वाराणसी: ग्रामीण इलाकों में चोरों की दहशत, रिटायर्ड एयरपोर्ट अधिकारी के आवास समेत चार घरों में चोरी
बड़ागांव थाना क्षेत्र के चंदीपट्टी, देवनाथपुर, सिहांपुर गांव में चार घरों को चोरों ने निशाना बनाया। ग्रामीणों ने पुलिस पर गश्त में लापरवाही का आरोप लगाया।
विस्तार
वाराणसी के ग्रामीण इलाकों में चोरों की दहशत से लोग सहम गए हैं। एक ही रात में बड़ागांव थाना क्षेत्र के चार घरों को चोरों ने निशाना बनाया। चोरी की इन घटनाओं से पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। बड़ागांव थाना क्षेत्र के चंदीपट्टी, देवनाथपुर, सिहांपुर गांव में सोमवार आधी रात को चोरों ने चार मकान का ताला तोड़कर नकदी सहित लाखों रुपये के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। सुबह चोरी की जानकारी लोगों को हुई तो ग्रामीणों ने पुलिस पर गश्त में लापरवाही का आरोप लगाया।
ग्रामीणों का कहना है कि सूचना पर पुलिस पहुंची और मुआयना तक ही सीमित रही। क्षेत्र में पुलिस से बेखौफ चोरों के हौंसले बुलंद हैं। पुलिस केवल मौका मुआयना तक ही सीमित है। उधर, पुलिस का दावा है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।
एयरपोर्ट के रिटायर्ड अधिकारी के घर लाखों की चोरी
बड़ागांव थाना क्षेत्र के चंदीपट्टी निवासी लालमन प्रसाद एयरपोर्ट के रिटायर्ड अधिकारी हैं। पीड़ित ने बताया कि सोमवार की रात चोर छत के रास्ते घर के अंदर घुसे। जिस कमरे में लोग सो रहे थे उसका दरवाजा बाहर से बंद कर दिए। इसके बाद दूसरे कमरे में रखी आलमरी तोड़कर उसमें रखे दो सोने की चेन, चार अंगूठी, एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी झाला, एक किलो चांदी का आभूषण समेत 20 हजार रुपये नकद चोर उठा ले गए।
चंदीपट्टी गांव में ही चोरों ने बाबूलाल पटेल के घर को भी खंगाला। यहां चोरों को किसी के जागने की आहट हुई तो वह कुछ नहीं ले सके। तीसरी चोरी का असफल प्रयास चोरों ने बड़ागांव थाना क्षेत्र के सिहांपुर गांव निवासी पंकज सिंह के यहां की। यहां जैसे ही चोर पहुंचे, घर के लोगों के जाग जाने पर वह भाग निकले।
देवनाथपुर गांव में नकदी और आभूषण चोरी
चोरी की चौथी घटना देवनाथपुर गांव निवासी अजय सिंह के घर की है। चोर सीढ़ी के रास्ते से घर में घुसे। जिस कमरे अजय सिंह का पुत्र सोया था, उसे बाहर से चोरों ने बंद कर दिया। पीड़ित के अनुसार, दूसरे कमरे में आलमारी तोड़कर 12 हजार रुपये नकद, दो सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, तीन सोने की अंगूठी, एक सोने का हार, दो जोड़ी कान की बाली, एक किलो चांदी के आभूषण समेत कीमती कपड़े चोर उठा ले गए।
सुबह होने पर घटना की जानकारी गृहस्वामी को हुई। पीड़ितों की सूचना पर बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ और मुआयना कर पुलिस लौटी गई। तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।