फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Top Breaking Trending Big Latest And Viral News Of Today In Varanasi

News in Brief: छह बदमाशों ने जेसीबी मालिक के साथ की डकैती, पिता-पुत्र के खिलाफ केस, पढ़ें अन्य खबरें

Wed, 12 Jun 2024 08:55 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Wed, 12 Jun 2024 08:55 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में बुधवार को छोटी-बड़ी काफी खबरें रहीं। पहली खबर वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र की है, जहां बाइक सवार छह बदमाशों ने जेसीबी मालिक की पिटाई कर उनसे नकदी लूट लिए। पुलिस मामला दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। दूसरी खबर बड़ागांव थाना क्षेत्र की है, जहां एक वृद्धा ने अपने बेटे और बहू के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Top Breaking Trending Big Latest And Viral News Of Today In Varanasi
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र नकटेश्वरी मोड़ पर बाइक सवार छह बदमाशों ने जेसीबी मालिक को मारपीट कर 12 हजार रुपये की डकैती की। तीन दिन पूर्व घटना के बाबत फूलपुर पुलिस ने बुधवार को मुकदमा दर्ज किया। 

विज्ञापन


थाना क्षेत्र के बरजी निवासी अभिषेक सिंह ने बताया कि वह रविवार को नकटेश्वरी गांव से मिट्टी समतलीकरण कर घर लौट रहा था। रात 11 बजे दो बाइक पर सवार पर छह युवकों ने ओवरटेक कर जेसीबी रोक ली। दो युवक जेसीबी पर चढ़ गए और मारपीट शुरू कर दी। 
विज्ञापन


जेब से 12 हजार रुपये छीनते हुए जान से मारने की धमकी दी। फूलपुर थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर पर अंकित कुमार, राहुल कुमार, विपिन कुमार, राकेश कुमार, रविंद्र कुमार व आनंद के खिलाफ डकैती समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


बबूल के जंगल में हत्या कर फेंके युवक की नहीं हो सकी पहचान
चौबेपुर क्षेत्र के राजवारी गांव के गोमती नदी किनारे मंगलवार सुबह युवक की हत्या कर फेंके शव की पहचान बुधवार को भी नहीं हो सकी। पुलिस ने आसपास क्षेत्र समेत अन्य होटल, दुकानों, टोल प्लाजा के सीसी कैमरे खंगाले। फोटो भी आसपास के लोगों को दिखाकर पहचान की कोशिश की। 

माना जा रहा है कि वाराणसी-गाजीपुर बॉर्डर होने के कारण किसी दूसरे जिले के युवक की यहां लाकर हत्या की गई है। एसीपी सारनाथ अतुल अंजान त्रिपाठी व चौबेपुर प्रभारी निरीक्षक मातहतों के साथ पूरे दिन क्षेत्र में लगे रहे। प्रभारी निरीक्षक विद्या शंकर शुक्ला ने बताया कि मृतक के कान व आंख में चोटे लगी है। हत्या गोली मारकर हुई है या किसी हथियार से अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा। 

मुकदमे की फाइल लेकर फरार मामले में पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज
कचहरी के सिविल जज (सीडी) न्यायालय के अंदर से मुकदमे के जिरह के दौरान फाइल लेकर फरार मामले में पुलिस आयुक्त के आदेश पर बुधवार को कैंट थाने में आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

गणेश चवर गली, भैरोनाथ कोतवाली निवासी गोपी के अनुसार 20 मई 2024 को न्यायालय सिविल जज एफटीएस के न्यायालय में बंटवारा वाद विजय सेठ बनाम गोपी में जिरह के बाद अगली कारवाई के लिए 29 मई की तिथि तय हुई। इसी दौरान पहले से घात लगाए विजय के बेटे विनय सेठ मुकदमा संबंधित फाइल ले कर भाग निकला।

