया फंदा
बड़ागांव थाना क्षेत्र के चकखरावन गांव में 15 वर्षीय एक किशोर की फंदे से लटकती लाश देखकर गांव में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान आर्यन पटेल पुत्र अरविंद के रूप में हुई। वह अपनी मौसी के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंच गई।
छह नामजद और आठ अज्ञात पर मुकदमा
नई बस्ती, पांडेयपुर निवासी नरेंद्र कुमार राय ने शिवपुर थाने में छह नामजद और आठ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। नरेंद्र कुमार राय ने पुलिस को बताया कि वह फॉरेस्ट विभाग से सेवानिवृत्ति हैं। गत तीन मार्च की शाम वह अपने मित्र की बोलेरो से अपने बेटे आनंद राय और अपनी पत्नी के साथ गिलट बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में गए थे।
अस्पताल से 50 मीटर दूर उन्होंने बोलेरो को खड़ा कराया। उसी दौरान गिलट बाजार निवासी पीयूष सोनकर, जय सोनकर, आजाद सोनकर, अमित सोनकर, किशन सोनकर, ऋषभ सोनकर और आठ अज्ञात लोग हॉकी-डंडे से लैस होकर उनके बेटे आनंद राय पर टूट पड़े।
गंगा किनारे 200 मीटर दायरे में स्वीकृत फाइलों का रिकॉर्ड रखें
वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्र ने मंगलवार को वीडीए में नियोजन विभाग की समीक्षा की। इस दौरान कार्यों की प्रगति पर जोर दिया गया। गंगा किनारे 200 मीटर के दायरे में स्वीकृत सभी फाइलों का व्यवस्थित रूप से रिकॉर्ड रखा जाए। धारा 80 से संबंधित फाइलों और पेट्रोल पंप से संबंधित आवेदन आवंटन की अलग-अलग रजिस्टर में प्रविष्टि करने का भी निर्देश दिए।
शास्त्री नगर कॉलोनी की 14 दीवारों पर होगी पेंटिंग
शास्त्री नगर कॉलोनी में वॉल पेंटिंग कराई जाएगी। कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए मंगलवार को वीडीए की ओर से कांशीराम आवास योजना में वर्कशॉप का आयोजन किया गया। वर्कशॉप में वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बच्चों के साथ मिलकर पेंटिंग गतिविधियों में भाग लिया।
शास्त्री नगर कॉलोनी की कुल 14 दीवारों पर पेंटिंग कराई जाएगी। इसमें कई प्रमुख आर्टिस्ट जैसे कम्बोडिया से चिफुमी, अहमदाबाद से तुषार काम्बले, दिल्ली से रुचिन सोनी आदि शामिल हैं। यह पहल वाराणसी को कला और संस्कृति के दृष्टिकोण से और भी समृद्ध बनाने में सहायक होगी।
डीआईजी जेल ने कराई बैरकों की तलाशी
डीआईजी जेल राजेश कुमार श्रीवास्तव ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। सुबह 10:30 बजे पहुंचे डीआईजी जेल करीब दो घंटे तक कारागार में रहे। उन्होंने कारागार की बैरकों की तलाशी भी कराई। हालांकि सब कुछ सामान्य मिला। डीआईजी जेल कारागार की पाकशाला और कैंटीन गए। उन्होंने जेल की खानपान व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
वीडीए ने तीन बीघे की अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई
सारनाथ वार्ड के कमौली चौबेपुर में तीन बीघे में अवैध प्लाॅटिंग मयंक सिंह की ओर से विकसित की जा रही थी। इसे पूर्व में नोटिस दिया गया था। बावजूद इसके काम कराने पर वीडीए की टीम ने मंगलवार को इसे ध्वस्त कराया। जोनल अधिकारी श्रीप्रकाश की अगुवाई में ध्वस्तीकरण कार्रवाई की गई।
त्योहारी अवकाश और ओवर टाइम के लिए ज्ञापन
त्योहारी अवकाश और ओवर टाइम भुगतान के लिए मंगलवार को जलकल के कर्मचारियों ने महाप्रबंधक को ज्ञापन दिया। उन्होंने महाप्रबंधक से कहा कि आवश्यक सेवा, शिफ्ट ड्यूटी में कार्यरत है। आवश्यकतानुसार सार्वजनिक अवकाश और त्योहार पर भी ड्यूटी करते हैं। फरवरी 2023 से पूर्व त्योहारी वेतन के साथ भुगतान होता था लेकिन फरवरी 2023 के बाद से यह व्यवस्था बंद है। इस बारे में पूर्व में भी अवगत कराया गया था। उस दौरान आश्वासन मिला था।
मंदिर से 200 मीटर दायरे में मांस की दुकानें बंद कराएं
