यूपी: बड़े इत्मीनान से चोरों ने खंगाला घर, लाखों का माल कर दिया पार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में कोनिया रेलवे पुल के पास स्थित प्यारे लाल सोनकर के बंद मकान का ताला तोड़ कर चोरों ने नकदी और आभूषण सहित करीब दस लाख रुपये का माल साफ कर दिया। चोरी की जानकारी प्यारे लाल को सोमवार की सुबह तब हुई जब वह परिवार समेत वापस घर लौटे।
ताला तोड़कर घर में घुसे चोर अलमारी में रखा कैश, सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। चोरी की सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची, लेकिन चोरों का सुराग नहीं लगा। वहीं पुलिस की सूचना के दो घंटे बाद भी डॉग स्क्वॉड मौके पर नहीं पहुंच पाया।
कोनिया निवासी प्यारे लाल सोनकर की घर के बाहर चाय-पान की दुकान है। परिवार समेत प्यारे लाल रविवार को सिगरा के संत रघुवर नगर कॉलोनी में अपने साले के दशगात्र (दसवां) में शामिल होने गए थे। मौका पाकर चोरों ने मकान का ताला तोड़ कर अंदर घुसकर बड़े आराम से घर को खंगाल डाला।
सोमवार की सुबह जब लोग वापस लौटे तो सन्न रह गए। प्यारे लाल के अनुसार चोर आलमारी और पलंग के नीचे रखी नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और कीमती बर्तन समेत करीब दस लाख का सामान समेट ले गए।
पास में ही हॉटस्पॉट, नहीं लगी थी पुलिस की ड्यूटी
प्यारे लाल के मकान के सामने कुछ दिन पहले कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद इलाके को सील करके हॉटस्पॉट बनाया गया है। प्यारे लाल समेत स्थानीय लोगों का कहना है कि हॉटस्पॉट के लिए भी यदि मौके पर पुलिस कर्मी तैनात रहते तो उनके घर में चोरी नहीं होती।
लोगों ने बताया कि हॉटस्पॉट बनाने के लिए मौके पर आदमपुर इंस्पेक्टर आए थे, लेकिन उसके बाद से किसी भी पुलिसकर्मी की ड्यूटी नहीं लगाई गई।