News Updates: बनारस रेलवे स्टेशन पर कुली की ऑनलाइन बुकिंग शुरू, ग्रिल काट कर लाखों की चोरी; पढ़ें- अन्य खबरें
Varanasi News: वाराणसी में रविवार को छोटी-बड़ी कई खबरें हैं। पहली खबर कैंट स्टेशन की है। अब यह कुलियों के लिए ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। इसके लिए ऐप भी जारी किया गया है। दूसरी खबर काशी विद्यापीठ से है। यहां के कुलपति का कार्यकाल छह माह के लिए बढ़ा दिया गया है।
विस्तार
मोतीलाल नेहरू नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमएलएनएनआईटी) प्रयागराज के छात्र की अगुवाई में शुरू स्टार्टअप ने बनारस में ऑनलाइन कुली सर्विस देने को तैयार है। बीटेक (बायोटेक्नोलॉजी) अंतिम वर्ष के छात्र उत्सव गुप्ता और उनकी टीम के सहयोग से रेलवे स्टेशनों पर ऑनलाइन कुली मुहैया कराने के मकसद से बनी कंपनी ‘कुली वाले’ की सेवा बनारस रेलवे स्टेशन पर शुरू हो गई है।
कंपनी के निदेशक उत्सव ने बताया कि उन्होंने बनारस में 10 कुलियों के साथ एप शुरू किया है, जिसकी मदद से ऑनलाइन कुली बुक कराए जा सकते हैं। रेलवे से अनुमति मिलने के बाद 15 जून को इसे बनारस स्टेशन पर लांच किया गया।
नई दिल्ली और नासिक से बुकिंग आनी शुरू भी हो गई है, लेकिन वहां अभी सर्विस शुरू नहीं है। टीम में ऋषभ सिंह सीओओ, सिद्धार्थ बोस सीटीओ, सुंदरम सिंह ऑपरेशन मैनेजर, विवेक कुमार लीड कंसल्टेंट बिजनेस डेवलपमेंट और नैना सिंह लीड कंसल्टेंट ह्यूमन रिसोर्स हैं।
बिना अपील गुंडा एक्ट के नोटिस के खिलाफ याचिका पोषणीय नहीं: हाईकोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गुंडा एक्ट के तहत जारी नोटिस की वैधता को चुनौती देने वाली याचिका पर हस्तक्षेप करने से इन्कार कर दिया। हाईकोर्ट ने कहा कि बिना अपील किए गुंडा एक्ट के नोटिस की वैधता को चुनौती देने वाली याचिका पोषणीय नहीं है। कोर्ट ने वाराणसी के मंडलायुक्त को याची की ओर से दाखिल होने वाली अपील के शीघ्र निस्तारण और स्थगन प्रार्थना पत्र को तीन सप्ताह में निस्तारित करने का आदेश दिया है।
यह आदेश न्यायमूर्ति महेश चंद्र त्रिपाठी और न्यायमूर्ति सुरेंद्र सिंह प्रथम की खंडपीठ ने याची विकास यादव उर्फ सचिन की ओर से दाखिल याचिका पर दिया। अपर जिलाधिकारी वाराणसी ने गुंडा एक्ट के तहत याची के खिलाफ छह मई को नोटिस जारी किया था।
याची ने नोटिस की वैधता को चुनौती दी थी। अपर शासकीय अधिवक्ता ने याचिका का विरोध करते हुए दलील दी कि नोटिस के विरुद्ध अपील दाखिल किए बिना याचिका पोषणीय नहीं है।
कोर्ट ने याचिका पर हस्तक्षेप से इन्कार कर दिया। कोर्ट ने याचिका निस्तारित करते हुए याची को अपील दाखिल करने की छूट दी। साथ ही अपीलीय प्राधिकारी मंडलायुक्त को याची की ओर से दाखिल होने वाली अपील के शीघ्र निस्तारण और स्थगन प्रार्थना पत्र को तीन हफ्ते में निस्तारित करने का आदेश दिया है।
कुलपति का कार्यकाल बढ़ा, अगस्त में नैक की संभावना
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के नैक (नेशनल एसेसमेंट एंड एक्रीडिटेशन काउंसिल) मूल्यांकन के लिए महीनेभर और इंतजार करना पड़ेगा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एके त्यागी का कार्यकाल छह महीने बढ़ने के बाद नैक मूल्यांकन पर सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है।
नैक से जुड़ी शुरुआती प्रक्रियाएं पहले ही पूरी हो चुकी हैं। अब विश्वविद्यालय की ओर से नैक मूल्यांकन के लिए डेट प्रस्तावित किया जाना बाकी है। इस प्रक्रिया में एक माह का समय लग सकता है। ऐसे में अगस्त में नैक की संभावना व्यक्त की जा रही है।
