फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Top and latest crime news of today in varanasi

एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरेंः फंदे पर लटकी विवाहिता, मारपीट में पिता-पुत्र घायल, नौ पर केस

Sat, 11 May 2024 10:35 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sat, 11 May 2024 10:35 PM IST
सार

Varanasi Top News: वाराणसी में शनिवार को अपराध की छोटी-बड़ी कई खबरें रहीं। कार्यक्रमों के आयोजन भी हुए। पहली खबर जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के चक्कागांव की है। यहां अपने ननिहाल में घूमने आए किशोर की मौत हो गई। वह तालाब में डूब गया था। दूसरी खबर ये है कि भेलूपुर थाना की पुलिस ने मिर्जापुर से एक आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ अश्लील वीडियो बनाकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला दर्ज है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Top and latest crime news of today in varanasi
बिग न्यूज - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के चक्का गांव स्थित ननिहाल में आया किशोर शनिवार को भैसों को नहलाने के दौरान तालाब में डूब गया। हादसे में किशोर की मौत हो गई। घटना के संबंध में पुलिस को सूचना नहीं दी गई है। चक्का गांव के नूरे पाल की बड़ी पुत्री बेबी पाल का पुत्र बिट्टू पाल (15) ननिहाल में छुट्टियां मनाने आया था। 

विज्ञापन


शनिवार को वह नाना की भैसों को नहलाने के लिए गांव के बाहर तालाब में गया था। नहलाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। आसपास मौजूद अन्य पशुपालकों ने कड़ी मशक्कत के बाद बिट्टू का शव बाहर निकलवाया। लोगों ने बताया कि उसका घर भदोही जिले के सुरियावां में है। पिता महेश पाल के साथ उसकी मां बेबी हाल ही में मुंबई गए हैं। मां-बाप को बिट्टू की मौत की सूचना देकर शव एक अस्पताल में डीप फ्रीजर में रखवाया गया है। मां-बाप के आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


फंदे के सहारे लटकी मिली विवाहिता, हत्या का आरोप
वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र के अमरपुर बटलोहिया में शनिवार को विवाहिता इरफाना (29) फंदे के सहारे लटकी मिली। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर इरफाना की हत्या का आरोप लगाया। जैतपुरा थाने की पुलिस ने तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


जलालीपुरा की रहने वाली जमीला बीबी ने जैतपुरा थाने में तहरीर दी। बताया कि बेटी इरफाना की शादी पांच वर्ष पूर्व अमरपुर बटलोहिया में रहने वाले जावेद के साथ हुई थी। दोनों का एक बच्चा भी है। बेटी को ससुराल में आए दिन दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। शनिवार दोपहर उन्हें पता चला कि इरफाना की मौत हो गई है। 

परिजनों के साथ जब वह मौके पर पहुंची तो उन्होंने देखा कि इरफाना के शरीर पर चोट और गले पर रस्सी से कसे जाने का निशान था। जमीला बीबी ने कहा कि उनकी बेटी की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि मायके वालों ने तहरीर दी है। पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मंडलीय अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर, फार्मासिस्ट को जान से मारने की धमकी
वाराणसी के मंडलीय अस्पताल के इमरजेंसी में तैनात मेडिकल ऑफिसर और फार्मासिस्ट को जान से मारने की धमकी मिली है। आरोप है कि अस्पताल से घर जाते समय रास्ते में कुछ युवकों ने उनकी गाड़ी को रोका। डॉक्टर ने कोतवाली थाने में तहरीर दी है।

डॉ. जयेश मिश्रा और फार्मासिस्ट सुरेश प्रसाद ने बताया कि 10 मई की रात डयूटी के दौरान एक युवक ने दुर्व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। अगले दिन सुबह आठ बजे के बाद वह कार लेकर घर जाने लगे, तभी युवक ने पिपलानी कटरा के पास बाइक से कार को ओवरटेक कर रोक लिया और गाड़ी का शीशा पीटने लगा। पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि ऐसी परिस्थिति में आकस्मिक ड्यूटी नहीं की जा सकती है।

