शीतला घाट पर किशोर डूबा: मौसी और बहन को मल्लाहों ने बचाया, जल पुलिस और एनडीआरएफ खोजबीन में जुटी
चौकाघाट के जयकाली नगर कालोनी निवासी आर्यन अपने परिजनों के संग शीतला घाट भ्रमण पर आया था। परिवार के अन्य दो सदस्य के संग आर्यन नहाने गंगा में उतर गया। इस बीच तीनों डूबने लगे। शोर मचाने पर मल्लाहों ने दो सदस्यों को बचाया जबकि आर्यन डूब गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के शीतला घाट पर शनिवार की सुबह गंगा में नहाने के दौरान बालक डूब गया। वहीं, मौसी और बहन को मल्लाहों ने बचा लिया। बेटे के गंगा में डूबने से मां और बहन बेसुध हैं। सुबह से देर शाम तक जल पुलिस और एनडीआरएफ ने गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान चलाया लेकिन बेटे का कोई पता नहीं चला।
चौकाघाट के जयकाली नगर कॉलोनी निवासी आशुतोष कुमार का बेटा आर्यन (12), बेटी आयुषी उर्फ माही (15) अपने मौसी मुक्ता देवी (44) और चाची रूपा देवी (40) के साथ घाट भ्रमण पर सुबह आए थे। सुबह साढे़ सात बजे शीतला घाट पहुंचने पर मुक्ता, आयुषी और आर्यन नहाने गए।
मौसी और बहन माही घाट की सीढ़ियों पर नहा रही थी। जबकि आर्यन सीढ़ी से थोड़ा आगे निकल गया और डूबने लगा। बेटे को डूबता देख मौसी और बहन माही उसे बचाने आगे बढ़ी और वह भी डूबने लगीं। तीनों को डूबता देख चाची रूपा देवी ने शोर मचाया। मल्लाहों ने तुरंत छलांग कर मौसी और बहन को बचा लिया। जबकि आर्यन गहरे पानी में जाने से डूब गया।
दशाश्वमेध थाना प्रभारी अजय मिश्रा मौके पर पहुंचे और जल पुलिस समेत एनडीआरएफ को सूचना दी। सुबह से लेकर रात तक एनडीआरएफ और गोताखोरों ने शीतला घाट से लेकर पंचगंगा घाट के बीच तक खोजबीन की। हालांकि रात तक आर्यन की कोई जानकारी नहीं मिल सकी। दशाश्वमेध पुलिस, एनडीआरएफ और जल पुलिस गोताखोरों संग खोजबीन कर रही है। उधर, परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मां आभा भी बेसुध होकर घाट पर पहुंची।