जैतपुरा के संजय कुमार अग्निहोत्री ने उप नगर आयुक्त मनोज कुमार सिंह से कहा कि मंदिर के 200 मीटर दायरे में मांस की दुकानें बंद कराई जाए। सदन से पास होने के बाद भी दुकानें खुल रही हैं। इस पर उप नगर आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि इसका कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
मंगलवार को नगर निगम में हुई संभव में जनसुनवाई में कुल 14 शिकायतें आईं। इनका समाधान करने के लिए उप नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों के पास शिकायती पत्र भेजा। बेनीपुर की प्रेमलता ने पेयजल, सीवर लाइन लगवाने के लिए गुहार लगाई। बिरदोपुर के अमरनाथ ने जन्म प्रमाणपत्र दिलवाने के लिए शिकायती पत्र दिया।
नमो घाट पर मल्लाहों की पिटाई से युवक गंभीर
आदमपुर थाना क्षेत्र के नमो घाट पर मामूली विवाद को लेकर युवकों के दो घुट में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में कोनिया निवासी राहुल बिंद (28) गंभीर रूप से घायल हो गया। राहुल को इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। आदमपुर थाने की पुलिस ने बताया कि मारपीट के मामले में राहुल के भाई संतोष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
हथौड़ी से हमला, 7 पर केस
चौक थाना क्षेत्र के राजादरवाजा में जमीन के विवाद में शिवदयाल, बबलू यादव व उसके पुत्र सागर व गौरव यादव ने दो लोगों पर हथौड़ी से हमला कर दिया। मामले में चौक थाने में चार नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कबीरचौरा निवासी अवधेश जायसवाल का आरोप है कि उसका मकान चौक के राजादरवाजा में भी है। वह मंगलवार को अपने मकान पर गए थे। वहां शिवदयाल, बबलू यादव व उसके पुत्र सागर व गौरव यादव और तीन अन्य लोग मकान का ताला हथौड़ी से तोड़ रहे थे।
प्रधान पुत्र को मिली अग्रिम जमानत
अवैध टैक्सी स्टैंड संचालित करने की शिकायत की रंजिश में पड़ोसी के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में आरोपित प्रधान पुत्र को कोर्ट से राहत मिल गई। जिला जज संजीव पांडेय की अदालत ने भगवानपुर निवासी आरोपी सुनील कुमार यादव उर्फ बिल्ली यादव को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की दशा में 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया।
सीएम से की तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण की मांग
रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास के संबंध में चर्चा की। विधायक ने वर्ष 2000 के पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण की मांग की।
मुख्यमंत्री से विधानसभा क्षेत्र में महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज, मोहनसराय चौराहे पर ग्रेड सेपरेटर ब्रिज, चितईपुर (भिखारीपुर) से एनएच 2 अखरी तक सीवर लाइन के बारे में बातचीत की। विधायक ने मुख्यमंत्री से कहा कि प्रदेश में ऐसे शिक्षक लंबे अरसे से अपनी सेवाएं अर्पित कर रहे हैं।
अनुकंपा के आधार पर इन शिक्षकों को नियमित कर दिया जाए। विधायक के अनुसार मुख्यमंत्री ने उनके निवेदन को सुनने के बाद प्रकरण पर फिर से विचार करने का आश्वासन दिया। इस दौरान विधायक के साथ प्रतिनिधि मंडल में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ माध्यमिक के वाराणसी मंडल अध्यक्ष प्रणय सिंह, छात्र नेता समीर मिश्रा शामिल रहे।
126 लोगों का हुआ निशुल्क नेत्र परीक्षण
रविंद्रपुरी कल्याण समिति और निजी अस्पताल की ओर से मंगलवार को निशुल्क मोतियाबिंद और लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन रविंद्रपुरी लेन नंबर 3 पार्क में हुआ। इसमें 126 लोगों का निशुल्क नेत्र परीक्षण किया गया। सर्जरी के लिए 26 मरीजों को अस्पताल भी भेजा गया। इसमें अध्यक्ष अनुज डिडवानिया, संरक्षक उमाशंकर अग्रवाल, प्रकाश सोनेजा, अजीत बजाज आदि रहे। अंकुर अग्रवाल, अनिल झंवर, अमृता शाही, डॉ. रूबी शाह का योगदान रहा।