काशी विद्यापीठ को पिछले नैक मूल्यांकन में सी ग्रेड मिला था। विश्वविद्यालय ग्रेड सुधारने के लिए प्रयासरत है। काशी विद्यापीठ का नैक मूल्यांकन पहले 25 मई को किया जाना था। इसके निमित्त विश्वविद्यालय में शैक्षणिक माहौल पर काम करने के साथ परिसर की साफ-सफाई और भवनों का रंगरोगन कराया गया।
छठे और सातवें चरण में वाराणसी जिले में लोकसभा चुनाव होने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया और तय किया गया कि चार जून को मतगणना के बाद नैक मूल्यांकन के लिए कभी भी पीयर टीम विश्वविद्यालय में धमक सकती है, लेकिन इस दौरान मूल्यांकन नहीं हो सका।
22 जून को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एके त्यागी का कार्यकाल खत्म रहा था। कुलपति प्रो. एके त्यागी ने कहा कि नैक के लिए डीवीवी (डाटा वैलिडेशन एंड वेरिफिकेशन) का कार्य हो चुका है। इसमें विश्वविद्यालय की स्थिति ठीक है। अगस्त में नैक कराने की पूरी तैयारी है।
हैदराबाद के लिए विमान सेवा 11 जुलाई से
अकासा की वाराणसी-हैदराबाद के बीच नई विमान सेवा 11 जुलाई से शुरू होगी। अगले हफ्ते कंपनी की ओर से शेड्यूल जारी किया जा सकता है। अकासा का विमान हैदराबाद एयरपोर्ट से सुबह 7:15 बजे उड़ान भरकर वाराणसी 9:20 बजे पहुंचेगा।
फिर वही विमान वाराणसी से सुबह 10 बजे उड़ान भरकर हैदराबाद एयरपोर्ट पर दोपहर 12 बजे पहुंचेगा। अकासा अधिकारियों के अनुसार वाराणसी से हैदराबाद के लिए सीधी विमान सेवा शुरू से यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।
पैकिंग कोरूगेटेड बॉक्स पर छह प्रतिशत घटी जीएसटी
जीएसटी काउंसिल ने कार्टन बॉक्स, कोरूगेटेड पेपर या पेपर बोर्ड के बने पैकिंग बॉक्स पर जीएसटी की दर 18 प्रतिशत के बजाय 12 प्रतिशत की है। छह प्रतिशत जीएसटी कम किए जाने का उत्तर प्रदेश कोरूगेटेड बॉक्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ने शनिवार को आभार जताया।
पैकेजिंग उद्यमियों की शनिवार को उद्यमी राजेश भाटिया के आवास पर हुई बैठक में इस निर्णय का स्वागत किया गया। एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राजेश भाटिया ने बताया कि पिछले 3 वर्षों से लगातार जीएसटी काउंसिल से अनुरोध किया जा रहा था। देश में जीएसटी जब लागू हुई थी तब कोरूगेटेड बॉक्स पर 12 प्रतिशत ही जीएसटी रखा गया था।
विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं की रिपोर्ट देंगे 9 प्रिंसिपल व 9 अफसर
सीएसआर की ओर से जिले के 31 राजकीय और 106 माध्यमिक विद्यालयों को मूलभूत सुविधाओं के लिए फंड मिलना है। शनिवार को केंद्र सरकार की ज्वाइंट सेक्रेटरी बरार ने सीडओ हिमांशु नागपाल के साथ निरीक्षण किया।
इस दौरान उदय प्रताप कालेज और जेपी मेहता इंटर कॉलेज की मूलभूत सुविधाएं देखीं। सीडीओ ने पहले चरण में 44 विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं की रिपोर्ट तैयार करने के लिए टीम गठित की। टीम में नौ प्रिंसिपल और नौ अफसरों को रखा गया है। यह एक सप्ताह में रिपोर्ट देंगे।
चोरों ने उड़ाया लाखों का सामान, लोहे की ग्रिल काटकर घटना को दिया अंजाम
रोहनिया के जफराबाद गांव मे बीती रात दो घरों के खिड़की का ग्रिल काटकर चोर घुसे और नकदी सहित लाखों का जेवरात चोरी कर ले गए। बृजेश चंद्र श्रीवास्तव एक निजी कंपनी मे काम करते हैं। बीती रात मे खाना खाने के बाद पत्नी श्वेता माता गीता व बच्चों के साथ सो रही थी।
