सुबह किराए पर खोली दुकान, शाम को जेवर लेकर हो गए फरार
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में ठगी का एक अजीब मामला सामने आया है। सुबह दुकान खोलने वाले ठगों ने शाम तक ग्रामीणों का डेढ़ लाख का आभूषण साफ कर दिया। गांव की महिलाओं को जब पता चला कि वे ठगी का शिकार हो गई हैं तो पुलिस को तहरीर दी।
विंध्याचल कोतवाली क्षेत्र के भवानीपुर गांव में चार दिन पहले तीन युवक आए और बिहारी पाल के घर में दुकान खोलने के लिए बातचीत करके चले गए। गुरुवार की सुबह तीनों आए और दुकान किराए पर लेकर उसमें पूजा पाठ किया। दुकान में पूजा करने के बाद आसपास के सभी लोगों को बुलाकर प्रसाद के रूप में मिठाई खिलाई।
इस दौरान दुकान पर आई महिलाओं को ठगों ने आभूषण की निःशुल्क सफाई और मरम्मत करने का लालच दिया। गांव की महिलाएं अपने-अपने आभूषण लाकर सफाई कराने और मरम्मत कराने के लिए दुकानदार को दे दिया। इसके बाद शाम होते ही मौका पाकर दुकानदार आभूषण लेकर फरार हो गया।
शुक्रवार की सुबह महिलाएं आभूषण लेने दुकान पर पहुंची तो दुकान बंद मिला। मकान मालिक को बुलाकर दुकान खोलवाया तो अंदर कुछ भी नहीं था। मकान मालिक ने बताया कि उसे दुकानदारों के बारे में कुछ नहीं पता। तब जाकर लोगों को पता चला की उनके साथ ठगी हो गई है।
महिलाओं ने बताया कि दुकानदार ने चील्ह थाना क्षेत्र के तिलठी गांव निवासी बताया था। गांव निवासी राजकुमारी देवी, मालती देवी, बासमती, धनपति, काशी देवी, मुन्नी देवी, सीमा, दुवासी का जेवरात ठग ले गए। महिलाओं ने विंध्याचल कोवताली में तहरीर दी। थाना प्रभारी विवेकानंद उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच कर ठगों को पकड़ा जाएगा।