मप्र भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा का स्वागत
खुजराहो के सांसद भाजपा मध्य प्रदेश के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा मंगलवार को वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे। उनके साथ दिल्ली सांसद मनोज तिवारी भी रहे। दोनों लोगों का पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस मौके पर जगदीश त्रिपाठी, डॉ. जयप्रकाश दुबे, मदन मोहन दुबे, आशुतोष और प्रोटोकॉल प्रभारी भाजपा/क्षेत्र उपाध्यक्ष शैलेश पांडेय मौजूद रहे।
काशी विद्यापीठ के 65 निपुण बच्चे हुए पुरस्कृत
हमारा आंगन-हमारे बच्चे उत्सव कार्यक्रम में मंगलवार को आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने वाले 65 निपुण बच्चों को पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजे। खंड शिक्षा अधिकारी राम पूजन पटेल ने योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
अतुल कुमार सिंह ने ग्राम प्रधान पद की शपथ ली
बड़ागांव विकास खंड के स्थानीय ग्राम पंचायत में हुए ग्राम प्रधान पद के उप-निर्वाचन में विजयी प्रत्याशी अतुल कुमार सिंह ने मंगलवार को पद की शपथ ग्रहण की। ब्लॉक मुख्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी राजेश सिंह ने उन्हें शपथ दिलाई। इस दौरान वीडीए सदस्य अंबरीश सिंह भोला, पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रसिद्ध नारायण सिंह (बाबा सिंह) मौजूद रहे।
गिर गाय पालक के यहां पहुंचे ज्वाइंट कमिश्नर, दूध की ली जानकारी
आराजी लाइन विकासखंड के गांव भड़ाव में ज्वाइंट कमिश्नर डॉक्टर भूषण त्यागी गिर गाय पशुपालक के यहां पहुंचे। तीन साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पशुपालकों को गिर गाय दी थीं।
ज्वाइंट कमिश्नर उन्हीं गायों का हालचाल लेने पहुंचे और उन्हें मिलने वाली योजनाओं के बारे में पूछा। उन्होंने पूछा कि पशुपालन विभाग से मिलने वाली योजनाओं का लाभ मिल रहा है कि नहीं। किसान ने बताया कि अब तीन गाय हो गई हैं। इनके दूध में भैंस के दूध के बराबर मक्खन पड़ता है। इस मौके पर अपर निदेशक राजेश कुमार सिंह, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश उपाध्याय समेत अन्य मौजूद रहे।
आज से चार घंटे की बिजली कटौती
सड़क चौड़ीकरण की वजह से ट्रांसफॉर्मर और खंभों की शिफ्टिंग का काम चल रहा है। बुधवार को पांडेयपुर, उदयपुर, दौलतपुर और कज्जाकपुरा उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में चार घंटे की बिजली कटौती होगी। तरना उपकेंद्र से जुड़े भवानीपुर, पिसौर, पार्वती मील, सती माता, गणेशपुर, शिवपुर, हाईवे इलाके में पांच घंटे बिजली नहीं आएगी।
59 लाउडस्पीकर और 11 डीजे जब्त
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान ध्वनि प्रदूषण के आरोप में 59 लाउडस्पीकर और 11 डीजे जब्त किए गए। पुलिस आयुक्त ने आमजन से अपील की है कि ध्वनि प्रदूषण के संबंध में पुलिस कंट्रोल रूम 9454401645 या डायल-112 या अपने नजदीकी थाने पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायतकर्ता का नाम-पता गोपनीय रखा जाएगा।
बनारस प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा
बनारस मंगलवार को यूपी का सबसे गर्म शहर रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री ज्यादा 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री ऊपर 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन भर की तेज धूप ने काशी वासियों के पसीने छुड़ा दिए। 19 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलीं। हवा में नमी 38 फीसदी रही।