रंजिश में मारपीट, 12 पर एफआईआर
मिर्जामुराद के बहेड़वा गांव में शुक्रवार देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मिर्जामुराद थाने में दोनों पक्ष के 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

पुलिस के अनुसार, नीलम मिश्रा की तहरीर पर बहेड़वा गांव निवासी बजरंग गौड़, सुजीत कुमार मिश्रा उर्फ कट्टर, चिरंजीव मिश्रा, राजबली, जीवनाथ गौड़, आकाश व विकास के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष के आकाश गौड़ की तहरीर पर बहेड़वा गांव के संजय मिश्रा, सुरेंद्र मिश्रा, विकास मिश्रा, पवन मिश्रा और मनोहर मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

अश्लील वीडियो बना कर किया दुष्कर्म
गोरखपुर जिले के गोरखनाथ थाना के हुमायूपुर निवासी सचिन कुमार को दुष्कर्म और धमकाने के आरोप में शनिवार को भेलूपुर थाने की पुलिस ने मिर्जापुर जिला अस्पताल से गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर भेलूपुर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि क्षेत्र की एक पीड़िता की तहरीर पर गत हफ्ते मुकदमा दर्ज किया गया था। पीड़िता का आरोप है कि सचिन ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया था। उसे ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करता था। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी देता था।

83 पाउच अंग्रेजी शराब के साथ दो भाई गिरफ्तार
वाराणसी के जैतपुरा थाने की पुलिस ने सरैया से दो भाइयों को 83 पाउच अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों की पहचान चंदौली जिले के साहबगंज ब्लॉक के केरायगांव निवासी राजेश कुमार यादव और सुरेश यादव के रूप में हुई है। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मिश्र के अनुसार, पूछताछ में दोनों भाइयों ने बताया कि सरकारी ठेके बंद होने के बाद दोनों उनके आसपास ज्यादा पैसा लेकर अंग्रेजी शराब का पाउच बेचते थे। 

सब्जी व्यापारी से लूट के तीन माह पुराने मामले में दो गिरफ्तार
बड़ागांव। बहोरीपुर गांव के बझिया बारी निवासी सब्जी व्यापारी राजेश कुमार से लूट के तीन माह पुराने प्रकरण में शनिवार को बड़ागांव थाने की पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान कृष्णापुर कला के प्रेमनाथ पटेल और सालिवाहनपुर के अमित सिंह के रूप में हुई है। दोनों के पास से 1800 रुपये और लूटा हुआ मोबाइल बरामद किया गया है। 

थानाध्यक्ष आशीष मिश्र ने बताया कि 14 फरवरी की सुबह सब्जी व्यापारी राजेश कुमार अपने घर से पहड़िया मंडी जा रहे थे। रास्ते में हरहुआ पंचक्रोशी के पास देसी शराब के एक ठेके के पास बाइक सवार बदमाशों ने 75 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिए थे। सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से वारदात में चिह्नित प्रेमनाथ और अमित को दरोगा जगदंबा प्रसाद यादव और प्रवीण सचान की टीम ने गिरफ्तार किया है। 

मारपीट में पिता-पुत्र सहित पांच घायल, नौ पर केस
सारनाथ थाना के पुराना पुल में शनिवार को मनबढ़ों ने पिता-पुत्र सहित पांच लोगों की पिटाई कर दी। मारपीट में एक युवक के सिर में गंभीर चोट लगी है। घायल को जिला अस्पताल से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। सारनाथ थाने में नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। नियाज ने बताया कि कुछ लोगों ने पुराना पुल पुलिस चौकी के पीछे से प्लाई चोरी किया था। 