बेटे और बहू के खिलाफ उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के गांगकला (पश्चिम) गांव की वृद्धा ने अपने बेटे और बहू के खिलाफ उत्पीड़न, धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया। पीड़िता सावित्री देवी का आरोप है कि छोटे बेटे आशीष और उसकी पत्नी सुंदरी आएदिन प्रताड़ित करती है। पति को धोखे में रखकर बैंक से उनका पेंशन निकलवा लेते हैं। धोखे से जमीन की रजिस्ट्री भी करा ली है।

ग्राम प्रधान को मिली जान से मारने की धमकी
बड़ागांव के ग्राम सभा गांगकला के प्रधान शशिकांत वर्मा को जान से मारने की धमकी मिली है। आरोप है कि धमकी देने वाले पिता-पुत्र गांव के ही रहने वाले हैं। ग्राम प्रधान का आरोप है कि गांग खुर्द मजरे निवासी यावर और उसके पिता सुल्तान बंजर जमीन पर अवैध कब्जा किये हुए हैं, जिन्हें राजस्व अधिकारियों ने जमीन की पैमाइश कर बेदखल करने का आदेश दिया है। 

इसी से नाराज आरोपियों ने सोमवार को गाली गलौज देते हुए मुझे काट डालने धमकी दी है। बड़ागांव थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

घर से निकली किशोरी लापता
बड़ागांव। थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी सोमवार को घर से शौच के लिए निकली और गायब हो गई। काफी खोजबीन के बाद मां ने बुधवार को अज्ञात के खिलाफ पुत्री को अगवा करने का मुकदमा दर्ज कराया है।

24 लीटर देसी शराब के साथ दो गिरफ्तार
कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या छह के शुलभ शौचालय के पास से जीआरपी ने मंगलवार रात दो युवकों को 24 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया। जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि कुंदन कुमार और विकास कुमार दोनों आरोपी बिहार बेगूसराय स्थित वीरपुर थाना क्षेत्र के परवंदा के रहने वाले हैं। चोरी छिपे बैग में शराब की खेप लेकर बिहार जाने की फिराक में थे। टीम में एसआई देवचंद्र यादव, अखिलेश और नरेंद्र तिवारी रहे।

पति समेत पांच के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा
विवाहिता ने पति समेत पांच के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में बुधवार को लालपुर-पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। भक्ति नगर कॉलोनी निवासी महिला के अनुसार, उसकी शादी पिछले साल फरवरी में चंडीगढ़ निवासी योगेश कश्यप के साथ हुई थी। 

शादी के तीसरे दिन बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। पांच लाख रुपये और बाइक की मांग के साथ ही मायके में जमीन की रजिस्ट्री का दबाव बनाया गया। साथ ही मारापीटा भी गया। हत्या की साजिश भी पति समेत अन्य ससुराल वालों ने रची। 

बकरी चराने विवाद में 10 नामजद समेत अज्ञात खिलाफ मुकदमा दर्ज
जंसा थाना क्षेत्र के भुईली रामेश्वर गांव में दो दिन पूर्व बकरी चराने को लेकर विवाद में 10 नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। भुईली (रामेश्वर) गांव निवासी सीमा सिंह का आरोप है कि गांव के ही रामप्रसाद, झांगूर ने मेरे खेत में बकरी चरा रहे थे। मना करने पर जान से मारने की नीयत से पति पर हमला कर दिया। पति के हाथ में गंभीर चोटें आई है। पुलिस के अनुसार 10 नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

जमीन विवाद के लेकर मारपीट मुकदमा दर्ज
जंसा थाना क्षेत्र के चौखंडी गांव में बुधवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कराया। नवीन पांडेय और दिलीप पांडेय के बीच जमीन का विवाद चल रहा है। चाहरदीवारी खड़ा करने को लेकर दोनों पक्ष आमने सामने हो गए। पुलिस के अनुसार नवीन पांडेय की तहरीर पर दिलीप पांडेय समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

