Varanasi Top News: मसाजिद कमेटी की रिवीजन अर्जी पर सुनवाई टली सहित अन्य खबरें
Varanasi Top News: वाराणसी के जिला अदालत में सोमवार को लंबित रिवीजन अर्जी पर सुनवाई टल गई। वहीं बरेका के कार्मिक विभाग में कार्यालय अधीक्षक के साथ मारपीट मामले में आरोपी कर्मचारी परिषद के सदस्य के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के सिविल जज सीनियर डिवीजन/ फास्ट ट्रैक कोर्ट के आदेश के खिलाफ अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी की ओर से जिला जज की अदालत में लंबित रिवीजन अर्जी पर सोमवार को सुनवाई टल गई। इस मामले में सुनवाई के लिए सात मई की तिथि नियत की गई है।
प्रकरण के मुताबिक, ज्ञानवापी परिसर हिंदुओं को सौंपने, शिवलिंग जैसी आकृति की पूजा करने का अधिकार देने और मुस्लिमों का प्रवेश प्रतिबंधित करने की मांग करते हुए किरन सिंह ने अदालत में वाद दायर किया था। मसाजिद कमेटी की तरफ से वाद की पोषणीयता को चुनौती दी गई थी।
दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद सिविल जज ने 17 नवंबर 2022 को वाद को सुनवाई योग्य पाते हुए मसाजिद कमेटी की आपत्ति को खारिज कर दिया था। मसाजिद कमेटी ने आदेश को चुनौती देते हुए जिला जज की अदालत में रिवीजन अर्जी दायर की है।
बरेका कार्यालय अधीक्षक को पीटने का आरोपी कर्मचारी निलंबित
बरेका के कार्मिक विभाग में कार्यालय अधीक्षक दीपक कुमार श्रीवास्तव के साथ मारपीट के आरोपी कर्मचारी परिषद के सदस्य संतोष कुमार यादव को विभागीय जांच के बाद सोमवार को निलंबित कर दिया गया। उधर, कर्मचारी के समर्थन में साथियों ने प्रशासनिक भवन के बाहर प्रदर्शन किया।
मामले को देखते हुए बरेका प्रशासन ने एक जांच कमेटी गठित की है, जिसकी रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई होगी। पिछले मंगलवार को कार्यालय अधीक्षक दीपक कुमार श्रीवास्तव और कर्मचारी परिषद के सदस्य संतोष यादव के बीच कहासुनी हो गई।
संतोष यादव पर आरोप है कि वह दीपक श्रीवास्तव से मारपीट की। मंडुवाडीह थाने में दीपक ने मुकदमा दर्ज कराया। संतोष और उसके साथी सुनील को शांतिभंग में चालान किया गया। उसी मामले को लेकर विभागीय अधिकारियों ने संतोष यादव को निलंबित कर दिया।
जानकारी होने पर कर्मचारी प्रशासनिक कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। अधिकारियों ने समझा बुझाकर लोगों को हटाया। बरेका के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अनुज कटियार ने बताया कि विभागीय जांच में दोषी पाए जाने पर संतोष यादव को निलंबित कर दिया गया है। जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी का इलाज कराने के नाम पर छह लाख हड़पे, मुकदमा दर्ज
श्रीराम नगर कॉलोनी में रहने वाले ब्रह्मानंद पांडेय से बीमार पत्नी का इलाज करने के नाम पर छह लाख रुपये लेकर धोखाधड़ी और धमकाने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ब्रह्मानंद के अनुसार, पड़ोसी और खुद को भूतपूर्व सैनिक व रेलवे का ठेकेदार बताने वाले रवि शंकर तिवारी ने इलाज के नाम पर चार जनवरी को छह लाख रुपये लिए थे। रवि शंकर तिवारी पैसा लेने के लिए भाई रवि रंजन तिवारी और लालमणि उर्फ अभिमन्यु तिवारी को लेकर आए थे।
पैसा एक महीने में वापस करने के लिए कहा था। एक महीना बीतने के बाद ब्रह्मानंद पांडेय ने पैसे मांगे। इस पर आरोपी तारीख देकर टालमटोल करने लगा। अब फोन करने पर गालीगलौज कर धमकी देता है। इस बीच वह अपना कमरा भी बदल दिया।
आरोपी को खोजते हुए उसके मूल गांव पलामू जिले के हैदर नगर थाना के परता, कबरा गांव पहुंचे। इस पर रवि शंकर और उसकी बहन अस्मिता ने चार मार्च को पैसा वापस करने के लिए कहा। समय बीतने के बाद भी पैसा नहीं दिया गया। भेलूपुर थाने की पुलिस ने आरोपी रवि शंकर तिवारी, रवि रंजन तिवारी, लालमणि उर्फ अभिमन्यु तिवारी और अस्मिता तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सामान मंगवा कर नहीं लगाया लिफ्ट, मुकदमा दर्ज