छोटा भाई शाहनवाज अपने काम से जा रहा था। दूसरे पक्ष के लोग उसे संकठा माता मंदिर के पास घेरकर मारने लगे। झगड़ा छुड़ाने मौके पर पिता पहुंचे तो उनकी भी पिटाई की गई। उन्हें बचाने के लिए सुल्तान, हैदर व शहनवाज पहुंचे। उन तीनों की भी पिटाई की गई। सुल्तान के सिर में गंभीर चोट लगी है। पुलिस ने पुराना पुल निवासी जुगनू, बेलाल, शेरू, एखलाक, अमन, मोजाहिद, सोनू, शकील और भोला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 

घर में घुस कर दुष्कर्म का प्रयास, एक गिरफ्तार
वाराणसी के धौरहरा निवासी अमन सिंह को चौबेपुर थाने की पुलिस ने दुष्कर्म के प्रयास सहित अन्य आरोपों में उसे गिरफ्तार किया है। चौबेपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि अदालत के आदेश पर 23 जुलाई 2023 को मुकदमा दर्ज किया गया था। पीड़िता का आरोप है कि अमन सिंह गांव के अभिषेक सिंह और एक अन्य के साथ उसके घर में घुस आया था। तीनों ने उसके साथ छेड़खानी और दुष्कर्म का प्रयास किया था। विरोध करने पर तीनों गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए थे। 

राजस्थान से पिता को खोजते काशी पहुंचा बेटा
राजस्थान के झुंझुनू जिले के छापड़ा, पिलानी निवासी राजेंद्र वालिया (58) 27 अप्रैल को अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर के पास से लापता हो गए। शनिवार को शहर पहुंचे राजेंद्र के पुत्र संजय ने बताया कि पिता ने घर से निकलने से पहले मोबाइल में कई बार सर्च किया था कि काशी कैसे पहुंचें। इसी वजह से वह अपने पिता को खोजने काशी आए हैं। लोगों ने बताया कि युवा फाउंडेशन की सामाजिक कार्यकर्ता सीमा चौधरी उनकी मदद कर सकती हैं। इस पर अब वह सीमा की मदद से अपने पिता को खोज रहे हैं। 

मैं जिंदा हूं... 109वीं बार पुलिस हिरासत में
राजस्व अभिलेखों में मृत घोषित छितौनी गांव निवासी संतोष सिंह मूरत उर्फ मैं जिंदा हूं को शनिवार को पुलिस ने 109वीं बार हिरासत में लिया। संतोष ने बताया कि वह वाराणसी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहता है। 25 हजार रुपये का ट्रेजरी चालान भी जमा कर चुका है।



शनिवार सुबह वह घर से नामांकन फॉर्म लेने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय जा रहा था। रास्ते में भगतुआ में जाल्हूपुर चौकी प्रभारी शशि प्रकाश सिंह ने उसे हिरासत में ले लिया। चौकी प्रभारी ने कहा कि शहर में वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर संतोष को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। 

तहसीलदार की मौजूदगी में बनी बाउंड्री ढहा दी
राजातालाब के भतसार गांव निवासी रमाशंकर ने शनिवार को तहसीलदार राजातालाब को प्रार्थना पत्र देकर जानमाल की गुहार लगाई। बताया कि उसे आवास के लिए जमीन आवंटित की गई थी। एक मई को राजस्व और पुलिस की टीम ने तहसीलदार राजातालाब के नेतृत्व में जमीन की नाप-जोख करने के बाद उस पर रमाशंकर को कब्जा दिलाकर बाउंड्री कराई थी। उस बाउंड्री को आठ मई को विपक्षियों ने ढहा दिया और पत्थर भी तोड़ दिया। तहसीलदार राजातालाब ने प्रकरण में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। 

डंपर की टक्कर से बाइक सवार की हालत गंभीर
चौबेपुर के कैथी टोल प्लाजा के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने एक बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। टोल प्लाजा स्थित एंबुलेंस से उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। घायल की पहचान डुंडुआ निवासी अनुराग यादव (27) के रूप में हुई है। चौबेपुर थाने की पुलिस के अनुसार, टक्कर मारने वाले डंपर और चालक को चिह्नित कर लिया गया है। 