गैरइरादतन हत्या में किशोर अपचारी की जमानत अर्जी मंजूर
विशेष न्यायाधीश (पाॅक्सो) अजय कुमार की अदालत ने गैर इरादतन हत्या के मामले में किशोर अपचारी की जमानत अर्जी मंजूर कर ली है। पिता की ओर से अंडरटेकिंग के साथ ही 75-75 हजार रुपये की दो जमानतदार और बंधपत्र देने पर पिता के संरक्षण में अवमुक्त करने का आदेश दिया। 

सारनाथ निवासी राजनाथ राजभर ने 4 फरवरी 2023 को सारनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि 3 फरवरी 2023 को समय करीब रात के 9.30 बजे उसका 28 वर्षीय पुत्र संजय राजभर खाना खाकर घर के सामने रोड पर टहल रहा था। उसी दौरान तिलमापुर के स्कूटी सवार तीन लड़कों ने पुत्र को धक्का मार दिया। घायल बेटे की अगले दिन सुबह 10 बजे मौत हो गई। 

पुलिस ने विवेचना के दौरान स्कूटी चालक रंजीत, रोहित व सनी को आरोपित बनाते हुए मुकदमा दर्ज किया था। किशोर अपचारी के पिता की ओर से किशोर न्याय बोर्ड द्वारा किशोर अपचारी की जमानत खारिज किए जाने के बाद सत्र न्यायालय में अपील दाखिल की गई थी।

गैंगस्टर एक्ट में वांछित के घर नोटिस चस्पा
गैंगेस्टर एक्ट और विचाराधीन गोवध अधिनियम के मामले में वांछित चौबेपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर निवासी चंद्रशेखर मौर्या के घर बुधवार को बलिया पुलिस ने नोटिस चस्पा किया। पुलिस के अनुसार, बलिया के सुखपुरा थाने से संबंधित मामले में वहां की पुलिस ने कार्रवाई की।


पुलिस और राजस्व कर्मियों ने रास्ते की पैमाइश कर विवाद निपटाया
चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लूठा खुर्द में सड़के के एक मामले को पुलिस और राजस्व टीम ने बुधवार को निपटाया। राजस्व निरीक्षक संजय सिंह के नेतृत्व में तीन राजस्व निरीक्षकों व छह लेखपाल की टीम चौबेपुर पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और जमीन की पैमाइश की। राजस्व निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि पूरा रास्ता उमेश चंद्र पांडेय वगैरह की जमीन में बना है। विरोध करने वालों का रास्ते की जमीन से कोई संबंध नहीं है। रिपोर्ट तहसीलदार सदर के माध्यम से एसडीएम सदर को पेश किया जाएगा।


नशे में धुत महिला सफाईकर्मी ने पुलिस कर्मियों से की अभद्रता
अस्सी चौराहे के पास बुधवार दोपहर 50 साल की एक महिला नशे में पड़ी थी। महिला की सूचना पर पहुंची महिला पुलिस कर्मियों ने उसे हटाने की कोशिश की तो गालीगलौज और मारपीट पर उतारू हो गई। महिला पुलिस कर्मियों ने किसी तरह महिला को आनंदमयी अस्पताल के पास उसके घर भिजवाया। वह साफ-सफाई का काम करती है।

जमीन के विवाद में दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, 6 घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर (महेशपट्टी) गांव में बुधवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। लाठी-डंडे से महिला समेत छह लोग घायल हो गए। जिला अस्पताल में घायलों को भर्ती कराया गया। गांव में तनाव को देख फोर्स लगा दी गई है।

बेनीपुर गांव निवासी राजा दुबे व कमलेश मौर्य के बीच कई साल से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। दोपहर में कमलेश मौर्य जमीन पर दीवार का निर्माण करा रहा था, जिसका राजा दुबे के परिजनों ने विरोध किया। देखते देखते दोनों पक्ष भिड़ गए। लाठी-डंडा और पत्थरबाजी शुरू हो गई।

