{"_id":"6637c8f81fd759772a06275a","slug":"top-and-latest-news-of-today-in-varanasi-2024-05-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Varanasi Top News: अधिवक्ता के खाते से डेढ़ लाख रुपये उड़ाए सहित पढ़ें अन्य खबरें","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Varanasi Top News: अधिवक्ता के खाते से डेढ़ लाख रुपये उड़ाए सहित पढ़ें अन्य खबरें
Sun, 05 May 2024 11:35 PM IST
अमन विश्वकर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
Published by: अमन विश्वकर्मा
Updated Sun, 05 May 2024 11:35 PM IST
सार
Varanasi News: वाराणसी में रविवार को छोटे-बड़े कई कार्यक्रमों के साथ अपराध की खबरें भी रहीं। इसमें कैंट थाना क्षेत्र के एक अधिवक्ता के साथ लगभग डेढ़ लाख रुपये की जालसाजी का मामला सामने आया है। पुलिस केस दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। वहीं, भेलूपुर थाना क्षेत्र के सरायनंदन कॉलोनी के रहने वाले पंकज अग्रवाल के साथ 86 हजार रुपये का साइबर फ्रॉड हुआ है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की खबरें।
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विश्वनाथपुरी कॉलोनी, भरलाई निवासी एक अधिवक्ता के खाते से साइबर जालसाजों ने पांच माह में डेढ़ लाख रुपये से अधिक की निकासी कर ली। गत 28 अप्रैल को अधिवक्ता एटीएम से रुपये निकालने गए तो उन्हें खाते से पैसे निकलने की जानकारी हुई। अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
विश्वनाथपुरी कालोनी, भरलाई शिवपुर निवासी अधिवक्ता स्वराज सिंह के अनुसार कचहरी स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा में उनका बचत खाता है। उस खाते से 21 दिसंबर 2023 से 10 अप्रैल 2024 के बीच कई बार में 1,52,380 रुपये की निकासी की गई। अधिवक्ता ने बताया कि खाते से पैसा निकाले जाने के संबंध में उनके मोबाइल नंबर पर एक भी बार मैसेज भी नहीं आया। कैंट थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
जान देने के इरादे से रेलवे ट्रैक पर बैठी विवाहिता को पुलिस ले गई थाने
वाराणसी के सेवापुरी स्टेशन के पश्चिमी आउटर के पास गांधी आश्रम के सामने रविवार की दोपहर बाद जान देने के इरादे से ट्रैक के पास बैठकर ट्रेन का इंतजार कर रही विवाहिता को पुलिस कपसेठी थाने ले गई। देर शाम तक हुई पंचायत के बाद विवाहिता को पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। मामला घरेलू कलह से संबंधित बताया गया है। कपसेठी थाना क्षेत्र के भीषमपुर गांव की विवाहिता का ससुराल के लोगों से विवाद चल रहा था।
विज्ञापन
रविवार की दोपहर वह 100 रुपये लेकर अचानक घर से निकल पड़ी। परिजनों ने काफी देर तक तलाश की, लेकिन जब वह नहीं मिली तो कपसेठी थाने की पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस हरकत में आई और रोती-बिलखती हुई विवाहिता को रेलवे ट्रैक के पास से कपसेठी थाने ले गई।
बैंक कर्मी बता कर क्रेडिट कार्ड से की 86 हजार की खरीदारी
वाराणसी के शंकर धाम कॉलोनी, सरायनंदन निवासी पंकज अग्रवाल के क्रेडिट कार्ड से साइबर जालसाजों ने 86761 रुपये की खरीदारी कर ली। प्रकरण को लेकर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पंकज अग्रवाल के अनुसार उनका एचडीएफसी बैंक का क्रेडिट कार्ड है।
खुद को एचडीएफसी बैंक से बताते हुए रिया ने उन्हें फोन किया। फिर क्रेडिट कार्ड एक्टिवेट करने की बात कह कर बहुत सारे सवालों में उलझा कर उनका पिन और ओटीपी पूछ लिया। एक महीने बाद जब उनके पास 86761 रुपये की रिकवरी का मैसेज आया तब उन्हें साइबर फ्रॉड की जानकारी हुई।
विश्व भ्रमण पर निकले ब्रिटिश दंपती सड़क हादसे में घायल
