एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरेंः सर्पदंश से महिला की मौत, ओवरटेक के चक्कर में ऑटो पलटा; दो घायल
Varanasi News: वाराणसी में शुक्रवार को छोटी-बड़ी कई खबरें रहीं। पहली खबर राजातालाब की है। यहां के शहंशाहपुर गांव में सर्पदंश से महिला की मौत हो गई। दूसरी खबर मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भिखारीपुर की है। यहां मारपीट और लूट मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। आइए पढ़ते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजातालाब के शहंशाहपुर निवासी अमरजीत सिंह की पत्नी सीमा देवी (45) की शुक्रवार को जौनपुर में मायके में सर्पदंश से मौत हो गई। शव शाम को शहंशाहपुर स्थित ससुराल पहुंचा। इस बीच शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पति अमरजीत सिंह और बेटा दोनों शहर से बाहर हैं, सूचना मिलते ही वह भी रवाना हो गए हैं।
दिव्यांग से लूट के मामले में मुकदमा दर्ज
दस दिन पूर्व दिव्यांग के साथ मारपीट और लूट के मामले में पुलिस आयुक्त के आदेश के बाद शुक्रवार को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। राजातालाब थाना क्षेत्र के कचनार निवासी दिव्यांग राजकुमार गुप्ता के अनुसार, 10 जून की रात मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भिखारीपुर स्थित फास्ट फूड दुकान से सामग्री लेकर घर लौट रहे थे। तभी युवक ने रास्ते में रोक मारपीट के बाद कान की मशीन तोड़ दी। जेब से 1500 रुपये छीनकर फरार हो गए। थानाध्यक्ष आनंद चौरसिया के अनुसार मामले की जांच शुरू की गई है।
अज्ञात युवक का शव मिला
शुक्रवार की देर शाम को भिखारीपुर तिराहे पर 35 वर्षीय एक युवक का शव मिला। बरेका चौकी प्रभारी सुरेंद्र शुक्ला ने बताया कि शुक्रवार को लगभग साढ़े नौ बजे रात में सूचना मिली कि भिखारीपुर तिराहे पर शव पड़ा है।
मौके पर 35 वर्षीय युवक पीले रंग की टी-शर्ट व काले रंग की पैंट पहना औंधे मुंह पड़ा था। उसकी जांच की गई तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। शिनाख्त करने का प्रयास किया गया, लेकिन नहीं हो सकी। शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
तीन अभियंताओं, कार्यदायी एजेंसी पर होगी कार्रवाई
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग और सचिव वेद प्रकाश मिश्र ने कार्यदायी एजेंसी मेसर्स केके कंस्ट्रक्शन एंड बिल्डर्स से बातचीत की। जांच में पाया गया कि कुछ पिलर अस्थिर अवस्था में थे। वीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि मंडलायुक्त के आदेश के बावजूद निगरानी में लगे अधिशासी अभियंता, सहायक और अवर अभियंता ने लापरवाही की।
साथ ही इनके खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया। पूरे प्रकरण की जांच के लिए पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता को जांच अधिकारी नामित किया। साथ ही कार्यदायी संस्था पर भी कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
दीवान से ऑटो सवार युवकों ने की मारपीट, भीड़ देख रुके युवकों का चालान
कटेसर गांव में रामनगर थाने की क्राइम टीम के एक दीवान के साथ ऑटो सवार युवकों ने मारपीट हुई है। पुलिसकर्मियों के पहुंचने से पहले आरोपी भाग निकले। वहीं, पुलिस ने मौके पर मौजूद अन्य तीन युवकों का शांति भंग में चालान कर दिया।
चर्चा है कि दीवान की गाड़ी में भोजपुर का एक हिस्ट्रीशीटर भी बैठा हुआ था। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि दीवान के साथ मारपीट का कोई मामला नहीं है। तीन लोगो का चालान किया गया है।
गुरुवार रात क्राइम टीम के दीवान व पड़ाव के भोजपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर एक होटल में पार्टी के बाद चार पहिया वाहन से पड़ाव की ओर जा रहे थे। कटेसर के पास ऑटो से पास लेने को लेकर ऑटो सवार युवकों व दीवान में बहस हो गई। सादे कपड़े में होने के कारण दीवान और हिस्ट्रीशीटर की युवकों ने पिटाई कर दी। किसी ने मारपीट की सूचना रामनगर व मुगलसराय कोतवाली को दी।
रामनगर थाने की पुलिस पहुंची तो मौके पर मारपीट देख रहे तीन युवकों को हिरासत में लिया। युवकों ने बताया कि वह रमना स्थित एक शराब की दुकान पर काम कर लौट रहे थे और भीड़ देखकर रुक गए थे।
पति समेत छह पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज
विवाहिता ने पति समेत परिवार के छह सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया। रखौना गांव निवासी अनिल कुमार दीक्षित की पुत्री प्रीति की शादी 5 जून को चौबेपुर थाना क्षेत्र के जाल्हूपुर धोबही निवासी सूरज राजहंस मिश्रा के साथ हुई थी। आरोप है कि दहेज में दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा है।
सड़क पार करते समय मजदूर की वाहन की चपेट में आने से मौत
चोलापुर थाना क्षेत्र के कटारी ब्लॉक मुख्यालय के पास हाइवे पर वाहन की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जगदीशपुर निवासी सुभाष राम का पुत्र मनोज कुमार (28) खरी चुन्नी की दुकान पर पल्लेदारी का काम करता था।
गुरुवार रात 11.30 बजे वह घर लौट रहा था। कटारी हाईवे पर सड़क पार करते समय किसी वाहन की चपेट में आ गया। आसपास के लोगों ने मनोज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सुभाष राम के तीन पुत्रों में मनोज दूसरे नंबर का था।
इंग्लिशिया लाइन में गेस्ट हाउस संचालक से मांगी रंगदारी, मुकदमा दर्ज
वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र के इंग्लिशिया लाइन स्थित राहत गेस्ट हाउस संचालक को असलहे की मुठिया से वार कर घायल करने और रंगदारी मामले में पुलिस ने सात नामजद और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।
पीड़ित गेस्ट हाउस संचालक वसीम खान के अनुसार 9 जून की दोपहर ढाई बजे गिरजाशंकर जायसवाल और विशाल सिंह अपने 10 से 12 साथियों से साथ घुस आए और रंगदारी मांगने लगे। विरोध करने पर असलहे की मुठिया से सिर वार कर घायल कर दिया। यही नहीं, बीच बचाव को आगे आई महिलाओं से भी अभद्रता की गई।
आरोपियों में लल्लापुरा का अमित सिंह रिंकू, लहरतारा का पालू जायसवाल, विनोद जायसवाल, टिंकू सिंह, रोहित आदि 8 अज्ञात युवक रहे। सभी ने धमकाया कि रंगदारी नहीं मिली तो अंजाम बुरा होगा। सिगरा इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
67 लाख की धोखाधड़ी में 10 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
वाराणसी। स्काई टच रियल इस्टेट कंपनी के बैंक खाते से 67 लाख की धोखाधड़ी मामले में कंपनी के पूर्व कर्ता धर्ता समेत 10 के खिलाफ सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने जांच शुरू की है।
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्रसेनपुर निवासी पीड़ित सुरेंद्र कुमार पटेल के अनुसार आरोपी अखिलेश राय, लालचंद्र राय, चंद्रभूषण पटेल, सतीश कुमार सिंह, लालता प्रसाद यादव, दशरथ प्रसाद, बलराम जायसवाल, अशोक कुमार प्रजापति, जगदंबा प्रसाद, रामराज पाठक ने धोखे से कंपनी के बैंक खाते से 67लाख 64 हजार रुपये निकाल लिये।पोल खुलने पर अब धमकी दे रहे हैं। सिगरा के शास्त्रीनगर कालोनी में कंपनी का कार्यालय है।
20 हरे पेड़ काटने पर दो पर केस
चौबेपुर क्षेत्र के खानपुर गांव में दैत्रा बीर बाबा मंदिर के पीछे प्रतिबंधित प्रजाति के शीशम और सागौन का हरा पेड़ काटने पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। खानपुर निवासी मंगल पटेल और राजकुमार चौहान के खिलाफ वन दरोगा काशी रेंज किरण कपूर ने मुकदमा दर्ज कराया है।
किरण कपूर ने बताया कि पेड़ मालिक मंगल पटेल और राजकुमार चौहान ने वन विभाग से बिना अनुमति के 19 सागौन व एक शीशम के पेड़ को काट दिया है। साथ ही उनकी लकड़ियां उठाकर ले गए हैं। हरे वृक्ष को काटने से पर्यावरण का नुकसान हुआ है।
आम खाने के विवाद में किशोर की पिटाई
बड़ागांव थाना क्षेत्र के सेहमलपुर गांव में पेड़ से गिरे आम को खाने पर किशोर की पिटाई का मामला सामने आया है। किशोर के पिता ने पुलिस को तहरीर दी। पिता का आरोप है कि बुधवार सुबह बेटा अन्नु कुमार गांव के पास सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर राशन लेने जा रहा था, रास्ते में एक पेड़ से टूटकर पका आम गिरा हुआ था, जिसे अन्नू उठा कर खाने लगा।
इस पर वहां मौजूद आशुतोष, कुलदीप, राजन निवासी सेहमलपुर ने उसकी पिटाई कर दी। बड़ागांव थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ एससी एसटी एक्ट सहित समेत अन्य में मुकदमा दर्ज किया गया।
ओवरटेक के चक्कर में ऑटो पलटा, दो घायल
मिर्जामुराद स्थानीय कस्बा में शुक्रवार सुबह राजातालाब से कच्छवा रोड की तरफ जा रहा ऑटो ओवरटेक करने के चक्कर में पलट गया। जिसमें सवार भाई और बहन घायल हो गए। ग्रामीणों के सहयोग से पास के नर्सिंग होम में उन्हें भर्ती कराया गया। भाई धर्मेंद्र चौहान और बहन शांति देवी निवासी गौर गांव घायल है। एक अन्य महिला शोभा बाल-बाल बच गई।
छेड़खानी मामले में तीन आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज
विशेष न्यायाधीश पॉक्सो अजय कुमार तृतीय की अदालत ने छेड़खानी और पाॅक्सो के आरोपी राम आजाद, चंद्रशेखर और अर्जुन प्रसाद की जमानत अर्जी खारिज कर दी। पीड़िता की मां ने भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मां के अनुसार, कमरे में पीड़िता के साथ वह सो रही थीं।
इस दौरान राम आजाद, चंद्रशेखर और अर्जुन प्रसाद कमरे में घुस गए। बेटी के साथ जोर जबरदस्ती करने लगे। पिता छोटेलाल कमरे में आए तो उन्हें मारा पीटा गया। आरोपी खोजवा के सरायनंदन के रहने वाले हैं।
उपभोक्ता फोरम ने कुर्सी का मूल्य और वाद खर्च देने का आदेश दिया
जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने ग्रीन साउल प्राइवेट लिमिटेड को कुर्सी का 10890 मूल्य और वाद खर्च देने का आदेश दिया है। आलोक ब्वॉयज हास्टल में बीएचयू एमबीबीएस छात्र शरनजीत सिंह ने फ्लिपकार्ट की मदद से ग्रीन साउल प्राइवेट लिमिटेड की एक चेयर 10890 रुपये में ऑनलाइन खरीदी थी, जो कि टूटी हुई थी।
इसे बदल कर दूसरी चेयर देने के लिए शरनजीत सिंह ने दोनों को ईमेल भेजा। दोनों ने ही न मेल का जवाब दिया और न ही चेयर बदली। इस पर शरनजीत सिंह ने जिला उपभोक्ता फोरम के समक्ष वाद दाखिल किया।
चित्रकला कार्यशाला में दिखेगी नव काशी विकसित काशी
नागरी नाटक मंडली में चार दिवसीय चित्रकला कार्यशाला शुक्रवार को शुरू हुई। नव काशी विकसित काशी थीम पर आधारित कार्यशाला में 70 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इसमें वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ और दिल्ली के विभिन्न कॉलेजों के बीएएफए और एमएफए की शिक्षा प्राप्त कर चुके छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
शुक्रवार को चार दिवसीय चित्रकला कार्यशाला का उद्घाटन नागरी नाटक मंडली न्यास के सचिव डॉ. अजीत सैगल, डॉ. स्मिता चंद्रा, डॉ. शारदा सिंह, सुमन पाठक एवं डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने किया।
कार्यशाला की संयोजिका डॉ. शारदा सिंह ने बताया कि कार्यशाला प्रतिदिन सुबह 11:00 से शाम 5:00 बजे तक रहेगी। इसका समापन 24 जून को होगा। कार्यशाला में प्रशिक्षुओं द्वारा बनाई गई सभी पेंटिंग की प्रदर्शनी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेगी।
नागरी नाटक मंडली न्यास की तरफ से सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। संयोजक डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया यह कार्यशाला पूर्णतया निशुल्क है और सभी प्रतिभागियों को पेंटिंग से संबंधित सामग्री निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
छात्राओं ने खिलौना बनाने की बारीकियां जानीं
बीएचयू महिला महाविद्यालय के चित्रकला विभाग की ओर से आयोजित ग्रीष्मकालीन कला कार्यशाला में छात्राओं ने खिलौना बनाने की बारीकियां जानीं। कार्यशाला के समापन समारोह में छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
महिला महाविद्यालय में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि छात्र अधिष्ठाता प्रो. अनुपम कुमार नेमा ने कहा कि कला का क्षेत्र व्यापक है। कार्यशालाओं में मिली जानकारी व्यावहारिक जीवन में भी उपयोगी साबित होगी।
कार्यशाला के संयोजक डॉ. सुनील कुमार सिंह कुशवाहा ने बताया कि प्रदर्शनी में निर्मित चित्र, कोलाज, टेराकोटा में निर्मित खिलौने की प्रदर्शनी लगाई गई है। प्राचार्या प्रो. रीता सिंह ने कहा कि कला अभिव्यक्ति का एक सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम में धर्मेंद्र कुमार, विनयमाला सिंह, डॉ. नेहा वर्मा, राधिका विश्वकर्मा, श्वेता विश्वकर्मा आदि लोग मौजूद रहे।
दुर्ग विनायक की जल विहार की झांकी 22 जून को
वाराणसी के दुर्गाकुंड स्थित दुर्ग विनायक गणेश मंदिर में जल विहार झांकी 22 जून को सजाई जाएगी। भगवान गणेश 18 घंटे तक जलक्रीड़ा करते हुए भक्तों को दर्शन देंगे। इस अवसर पर मंदिर के गर्भगृह को जलाशय का स्वरूप प्रदान किया जाएगा। उसमें कमल आदि पुष्पों से सज्जा की जाएगी। मंदिर के व्यवस्थापक ईशान दुबे ने बताया कि भक्तों को तापत्रय से मुक्ति दिलाने के लिए जल विहार की झांकी सजाई जाती है।
काशी में विराजमान वैष्णवजनों के आराध्य ठाकुर जी का शुक्रवार को ज्येष्ठाभिषेक (स्नान यात्रा) हुआ। चौखंभा स्थित गोपाल मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के विग्रह के रूप में विराजमान मुकुंद राय, गोपाललाल एवं गोपीनाथ जी का 1008 कलशों के जल से स्नान कराया गया।
मंदिर षष्ठ पीठाधीश्वर श्याम मनोहर महाराज एवं प्रियेंदु बाबा ने मुहूर्त के मुताबिक सुबह आठ बजे से ठाकुर जी को स्नान कराया गया। इसके बाद विशेष भोग की थाली सजाई गई। इसमें दूध से बने विविध व्यंजनों का भोग लगाया गया। स्नान जल को चरणामृत के रूप में वैष्णवजनों में वितरण हुआ।
सीएसी ने प्रवेश प्रक्रिया समझाने को तैयार किया फ्लो चार्ट
बीएचयू की केंद्रीय प्रवेश समिति ने अभ्यर्थियों को सीट आवंटन के विभिन्न चरण सरल तरीके से समझाने के लिए एक फ्लो चार्ट तैयार किया है। इस फ्लोचार्ट में बताया गया है कि सीट आवंटन के विभिन्न चरणों में किस प्रकार अभ्यर्थी प्रवेश पा सकते हैं।
सीएसी चेयरमैन प्रो. भास्कर भट्टाचार्य ने बताया कि यह प्रक्रिया समझाने का उद्देश्य है कि अभ्यर्थी प्रवेश प्रक्रिया के दौरान त्रुटियों से बच सकें और सभी अहर्ता पूरी करने के बावजूद किसी त्रुटिवश प्रवेश से वंचित न रह जाएं।
काशी की विभूतियों को मिला काशी नवरत्न और काशी गौरव सम्मान
योग दिवस पर शुक्रवार को महमूरगंज में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान करने वाली विशिष्ट विभूतियों को काशी नवरत्न और काशी गौरव सम्मान से नवाजा गया। मुख्य अतिथि पंडित शिवनाथ मिश्रा रहे। अध्यक्षता स्वामी मुक्तानंद सरस्वती महाराज ने की।
काशी नवरत्न सम्मान पंडित शिवनाथ मिश्र, स्वामी मुक्तानंद सरस्वती, सचिन मिश्रा, डॉ. अनूप जायसवाल, डॉ. एके कौशिक, पंकज टेकरीवाल, सृष्टि सिंह, मेराज शाह और विजय नावड को दिया गया।
वहीं, काशी गौरव सम्मान मनोज कुमार सिंह, राजेश शंकर श्रीवास्तव, देवेंद्र सिंह, डॉ. गीता कुमारी, विजेता सचदेवा, प्रकाश अग्रवाल, प्रिंस हसन, साक्षी पांडेय, डॉ. कमलेश सिंह, डॉ. एचके श्रीवास्तव, वीरेंद्र मिश्रा, डॉ. पीयूष, चंदू अग्रवाल और शहजाद खान को प्रदान किया गया। स्वागत मिलन श्रीवास्तव ने किया। भजन गायक पंडित राकेश तिवारी ने काशी की महिमा पर भजन प्रस्तुत किया। संचालन चक्रवर्ती विजय नावड ने किया।
टूरिस्ट बसों को न रोका जाए, मिले अनुमति
बनारस टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने शुक्रवार को मांगों को लेकर यातायात पुलिस को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पर्यटकों के आने पर टूरिस्ट बसों को यातायात पुलिस रोकती है। ऐसे में लोगों को परेशानी होती है। टूरिस्ट बसों को सड़कों पर न रोका जाए और उन्हें होटल तक जाने दिया जाए।
एयरपोर्ट और बाहरी क्षेत्र से पर्यटक वाहन को होटल और स्टेशन तक छोड़ने और लाने की अनुमति दी जाए। अगर यातायात पुलिस के सिपाही धन उगाही के लिए बसों रो रोकता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। एसोसिएशन के अध्यक्ष ने ज्ञापन सौंपकर मांग पूरी करने की मांग की। इस दौरान प्रकाश जायसवाल, शशि प्रताप सिंह, सुनील सिंह, राकेश श्रीवास्तव, बंटी सिंह मौजूद रहे।
ताइक्वांडो में उपविजेता बनकर लौटी टीम का हुआ स्वागत
प्रथम इंटर क्लब ताइक्वांडो चैंपियनशिप की उपविजेता बनकर लौटी टीम का स्वागत शुक्रवार को चेतगंज स्थित एकेडमी के सभागार में हुआ। कोच उमेश केशरी ने बताया कि प्रतियोगिता में वाराणसी के खिलाड़ियों ने 18 स्वर्ण और 2 रजत समेत 20 पदक जीते।
इस प्रतियोगिता में वाराणसी के 25 खिलाड़ी शामिल हुए। प्रतियोगिता 20 जून को जौनपुर में खेली गई थी। पदक जीतकर लौटी टीम के सदस्यों ने अभ्यास मैच भी खेला। इस मौके पर प्रकाश यादव, आशीष राय, अमन कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।
चंडीगढ़ और अमृतसर के बीच चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
रेलवे भीड़भाड़ वाले रेलमार्गों पर स्पेशल ट्रेनें का संचालन कर रहा है। इनका संचालन वाराणसी-चंडीगढ़-वाराणसी, दरभंगा-अमृतसर-दरभंगा और बिलासपुर-अमृतसर बिलासपुर के बीच किया जाएगा। अंबाला रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार ने बताया कि ट्रेन नंबर 04211 वाराणसी से 22 जून को दोपहर 2:40 बजे रवाना होकर सुबह 6:30 बजे अंबाला कैंट और 7:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।
वापसी में ये ट्रेन नंबर 04212 चंडीगढ़ से 23 जून को सुबह 9:30 बजे रवाना होकर 10:20 बजे अंबाला कैंट और देर रात 1:20 बजे वाराणसी पहुंचेगी। बीच रास्ते ट्रेन मां बेहला देवी धाम प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, यमुनानगर-जगाधरी, अंबाला कैंट रेलवे स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकेगी।
सारनाथ में नया लाइट एंड साउंड शो सिस्टम लगेगा
सारनाथ में पर्यटकों की लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसे देखते हुए पर्यटन विभाग लगभग 1.40 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य करा रहा है। सारनाथ में लाइट एंड साउंड सिस्टम में बदलाव किया जा रहा है। पुराने सिस्टम में आवाज संबंधी दिक्कत थी।
इसे दुरुस्त करने के लिए नया लाइट एंड साउंड सिस्टम लगाया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट के तहत सारनाथ, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, बीएचयू के सिंह द्वार के आसपास फसाड लाइटें भी लगाई जाएंगी।
वहीं, काशी में शास्त्री घाट और सामने घाट में 3.15 करोड़ रुपये की लागत से एंफीथियेटर, बेंच, लाइट, सोलर पैनल, एप्रोच रोड आदि का निर्माण हो रहा है। पर्यटन विभाग के उपनिदेशक आर के रावत ने बताया कि सारनाथ में जुलाई में काम शुरू होगा। शास्त्री और सामने घाट पर काम अगस्त तक पूरा किया जाना है।
आईटीआई करौंदी में रोजगार मेले में 200 विद्यार्थियों का चयन
मिशन रोजगार के तहत शुक्रवार को आईटीआई करौंदी में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें वाराणसी सहित आसपास के जिलों के 500 से अधिक छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया। मेले में आठ कंपनियां ने 200 से अधिक छात्रों का चयन किया।प्लेसमेंट प्रभारी पीसी राय ने बताया कि मेले में 200 से अधिक छात्रों का चयन हुआ है। चयनित हुए छात्रों की पोस्टिंग दिल्ली, हरियाणा और गुजरात में होगी।