प्लास्टिक व्यापारी का पता नहीं, अपहरण की आशंका
वाराणसी के लक्सा थाना क्षेत्र के प्लास्टिक व्यापारी दावर बेग की गुमशुदगी के पांच दिन भी पुलिस उसका पता नहीं लगा सकी है। परिजन अपहरण की आशंका से परेशान है। किसी अनहोनी के डर से व्यापारी और परिजन चिंता में हैं। 

शनिवार को काली महल, काजीपुरा में वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा और महामंत्री कवींद्र जायसवाल ने मीडिया से कहा कि यदि व्यापारी को जल्द बरामद नहीं किया गया तो सड़क पर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। पूर्वांचल सचिव नूर एहसान, प्लास्टिक व्यापारी के भाई जावेद अहमद का आरोप है कि पुलिस प्रशासन मदद नहीं कर रही है। इस दौरान संजय गुप्ता, सुनील गुप्ता, आशिफ शेख, प्रिया अग्रवाल मौजूद रहीं। 

अप्पा जी को सुर, लय व ताल से दी भावांजलि
ठुमरी साम्राज्ञी गिरिजा देवी की जयंती के उपलक्ष्य में छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया की ओर से शनिवार को कैंटोनमेंट के नेहरू पार्क में वरुण संगीत संध्या का आयोजन हुआ। संगीतकार राहुल देव पंकज के शिष्य ऋषि कुमार सिंह ने गायन से उन्हें संगीतांजलि दी।



उन्होंने पायलिया झनकारी मोरी...के बाद भजन सुनाया। बोल थे- बाजे रे मुरलिया बाजे...। अप्पा जी का प्रिय दादरा- गौरी भैरव ने क्या जादू डाला..., दीवाना किया श्याम... सुनाकर आनंदित किया। कंचन सिंह ने भजन सुनाया। बोल थे- गंगा मैइया में जब तक पानी रहेगा...। 

जिंदगी प्यार का गीत है... आदि गीत सुनाया। तबले पर राहुल देव पंकज, बैंजो पर श्रीनिवास श्रीवास्तव ने संगत की। दीपिका कल्चरल सोसायटी आफ इंडिया के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कलाकारों को प्रमाण पत्र दिया। धन्यवाद ज्ञापन छावनी परिषद के अभियंता सचिन कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर काशीराम कुशवाहा, राम लखन,पं. दुर्गा प्रसन्ना आदि मौजूद रहे।

भूतपूर्व पालिकाध्यक्ष के घर पहुंचे राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य
सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य शनिवार को रामनगर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले नगर के सब्जी मंडी स्थित मां मंशा देवी मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बाद गोलाघाट निवासी नगर पालिका रामनगर के भूतपूर्व पालिकाध्यक्ष व भाजपा नेता धर्मश्वर सिंह की पत्नी के निधन पर उनके आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। 



इसके पश्चात वारीगढ़ही स्थित कालिदास विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान अशोक जायसवाल, सत्येंद्र सिंह, संतोष शर्मा, बब्बू उपाध्याय, अजय प्रताप सिंह, शुभम सिंह आदि मौजूद रहे।

णमोकार महामंत्र से पीएम का स्वागत करेगा जैन समाज
वाराणसी में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो में काशी का सर्वसमाज शामिल होगा। श्री दिगंबर जैन समाज काशी के उपाध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि लंका पर जैन समाज संयुक्त रूप से भव्य स्वागत करेगा। जैन समाज के चारों संगठन के अध्यक्ष अपने सहयोगियों के साथ उपस्थित रहेंगे। जैन समाज की महिलाएं केसरिया परिधान में और पुरुष सफेद कुरता और पायजामा में रहेंगे। 

मंच पर विराजमान जैन धर्मावलंबी णमोकार महामंत्र का उच्चारण कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संपूर्ण देश में प्रचंड जीत दिलाने की कामना प्रभु से करेंगे। राकेश जैन ने बताया की दिल्ली में हमारे गुरुवर प्रज्ञा सागर महाराज ने पीएम मोदी को जीत का आशीर्वाद दे दिया है। संपूर्ण देश का जैन समाज मोदी के लिए तन मन और धन से पूरी तरह लगा है। 