राजा दुबे के पक्ष से आशा देवी (48), राजा (28), गोविंदा (22), राधा (18) और दूसरे पक्ष से कमलेश मौर्य और मुन्नीलाल मौर्य घायल हो गए। मिर्जामुराद थाना प्रभारी आनंद चौरसिया ने बताया कि राजा दुबे की तहरीर पर चंद्रभूषण मौर्य, कमलेश, शशि कशिश अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।


चोरी और धमकी के मामले में महिला को कोर्ट ने किया तलब
विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अश्वनी कुमार की अदालत ने आरोपी विभा सिंह को चोरी और जान से मारने की धमकी देने के मामले में 30 जून को तलब किया है। नितिश कुमार सिंह ने बताया कि उनका विभा सिंह से 22 फरवरी 2023 को विवाह हुआ है। 

12 मार्च 2023 को विभा सिंह मायके जाते समय अपना और उनकी मां के सारे आभूषण, 25 हजार रुपये लेकर फरार हो गई। इसके बाद गालीगलौज के साथ ही जान से मारने की धमकी देने लगी। सुनवाई के बाद कोर्ट ने महिला को तलब किया है।

अध्यापक के बंद मकान को चोरों ने खंगाला
बालाजी पुरम कॉलोनी परमानंदपुर निवासी अध्यापक प्रियव्रत सिंह 11 जून को दोपहर 12:00 बजे अपने पूरे परिवार के साथ ससुराल कुशहा अदलपुर (मिर्जापुर) गए हुए थे। वहीं प्रियव्रत आज शाम को अपने पड़ोसी को बोला की आज दूध वाले को मना कर दीजिएगा कि न आवे।



इतने में पड़ोसी ने बताया आपका मेन गेट का ताला टूटा हुआ है। मेन गेट खोलते हुए अंदर के तरफ बढ़े तो देखा कि कमरे का भी दरवाजा खुला हुआ है। शाम करीब 7:00 बजे प्रियव्रत सिंह अपने बालाजी पुरम कॉलोनी स्थित आवास आएथ और 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी।

सपा कार्यकर्ताओं ने कैंडल जलाकर दी श्रद्धांजलि
जम्मू कश्मीर में यात्रियों से भरी बस पर हुए आतंकी हमले में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए सपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को आजाद पार्क में कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी।

सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा (विश्वकर्मा) ने घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को सरकार की तरफ से पचास लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल लोगों को बीस लाख रुपये की आर्थिक सहयोग के साथ सरकारी नौकरी देने की मांग की। इस दौरान शुभम सेठ (गोलू), जीशान कलाम, राहुल गुप्ता, संदीप मिश्रा, जीशान अंसारी मौजूद रहे।

बीएचयू ने जारी किया पीजी का कटऑफ
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए बुधवार को कटऑफ जारी हो गया। सीट आवंटन की प्रक्रिया 11 जून से ही शुरू हो चुकी है। पहले दिन समर्थ पोर्टल पर लॉगिन करने में विवि को थोड़ी तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा, लेकिन दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन होने लगा था। 

बुधवार को सभी विभागों का बीएचयू और नॉन बीएचयू कोटा में कटऑफ जारी किया गया। बीएचयू की केंद्रीय प्रवेश समिति ने कटऑफ को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर डाल दिया। केंद्रीय प्रवेश समिति के चेयरमैन प्रो. भास्कर भट्टाचार्य ने बताया कि कटऑफ बीएचयू की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। 

इसके अलावा सीट आवंटन का मैसेज आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं के पोर्टल पर सीधे दिखेगा। वहां से उन्हें 48 घंटे के अंदर आवंटित सीट की स्वीकृति देनी है। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन और शुल्क भुगतान होगा।

अजय राय कल मोटरसाइकिल से निकालेंगे आभार यात्रा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय गुरुवार शाम 4 बजे जनादेश 2024 धन्यवाद और आभार यात्रा निकालेंगे। यह यात्रा मोटरसाइकिल से निकाली जाएगी। पांचों विधानसभा के इंडी गठबंधन से जुड़े सभी पार्टियों के कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल होंगे। यात्रा की शुरुआत संविधान रचयिता भीमराव आंबेडकर प्रतिमा से होगी। जो कि बागेश्वरी देवी मंदिर पर समाप्त होगी। 