सामान मंगवा कर लिफ्ट नहीं लगाने के आरोप में कोर्ट के आदेश पर भेलूपुर थाने में एक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है। जवाहर नगर एक्सटेंशन में रहने वाले श्याम सुंदर प्रसाद आशीर्वाद शॉपिंग कांप्लेक्स में लिफ्ट लगवाने के लिए महमूरगंज के दयाल एंक्लेव में जेनिथ एलिवेटर के प्रोपराइटर प्रशांत कुमार शर्मा से संपर्क किया।
5,75,000 रुपये में बातचीत हुई। 2022 में दो बार में श्याम सुंदर ने अपने खाते से चार लाख बीस हजार रुपये प्रशांत को दिया। पैसा लेने के बाद प्रशांत लिफ्ट लगाने की जगह टालमटोल करने लगा। श्याम सुंदर ने वकील के माध्यम से प्रशांत को नोटिस भेजा। इस पर प्रशांत ने आर्थिक तंगी बताते हुए सामान की व्यवस्था करने के लिए कहा था।
प्रशांत की बातों में आकर श्याम सुंदर ने तीन लाख दस हजार रुपये का सामान खरीदा। सामान आने के एक साल बाद भी लिफ्ट लगाने नहीं आया। कोर्ट के आदेश पर श्याम सुंदर की शिकायत पर जेनिथ एलिवेटर के प्रोपराइटर प्रशांत कुमार शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पांच हजार रुपये के लालच में गंवाए 25 हजार
वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र के भीषमपुर गांव निवासी एमआर राजेश सिंह पांच हजार रुपये कमाने के लालच में 25 हजार गंवा बैठे। सोमवार सुबह उनके मोबाइल पर मोवीक्विक कंपनी से एक मैसेज आया। फिर फोन आया कि दिए गए नंबर पर अगर क्लिक करेंगे तो आपको पांच हजार रुपये मिलेंगे।
फोन करने वाले के झांसे में आकर क्लिक करते ही एसबीआई खाते से 25 हजार रुपये कट गए। जब उनके मोबाइल पर खाते से पैसे निकलने का मैसेज आया तो उन्होंने कपसेठी थाने में तहरीर दी।
एक जेसीबी और मिट्टी लदा ट्रैक्टर सीज
वाराणसी के हीरमपुर गांव के पास अवैध खनन में लिप्त एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर को खनन अधिकारी ने पकड़ा। पांच ट्रैक्टर लेकर चालक भागने में सफल रहे। खनन अधिकारी प्रशांत शर्मा को सूचना मिली थी कि जंसा थाना के हीरमपुर गांव में अवैध खनन किया जा रहा है।
खनन अधिकारी ने छापा मारकर एक जेसीबी और मिट्टी लदे एक ट्रैक्टर को पकड़ा। दोनों वाहनों को जंसा थाने लाया गया। मुकदमा दर्ज कर दोनों वाहनों को सीज कर दिया गया।
चौकाघाट से हटवाई लकड़ी, 15 हजार का जुर्माना
वाराणसी के नगर निगम की ओर से सोमवार को शहर के कई इलाकों से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। चौकाघाट लकड़ी मंडी में फैले अतिक्रमण हटवाए गए। सड़क घेरने वाले कारोबारियों पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा नई सड़क, बेनियाबाग, गोदौलिया, गिरिजाघर से भी अतिक्रमण हटवाए गए।
सड़क हादसे में भाई-बहन सहित तीन घायल
वाराणसी के गणेशपुर और बहादुरपुर गांव में सड़क हादसे में भाई-बहन सहित तीन घायल हो गए। गणेशपुर गांव स्थित ज्ञानपुर नहर रोड पर सोमवार शाम बकरियों के झुंड से टकरा कनेरी गांव निवासी बाइक सवार प्रिया पटेल (19) और भाई रोहित पटेल (18) घायल हो गए।
अस्पताल में भर्ती प्रिया की हालत नाजुक बताई गई है। उधर, खैरा-जक्खिनी मार्ग पर बहादुरपुर गांव में बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार अजय भारती (40) घायल हो गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी से अजय को वाराणसी रेफर कर दिया गया।
अनुबंधित बस ने कार में मारी टक्कर, तीन घायल
कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-वाराणसी फोरलेन पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार अनुबंधित रोडवेज बस ने कार में टक्कर मार दी। तेज रफ्तार बस गलत साइड पर कार को टक्कर मारते हुए डिवाइडर पर चढ़ गई। टक्कर से कार सवार दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए। बस के चालक व परिचालक फरार हो गए।