डीआईजी राजेश कुमार सिंह नए ज्वाइंट सीपी
प्रदेश सरकार ने मंगलवार को आठ आईपीएस का तबादला किया। इस क्रम में 2011 बैच के आईपीएस डीआईजी राजेश कुमार सिंह को कमिश्नरेट का नया संयुक्त पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। डीआईजी राजेश कुमार सिंह मूल रूप से बलिया जिले के रहने वाले हैं। वहीं, अब तक संयुक्त पुलिस आयुक्त रहे आईपीएस डॉ. के एजिलरसन को यूपी-112 के पुलिस महानिरीक्षक के पद पर तैनात किया गया है। 2004 बैच के आईपीएस डॉ. के एजिलरसन अगस्त 2023 में यूपी-112 के पुलिस महानिरीक्षक के पद से ही यहांआए थे।
2760 ने छोड़ दी हाईस्कूल विज्ञान की परीक्षा
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की परीक्षा मंगलवार को जिले में बने केंद्रों पर करवाई गई। सुबह की पाली में हाईस्कूल विज्ञान की परीक्षा 126 केंद्रों पर करवाई गई। पंजीकृत 45518 अभ्यर्थियों में से परीक्षा में केवल 42758 ही उपस्थित हुए। विज्ञान की परीक्षा 2760 परीक्षार्थियों ने छोड़ दी।
इस पाली में 79 केंद्रों पर पाली, फारसी, अरबी, लेखाशास्त्र की परीक्षा में 3250 में 3134 शामिल हुए और 116 अनुपस्थित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने बताया कि दूसरी पाली में हाईस्कूल कृषि में 561 में से 509 और इंटरमीडिएट में 6932 परीक्षार्थियों में से 6675 ने परीक्षा दी।
बीएचयू के क्वांटम वैज्ञानिक को विजिटर्स अवॉर्ड
बीएचयू के वैज्ञानिक प्रो. एस श्रीकृष्ण को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विजिटर्स अवॉर्ड से सम्मानित किया। सोमवार को राष्ट्रपति भवन में विजिटर्स कॉन्फ्रेंस 2024-25 के उद्घाटन समारोह में अवॉर्ड दिया गया। जैव रसायन विभाग के प्रो. श्रीकृष्ण को ये सम्मान इनोवेशन के लिए मिला है।
राष्ट्रपति ने नवाचार, अनुसंधान और प्रौद्योगिकी विकास की श्रेणियों में आठवें विजिटर के तौर पर पुरस्कार दिया। बीएचयू से प्रो. श्रीकृष्णा के अलावा प्रभारी कुलपति प्रो. संजय कुमार भी पहुंचे थे। राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों के प्रमुखों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
शारीरिक शिक्षा विभाग में 20 तक आवेदन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की शोध प्रवेश परीक्षा 2023-24 में शारीरिक शिक्षा विभाग में उत्तीर्ण और शोध प्रवेश परीक्षा से मुक्त (नेट/जेआरएफ उत्तीर्ण) अभ्यर्थी 20 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं।
डीएवीपीजी कॉलेज में मिलने लगा प्रवेश फॉर्म
औसानगंज के डीएवी इंटर कॉलेज में 2025-26 के लिए प्रवेश की प्रकिया शुरू हो गई है। प्रधानाचार्य ने बताया कि कक्षा 6,7,8 के अलावा 9वीं और 11वीं के लिए विज्ञान, गणित, कला और वाणिज्य के फॉर्म मिलने लगे हैं। किसी भी कार्यदिवस में सुबह 9 से अपराह्न 3 बजे तक कार्यालय से प्रवेश फॉर्म ले सकते हैं।
प्रभु राम को पाने का एकमात्र आधार है प्रेम
कथावाचक पं. रवींद्र पाठक ने कहा कि मुक्ति का विचार कर जीवन जीना जंतु के समान है। ग्रंथों को पढ़कर कोई मुक्ति नहीं प्राप्त कर सकता है। मुक्ति पूर्ण रूप से अनुभव का ज्ञान है। तभी इस जीवन-मरण से मुक्ति मिलेगी। वह चैतन्य गोशाला ट्रस्ट चिंचवड़ पुणे की ओर से सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में चल रही नौ दिवसीय श्रीरामकथा मानस मुक्ति को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भगवान राम को प्रेम सर्वाधिक प्रिय है। प्रेम से अर्पित पत्ते और पुष्प भगवान को सहज ही स्वीकार हैं। कथा श्रवण करने संत शिवहरि महाराज, सुभाष वैद्य, संतोष सोलापुरकर, षडानन पाठक, प्रकाश जोशी, नागनाथ इनामदार, अभिजित अर्काटकर, हिंदुराव पवार आदि रहे।
महुआ से झरे रस की गगरी रसभीनी गई सगरी नगरी...