अजय राय ने कहा कि काशीवासियों ने इतना प्यार दिया। उनका धन्यवाद देने के लिए यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा में कोई बाहरी नहीं होगा। बल्कि काशी के लोग ही शामिल होंगे। रास्ते मेंं महापुरुषोंं की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद भी लेंगे।

काशी विद्यापीठ की 26 जून की सभी परीक्षाएं निरस्त
आगामी 26 जून को इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड रूरल टेक्नोलॉजी (आईईआरटी) प्रयागराज की प्रवेश परीक्षा होने के कारण महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की उक्त तिथि पर होने वाली सभी परीक्षाएं निरस्त कर दी गई हैं। 26 जून की सभी परीक्षाओं की नई तिथियां शीघ्र घोषित की जाएंगी। यह जानकारी कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक के हवाले से काशी विद्यापीठ की वेबसाइट पर दी गई है। 

अवैध निर्माण पर ग्रुप हाउसिंग सील कर पुलिस को सौंपा
वीडीए ने नगवा वार्ड केबजरडीहा में माताप्रसाद की ओर से ग्रुप हाउसिंग का निर्माण कराया जा रहा था। स्वीकृत मानचित्र केविपरीत सेटबैक और डक्ट को प्रभावित किया गया। अनाधिकृत रूप से 550 वर्ग मीटर निर्माण कराया जा रहा था। नोटिस देकर पूरे ग्रुप हाउसिंग के अवैध निर्माण को सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया।

बंद पेंशन फिर से कर सकते है चालू
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की ओर से पेंशनरों को राहत दी जा रही है। बंद हुई पेंशन को दोबारा खुलवा सकते हैं। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त -1 नीरज श्रीवास्तव के अनुसार पेंशनर अपने बैंक, जन सुविधा केंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम बंद पड़ी पेंशन को पुन: चालू करवा सकते हैं। वहीं, भविष्य निधि कार्यालय, अशोक विहार कालोनी फेज-1 पहड़िया में आकर अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र व बंद पड़ी पेंशन चालू करवा सकते हैं।

राज्य पुरस्कार के लिए आवेदन 15 जून से शुरू
बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रदेश के शिक्षकों से राज्य अध्यापक पुरस्कार-2023 के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इसके तहत प्राइमरी शिक्षक 15 जून से 10 जुलाई तक प्रेरणा वेब पोर्टल www.prernaup.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद जनपद स्तर पर प्रमाणपत्रों का सत्यापन 15 जुलाई से 25 जुलाई तक किया जाना है और प्रदेश स्तर पर चयन की प्रक्रिया 26 जुलाई से 10 अगस्त तक प्रस्तावित है। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने बताया कि इसमें ऐसे ही शिक्षक आवेदन कर सकते हैं जिनकी सेवा 15 वर्ष पूर्ण हो गई हो और सेवानिवृत्ति 5 वर्ष से कम न हो।

कामकाज में करें हिंदी के अधिक प्रयोग पर दिया जोर
मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक और तकनीकी संगोष्ठी बुधवार को भारतेंदु सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव ने की। इस दौरान कामकाज और अन्य कार्यों में अधिक से अधिक हिंदी प्रयोग करने पर जोर दिया गया। 

अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) रोशन लाल यादव ने कहा कि इस बार मंडल को नगर राजभाषा शील्ड व मुख्यालय स्तर की अंतरमंडलीय राजभाषा कार्यकुशलता ट्रॉफी प्राप्त हुई है। वरिष्ठ आंकड़ा संसाधन प्रबंधक सह राजभाषा अधिकारी नवनीत कुमार वर्मा ने राजभाषा पर सुझावों पर विस्तृत चर्चा की। 

