Varanasi News: बच्चे को जन्म देकर छोड़ गई थी मां, डॉक्टर ने 50 हजार में बेच दिया; तीन आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी एयरपोर्ट पर मिले दुधमुंहे बच्चे के मामले में फूलपुर थाने की पुलिस ने महिला, डॉक्टर और युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी डॉक्टर ने 50 हजार रुपये में बच्चे को बेचा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर से बरामद बच्चा एक नाबालिग का था। नाबालिग उसे चंदौली के निजी अस्पताल में छोड़ कर चली गई थी। इसका फायदा उठाकर डॉक्टर ने बच्चे को 50 हजार रुपये में बेच दिया। अब बाबतपुर चौकी इंचार्ज सत्यजीत सिंह की तहरीर पर फूलपुर थाने की पुलिस ने हॉस्पिटल संचालक डॉ. जमील खान, बच्चा खरीदने वाली निधि सिंह और अशोक पटेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही डॉक्टर सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब नाबालिग मां की तलाश में जुटी है। फिलहाल, बच्चे को चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया। डॉ. खान के हॉस्पिटल की एक शाखा रामनगर स्थित साहित्य नाका मोड़ पर भी है।
सूजाबाद पड़ाव वाराणसी की रहने वाली निधि सिंह और मिर्जापुर के टेटुआ नारायणपुर के अशोक पटेल को गुरुवार की शाम लगभग सवा छह बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से पकड़ा गया था। दोनों के पास एक नवजात बच्चा था। दोनों को अकासा एयरलाइंस के विमान से बंगलूरू जाना था। एयरलाइंस के कर्मचारी काउंटर पर जांच कर रहे थे। निधि जल्दबाजी में दिखाई दे रही थी।
बच्चे के बारे में पूछने पर निधि ने बताया कि पांच दिन पहले ही बच्चे का जन्म हुआ है। अब उसे लेकर बंगलूरू जा रही है। एयरलाइंस कर्मियों को प्रतीत हुआ कि बच्चा निधि का नहीं है। इसके साथ ही वह बच्चे को बॉटल से दूध पिला रही थी।
निधि से पूछताछ हुई तो उसने बताया कि चंदौली के मुगलसराय थाना क्षेत्र के दुलहीपुर पहिल बाजार स्थित केबी हॉस्पिटल के डॉ जमील खान से वह 50 हजार रुपये में बच्चा खरीदी थी। बच्चे को अपनी नि:संतान देवरानी को देने के लिए वह बंगलूरू जा रही थी।
18 अगस्त को बच्चे को जन्म देकर मां छोड़ दी थी
फूलपुर थाने की पुलिस अब चंदौली और वाराणसी के सीएमओ को पत्र भेज कर डॉ. खान के हॉस्पिटल के लाइसेंस को निरस्त कराने की तैयारी में है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि डॉ. खान पहले भी तो ऐसा नहीं कर चुका है और इसमें किसी अन्य की संलिप्तता भी तो नहीं है।
अधिकारी बोले
महिला सहित तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। बच्चे को चाइल्ड लाइन को सौंपा गया है। जांच में यदि किसी अन्य की भी संलिप्तता उजागर होगी तो कार्रवाई की जाएगी। -मनीष कुमार शांडिल्य, डीसीपी, गोमती जोन