सुबह-ए-बनारस आनंद कानन की ओर से काव्यार्चन की 25वीं कड़ी में उदीयमान एवं स्थापित रचनाकारों ने अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई। स्वास्तिक त्रिपाठी, डॉ. शिवप्रकाश पांडेय ने कविताएं सुनाईं। महेंद्र तिवारी अलंकार ने महुआ से झरे रस की गगरी, रसभीनी गई सगरी नगरी... से उन्होंने प्राकृतिक के मनोरम रूप का वर्णन किया।
पं. हरिराम द्विवेदी स्मृति न्यास के महासचिव पं. अरुण द्विवेदी, विजय मिश्र ‘बुद्धिहीन’ और गिरीश पांडेय ने रचनाकारों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। संचालन डॉ. नागेश शांडिल्य और धन्यवाद ज्ञापन अलख निरंजन ने किया।
महिलाओं का सम्मान काव्य पाठ भी हुआ
महिला दिवस के उपलक्ष्य में काशी प्रबुद्ध महिला मंच की ओर से मंगलवार को भेलूपुर स्थित एक होटल में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। शुभारंभ प्रिया अग्रवाल की गणेश वंदना से हुआ।
अध्यक्षता कर रहीं अंजलि अग्रवाल ने रामनगर में नर्सरी की संचालिका रेनू मौर्य सहित कई महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रेनू अपनी मेहनत व लगन से नई पहचान बनाई है। ममता जायसवाल, नीतू सिंह व पूनम ने काव्य पाठ किया। नूतन रंजन ने मिमिक्री की। रीता अग्रवाल, गीता अग्रवाल, रीता कश्यप ने विचार रखे। स्वागत रेनू कैला ने किया।
संगम का पवित्र जल श्रद्धालुओं को दिया गया
पुलिस लाइंस में मंगलवार को प्रयागराज के त्रिवेणी संगम से आए पवित्र जल की पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पूजा की। इसके बाद उसे श्रद्धालुओं में वितरित किया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि जो श्रद्धालु महाकुंभ में डुबकी नहीं लगा पाए, उनके लिए संगम का पवित्र जल उपलब्ध कराया गया है।
इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइंस में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। कहा कि सभी निर्माण कार्य समय के साथ पूरे हों। इसके बाद उन्होंने परेड ग्राउंड, चिल्ड्रन पार्क, लाइब्रेरी, बैडमिंटन हॉल और जिम का निरीक्षण कर उनका सौंदर्यीकरण कराने का निर्देश दिया। इस दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत मौजूद रहे।
डीएम और अपर पुलिस आयुक्त का हुआ सम्मान
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एस रामलिंगम की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला उद्योग बंधु की बैठक हुई। इसमें महाकुंभ के पलट प्रवाह के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और गंगा स्नान कराने में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका पर जिलाधिकारी को उद्यमियों ने शुभकामनाएं दी।
लघु उद्योग भारती, काशी प्रांत के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने जिलाधिकारी और अपर पुलिस आयुक्त डॉ. एस चनप्पा को अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान कमलाकांत पांडेय, बृजेश कुमार गुप्ता, अविनाश वर्मा, ज्योति शंकर मिश्रा आदि रहे।
काशी में 11 से मनेगी शंकराचार्य की जयंती
कांची कामकोटि पीठ के 68वें शंकराचार्य स्वामी चंद्रशेखरेंद्र सरस्वती की जयंती का उत्सव 11 मार्च से हनुमानघाट स्थित कांची कामकोटि मठ में शुरू होगा। इसमें देशभर से सौ से अधिक विद्वान शामिल होंगे। सात दिनों तक विविध अनुष्ठान होंगे। मंदिर के प्रभारी वीएस सुब्रह्मण्यम ने बताया कि शंकराचार्य की जयंती पर आयोजित अनुष्ठान में दक्षिण भारत के ज्यादा विद्वान शामिल होंगे। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के सदस्य पं. नारायण घनपाठी और सांग्वेद विद्यालय के चंद्रशेखर द्राविड के संयोजन में प्रतिदिन चारों वेदों की सभी शाखाओं का पारायण होगा।