इस दौरान मंडल अस्पताल के अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. नीरज कुमार ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन से काॅर्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) के बारे में जानकारी दी। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) राजेश कुमार सिंह, सीपीएम (गतिशक्ति) कौशलेश सिंह, सीएमएस आरजे चौधुरी आदि रहे।

निशानेबाजी में प्रियंका ने पार की पांचवें चक्र की बाधा

Top Breaking Trending Big Latest And Viral News Of Today In Varanasi
प्रियंका। - फोटो : अमर उजाला
प्रियंका ने राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता खेलने के लिए पांचवें चक्र की बाधा पार कर ली है। मध्य प्रदेश के स्टेट शूटिंग एकेडमी में 22वीं सुरेंद्र सिंह मेमोरियल शूटिंग प्रतियोगिता खेली गई। इसमें मड़ौली निवासी प्रियंका पटेल ने महिला वर्ग के फ्रीस्टाइल इवेंट में 600 में 541 अंक हासिल कर छठे चक्र में प्रवेश कर लिया। 

जिला रायफल क्लब के कार्यकारिणी सदस्य पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि यूपी टीम में शामिल होकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता खेलने के लिए खिलाड़ी को सात चक्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होता है। प्रियंका ने अब तक खेले गए पांच मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया है। 

संजीव पटेल ने बताया कि निशानेबाजी के लिए फिजिकल फिटनेस के साथ मेंटल फिटनेस जरूरी होता है। प्रियंका प्रतिदिन छह घंटे अभ्यास करती हैं। इसमें मानसिक मजबूती के लिए एक घंटे योगा, दो घंटे व्यायाम और तीन घंटे शूटिंग रेंज पर निशानेबाजी का अभ्यास करती हैं। मध्य प्रदेश में खेले गए 50 मीटर पिस्टल के मुकाबले में प्रियंका ने कांस्य पदक जीता है। खिलाड़ी के प्रदर्शन पर यूपी रायफल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष जगदीप मधोक ने खुशी जताई।

लक्ष्मण अवार्डी ने बताई फुटबाॅल की बारीकियां

Top Breaking Trending Big Latest And Viral News Of Today In Varanasi
फुटबाल खेलते खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला

वाराणसी के गहनी के खेल मैदान पर बुधवार को 12 दिवसीय फुटबाल प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। इसमें लक्ष्मण अवार्डी फुटबाॅल खिलाड़ी मुस्ताक अली ने खिलाड़ियों को फुटबॉल की बारीकियां बताई। शिविर के पहले दिन 50 खिलाड़ियों ने अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। 

खिलाड़ियों को गेंद रोकने, जगह बनाकर पास देने की जानकारी दी गई। सीनियर व जूनियर खिलाड़ियों का अलग अलग वर्ग बनाकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। खिलाड़ियों से सचिव सत्येंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि लगातार अभ्यास ही खिलाड़ी की सफलता का आधार बनता है। 

प्रत्येक खिलाड़ी को कोच की सलाह पर अभ्यास करना चाहिए। अतिथियों का स्वागत नवीन कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर डॉ. अरविंद कुमार सिंह, साकेत सिंह, दिनेश, सचिन, अमित, यासिर मौजूद रहे।

गर्मी की छुट्टियां बढ़ाने की मांग की
उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ ने भीषण गर्मी के मद्देनजर ग्रीष्मकालीन अवकाश बढ़ाने की मांग की है। संगठन ने बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार को पत्र लिखकर कहा कि बेसिक स्कूलों में 15 जून को ग्रीष्मावकाश समाप्त हो रहा है। जबकि प्रदेशभर में भीषण गर्मी पड़ रही है और लू चल रही है। ऐसे में विद्यालय खुले तो बच्चों को वहां बैठ पाना मुश्किल होगा। इससे बच्चे बीमार पड़ सकते हैं। इसलिए ग्रीष्मावकाश को बढ़ाकर 30 जून तक कर दिया जाए।