विद्यार्थियों ने निकाली मतदाता जागरूकता रैली
वाराणसी के श्री हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने शनिवार को मतदाता जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान छात्राओं ने पहले मतदान फिर जलपान और वोट डालने जाना है अपना फर्ज निभाना है जैसे नारे लगाए। रैली में विद्यालय के प्रबंधक हरीश अग्रवाल, प्रधानाचार्य डॉ. प्रियंका तिवारी, कंचन बाला, शशि श्रीवास्तव, गीता वर्मा, ज्योति अवस्थी, सुनीता कुमारी आदि मौजूद रहीं। 

उधर, श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय के परमानंदपुर परिसर में शनिवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। डॉ. मृदुला व्यास ने विद्यार्थियों को मतदान की शपथ दिलाई।

छात्रों और शिक्षकों ने ली मतदान की शपथ
वाराणसी के चांदपुर स्थित एमएसएमई सैमसंग स्कूल में शनिवार को छात्रों और शिक्षकों ने शत प्रतिशत मतदान की शपथ ली। लद्यु उद्योग भारती काशी प्रांत के अध्यक्ष व लोकसभा चुनाव के ब्रांड एंबेस्डर राजेश कुमार सिंह ने वोट डालने की शपथ दिलाई। कहा कि चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर वोट डालना कर्तव्य है। कार्यक्रम में एमएसएमई सैमसंग स्कूल के हिमांशु शेखर कस्टोडियन, मनीष चौबे आदि रहे। 

डीएवी कॉलेज के छात्रों ने अमूल प्लांट में देखा कामकाज
वाराणसी के डीएवी पीजी कॉलेज के वाणिज्य विभाग के विद्यार्थियों ने शनिवार को करखियांव स्थित अमूल (बनास डेयरी) का भ्रमण किया। 55 सदस्यीय दल ने वहां की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। प्लांट के हेड दिनेश चौधरी ने छात्रों को बताया कि 8 लाख लीटर की क्षमता वाले प्लांट में 1 लाख 80 हजार लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। इस दौरान विभागाध्यक्ष प्रो. विजय नाथ दुबे, साक्षी चौधरी, डॉ. तरु सिंह, डॉ. शांतनु सौरभ, डॉ. ऋचा गुप्ता, डॉ. सोनल कपूर आदि लोग मौजूद रहे। 

ताइक्वांडो में सीनियर महिला वर्ग में दीक्षा पटेल ने जीता स्वर्ण पदक
बीएचयू के इंडोर स्टेडियम में दो दिवसीय राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता शनिवार से शुरू हुई। प्रतियोगिता में पहले दिन सीनियर महिला वर्ग में दीक्षा पटेल, जूनियर महिला वर्ग में अंकिता वर्मा, बालिकाओं की कैडेट वर्ग में यश्विनी सिंह, सब जूनियर बालिका वर्ग में तिथि पटेल और बालकों के कैडेट आयु वर्ग में शिवांश पटेल ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं दिव्यांगों के पी70 वर्ग में प्रशांत सिंह ने स्वर्ण पदक हासिल किया।

जिला ताइक्वांडो संघ अध्यक्ष व सचिव सत्य वर्धन सिंह ने बताया की यह प्रतियोगिता दिव्यांगों के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। ताइक्वांडो खेल ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों का हिस्सा है। अगर कोई दिव्यांग इस खेल में अच्छा करेगा तो उसे निशुल्क प्रशिक्षण और मदद दी जाएगी। इस दौरान डॉ. दिव्या सिंह, डॉ. अशोक राय, डॉ. जेएस राय, डॉ. वीके मिश्रा मौजूद रही।

काशी विद्यापीठ और संबद्ध महाविद्यालयों में एक जून से ग्रीष्मावकाश
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और संबद्ध महाविद्यालयों में एक जून से 15 जुलाई तक ग्रीष्मावकाश रहेगा। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने कहा कि ग्रीष्मावकाश की अवधि में विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों की परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगी।

विश्वविद्यालय के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष और संबद्ध महाविद्यालयों के प्रबंधक, प्राचार्य प्रवेश कार्य, परीक्षा, मूल्यांकन और नैक से संबंधित काम सुविधाजनक तरीके से पूरा कराएं। ऐसे अध्यापक, जिनकी ड्यूटी प्रवेश कार्य, परीक्षा, मूल्यांकन, नैक से संबंधित किसी कार्य आदि में लगती है तो उन्हें उक्त अवधि का नियमानुसार प्रतिकर अवकाश देय होगा। 

बरेका गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 मई को वाराणसी दौरे के दौरान बरेका गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। प्रधानमंत्री आगमन को देखते हुए बरेका के केंद्रीय खेल मैदान पर वैकल्पिक हेलिपैड का निर्माण भी शुरू हो गया। शनिवार की सुबह एसीपी रोहनिया संजीव कुमार शर्मा ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं, एसपीजी ने केंद्रीय खेल मैदान और बरेका गेस्ट हाउस की जांच की। गेस्ट हाउस में आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया। 

मधुसूदन मंदिर में भजन संध्या का आयोजन
अक्षय तृतीया के उपलक्ष्य में शनिवार को गायघाट स्थित मधुसूदन मंदिर में भजन संध्या का आयोजन हुआ। प्रख्यात वायलिन वादक पं. सुखदेव मिश्र की एकल एवं युगल प्रस्तुति हुई। उन्होंने श्रोताओं को भगवान विष्णु के भजन सुनाए। पं. अभिषेक शास्त्री के शास्त्रीय गायन में संगत भी की।

संगीत संध्या के प्रमुख आकर्षण पं. अमित शंकर त्रिवेदी ने स्वरचित भजनों की सुरीली प्रस्तुति दी। संतोष पांडेय ने राग चारुकेशी में कृष्ण भजन गाया। तबला पर अंकित, नाल पर संकट मोचन, की-बोर्ड पर रामकुमार और संस्कार ने संगत की। नगर के वरिष्ठ कवि अरविंद मिश्र हर्ष की काव्यपाठ को भी श्रोताओं ने खूब सराहा। कार्यक्रम का संयोजन संतोष पांडेय और रति मिश्रा ने किया। कलाकारों का स्वागत संतोष मिश्रा, माधुरी मिश्रा ने किया। 

25 विभूतियों को मिलेगा काशी गौरव सम्मान
हम सभी ग्रुप संस्था की ओर से काशी गौरव सम्मान समारोह का आयोजन होगा। रविवार को शाम छह बजे बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में काशी के 25 विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें उपशास्त्रीय गायक पं. छन्नूलाल मिश्र, योग गुरु शिवानंद, खिलाड़ी ललित उपाध्याय, नीलू मिश्रा आदि को सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी शनिवार को मैदागिन स्थित पराड़कर भवन सभागार में कार्यक्रम के आयोजक सौरव दुबे, जीवन पांडेय एवं अतुल अग्रवाल ने दी। 

विद्यार्थियों ने समझाया जल का महत्व
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने शनिवार को लघु नाटिका का मंचन कर जल की महत्व समझाया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंद्र भूषण प्रकाश वर्मा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से प्रतिदिन एक लीटर पानी बचाने की अपील की। नाटिका में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को प्रोत्साहित किया गया। 

एमबीए में प्रवेश के लिए 15 जून तक होगा पंजीकरण
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के एमबीए पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए 15 जून तक पंजीकरण कराना होगा। जिन अभ्यर्थियों के पास सीयूईटी (पीजी)-2024 के स्कोर कार्ड हैं, वही पंजीकरण करा सकेंगे। इसका ब्योरा शनिवार को जारी कर दिया गया है।