वाराणसी के राजघाट स्थित मालवीय पुल पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार ब्रिटिश दंपती घायल हो गए। घायलावस्था में ही दंपती गूगल मैप की मदद से पड़ाव-पीडीडीयू नगर मार्ग पर मढ़िया स्थित अस्पताल पहुंचे। अस्पताल के कर्मचारियों ने प्राथमिक उपचार के साथ ही चंदौली की मुगलसराय कोतवाली की जलीलपुर चौकी के प्रभारी को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने दंपती को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
डॉक्टरों के अनुसार, हादसे में ब्रिटिश नागरिक इयाना खुरशेव का बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया है और ठुड्डी में चोट लगी है। उनके पति माइकल जोसेफ को हल्की चोट लगी है। ब्रिटिश दंपती के अनुसार वह बाइक से विश्व भ्रमण पर निकले हैं। कुछ दिन वाराणसी भ्रमण के बाद वह बिहार स्थित बौद्धगया जा रहे थे। वह जैसे ही राजघाट स्थित मालवीय पुल पर पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर भाग निकला। घायलावस्था में पड़े विदेशी दंपती ने राहगीरों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आया।
हाईवा से ट्रक टकराया में तीन घायल, एक की हालत नाजुक
रिंग रोड फेज-2 पर लोहरापुर गांव के सामने रविवार की सुबह आगे चल रही हाईवा का टायर फटने की वजह से उसके पीछे एक ट्रक टकरा गया। हादसे में ट्रक के ड्राइवर सहित तीन लोग घायल हो गए। घायल बिहार के खजुरा, कैमूर के निरंजन कुमार, चंदौली के पुरवट गौरी, बबुरी का रामराज बिंद और चंदौली के कोनिया, सैयदराजा का तूफानी निषाद को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों ट्रक की केबिन में फंसे थे।
छेड़खानी और मारपीट का मामला
वाराणसी के बृजएंक्लेव एक्सटेंशन में रहने वालीं एक इंजीनियर के प्रार्थना पत्र पर कोर्ट के आदेश से भेलूपुर थाने में एक नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मारपीट, छेड़खानी सहित अन्य अरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।
इंजीनियर ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाला आशीष सिंह अपने साथियों के साथ गत 11 मार्च को उनके घर में घुसकर मारपीट और छेड़खानी की थी। उन्होंने कहा कि उनके बगल में शिव मंदिर की जमीन पर आशीष सिंह ने कब्जा कर लिया है। उनके घर को भी वह कब्जा करना चाहता है। वह उनके घर में आए दिन शराब पीकर खाली बोतल और पत्थर फेंकता रहता है।
कुलपति ने पोस्टर जारी कर मतदान जागरूकता अभियान को दी गति
वाराणसी के संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि संस्कृत भारत की आत्मा और लोकतंत्र की शक्ति है। मतदान करना लोकतंत्र का आधार है। इसलिए सभी मतदाताओं को लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए न सिर्फ स्वयं मतदान करना चाहिए, बल्कि परिवार, मित्र और संबंधियों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए।
वह रविवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय एवं पब्लिक रिलेशन्स सोसायटी ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित मतदाता जागरूकता अभियान को संबोधित कर रहे थे। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने मतदाता अभियान बैनर पर हस्ताक्षर के साथ ही मतदान प्रेरणा का पोस्टर जारी करके अभियान की शुरुआत की। कुलसचिव राकेश कुमार ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण करता है।
छात्र कल्याण संकाय अध्यक्ष प्रो. हरिशंकर पांडेय ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व पर राष्ट्र भावना से सहभाग कर राष्ट्र को मजबूत बनाएं। आचार्य रामपूजन पांडेय ने कहा कि मताधिकार हमारा कर्तव्य और जरूरत है। प्रो. अमित कुमार शुक्ल ने कहा कि मतदान से राष्ट्र की रीढ़ मजबूत होती है। इस दौरान प्रदीप कुमार उपाध्याय, हर्ष अग्रवाल, प्रो. महेंद्र पांडेय, डॉ. मधुसूदन मिश्र आदि मौजूद रहे।
हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के प्रबंधक का निधन
वाराणसी के हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के प्रबंधक और रिटायर्ड बैंक कर्मी विमल कुमार जैन का रविवार की सुबह निधन हो गया। श्री दिगंबर जैन समाज काशी के उपाध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि जैन समाज के वयोवृद्ध सदस्य विमल जैन डिग्री कॉलेज के प्रबंधक, भदैनी स्थित स्वाध्याय महाविद्यालय के प्रबंधक और जैन समाज के भी चुनाव अधिकारी का कार्य काफी दिनों से संभाल रहे थे।
स्वर्गीय जैन बिहारी लाल दिगंबर जैन मैदागिन मंदिर के भी अध्यक्ष थे। उनके जाने से जैन समाज मर्माहत है। श्री दिगंबर जैन महासमिति वाराणसी संभाग के अध्यक्ष डॉ. केके जैन, श्री दिगंबर जैन समाज काशी के अध्यक्ष आरसी जैन, उपाध्यक्ष राकेश जैन, प्रदीप जैन, संजय जैन, सौरभ जैन आदि ने ब्रह्मानंद नगर कॉलोनी स्थित विमल कुमार जैन के घर पहुंच कर श्रद्धांजलि दी।
किसान के बेटे ने मां के निधन पर कराया नेत्रदान
प्रधानमंत्री सांसद आदर्श ग्राम पुरे में रविवार की सुबह किसान प्यारेलाल पटेल की पत्नी श्याम रथी पटेल के निधन के बाद उनके बेटे ने मां का नेत्रदान कराकर एक अच्छा संदेश दिया। श्याम रथी पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थी। निधन के बाद उनके बेटे सुभाष पटेल ने मां की इच्छा के अनुरुप नेत्र बैंक की टीम को नेत्रदान करने की सूचना दी। इंस्टिट्यूट ऑफ़ वाराणसी ऑप्टोमेट्री के प्रबंधक अजय कुमार मौर्य के नेतृत्व में पहुंची टीम ने नेत्रदान का कार्य संपन्न कराया।
डॉक्टर अजय कुमार मौर्य ने बताया कि निधन के दो घंटे के अंदर हुए इस नेत्रदान से कॉर्निया काफी स्ट्रॉन्ग हैं। इसकी मदद से संभवत तीन या चार लोगों को रोशनी मिल सकती है । ग्राम प्रधान अमरावती मौर्य ने इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि नेत्रदान महादान, मरकर भी करो कल्याण। श्याम रथी का नेत्रदान करवाकर उनके बेटे ने इसको चरितार्थ कर दिया। इस दौरान चन्द्रबली पटेल, संतु पटेल उर्फ दादा, होरीलाल पटेल, चंद्र मोहन पटेल आदि लोग मौजूद रहे।
डब्ल्यूएच स्मिथ मेमोरियल स्कूल में हुई मैथ्स मैराथन प्रतियोगिता
डब्ल्यूएच स्मिथ मेमोरियल स्कूल में शनिवार को कक्षा 4 से 10 और 12वीं तक के विद्यार्थियों के बीच मैथ्स मैराथन प्रतियोगिता हुई। इसमें 1500 बच्चों ने भाग लिया। तीन वगों में हुई प्रतियोगिता में उप कनिष्ठ वर्ग में अनिका सिंह व अराध्य सिंह, कनिष्ठ वर्ग में रितिका श्वेतांगी, अर्णव तुलस्यान व ईशान सिंह और वरिष्ठ वर्ग में शिव सिंह, सौम्या चौरसिया व सानिया आफरीन विजेता रहीं।
मुख्य अतिथि यूपी कॉलेज में गणित विभाग के प्रो. मनोज प्रकाश त्रिपाठी ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम की रूप रेखा गणित विभाग के विभागाध्यक्ष अजय कुमार पांडेय, स्मृति अग्रवाल, रविंद्र नाथ त्रिवेदी, आसना कुमारी ने तैयार की। इस दौरान प्रधानाचार्य डॉ. अनीता पॉलीन डे, अध्यापक राजन पांडेय, मनीष राज, प्रत्याशा मुखर्जी आदि मौजूद रहे।
प्रेमचंद के वंशज डॉक्टर दुर्गा प्रसाद की दीर्घायु की कामना
सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था रसवर्षा की ओर से लंका स्थित एक होटल में सामाजिक कार्यकर्ता एवं मुंशी प्रेमचंद जी के वंशज डॉ. दुर्गा प्रसाद श्रीवास्तव का 70वां जन्मदिन मनाया गया। मुख्य अतिथि समाजवादी विजय नारायण, संस्था के अध्यक्ष कवि डॉ. चकाचौंध ज्ञानपुरी, साहित्यकार जयशंकर जय, राजेश मिश्रा, प्रमोद सिंह, रमजान अली, प्रतिभा सिंह, सहज वर्मा आदि ने उनकी दीर्घायु की कामना की।
जरूरतमंदों के लिए 100 लोगों ने किया रक्तदान
रोटरैक्ट क्लब काशी धाम और मारवाड़ी युवा मंच महिला शाखा की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में सदस्यों ने बढ़चढ़कर भागीदारी की। शिविर में 100 लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंदों की सेवा करते रहने का संकल्प लिया।
संत रघुवरनगर सिगरा में आयोजित शिविर में रोटरैक्ट क्लब काशी धाम के संस्थापक अध्यक्ष व व्यापारी नेटवर्क टीम काशी के अध्यक्ष अविजित सोनी ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं। ऐसे रक्तदान शिविरों के आयोजनों से जरूरतमंद मरीजों को लाभ होगा। इस दौरान अपूर्व मित्तल व स्वाति अग्रवाल मित्तल, राजेश अग्रवाल, आयुष मित्तल, श्रिया अग्रवाल, डॉ. एमपी सिंह, डॉ. ज्योति सिंह, साक्षी सराफ, पुलकित अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
नव प्रवेशिषत विद्यार्थियों के परिचय सभा का हुआ आयोजन
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र उदय प्रताप कॉलेज में रविवार को नव प्रवेशित विद्यार्थियों के परिचय सभा आयोजित हुई। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय निदेशक डॉ. यूएन त्रिपाठी ने कहा कि इग्नू की शिक्षा देश के हर कोने में विद्यमान है तथा गरीब से गरीब विद्यार्थियों को शिक्षा देने के लिए अपने द्वार खोले हुए है। उन्होंने विद्यार्थियों को इग्नू के टीचिंग लर्निंग प्रोग्राम में फेसबुक, यूट्यूब व विभिन्न टीवी चैनलों, ऑनलाइन पाठ्यक्रम और क्रेडिट सिस्टम आदि के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा अध्ययन एवं परीक्षा से संबंधित सवालों के जवाब भी दिये। प्रो. संजय कुमार शाही ने अध्ययन केंद्र पर चल रहे विभिन्न परामर्श कक्षाओं, सत्रीय कार्य एवं सत्रांत परीक्षा आदि के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रो. नरेंद्र प्रताप सिंह ने इग्नू के समस्त छात्र-छात्राओं को अध्ययन केंद्र से जुड़े अपने अनुभवों को बताया। इस दौरान डॉ. मनीष कुमार गुप्त, डॉ. डीडी सिंह प्रो. आरएस रघुवंशी, डॉ. अनिल कुमार सिंह, डॉ. आदित्य कुमार आदि मौजूद रहे।
दशाश्वमेध घाट पर किया श्रमदान, ली शपथ
नमामि गंगे के सदस्यों ने रविवार को दशाश्वमेध घाट पर गंगा तल की सफाई की। तलहटी से कपड़े, पॉलिथीन और निर्माल्य निकाला। गंगा पूजन के बाद सभी ने अविरल गंगा-निर्मल गंगा की शपथ दोहराई। गंगा स्नान के लिए घाट पर जुटे तीर्थयात्रियों को गंगा की महत्ता के बारे में जागरूक किया गया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने घाटों पर गंदगी न करने का अनुरोध किया। इस दौरान सृष्टि सूद, सोहन सिंह, गोपाल सिंह, रमेश चौहान मौजूद रहे।
5 दिन मंडी बंद करने का व्यापारियों ने किया विरोध
वाराणसी के पहड़िया मंडी को चुनाव संबंधी कार्यों के लिए पांच दिन बंद किए जाने के आदेश का व्यापारियों ने विरोध जताया। उन्होंने मंडी सचिव से पहले की तरह गेट नंबर एक से ही स्ट्रांग रूम की तरफ जाने-आने और गेट नंबर दो को ट्रकों व व्यापारियों के आने जाने के लिए खुला छोड़ने की मांग की। मंडी सचिव की ओर से चुनाव संबंधी कार्यों के लिए 23, 24 और 29, 30 मई और 4 जून को मंडी बंद रखने का आदेश दिए गए हैं।
पूर्व उपसभापति प्रकाश चंद्र यादव का निधन
पूर्व उपसभापति और तीन बार सभासद रहे जंगमबाड़ी निवासी प्रकाश चंद्र यादव का रविवार को हृदयगति रुक जाने से निधन हो गया। उनके बड़े पुत्र पियूष यादव हनी ने हरिश्चंद्र घाट पर उन्हें मुखाग्नि दी। प्रकाशचंद्र यादव जनसंघ के पुराने नेता रहे और भाजपा की स्थापना के समय से ही भाजपा से जुड़े रहे।
पूर्वांचल में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और लाल कृष्ण आडवाणी समेत कई नेताओं की जनसभाओं संचालन किया। निधन पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, एमएलसी अश्वनी त्यागी, सतीश द्विवेदी, सुरेंद्र नारायण सिंह ओढ़े, अरुण पाठक, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने श्रद्वांजलि दी।