गंगा में पानी छोड़ने के लिए प्रमुख सचिव को भेजा पत्र
गर्मी में लगातार गंगा का जलस्तर कम हो रहा है। इस कारण और पानी छोड़ने के लिए जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को प्रमुख सचिव सिंचाई को पत्र भेजा गया। साथ ही जलकल के महाप्रबंधक विजय नारायण मौर्य ने बताया कि अभी गंगा का जलस्तर 189 फीट है। पानी छोड़ने के लिए गंगा बैराज कानपुर के मुख्य अभियंता को भी पत्र भेजा गया है। 

वर्तमान में गंगा से 125 एमएलडी पानी भदैनी रॉ-वाटर पंप स्टेशन से लिया जा रहा है। जिसे शोधित करने के बाद 110 एमएलडी पानी की आपूर्ति की जा रही है। अभी पानी का संकट नहीं है। आने वाले दिनों में गंगा का जलस्तर नीचे जाएगा तो दिक्कत बढ़ जाएगी।

गंगा को स्वच्छ बनाने का संकल्प लेकर किया श्रमदान
गंगा को स्वच्छ बनाने का संकल्प लेकर नमामि गंगे के सदस्यों ने बुधवार को प्रयाग घाट पर श्रमदान किया। इस दौरान गंगा घाट पर मौजूद लोगों को स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए घाट पर मार्च निकाला।

नमामि गंगे के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि ने कहा कि साफ सफाई में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। आमजन की लापरवाही की वजह से सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलती है। अभियान के छठवें दिन घाट के अलावा गंगा तलहटी की सफाई के लिए उतरे स्वयंसेवकों ने श्रमदान किया। इस मौके पर रामप्रकाश जायसवाल, जय विश्वकर्मा, शिवांगी पांडेय, राजेंद्र सिंह, प्रवीन शुक्ल मौजूद रहे। 

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने एक्स पर पोस्ट की सीवर ओवरफ्लो की समस्या
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने एक्स पर सेंट्रल जेल चौराहे पर सीवर ओवरफ्लो से जुड़ी वीडियो पोस्ट की। पोस्ट में लिखा है कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में सेंट्रल जेल चौराहे पर सीवर ओवरफ्लो पिछले 10 साल में मोदी सरकार के हवाई विकास को आईना दिखा रहा है। 

जलकल के सचिव ओपी सिंह ने कहा कि काम चल रहा है। उधर, जिले के कई वार्डों में सीवर ओवरफ्लो की समस्या से लोग परेशान हैं। आने-जाने में परेशानी हो रही है, वहीं बीमारी का डर सता रहा है। दो दिन पहले सेंट्रल जेल चौराहे पर सीवर ओवरफ्लो होने से गंदा पानी फैल गया। बदबू के चलते लोगों का वहां से गुजरना मुश्किल हो रहा था।

29 जुलाई से विशेष लोक अदालत
सुप्रीम कोर्ट में 29 जुलाई से तीन अगस्त तक विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला जज विजय कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण व उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्रकरण लखनऊ के तहत उच्चतम न्यायालय के समक्ष लंबित प्रकरणों के सुलभ निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। पक्षगण अपने मुकदमों को सुलभ व आसान तरीके से विशेष लोक अदालत में निस्तारित करा सकते हैं। 

15 जून से शुरू होगा सात दिवसीय योग शिविर
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के उपलक्ष्य में आईआईटी बीएचयू 15 जून से सात दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन करने जा रहा है। शिविर सुबह छह से सात बजे तक संस्थान के जिमखाना मैदान में आयोजित किया जाएगा।

अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर राजेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि संस्थान के अधिकारियों, अध्यापकों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और काशी के लोग इस आयोजन में शामिल होकर शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