प्रबंध शास्त्र अध्ययन संस्थान के निदेशक प्रो. सुधीर कुमार शुक्ल ने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून है। काउंसलिंग शुल्क 1500 रुपये है। इसे ऑनलाइन जमा किया जा सकता है। यह शुल्क वापस नहीं होगा। काशी विद्यापीठ में एमबीए की 132 सीटें हैं। विश्वविद्यालय की वेबसाइट से भी एमबीए में प्रवेश की जानकारी ली जा सकती है। 

नॉक आउट में मुरादाबाद ने वाराणसी को 1-0 से हराया
प्रादेशिक सुब्रतो कप अंडर-15 फुटबॉल प्रतियोगिता में शनिवार को मुरादाबाद ने नॉक आउट में वाराणसी को 1-0 से हराया। प्रतियोगिता लखनऊ के गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में खेली गई। वाराणसी की टीम अब तक दो बार अखिल भारतीय सुब्रतो कप जीत चुकी है। अब 15 से 17 मई तक वाराणसी की टीम अंडर-17 बालक वर्ग में चुनौती देगी। 

प्रदर्शनी का अवलोकन कर बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह
बीएचयू के पर्यावरण और धारणीय विकास संस्थान में छात्र कल्याण सेल के सहयोग से 29 अप्रैल से चार मई तक आयोजित ‘क्रिएटिव पेंटिंग और स्केचिंग’ कार्यशाला के उपलक्ष्य में संस्थान के सेंट्रल हॉल में दो दिवसीय प्रदर्शनी लगाई गई है। 

प्रदर्शनी का अवलोकन छात्र अधिष्ठाता प्रो. एके नेमा, विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. संजय कुमार, कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एसवीएस राजू, चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एसएन संखवार, प्रो. आशीष वाजपेयी, प्रो. एएस रघुवंशी और प्रो. वीके मिश्रा आदि ने किया गया। अतिथियों ने प्रतिभागियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। यह कार्यशाला छात्रों को उनकी नियमित विशेषज्ञता के अलावा नए कौशल सीखने के लिए आयोजित की गई थी। प्रतिभागियों में मास्टर और पीएचडी के विद्यार्थी शामिल थे। 

सीएचएस के एनसीसी कैडेट्स ने लिया फायरिंग का प्रशिक्षण
सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल के एयर विंग के कैडेट्स ने शनिवार को कमांडिग अफसर ग्रुप कैप्टन नीरज अंबा की देखरेख में रायफल से गोली चलाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया। 7 यूपी एयर स्क्वॉड्रन एनसीसी और बीएचयू की ओर से फायरिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण सार्जेंट अश्वनी कुमार व सार्जेंट सुमित कुमार ने प्रदान किया। इस मौके पर एनसीसी अधिकारी राजेश कुमार वर्मा भी मौजूद रहे। 

सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में शिफ्ट हुई सर्जिकल आंकोलॉजी
बीएचयू अस्पताल में सर्जिकल आंकोलॉजी की ओपीडी को सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में शिफ्ट कर दिया गया है। साथ ही टीबी एंड चेस्ट डिपार्टमेंट को भी अस्पताल में ही दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। यहां पहले से अधिक जगह होने से मरीजों,परिजनों के बैठने की व्यवस्था है। 

अस्पताल में पहले ही रेडियोथेरेपी, सर्जरी विभाग की ओपीडी नवविस्तारित जगह पर चल रही है। न्यूरोलॉजी विभाग की ओपीडी को अधिक जगह वाले कमरे में शिफ्ट किया गया है। निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने कहा कि मरीजों की सुविधा के लिए सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। 

आईएमएस बीएचयू की डॉ रितुशा को पोस्टर प्रेजेटेंशन पर मिला प्रमाण पत्र
आईएमएस बीएचयू के रेडियोथेरेपी और रेडिएशन मेडिसिन विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रितुशा मिश्रा को स्कॉटलैंड में बेहतर पेपर प्रेजेंटेशन पर प्रमाण पत्र दिया गया। उन्होंने कैंसर गर्भाशय ग्रीवा में एचडीआर ब्रैकीथेरेपी के दौरान एक अनुप्रयोग में दो अंशों की प्रभावकारिता और विषाक्तता विषय पर पोस्टर तैयार किया। यूरोपियन सोसाइटी फॉर रेडियोथेरेपी एंड ऑन्कोलॉजी ( ईस्ट्रो) के 3 से 7 मई तक ग्लासगो में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. रितुशा ने रेडिएशन ऑन्कोलॉजी ब्रिजिंग द केयर गैप पर अपनी बात प्रमुखता से रखी।

