Varanasi News: सांसद बृजभूषण और निलंबित कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह को जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज
निलंबित भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष को जान से मारने की धमकी मिली है। 12 जनवरी को उनके पास अनजान नंबर से फोन आया था। मामले में संजय सिंह बबलू की तहरीर के आधार पर वाराणसी के भेलूपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय कुश्ती संघ के निलंबित अध्यक्ष संजय सिंह बबलू और कैसरगंज सीट से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को जान से मारने की धमकी दी गई है। मामले में संजय सिंह बबलू की तहरीर पर भेलूपुर थाने की पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सर्विलांस की मदद से जांच कर रही है। धमकी देने वाले की लोकेशन फिलहाल लखनऊ मिली है।
कबीर नगर, दुर्गाकुंड निवासी और कुश्ती संघ के निलंबित अध्यक्ष ने पुलिस को बताया कि बीते 12 जनवरी की रात दो बार उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। 13 जनवरी की दोपहर 12:17 बजे उसी अनजान नंबर से फिर फोन आया तो कॉल रिसीव कर लिया। इस पर फोन करने वाले ने गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस पर कॉल डिस्कनेक्ट कर दिया। लगभग 2:42 बजे और 2:48 बजे उसी नंबर से फिर फोन आया।
इस बार कॉल रिसीव कर पूछा कि क्या बात है? इस पर फोन करने वाला उन्हें और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को गाली देते हुए दोनों लोगों को जान से मारने की धमकी देने लगा। संजय सिंह बबलू ने बताया कि अनजान नंबर से बार-बार फोन आ रहा है। इससे वह और उनका पूरा परिवार भयभीत है।
इस संबंध में भेलूपुर थानाध्यक्ष विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि फिलहाल यह पता लगा है कि फोन लखनऊ से आया था। सर्विलांस सेल की मदद से धमकी वाले मोबाइल नंबर से संबंधित व्यक्ति को चिह्नित कर जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।