बताया कि 21 जून 2024 को सभी प्रतिभागियों को शिविर में उपस्थित रहने पर सहभागिता प्रमाणपत्र दिया जाएगा। प्रतिभागियों को 14 जून तक निशुल्क पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण प्रपत्र जिमखाना कार्यालय से सुबह 10 से शाम पांच बजे तक प्राप्त किया जा सकता है।

पीएम सूर्य घर योजना का लाभ जनता तक पहुंचाएं सभी विभाग-सीडीओ
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) हिमांशु नागपाल ने बुधवार को सभी विभागों के अधिकारियों के साथ विकास भवन में बैठक की। इस दौरान निर्देश दिए कि सभी विभाग पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ जनता तक पहुंचाने की योजना बनाएं। 

इसमें विभाग में आने वाले लोगों को योजना से संबंधित जानकारी और लाभ बताया जाए। शीघ्र लक्ष्य निर्धारित किया जाएगा। याेजना का लाभ केंद्र सरकार के पोर्टल pmsuryaghar.gov.in पर पंजीकरण कर प्राप्त किया जा सकता है।

79 रिक्त पदों पर होगी तैनाती
पंचायत सहायक और एकाउंटेंट कम डेटा इंट्री ऑपरेटर के 79 रिक्त पदों पर तैनाती की जाएगी। जिला पंचायत राज अधिकारी आदर्श के अनुसार ग्राम पंचायतों की ओर से आवेदन पत्र आमंत्रित करने की सूचना 12 से 14 जून तक दी जाएगी। आवेदन पत्र जमा करने के लिए 15 से 30 जून तक का समय दिया गया है।

ग्राम पंचायतों को 1 से 6 जुलाई तक सभी कार्यालयों से आवेदन पत्र दिया जाएगा। इसके आधार पर मेरिट लिस्ट 7 से 14 जुलाई तक तैयार की जाएगी। ग्राम पंचायतों की ओर से नियुक्ति पत्र 22 से 24 जुलाई तक दिया जाएगा।

विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में फिर ओवरफ्लो हुआ सीवर
विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में एक बार फिर से सीवर ओवरफ्लो होने लगा है। सुबह दर्शन के लिए आने वाले भक्तों के साथ दुकानदारों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। मंदिर जाने वाले गेट नंबर चार के पास नालियों के किनारे सीवर ओवरफ्लो होने से पूरी सड़क भर गई।



फूल माला कारोबारी उसी के बीच रहकर कारोबार करने को मजबूर हैं लेकिन जिम्मेदारों को दिखाई नहीं दे रहा है। इस इलाके में आए दिन सीवर की समस्या आ रही है। बावजूद इसके सीवर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। क्षेत्र के लोगोंं ने जलकल को फोन कर सूचना दी है। जलकल के सचिव ओपी सिंह ने बताया कि चोक सीवर लाइन को खुलवाया जा रहा है। 

शुक्रवार को हेल्पलाइन नंबर एक घंटे रहेगा बंद
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के डिस्कॉम मुख्यालय स्थित हेल्पलाइन नंबर 1912 की सुविधाएं बेहतर करने के लिए नया राउटर लगाया जाएगा। जनसंपर्क अधिकारी संदीप वर्मा ने बताया कि हेल्पलाइन नंबर ठीक से काम नहीं करने की शिकायतें मिल रहीं थीं।

इसे ठीक करने के लिए निजी कंपनी ने राउटर उपलब्ध कराया। इसे शुक्रवार को लगाने का काम होगा। इसके चलते शुक्रवार शाम साढ़े चार से साढ़े पांच बजे तक निगम की हेल्पलाइन नंबर पर शिकायतें दर्ज नहीं कराई जा सकेंगी।

वरिष्ठ महिला गाइड जयंती चैटर्जी का निधन
पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रशिक्षित व मान्यता प्राप्त जर्मन भाषा की विशेषज्ञ गाइड जयंती चटर्जी का बुधवार को निधन हो गया। भारत पर्यटन वाराणसी के सहायक निदेशक अमित गुप्ता व टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष जैनेंद्र राय ने श्रद्धांजलि दी। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed