{"_id":"6456931ceb7aa8e059033ce4","slug":"the-battle-for-admission-in-graduation-and-post-graduation-begins-varanasi-news-c-20-vns1013-191572-2023-05-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Varanasi News: स्नातक-स्नातकोत्तर में दाखिले की जंग शुरू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Varanasi News: स्नातक-स्नातकोत्तर में दाखिले की जंग शुरू
विज्ञापन
विज्ञापन
इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणाम आने के बाद अब दाखिले की जंग शुरू हो गई है। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक, स्नातकोत्तर और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन पत्र ऑनलाइन कर दिए गए हैं। यूपी कॉलेज, हरिश्चंद्र महाविद्यालय और अग्रसेन कन्या महाविद्यालय में प्रक्रिया शुरू हो गई है। कई महाविद्यालयों में पहले आओ पहले पाओ के आधार पर प्रवेश लिया जा रहा है। यूपी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अभ्यर्थी बिना किसी विलंब शुल्क के 15 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं में दाखिले के लिए प्रवेश शुल्क सामान्य व ओबीसी के लिए 850 रुपये जबकि अनुसूचित जाति व जनजाति के लिए 750 रुपये है। डिप्लोमा पाठ्यक्रम के लिए सभी वर्ग के लिए तीन सौ रुपये शुल्क है। बीए में स्वीकृत सीटों की संख्या 580 और गरीब सवर्ण के लिए 58, बीकॉम में 240 व गरीब सवर्ण के लिए 24, बीएससी गणित में 420 और गरीब सवर्ण के लिए 42, बीएससी जीवविज्ञान में 420 व गरीब सवर्ण के लिए 42, बीएससी कृषि में 150 और गरीब सवर्ण के लिए 15 सीटें निर्धारित की गई हैं।
हरिश्चंद्र महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर ने बताया कि स्नातक, स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए अभ्यर्थी 20 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विज्ञापन