घायलों को सीएचसी लंभुआ से एंबुलेंस से वाराणसी भेजा गया है। वाराणसी के शिवपुर कोतवाली क्षेत्र के भोजूबीर मोहल्ला निवासी सूरज प्रताप सिंह (42) सोमवार को सुबह करीब सात बजे लखनऊ के लिए कार से निकले थे। उनके साथ उनकी पत्नी श्वेता सिंह (40), पुत्री काव्या (16) व ईवा (चार) भी थीं।
सुबह करीब नौ बजे जैसे ही वह लोग फोरलेन के नरहरपुर कट पर पहुंचे थे। तभी दूसरी लेन से आई तेज रफ्तार अनुबंधित रोडवेज बस ने कार को सामने से टक्कर मार दी। इससे कार के परखचे उड़ गए।
सड़क किनारे मड़ई जलकर राख हुई
दारानगर में दूषित जलापूर्ति से लोग परेशान
वाराणसी के कोतवाली जोन के दारानगर इलाके में सप्ताह भर से दूषित जलापूर्ति की सप्लाई हो रही है। हजारों की आबादी इससे परेशान है। लोगों ने बताया कि दूषित पानी की शिकायत वह कई बार जलकल से कर चुके हैं।
दारानगर के संजय यादव, मोनू गुप्ता, हरिशंकर, राहुल यादव ने बताया कि घर में लगी जलकल की पाइप लाइन से दूषित और बदबूदार पानी आ रहा है। पानी खरीदना पड़ रहा है। पूर्व पार्षद मनोज यादव ने बताया कि वार्ड में लगी जलापूर्ति की पाइप लाइनें जगह जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। जलकल के अधिकारियों से शिकायत की गई।
चार तक जमा करें हज की तीसरी किस्त
हजयात्रा की अंतिम किस्त अब चार मई तक जमा होगी। किस्त भारतीय स्टेट बैंक और यूनियन बैंक में हज कमेटी ऑफ इंडिया के खाते में जमा की जा रही है। अंतिम किस्त के तौर पर 87,300 रुपये हज आवेदकों को जमा करने होंगे। पहली किस्त 81,800 रुपये और दूसरी किस्त 1.70 लाख रुपये जमा की गई थी। इस बार हजयात्रा की धनराशि कुल 3,49100 रुपये है।
संस्कृत विश्वविद्यालय में पांच मई से होगी सेमेस्टर परीक्षा
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में ग्रंथालय एवं सूचना विज्ञान शास्त्री प्रथम सेमेस्टर, पत्रकारिता एवं जनसंचार विज्ञान स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम (एमजेएमसी) प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं पांच मई से शुरू होगी।
विश्वविद्यालय की ओर से सोमवार को परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया। इसमें ग्रंथालय एवं सूचना विज्ञान की लिखित परीक्षा परीक्षा 5 से 8 मई तक और मौखिकी परीक्षा 9 मई को विभाग में होगी। एमजेएमसी की लिखित परीक्षा 13 मई तक करवाई जाएगी। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि प्रायोगिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण की परीक्षाएं सामाजिक विज्ञान विभाग में होगी।
संविधान की 150 किताब युवा अधिवक्ताओं को दी
वाराणसी के तहसील सदर में संविधान दिवस की स्मृति में भारतीय संविधान की 150 किताब और प्रस्तावना का वितरण युवा अधिवक्ताओं के बीच किया गया। मुख्य अतिथि एसडीएम सदर सार्थक अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त प्रो. चौथीराम, तहसीलदार सदर सतीश वर्मा, आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज के मनोहर राम, बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश सिंह, प्रदीप राय, प्रेम प्रकाश सिंह गौतम मौजूद रहे। तहसील सदर बार एसोसिएशन के महामंत्री सुरेंद्र कुमार ने संचालन किया।
स्टेडियम के पास ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से लगी आग
वाराणसी के सिगरा स्टेडियम के पास ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी ने आग का रूप ले लिया। अशोक नगर आदि मोहल्लों की बिजली आपूर्ति करीब आधे घंटे तक बाधित रही। जेई अरविंद राय ने बताया कि तापमान अधिक होने की वजह से ट्रांसफार्मर के पास एबीसी केबल जल गई। इससे निकली चिंगारी से कूड़े में आग लग गई। जानकारी मिलने के बाद मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल कराई गई।
