फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Sports News Table Tennis Anokhi smashes five in final wins state ranking competition

Sports News: टेबल टेनिस...फाइनल में अनोखी ने लगाए पांच स्मैश, स्टेट रैंकिंग प्रतियोगिता जीती; पढ़ें अन्य खबरें

Sun, 21 Sep 2025 01:25 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sun, 21 Sep 2025 01:25 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन चल रहा है। यहां अन्य जिलों के खिलाड़ी भी अपना शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। जीते हुए प्रतिभागियों को सम्मान के साथ प्रोत्साहित किया जा रहा है।

विज्ञापन
Sports News Table Tennis Anokhi smashes five in final wins state ranking competition
प्रतियोगिता में खेलती अनोखी। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Sports News in Hindi: कानपुर में हो रही चौथी यूपी स्टेट रैंकिंग अंडर-15 टेबल टेनिस में अनोखी केसरी ने पांच स्मैश शॉट मारकर जीत हासिल की है। अनोखी की यह लगातार चौथी जीत है। अब तक अनोखी तीन स्वर्ण और एक रजत पदक जीत चुकी है। 

विज्ञापन


पांच सेट के इस फाइनल मुकाबले में अनोखी ने दाहिने हाथ के एल्बो में खिंचाव के बाद भी जीत हासिल की है। अंडर-15 के फाइनल मुकाबले में अनोखी ने प्रयागराज की अंशिका गुप्ता को 3-2 सेट से हराया। अनोखी पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी प्रियांशी केसरी की छोटी बहन है।
विज्ञापन


पिता शंभू केसरी ने बताया कि चौथी यूपी स्टेट रैंकिंग प्रतियोगिता कानपुर में खेली जा रही है। अनोखी अंडर-17 और अंडर-19 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीत चुकी हैं।  प्रादेशिक रैंकिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण जीतने के साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लिया है। इस मैच में बेस्ट फाइव मुकाबले खेले गए। इसके पांचवे और फाइनल मैच में अनोखी ने 11-8 से जीत हासिल की। 

विज्ञापन
विज्ञापन

Sports News Table Tennis Anokhi smashes five in final wins state ranking competition
प्रियांसी केसरी को मिला सम्मान। - फोटो : अमर उजाला

पैरा खिलाड़ी प्रियांसी केशरी दो महीने में  तीन अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलेंगी
पैरा खिलाड़ी और अनोखी की बड़ी बहन प्रियांसी ने लखनऊ में हुए मुकाबले में रजत जबकि बरेली, गाजियाबाद और कानपुर में स्वर्ण पदक जीतने में कामयाब रही हैं। प्रियांसी अगले महीने तीन अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में खेलेंगी। पिता शंभू केसरी ने बताया कि प्रियांसी चीन, इजिप्ट और दुबई में होने वाली प्रतियोगिता के लिए चयनित हुई हैं। इसके लिए वह रोज सात घंटे अभ्यास करती हैं। उनके स्विंग शॉट के सामने विरोधी खिलाड़ी टिक नहीं पाते हैं। उन्हें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक लाख रुपये देकर सम्मानित कर चुके हैं।

Sports News Table Tennis Anokhi smashes five in final wins state ranking competition
वुशु का अभ्यास करतीं वाराणसी मंडल की खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला

पहली बार प्रादेशिक वुशु प्रतियोगिता में खेलेगी वाराणसी मंडल की बालिका टीम
वाराणसी मंडल की बालिका टीम पहली बार प्रादेशिक वुशु प्रतियोगिता में खेलेगी। तीन दिवसीय प्रादेशिक विद्यालयीय वुशु प्रतियोगिता 21 से 23 सितंबर तक अयोध्या में होगी। इसमें खेलने के लिए वाराणसी मंडल के खिलाड़ियों ने शनिवार को परमानंदपुर के बाबू आरएन सिंह स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स के इंडोर हॉल में चार घंटे अभ्यास किया।

मुख्य कोच गोपालजी सेठ और कोच नारायण यादव की देखरेख में खिलाड़ियों ने वुशु की विभिन्न तकनीक का अभ्यास किया। खिलाड़ियों को फ्री किक का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। वाराणसी मंडल के खिलाड़ी बालक-बालिका के सभी भार वर्ग में पदक जीतने के लिए मैदान में उतरेंगे।

वाणी जैन को दोहरी सफलता
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की ओर से मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन खेल स्पर्धा लहरतारा स्थित अधिकारी क्लब के बैडमिंटन कोर्ट पर हुई। इसमें बैडमिंटन की प्रतियोगिता में महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष वाणी जैन ने एकल और युगल दोनों ही मुकाबले में जीतकर दोहरी सफलता दर्ज की। मिक्स युगल में वाणी जैन और आशीष जैन की जोड़ी ने लीना और ओमप्रकाश की जोड़ी को 15-11, 15-8 से हरा दिया। 