सर्वाइकल कैंसर से बचाएगी एचपीवी वैक्सीन
बीएचयू अस्पताल के किशोर केंद्र पर हुए कार्यक्रम में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) के बारे में जागरूक किया गया। इस दौरान नोडल अधिकारी प्रो. संगीता राय ने बताया कि किशोरियों को होने वाले सर्वाइकल कैंसर(गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन बेहतर उपाय है। केंद्र कई कार्यक्रमों के माध्यम से इसके प्रति जागरूक भी करता रहता है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर दुनियाभर में एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य चुनौती बना हुआ है, जिसका प्राथमिक कारण एचपीवी है। प्रभावी टीकों की उपलब्धता के बावजूद कई लोग इससे अनजान हैं।
आईसीएआई शाखा का बेहतर प्रदर्शन 724 छात्र हुए थे शामिल
दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया नई दिल्ली की ओर से मंगलवार को सीए इंटरमीडिएट एंड फाउंडेशन एग्जाम जनवरी 2025 का रिजल्ट घोषित किया गया। वाराणसी से इंटरमीडिएट एग्जाम में 724 छात्र शामिल हुए।
दोनों ग्रुप में 16, प्रथम ग्रुप में 59 और द्वितीय ग्रुप में 42 बच्चों ने सफलता अर्जित की। मुख्य रूप से पीयूष अग्रवाल, दृष्टि पांडेय, आर्यन चक्रवाल, अनिमेष कुमार, दिव्यांशी गुप्ता ने सफलता हासिल की। सीए नीरज सिंह, वैभव मेहरोत्रा, विकास द्विवेदी, रंजीत पांडेय व नमन कपूर ने बधाई दी।
विश ट्री से मिल रही छात्रों को मदद
इनरव्हील क्लब बनारस ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले प्राथमिक विद्यालय के बच्चों की सहायता के लिए 'विश ट्री' परियोजना चलाई है। 14 स्कूलों को इनरव्हील के 13 क्लबों ने गोद लिया है। इन स्कूलों में स्टेशनरी, स्कूल बैग, प्रोजेक्टर, वाटर फिल्टर आदि भेंट किया गया। जिला आईएसओ डॉ. अनुराधा भाटिया ने कहा कि यह समाज सेवा की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। मुख्य अतिथि क्लब की मंडल अध्यक्ष आशा अग्रवाल रहीं।
बीएचयू में आज आएंगे आचार्य मिथिलेश नंदिनी
संस्कृति, परंपरा और परिवर्तन पर आधारित 15 दिवसीय कार्यशाला का उद्घाटन बुधवार को होगा। बीएचयू के प्रेमचंद सभागार कला संकाय में आयोजित कार्यशाला को आचार्य मिथिलेश नंदिनी शरण जी महाराज संबोधित करेंगे। वह महंत हनुमन्निवास अयोध्या से आ रहे हैं। प्रसिद्ध दार्शनिक, चिंतक एवं विचारक हैं। डॉ. अवधेश दीक्षित ने बताया कि काशी कथा न्यास, भारत अध्ययन केंद्र का बीएचयू और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में कार्यशाला का आयोजन किया गया है।
यूनियन बैंक ने निकाला वॉकथॉन
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में बैंक के महिलाकर्मियों व ग्राहकों के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस कड़ी में मंगलवार को बैंक की लगभग 50 से अधिक महिला कर्मियों की ओर से वॉकथॉन निकाल लोगों को जागरूक किया गया।
वॉकथॉन सेंट्रल जेल रोड सिकरौल स्थित बैंक के अंचल एवं क्षेत्रीय कार्यालय से कमिश्नर आवास, सर्किट हाउस, कचहरी से होता हुआ कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुआ। महिलाकर्मियों व ग्राहकों के लिए बैंक की ओर से कंपनीबाग में योग कार्यक्रम हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र प्रमुख वरुण कुमार ने महिलाओं के सशक्तीकरण पर बल दिया।
अघोर संत बोले- नौकरी के पीछे न भागें युवा, कारोबारी बनने के लिए करें चिंतन
अघोर फाउंडेशन की 25वीं वर्षगांठ मंगलवार को मनाई गई। सामनेघाट के महेशनगर स्थित आश्रम प्रांगण में आम लोगों की शांति और सुकून के लिए शुरू किए गए सात केंद्रों से जुड़ने का आह्वान किया गया।
