Varanasi News: चमचमाएंगी काशी की गलियां, पर्यटन मंत्री ने सुंदरीकरण के लिए कार्ययोजना बनाने का निर्देश
प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि पर्यटन से जुडे़ उद्योग को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। उन्होंने काशी की गलियों के सुंदरीकरण पर बल दिया।
विस्तार
प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि पर्यटन से जुडे़ उद्योग को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। उन्होंने काशी की गलियों के सुंदरीकरण पर बल दिया। कहा कि आंतरिक गलियों की सुधार एवं मरम्मत कार्य की कार्ययोजना शीघ्र तैयार कराकर सभी गलियों का सुंदरीकरण कराया जाएगा। वे मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों के प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने ने नगर निगम में शामिल 84 ग्राम सभाओं में अवस्थापना सुविधाओं के अभाव और समुचित साफ-सफाई नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि वे इन ग्राम सभाओं में मुकम्मल साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराएं और प्लान बनाकर विकास कार्य कराएं। इस दौरान नगवां घाट पर बने एसटीपी से बिना शोधित ही पानी पास करने की जानकारी पर कहा कि बगैर शोधित जल पास न किया जाए।
हर घर नल योजना अंतर्गत पाइप लाइन बिछाने के बाद जल निगम द्वारा सड़कों की समुचित मरम्मत नहीं कराने की शिकायत विधायक सौरभ श्रीवास्तव और डॉ. अवधेश सिंह ने की। इस पर अधिकारियों को पाइप लाइन बिछाने के निर्देश दिए। मंत्री ने पात्रों को वृद्धा, विधवा एवं विकलांग आदि पेंशन योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने को कहा। सेवायोजन अधिकारी नगरीय क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी रोजगार मेला लगाएं। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना में धन उगाही किए जाने की जानकारी पर नाराजगी जताई।
सीएमओं से जवाब तलब
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने सरकारी अस्पतालों में दवाएं उपलब्ध होने के बावजूद डॉक्टरों द्वारा बाहर से महंगी दवाएं लिखने की शिकायत पर मंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जवाब तलब किया।
अग्निपथ नौजवानों के लिए महत्वाकांक्षी योजना
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने अग्निपथ भर्ती योजना के अंतर्गत अग्निवीरों के भर्ती पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह भारत माता की सेवा करने की मंशा रखने वाले नौजवानों के लिए अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है।
लंबे समय से एक ही जगह जमे जेई का होगा स्थानांतरण
विद्युत आपूर्ति की समीक्षा निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जर्जर तारों को बदलने के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों द्वारा विद्युत विभाग के जेई द्वारा अवैध धन उगाही की शिकायत पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कमिश्नर और डीएम को प्रकरण को संज्ञान में लेने और लंबे समय से एक ही उपकेंद्र पर तैनात जेई के स्थानांतरण का निर्देश दिया।
पर्यटन को उद्योग जैसी सुविधाएं मिले
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से उद्यमियों ने पर्यटन को उद्योग जैसी सुविधाएं देने की मांग की। साथ ही औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सुझाव भी रखे। पर्यटन मंत्री मंगलवार को उद्यमियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और सुझावों से अवगत हुए। इस दौरान उद्यमियों ने लैंड लॉक की कमी की समस्या से अवगत कराया।
आईआईए के राष्ट्रीय सचिव राजेश भाटिया ने आग्रह किया कि कुछ जमीन उद्योग के लिए आवंटित करा दी जाए और पुराने औद्योगिक अस्थान को फ्री होल्ड कर दिया जाए, जो कि भाजपा के घोषणा पत्र में भी है। दी स्मॉल इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन के महामंत्री नीरज पारिख ने बरेका के बाद से इस क्षेत्र में कोई उद्योग लगा नहीं है। अत: डिफेंस का एक बड़ा कारखाना यहां लगाए जाने की आवश्यकता है, जिससे उसकी एंसिलरी यूनिट लग जाएगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।