वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर बरात की बोलेरो और बस में भिड़ंत, दूल्हे के मामा, मौसा समेत तीन की मौत, पांच घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर जलालपुर के असबरनपुर गांव के पास रविवार की सुबह बरातियों से भरी बोलेरो सामने से आ रही बस में टकरा गई। टक्कर इतनr जोरदार थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दूल्हे के मामा, मौसा समेत तीन बरातियों की मौत हो गई।
दूल्हे के पिता और बड़े भाई समेत पांच गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया है। चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया।
तरियारी सेहमलपुर गांव निवासी रामजीत सरोज के बेटे शैलेंद्र की बरात बौराहा बड़ागांव वाराणसी गई थी। सुबह लौटते समय असबरनपुर गांव के समीप बरातियों से भरी बोलेरो जौनपुर से वाराणसी की तरफ जा रही प्राइवेट बस से टकरा गई। टक्कर के बाद बोलेरो करीब पचास मीटर तक लुढ़कते हुए डिवाइडर तोड़ सड़क के दूसरे लेन पर चली गई। बस का भी अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में बोलेरो सवार दूल्हे का मामा रामलाल सरोज(50) निवासी उदपुर, मौसा जवाहिर(60) निवासी डिंगरपुर, कोतवालपुर निवासी संजय चौबे(50) की मौके पर ही मौत हो गई। बोलेरो चालक व दूल्हे का बड़ा भाई अतुल सरोज(36), पप्पू उर्फ इद्रिश(50), मजीद(50), रामजीत सरोज(55) समेत पांच लोग घायल हुए।
सभी को प्रारंभिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। यात्री भी दूसरे वाहन से वाराणसी की तरफ चले गए। पुलिस ने बस को जेसीबी से हटवाकर रास्ता चालू कराया। मौके पर एएसपी सिटी डॉ. संजय कुमार, एसओ सत्यप्रकाश सिंह आदि पहुंचे। छानबीन कर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।