वाराणसी: दुकान और दो मकानों को चोरों ने खंगाला, पुलिस मौका मुआयना तक ही सीमित
वाराणसी जिले के जंसा और सारनाथ क्षेत्र में चोरों ने इलेक्ट्रानिक सामान की एक दुकान और मकान मालिक व किरायेदार का घर खंगाल डाला। रविवार को भुक्तभोगियों की सूचना पर पहुंची पुलिस मौका मुआयना तक ही सीमित रही। भुक्तभोगियों का कहना था कि पुलिस रात्रिकालीन गश्त सही तरीके से करती तो चोरी नहीं होती।
जंसा थाना अंतर्गत कुंडिरिया गांव निवासी आशीष सिंह की इलेक्ट्रानिक सामान की दुकान परमंदापुर गांव में है। शनिवार की रात शोरूम का दरवाजा तोड़ कर चोर फ्रिज, कूलर, टीवी, वाशिंग मशीन और लाखों रुपये के अन्य सामान चुरा ले गए। सूचना पाकर पुलिस फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर मौजूद एक सिक्योरिटी गार्ड को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। वहीं, जंसा व्यापार मंडल के अध्यक्ष शुभम सिंह ने घटना के जल्द खुलासे की मांग की है।
सेवानिवृत्त प्रधानाचार्या का घर खंगाला
उधर, सारनाथ थाना अंतर्गत नवापुरा क्षेत्र की अनमोल नगर कॉलोनी में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्या विमला सिंह और उनके किरायेदार दरोगा अजीत सिंह का घर चोरों ने खंगाला डाला। चोर दोनों लोगों के मकान से लाखों रुपये मूल्य के जेवर और घर के अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। इसके साथ ही चोरों ने घर में जगह-जगह शौच भी कर दिया था।
घर से बाहर जा रहें हैं तो हो जाएं सावधान, कोई रख रहा नजर
अगर आप भी घर से बाहर जाएं तो सावधान रहें। कोई आप पर नजर रख रहा है और आपका घर खंगाल सकता है। आए दिन कहीं न कहीं चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। पता चलता है कि लोग किसी समारोह या अन्य काम से बाहर चले जाते हैं और इधर चोर घर खंगाल देते हैं।