अघोरेश्वर महाप्रभु भगवान राम के शिष्य अमेरिका के कैलिफोर्निया से बाबा हरिहर राम तीन महीने के प्रवास पर आए हैं। उन्होंने कहा कि आज की नौजवान पीढ़ी को नौकरी के पीछे न भाग कर खुद का कारोबार शुरू करने के लिए चिंतन करना चाहिए।
बाबा हरिहर राम ने कहा कि अघोर के सात केंद्रों से हमारी युवा पीढ़ी जुड़े और स्वास्थ्य लाभ लें। दुर्व्यवस्था और प्रदूषण से जूझ रहे लोगों को यहां राहत मिलेगी। एक अमृत योग और हॉलिस्टिक सेंटर की स्थापना की गई है।
यहां शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की बेहतरी के लिए योग, आयुर्वेद, नेचुरोपैथी और कई प्राकृतिक इलाज कार्य किया जाएगा। आयुर्वेदिक पद्धति पर आधारित स्वास्थ्य और साधना के लिए एक विशेष उद्यान बना है।
पहले से मोतियाबिंद का चल रहा निशुल्क इलाज
विद्यालय में अभावग्रस्त बच्चों को गुणवत्तापूर्ण बुनियादी शिक्षा दी जाएगी। शक्ति प्रोजेक्ट में वंचित महिलाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण, विजन वाराणसी में दृष्टि दोष और दृष्टिहीन को निशुल्क चिकित्सकीय सहायता दी जाएगी। अब तक हजारों के मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराया जा चुका है। अघोर नारायण सेवा में कुपोषित और घर के अभाव में सड़कों पर रहने वालों को पौष्टिक आहार और शिक्षा दी जाएगी।
संस्कृत विवि को मिला पहला स्थान
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में छह विश्वविद्यालयों के बीच हुई नाटक प्रतियोगिता में संस्कृत विश्वविद्यालय की टीम पहले स्थान पर रही। माता अहिल्याबाई होल्कर के व्यक्तित्व व कृतित्व पर आधारित नाटक के दूसरे चरण में विश्वविद्यालय को यह सम्मान मिला है।
काशी विद्यापीठ में मंगलवार को प्रतियोगिता के दौरान इसकी घोषणा की गई। काशी विद्यापीठ में नाटक के दूसरे चरण में संस्कृत विश्वविद्यालय, काशी विद्यापीठ समेत छह विश्वविद्यालयों ने हिस्सा लिया था। इसमें संस्कृत विवि की टीम का बेहतरीन प्रदर्शन रहा। समिति के सदस्य डॉ. रविशंकर पांडेय ने बताया कि तीसरे चरण के नाटक का मंचन आठ मार्च को राजभवन में होगा। कार्यक्रम में प्रो. विधु द्विवेदी, प्रो. जितेंद्र कुमार, प्रो. विद्या कुमारी आदि मौजूद रहे।
गागर में सागर समेटे है संपूर्ण समाधान पुस्तक
कांस्टीट्यूशन क्लब में राजेंद्र गोयनका की पुस्तक ‘संपूर्ण समाधान' का विमोचन किया गया। यह पुस्तक भारत के सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर केंद्रित है। नीति-निर्माण, सामाजिक उत्थान और राष्ट्रीय विकास के लिए शोध-आधारित नीतियां प्रस्तुत करती है। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने इस पुस्तक का औपचारिक विमोचन किया।
उन्होंने कहा कि जिस तरह राजेंद्र ने समाज के विविध समस्याओं का समाधान प्रस्तुत किया है, उसी तरह हर जागरूक नागरिक को आगे आकर समाज की समस्याओं के हल निकालने के लिए सहयोग देना चाहिए। कहा कि ये गागर में सागर समेटे हुए है।
अध्यक्षता कर रहे पद्मभूषण राम बहादुर राय ने कहा कि यह पुस्तक प्रशासनिक और आर्थिक सुधारों में बदलाव लाने की क्षमता रखती है और भारत की नीति-निर्माण प्रक्रिया में इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
विशिष्ट उत्तर प्रदेश डिजाइन एंड रिसर्च संस्थान की अध्यक्ष क्षिप्रा शुक्ला व पूर्व सांसद व अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विजय सोनकर शास्त्री ने शिरकत की। एक विशेष पैनल चर्चा भी हुई, जिसमें नीति-निर्माण, प्रशासनिक सुधार से जुड़े विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। इसमें डॉ. नितिन रमेश गोकरण, डॉ. विनय सहस्रबुद्धे, कैप्टन एसके द्विवेदी ने हिस्सा लिया।