सुबह परिवार उठा तो देखा कि घर के पीछे की खिड़की का ग्रिल काटकर चोर अंदर घुसे और आलमारी का ताला तोड़कर 20 हजार रुपये नकद, 2 चेन, 7 अंगूठी, 4 जोड़ी कान का बाली, 1 हार, 4 चूड़ी, 2 कंगन, 1 फूलफेटी, 1 झागल, 3 जोड़ी, पायल सहित चांदी के जेवरात उठा ले गए।
बृजेश ने बताया कि 15 लाख रुपये का सामान चोरी गया है। वहीं, पड़ोस के संजय श्रीवास्तव के घर के खिड़की का ग्रिल काटकर घर में घुसकर 25 हजार रुपये नकद एक घड़ी दो पायल चुरा ले गए।
संजय श्रीवास्तव ने बताया कि कल हमारे यहां रामायण का पाठ शुरू होना था। 27 को सालगिरह था, जिसमें गिफ्ट के लिए घड़ी आया था। उसको भी चोर उठा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित कर जांच शुरु कर दी।
लोहे का गेट गिरने से ननिहाल आए मासूम की दबकर मौत
सेवापुरी के जंसा थाना क्षेत्र के खेवली गांव में रविवार को ननिहाल में आए मासूम की लोहे गेट से दबकर मौत हो गई। मंचूरियन खाने के लिए जाते समय घटना हुई। जौनपुर के गोलारपुर निवासी राकेश कुमार का पुत्र शिवम कुमार (6) सुबह अपनी मां लक्ष्मी देवी और अपने बड़े भाई-बहन के साथ ननिहाल जंसा क्षेत्र के खेवली आया था।
दोपहर के समय मां से पैसे लेकर वह घर के पास ही दुकान पर मंचूरियन खाने गया था। वह निर्माणाधीन चहारदीवारी के पास लगने के लिए रखे लोहे के गेट के पास खेलने लगा। इसी दौरान शिवम के ऊपर गेट गिर गया।
गेट के अंदर दबे शिवम को बाहर निकालते हुए परिजन बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर जाने लगे। इसी बीच रास्ते में ही शिवम की मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने निर्माणाधीन चहारदीवारी के मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया। थानाध्यक्ष बैद्यनाथ सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
सब्जी व्यवसायी से लूट का प्रयास
चोलापुर थाना क्षेत्र के वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर टिसौरा ग्राम के समीप घर से शहर स्थित सब्जी मंडी जा रहे व्यवसायी से बाइक सवार लुटेरों ने लूट का प्रयास किया।
जौनपुर जनपद के चंदवक थाना क्षेत्र के मोढैला निवासी सब्जी व्यवसायी कृपाशंकर सोनकर रोज की भांति रविवार को मालवाहक पिकअप वाहन से अपने घर से वाराणसी स्थित सब्जी मंडी जा रहा था। प्रतिदिन की भांति उसके पास रविवार को भी 60 हजार रुपये मौजूद थे।
जैसे ही उसने दानगंज बाजार को पार किया। बाइक सवार दो बदमाश उसके पीछे लग गए तथा बलरामगंज पेट्रोल पंप के समीप ओवरटेक कर पिस्तौल लहराते हुए जान से मारने की धमकी देकर गाड़ी रोकने का प्रयास किया।
संयोगवश वहां से लगभग 500 मीटर आगे टिसौरा ग्राम समीप रिलायंस पेट्रोल पंप के पास कई ट्रक ड्राइवर अपनी गाड़ी खड़ी कर आपस में बात कर रहे थे। वहां पर जाकर कृपा शंकर के चालक ने अपनी गाड़ी रोक दी। मौके पर कई लोगों को देखकर लुटेरे बाइक मोड़कर वापस दानगंज की तरफ भाग निकले।
भुक्तभोगी कृपाशंकर ने घर लौटकर परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों के साथ दानगंज चौकी पर भी घटना की सूचना दी।
कलह से लगाई फांसी
विस्तृत खबर के लिए क्लिक करें : नशेड़ी पत्नी से तंग पति ने लगाई फांसीः पहले काटी हाथ की नस फिर फंदे पर लतका, शादी के बाद तबाह हो गई थी जिंदगी
रियल एस्टेट फर्म को चार लाख देने का आदेश
जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने न्यू ऑनलाइन रियल एस्टेट फर्म को चार लाख रुपये मय छह प्रतिशत ब्याज के साथ वादी को देने का आदेश दिया है। फोरम की सदस्य सुमन दुबे और सुरेंद्र कुमार की मौजूदगी में आदेश सुनाया गया।
