Passport Seva: वाराणसी में सामान्य पासपोर्ट का स्लॉट घटा, मुश्किलें बढ़ीं, सामने आई ये वजह, लोग परेशान
वाराणसी में सामान्य पासपोर्ट बनने का स्लॉट घटने से लोग परेशान हैं। सामान्य पासपोर्ट बनने के लिए पहले 805 स्लॉट थे। इसमें से 50 घटाकर 755 स्लॉट कर दिया गया। पासपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, विदेश मंत्रालय में जहां पासपोर्ट सेवा के 15-16 कर्मचारी होने चाहिए, वहां 7-8 कर्मचारी ही काम कर रहे हैं।
विस्तार
क्षेत्रीय कार्यालय में कर्मचारियों की कमी से सामान्य पासपोर्ट का स्लॉट घटा दिया गया है। इससे पासपोर्ट के लिए साक्षात्कार की वेटिंग बढे़गी। आवेदकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।
सामान्य पासपोर्ट के लिए पहले 805 स्लॉट थे। इसमें से 50 घटाकर 755 स्लॉट कर दिया गया। पासपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, विदेश मंत्रालय में जहां पासपोर्ट सेवा के 15-16 कर्मचारी होने चाहिए, वहां 7-8 कर्मचारी ही काम कर रहे हैं। इसका सीधा असर स्लॉट पर पड़ा है। लेकिन, तत्काल पासपोर्ट के आवेदकों पर नहीं पड़ेगा। तत्काल पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वालों को एक दिन बाद ही साक्षात्कार का मौका मिल रहा है।
मिर्जापुर, गाजीपुर, भदोही, गाजीपुर के साथ ही अन्य जिलों के हेड पोस्ट ऑफिस पर भी पासपोर्ट आवेदन की सुविधा दी जा रही है। हालांकि, यहां पर स्लॉट की संख्या कम है। मिर्जापुर के चुनार पोस्ट ऑफिस में पासपोर्ट के लिए 40 स्लॉट हैं, जहां आवेदन के तीन बाद ही साक्षात्कार का मौका मिल रहा है। भदोही में 20 स्लॉट है, जहां आवेदन के दो दिन बाद साक्षात्कार का मौका मिल रहा है। कुछ जिलों के पोस्ट ऑफिस पर भी लंबी वेटिंग चल रही है। जैसे गाजीपुर में भी 40 स्लॉट हैं, जहां आवेदन के 15 दिन बाद साक्षात्कार का मौका मिलेगा। जौनपुर में 35 स्लॉट हैं। एक माह बाद साक्षात्कार का मौका मिल रहा है।