भोजूबीर से पांडेयपुर तक दो मीटर का होगा पाथवे
भोजुबीर से पांडेयपुर तक दो मीटर का पाथवे बनेगा। इस संबंध में मंगलवार को वीडीए में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि भोजूबीर से पांडेयपुर मार्ग पर बनने वाले मेडिकल कॉलेज के लिए यातायात सुविधा को बेहतर किया जाएगा। इसी उद्देश्य से पाथवे बनाने की योजना बनाई गई है।
सीडीओ हिमांशु नागपाल ने कहा कि यह परियोजना शहर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यातायात व्यवस्था में सुधार लाने के साथ-साथ शहर के सुंदरीकरण में भी अहम योगदान करेगी। पार्किंग क्षेत्र, लैंडस्केपिंग, थीम आधारित स्कल्पचर, फूडकोर्ट, वेंडिंग जोन का निर्माण कराया जाएगा।
इस परियोजना से पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल और प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के पास फुटपाथ और बेहतर हो जाएगा। इससे मरीजों और मेडिकल छात्रों के लिए यातायात सुविधा में सुधार होगा।
पार्किंग क्षेत्र का विस्तार होने से पार्किंग की समस्या का समाधान होगा। लैंडस्केपिंग और स्कल्पचर से इस क्षेत्र का सुंदरीकरण होगा। फूडकोर्ट बनने से भी उन्हें सुविधा मिलेगी। बैठक में अपर सचिव गुडाकेश शर्मा, अधीक्षण अभियंता अजय पवार, सहायक अभियंता अनुज सिंह आदि मौजूद रहे।
सीवर लाइन डालने में हुआ भ्रष्टाचार जिला पंचायत ने अब गठित की टीम
क्षेत्र के गांव सजोई में सीवर लाइन प्रोजेक्ट में हुए घोटाला डीएम की जांच में खुल चुका है। अब जांच के लिए जिला पंचायत ने टीम ने गठित की है। जबकि यह प्रोजेक्ट जिला पंचायत का ही था और जिस समय काम चल रहा था, उस समय निगरानी करनी चाहिए थी, लेकिन अनदेखी के चलते यह घोटाला हुआ। डीएम के आदेश पर हुई जांच रिपोर्ट में बीडीओ ने जिला पंचायत को दोबारा सीवर लाइन बिछवाने की बात कही है।
मंगलवार को जिला पंचायत के अवर अभियंता राकेश कुमार राय और लघु सिंचाई विभाग के वंश राज यादव ने मौके पर पहुंचकर जांच की। हालांकि उन्हें जांच में क्या मिला, इसकी रिपोर्ट के बारे में उन्होंने कुछ भी नहीं बोला है। गांव में 11 लाख की लागत से बिछाई गई सीवर लाइन में भ्रष्टाचार की शिकायत गांव के रवि कुमार मिश्रा, दीपक कुमार राय, अजय कुमार राय और सर्वेश कुमार मिश्रा ने की थी। इसके बाद डीएम एस राजलिंगम के निर्देश पर हुई जांच में तमाम अनियमितताएं मिली हैं।
टेक्नोक्रेट्स के साथ 14 आईएएस सीईओ, डीजी ने चलाई साइकिल
आईआईटी बीएचयू में 1985 बैच के 14 इलेक्ट्रिकल इंजीनियर्स की 40वीं एलुमुनाई मीट हुई। दो सीनियर आईएएस, सीईओ, इंजीनियर्स, महानिदेशक, उद्यमी, निदेशक और सलाहकार पहुंचे थे।
यादों को ताजा करने के लिए विश्वेश्वरैया हॉस्टल तक साइकिल यात्रा की और दोस्ताना क्रिकेट गेम खेला। कक्षाओं और प्रयोगशालाओं का दौरा किया। 40 साल पहले और वर्तमान के लैब के परिवर्तनों पर बातें कीं। पुराने हॉस्टल राजपुताना पहुंचकर मेस में भोजन किया। छात्रों और पूर्व छात्रों में संवाद हुआ।
स्नातक होने के बाद की प्रेरक कहानियां सुनाई गईं। वहीं, आईआईटी के विभागों में रिसर्च बढ़ाने के साथ ही छात्र-छात्राओं के भविष्य पर सहमति बनाई गई। स्टूडेंट एलुमनी इंटरेक्शन सेल की ओर से मीट में पुरा छात्रों का स्वागत निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने किया।
विक्टोरियन सरकार के अधिकारी भी आए
यूपी कैडर के आईएएस महेश कुमार गुप्ता, नगालैंड कैडर के आईएएस पंकज कुमार, ओमान के सीईओ अजीत सरन, एनटीपीसी सोलापुर में महाप्रबंधक रहे अंबरीश कुमार, ऑस्ट्रेलिया में विक्टोरियन सरकार के जल निगम के अधिकारी मधुप श्रीवास्तव, ओपी चौधरी, पार्थ प्रतिम गांगुली, प्रवीण के सिंह भी मौजूद रहे।