प्रकरण के अनुसार, भैरवनाथ निवासी सतीश ठाकुर ने न्यू ऑनलाइन रियल एस्टेट फर्म से 2017 में 15 लख रुपये का हंडिया में एक प्लाॅट बुक कराया था। आरोप है कि फर्म ने उक्त प्लाॅट को किसी अन्य को बेच दिया।
कई अन्य प्लाॅट दिखाए, लेकिन एक भी प्लॉट पसंद नहीं आया। फर्म से रुपये मांगे तो सिर्फ 11 लाख वापस किया गया। शेष चार लाख फर्म ने चार्ज की बात कहकर वापस करने से मना कर दिया। उपभोक्ता फोरम ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद आदेश दिया है।
अज्ञात युवक का शव मिला
चांदपुर इंडस्ट्रियल एस्टेट में एक युवक का शव मंडुवाडीह पुलिस ने बरामद किया। पुलिस के अनुसार शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। भूरे रंग की पैंट और चेक शर्ट पहने युवक के शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है।
तांत्रिक के पास झाड़ फूंक को आई दो महिलाओं में मारपीट
जंसा थाना क्षेत्र के सत्तनपर के एक आश्रम में झाड़ फूंक को पहुंची दो महिलाओं में मारपीट हो गई। एक महिला घायल हो गई। उसे सहायता राशि देने पहुंचे तांत्रिक के भाई को महिला के परिजनों ने पीट दिया। परिजनों ने तांत्रिक के भाई को जंसा पुलिस के हवाले कर दिया।
हरसोस व बड़ागांव थाना क्षेत्र के भरहीपर से दो महिलाएं झाड़ फूंक कराने तांत्रिक के पास आई थीं। जहां दोनों महिलाएं किसी बात को लेकर भिड़ गईं। भरहीपर से आई महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। शनिवार सुबह तांत्रिक का भाई भरहीपर की घायल महिला को इलाज के लिए सहयोग राशि देने पहुंचा, जहां महिला के परिजनों ने तांत्रिक के भाई की पिटाई कर दी और जंसा पुलिस को सौंप दिया। काफी देर तक पंचायत के बाद दोनों पक्षों ने सुलह समझौता कर लिया
ब्रांडेड कंपनी के नाम से नकली तेल की बिक्री, 94 नग माल बरामद
वाराणसी के नदेसर के दुकान में ब्रांडेड कंपनी के नाम से नकली तेल बिक्री के मामले में कैंट पुलिस और कंपनी के अधिकारियों ने छापा मारा। केलोस्ट्रोल कंपनी के एक्टिव का 900 एमएल का कुल 94 नग माल बरामद किया। उसमें एक नग माल जांच के लिए लैब भेजा गया।
अन्य को सीज कर कैंट पुलिस ने कब्जे में लिया। कंपनी के ऑपरेशन मैनेजर धर्मेंद्र सिंह की तहरीर पर नदेसर के नाइस बेरिंग की दुकान पर छापा मारा गया। सेनपुरा, चेतगंज निवासी दुकानदार दिनेश कुमार को लेकर गोदाम की जांच की गई।
भिखारीपुर तिराहे पर मिला शव NDRF के हेड कांस्टेबल की थी
बीते शुक्रवार की देर शाम भिखारीपुर तिराहे पर 35 वर्षीय एक युवक का शव मिला था, जिसकी पहचान सीआरपीएफ के जवान मनजीत उर्फ सोनी (33) के रूप में हुई। बरेका चौकी प्रभारी सुरेंद्र शुक्ला ने बताया कि शुक्रवार को लगभग साढ़े नौ बजे रात में सूचना मिली कि भिखारीपुर तिराहे पर शव पड़ा है।
मौके पर पीले रंग की टी शर्ट व काले रंग की पैंट पहना युवक औंधे मुंह पड़ा था। जांच की गई तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। उसके पैंट के बाएं जेब में मिले मोबाईल से एक नम्बर पर फोन किया गया तो पता चला कि यह मोबाईल मनजीत उर्फ सोनी का है।वह चंदौली में सीआरपीएफ में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात था।
वह मकदूमपुर कोतवाली अकबरपुर जिला अम्बेडकर नगर का मूल निवासी है। शनिवार को उसके परिजन और सीआरपीएफ के लोगों ने पहुंचकर शिनाख्त की। पुलिस ने रविवार को शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। वह ककरमत्ता स्थित एक निजी चिकित्सालय में कुछ काम से आया था।