नक्खीघाट जा रहे युवक पर जानलेवा हमला
वाराणसी के नक्खीघाट जा रहे सागर सोनकर पर छह-सात लोगों ने जानलेवा हमला किया। लोहे की रॉड से किए गए हमले में सागर के सिर पर गंभीर चोट लगी है। नक्खीघाट, शैलपुत्री निवासी सागर के पिता दीपक कुमार सोनकर की तहरीर पर जैतपुरा थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दीपक ने पुलिस को बताया कि हमलावरों को उनका बेटा पहचान सकता है।
खजुही में बंद मकान से लाखों के जेवर और नकदी चोरी
सारनाथ के खजुही स्थित अभिनव पांडेय का बंद मकान चोरों ने खंगाल डाला। अभिनव ने बताया कि 26 अप्रैल को परिवार के साथ वह अपनी बुआ के वैवाहिक समारोह में गए थे। 28 अप्रैल की दोपहर लौटे तो ताले टूटे हुए थे। चोर आलमारी तोड़कर 17 हजार नगद और लगभग पांच लाख रुपये मूल्य से ज्यादा के जेवर चुरा ले गए हैं।
आचार संहिता की आड़ में व्यापारियों का हो रहा उत्पीड़न
वाराणसी के विशेश्वरगंज भैरोनाथ व्यापार मंडल की बैठक सोमवार की शाम गौरी शंकर कटरा स्थित कार्यालय पर हुई। इसमें व्यापारियों ने कहा कि आचार संहिता की आड़ में व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। गर्मी में व्यापार जहां मंदा है, वहीं, अधिकारियों की मनमानी व्यापारी परेशान है।
अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता ने कहा कि यह उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारी हर तरह की जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हैं। लेकिन, यदि उत्पीड़न होगा तो फिर सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे। बैठक में संरक्षक अलखनाथ गोस्वामी, रमाकांत जायसवाल, महामंत्री ओम कृष्ण दास अग्रवाल, आलोक सेठ, विनोद केसरी, बलवंत सिंह, राजेंद्र अग्रवाल आदि रहे।
उधना-मुजफ्फरपुर ग्रीष्मकालीन ट्रेन दो फेरा के लिए शुरू
09103/09104 उधना-मुजफ्फरपुर ग्रीष्मकालीन अनारक्षित स्पेशल ट्रेन का संचालन 28 से 30 अप्रैल तक किया जाएगा। 09103 उधना-मुजफ्फरपुर 28 अप्रैल को उधना से रात 10 बजे खुलेगी और सूरत होते हुए तीसरे दिन 3.05 बजे बनारस पहुंचेगी। गाजीपुर सिटी, बलिया होते हुए सुबह 10 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।
वापसी यात्रा में 09104 मुजफ्फरपुर-उधना 30 अप्रैल को दोपहर 1 बजे मुजफ्फरपुर से खुलेगी और रात 8.05 बजे बनारस और तीसरे दिन सूरत होकर 12.30 बजे उधना पहुंचेगी।
एथलेटिक्स खिलाड़ी सम्मानित
लालपुर स्थित डॉ. भीमराव आबेडकर स्टेडियम में एथलेटिक्स के खिलाड़ियों को सोमवार को पूरी क्षमता से प्रदर्शन करने की तकनीक की जानकारी दी गई। इस दौरान एथलेटिक्स में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राशिद अहमद, अभय कुमार दुबे और अंकित यादव को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम संयोजक प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन पर लगातार फोकस रखना चाहिए। लगातार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए ठीक से खानपान जरूरी है। इस अवसर पर डॉ़ मंसूर आलम, इरशाद अहमद, इदरीस और रेहाना मौजूद रहीं।
संस्कृत विश्वविद्यालय में दो मई को आर्ट आफ लिविंग की कार्यशाला
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में दो मई को आर्ट आफ लिविंग की ओर से कार्यशाला का आयोजन किया गया है। सुबह 11.30 बजे से होने वाली मेडिटेशन कार्यशाला में सांसों के द्वारा अपने चलायमान मन को वर्तमान में लाना और अपनी आंतरिक शक्ति के सपंर्क में आना विषय पर व्याख्यान होगा। आर्ट आफ लिविंग के इंटरनेशनल फैकेल्टी एंड लाइव कोच रोहित रंजन, संकेत केशवनी लोगों को जागरूक करेंगे।