Varanasi News: किशोरी को सांप ने काटा, झाड़-फूंक के चक्कर में चली गई जान; सड़क किनारे मिली नवजात की लाश
Varanasi News: चौबेपुर और रोहनिया थाना क्षेत्र में हुई इन घटनाओं के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। चौबेपुर में परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, रोहनिया पुलिस ने नवजात की लाश को कब्जे ले लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सरैंया विशुनपूरा निवासी धर्मेंद्र यादव की पुत्री गरिमा (17) की शुक्रवार को सर्प दंश से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार गरिमा गुरुवार की रात अपने घर के बरामदे में चारपाई पर सोई थी। उसका दाहिना हाथ जमीन पर लटक रहा था। उसी समय वहां आए सांप ने उसे डंस लिया।
परिजनों की मानें तो सांप ने उसके हाथ में तीन बार काटा था। दो बार तो उसको पता नहीं चल पाया। तीसरी बार लड़की की नींद टूटी तो सर्प देखकर घबरा गई और शोर मचाते हुए घर वालों को जगाया। परिजन आनन-फानन में झाड़-फूक कराने के लिए लेकर चले। तब तक लड़की पानी मांगने लगी परिजनों ने पानी पिलाया और झाड़-फूंक के लिए यहां-वहां दौड़ते रहे।
लड़की की हालत खराब होती गई। अंततः इलाज के लिए शहर लेकर जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतका श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज जाल्हूपुर ग्यारहवीं की छात्रा थी। चार बहन व एक भाई के बीच सबसे बड़ी थी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही अंतिम संस्कार कर दिया।
सड़क किनारे मिली नवजात की लाश
रोहनिया थाना क्षेत्र के एक गांव में देर शाम सड़क किनारे एक नवजात लड़की की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ किया लेकिन नवजात के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई।
बताया जा रहा है कि रोहनिया थाना के केसरीपुर गांव में सड़क के किनारे खेत में दो अज्ञात महिलाएं कपड़े में लिपटा हुआ कुछ सामान फेंककर भाग गईं। मामला संदिग्ध लगा तो स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कपड़े को खोलकर देखा तो उसमें मृत अवस्था में एक नवजात शिशु (लड़की) थी। प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार शुक्ला ने बताया कि नवजात शिशु के शव को कब्जे में ले लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है, ताकि पता चल सके कि किन महिलाओं ने नवजात शिशु को फेंका है।