कराटे चैंपियनशिप में जया उपाध्याय ने जीता कांस्य पदक
कराटे इंडिया आर्गेनाइजेशन की ओर से 8 मई से 12 मई तक देहरादून में ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप हो रही है। प्रतियोगिता में शनिवार को मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स की जया उपाध्याय ने अंडर-21 आयु वर्ग में उत्तर प्रदेश की ओर से खेलते हुए कांस्य पदक जीता। 

इसके पहले स्टेट कराटे प्रतियोगिता में जया उपाध्याय ने गोल्ड मेडल जीता था। इसके अलावा सत्यम पटेल, अंशु गौतम, सृष्टि दुबे का भी चयन नेशनल चैंपियनशिप के लिए हुआ था। कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन के प्रेसिडेंट हंसी भरत शर्मा तथा महासचिव क्योशी जसपाल सिंह ने जया उपाध्याय को मेडल देकर सम्मानित किया। 

बुराइयों से दूर रहने का संकल्प दिलाया
ब्रह्मराष्ट्र एकम की ओर से शनिवार को रानीपुर स्थित महुआ बाबा आश्रम में महुआ के पौधे के रोपे गए। संस्था के संस्थापक सचिन सनातनी महाराज ने पौधरोपण किया। उन्होंने महुआ के पेड़ को शक्ति पुंज का स्वरूप बताते हुए लोगों को सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संकल्प दिलाया। घरेलू हिंसा व नशा को रोकने पर जोर दिया। इस मौके पर लाल बाबा, अर्जुन बाबा मौजूद रहे। 

प्रो.वीपी सिंह को मिला लाइफ टाईम अचीवमेंट पुरस्कार
उत्तर प्रदेश हिमेटोलॉजी एसोसिएशन के पहले वार्षिक अधिवेशन में सदस्यों ने हिमेटोलॉजी से जुड़े इलाज और जांच पर चर्चा की। इस मौके पर आईएमएस बीएचयू के पूर्व निदेशक प्रो. वीपी सिंह को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया गया। उन्हें यह सम्मान केजीएमयू की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने दिया।

कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष प्रो. विजय तिलक, संरक्षक डॉ. एके त्रिपाठी, आईएमए यूपी के उपाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव, एपीआई वाराणसी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. हेमन्त गुप्ता,डॉ. मोनिका गुप्ता,डॉ. गुलाब शंकर सिंह ,आईएमए वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. राहुल चंद्रा ने प्रो.वीपी सिंह को बधाई दी।

अजय गौतम की टीम ने संभाला पदभार
भारत विकास परिषद काशी शाखा का 36वां दायित्वग्रहण समारोह ‘आविर्भाव’ शनिवार को चौकाघाट स्थित एक होटल में आयोजित हुआ। इसमें नए अध्यक्ष अजय कुमार गौतम की टीम ने पदभार संभाला। मुख्य अतिथि ज्योतिषाचार्य डॉ. कामेश्वर उपाध्याय ने कार्यक्रम की शुरुआत की। 


इसके बाद नए अध्यक्ष अजय कुमार गौतम सहित निशान्त केशरी सचिव, अल्पना अग्रवाल महिला संयोजिका, मोहित गुप्ता कोषाध्यक्ष को को शपथ दिलाई गई। इस मौके पर दीपक माहेश्वारी, प्रांतीय अध्यक्ष रवि प्रकाश जायसवाल, प्रांतीय महिला संयोजिका मीना सिंह, अमित अग्रवाल, रीना गर्ग, मनीष अग्रवाल आदि मौजूद रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed