Mirzapur: इस सरकारी स्कूल में एक से 5वीं तक के विद्यार्थी एक ही कमरे में कर रहे पढ़ाई, तीन शिक्षक हैं तैनात
इस विद्यालय की स्थापना से लेकर अब तक मात्र एक नया कमरा बनवाया गया है। उसी में इस समय सभी विद्यार्थी बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। पूर्व में विद्यालय में तीन कमरे बनाए गए थे, जो जर्जर हो गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मिर्जापुर के छानबे विकास खंड के देवरी प्राथमिक विद्यालय में जर्जर कक्ष की मरम्मत नहीं होने के कारण एक ही कक्ष में एक से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थी पढ़ने को विवश हैं।
इस विद्यालय की स्थापना से लेकर अब तक मात्र एक नया कमरा बनवाया गया है। उसी में इस समय सभी विद्यार्थी बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। पूर्व में विद्यालय में तीन कमरे बनाए गए थे, जो जर्जर हो गए हैं। कमरों की खराब स्थिति को देखते हुए वहां बच्चों को नहीं बैठाया जाता है। इस विद्यालय में 70 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए तीन शिक्षक तैनात हैं। इसके बावजूद इस विद्यालय के कमरों की मरम्मत अब तक नहीं कराई जा सकी है।
जब से विद्यालय भवन का निर्माण किया गया है, तब से कभी भी मरम्मत कार्य नहीं कराया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार वर्मा का कहना है कि विद्यालय में कमरों के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। जल्दी ही विद्यालय के जर्जर कमरों की मरम्मत कराई जाएगी।
सपा प्रतिनिधिमंडल ने किया विद्यालय का निरीक्षण
समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उत्तर देवरी गांव पहुंचकर प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान गांव वालों ने बताया कि कक्षा एक से पांच तक के बच्चे एक ही कमरे में बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। गांव के लोगों का कहना था कि विद्यालय भवन जर्जर हो गया है। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने जिलाधिकारी से अविलंब विद्यालय के जर्जर कमरों की मरम्मत कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में रामगोपाल बिंद, सत्यप्रकाश यादव, राममिलन यादव, जैनेन्द्र सिंह, अशोक यादव, संजय यादव आदि शामिल रहे।