बलिया। युवा चेतना की ओर से मुबारकपुर, सरफ़ुद्दीनपुर एवं दरामपुर गांव में शुक्रवार को साड़ी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने कहा कि संगठन गरीबों और किसानों के लिए संघर्ष कर रहा है।
रोहित कुमार सिंह ने बताया कि एक महीने तक गांव-गांव जाकर जरूरतंद महिलाओं में साड़ी बांटेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियां और नेता चुनाव के समय सक्रिय होते हैं परंतु हम पूरे साल जनता के साथ हैं। कहा कि देश की अर्थ व्यवस्था चौपट हो चुकी है। पीएमसी बैंक के बाद अब यस बैंक के ग्राहक परेशान हैं। कहा कि हम भाजपा के अत्याचार के खिलाफ लड़ रहे हैं। राजनीति में हम सेवा भाव से लगे हैं। बाक़ी पार्टियां संपत्ति बचाने की लड़ाई में लगी हैं। उन्होंने कहा कि युवा चेतना गांव, गरीब, किसान, मजदूर और नौजवानों की समृद्धि के लिए संघर्ष करने को प्रतिबद्ध हैं। कहा कि हैबतपुर, मालदेपुर, खोड़ी पाक़ड़, नसीराबाद, दरामपुर, रामपुर महावल, विजयीपुर सहित दर्जन भर गांव गंगा की कटान से विलीन होने वाले हैं। युवा चेतना ने उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य के बलिया आगमन के समय जब आवाज उठाई तो भाजपा के लोगों ने अधिकारियों से निरीक्षण कराया परंतु आजतक कोई काम नहीं हुआ। उन्होंने जनता से बांध निर्माण के लिए सहयोग की अपील की। इस अवसर पर कमलाशंकर राय, रामजी राय, हरगोविंद राय, हृदय नारायण राय, अजय राय मुन्ना, बैजू राय, शिवम राय, राहुल राय आदि मौजूद थे।