नए सिरे से कवायद: बौलिया- मोहनसराय सिक्सलेन का निर्माण कार्य जल्द होगा शुरू, 412 करोड़ रुपये खर्च होंगे
बौलिया से मोहनसराय के बीच 10 किमी की सड़क का निर्माण कार्य अब एक बार फिर से काम शुरू होगा। सड़क का निर्माण पूरा होने में तकरीबन डेढ़ साल लगेेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी शहर में प्रवेश का मुख्य मार्ग बौलिया से मोहनसराय के बीच 10 किमी की सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता एसके अग्रवाल ने बताया कि बॉड बनने की प्रक्रिया के दौरान विधानसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लग गई थी। बाद में एमएलसी चुनाव की आचार संहिता लग गई। जो 14 अप्रैल को समाप्त हुई है।
अब नए सिरे से कवायद शुरू हो गई है। आगामी एक सप्ताह के भीतर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। बौलिया से मोहनसराय तक सिक्सलेन होगा। इसमें बौलिया से कैंट रेलवे स्टेशन तक की सड़क फोरलेन होगी। इस पर 412 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कुछ जगहों पर खंभे हटवाए गए थे। कुछ जगहों से पेड़ भी हटाए गए थे, लेकिन आचार संहिता से काम रुक गया था।
दिसंबर 2023 तक पूरा होगा काम
अब एक बार फिर से काम शुरू होगा। सड़क का निर्माण पूरा होने में तकरीबन डेढ़ साल लगेेंगे। यह कार्य दिसंबर 2023 तक पूरा होगा। इस सड़क पर अक्सर जाम की समस्या रहती है। शहर में प्रवेश का यह प्रमुख मार्ग है। यही कारण है कि इसके दस किमी क्षेत्र को फोर से सिक्सलेन किया जाएगा, ताकि शहर में आने वाले वाहनों को जाम का सामना न करना पड़े।
बाबतपुर फाटक नंबर 16 पर आरओबी का निर्माण जल्द
बाबतपुर रेलवे स्टेशन के फाटक नंबर 16 पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य शुरू होगा। इससे स्थानीय लोगों के साथ गाजीपुर, चंदौली और चौबेपुर के लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी। वर्तमान में लोगाें को ट्रेनों के आवागमन के दौरान रेल फाटक खुलने का इंतजार करना पड़ता है। इसके बनने के बाद लोग कम समय में गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
आरओबी को उत्तर रेलवे और यूपी राज्य सेतु निगम मिलकर बनाएगा। रेलवे की ओर से अप्रैल के अंत तक कार्य शुरू किया जाएगा। निर्बाध वाहनों के संचालन के लिए आरओबी को फोर लेन बनाया जाएगा। इसे दो भागों में निर्मित करने के साथ आने और जाने के लिए दो मार्ग दिए जाएंगे। साथ ही भारी वाहनों को रोकने के लिए हाईटगेज भी लगाया जाएगा। आरओबी की कुल लंबाई 42 मीटर और चौड़ाई 7.50 मीटर होगी।
कुल 44 करोड़ की लागत से होगा तैयार
बाबतपुर स्थित रेल फाटक नंबर 16 पर बनने वाले वाले आरओबी की कुल लागत 44 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसमें रेलवे की लागत नौ करोड़ 50 लाख रुपये होगी। मंडल रेल प्रबंधक उत्तर रेलवे सुरेश कुमार सपरा ने कहा कि बाबतपुर रेलवे फाटक नंबर 16 पर आरओबी का निर्माण किया जाएगा। जिसका कार्य इसी माह के अंत से शुरू हो जाएगा। इसमें लगने वाले गार्डर का कार्य वर्कशॉप में चल रहा है।