महिला वर्ग के एकल में वाणी जैन ने लीना को नजदीकी मुकाबले में 15-11, 15-13 से जीत हासिल की। इसके साथ ही अन्य मुकाबले में पुरुष एकल में अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) राजेश कुमार सिंह और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह विजयी रहे। पुरुष डबल में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी बालेंद्र पाल की जोड़ी जीती। 

Sports News Table Tennis Anokhi smashes five in final wins state ranking competition
राधा किशोरी बालिका इंटर काॅलेेज के विजेता खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला

सात खिलाड़ी राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए क्वालिफाई
प्रादेशिक स्कूली खेलकूद में कलारीयपयट्टू प्रतियोगिता 19 से 22 सितंबर तक लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेली गई। इसमें वाराणसी मंडल की ओर से रामनगर के राधा किशोरी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की टीम ने हिस्सा लिया। इसमें रामनगर की छात्राओं ने 4 स्वर्ण और 2 रजत पदक जीते।

इसके बालक वर्ग में प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज की 2 खिलाड़ियों ने स्वर्ण और 5 खिलाड़ियों ने रजत पदक जीते। वाराणसी के राजकीय हाई स्कूल बढ़ैनीकला के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। इस प्रतियोगिता में सात स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलेंगे।

राष्ट्रीय निशानेबाजी में खेलेंगी काशी की पूजा
निशानेबाजी के जरिये यूपी पुलिस में कॅरिअर बनाने वाली भेलूपुर निवासी पूर्जा वर्मा अब निशानेबाजी की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलेंगी। भोपाल में हुए चयन ट्रायल में दो चक्रों में पूजा ने 613 और 612 अंक हासिल किए हैं। यह ट्रायल भोपाल के गोरेगांव शूटिंग रेंज पर हुआ। पूर्जा वर्मा फिलहाल कैंटोनमेंट के शूटिंग रेंज पर रोज चार घंटे अभ्यास कर रही हैं। 

बताया कि उन्होंने अबतक पांच से अधिक राष्ट्रीय स्पर्धा में पदक जीत चुकी हूं। भारतीय टीम के लिए पांचवे और छठवें चक्र का चयन ट्रायल 1 से 16 सितंबर तक हुआ। पूजा 50 मीटर एयर रायफल के प्रोन पोजीशन से खेलेंगी। शूटर पूजा वर्मा 43वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। 

कैरम में आठ खिलाड़ियों ने जीत से की शुरुआत
जिला कैरम संघ की ओर से शनिवार शाम इंग्लिशिया लाइन के एसोसिएशन के कार्यालय में रामाज्ञा सिंह स्मृति कैरम प्रतियोगिता शुरू हुई। पहले दिन अश्वनी चक्रवाल और प्रियांशु यादव सहित आठ खिलाड़ियों ने जीत कर अगले चक्र में प्रवेश किया। लीग कम नॉकआउट आधार पर खेली जा रही इस प्रतियोगिता में अश्वनी चक्रवाल ने प्रसाद को 25-8 और 25-0 से, प्रियांशु यादव ने प्रशांत कुमार को 21-9, 23-6 हराकर करके पूरे अंक हासिल किए। उद्घाटन यूपी कैरम एसोसिएशन के अध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने किया। संचालन रेफरी रमेश कुमार वर्मा ने किया। रेफरी की भूमिका शाहिद जमाल, कृष्ण दयाल ने निभाई। 

चितईपुर में 23 को निशानेबाजी प्रतियोगिता
माध्यमिक स्कूली खेलों में मंडलीय रायफल और पिस्टल वर्ग की प्रतियोगिता 23 सितंबर को चितईपुर के पूर्वांचल शूटिंग रेंज में सुबह 10 बजे से होगी। मंडलीय सचिव विनोद सिंह ने बताया कि 69वीं माध्यमिक स्कूली खेलों में बालक-बालिका वर्ग की जनपदीय शतरंज 25 सितंबर को रमापुरा के विपिन बिहारी चक्रवर्ती कन्या विद्यालय इंटर कॉलेज में खेली जाएगी। 

Sports News Table Tennis Anokhi smashes five in final wins state ranking competition
कुश्ती का ट्रायल देते पहलवान। - फोटो : अमर उजाला

बनारस के शेरू ने लगाया भरनदाज दांव, डेढ़ मिनट में चित हुए गाजीपुर के प्रिंस
खेल विभाग की ओर से पंडित दीनदयाल पुरुष सीनियर ग्रीको रोमन, फ्रीस्टाइल प्रादेशिक कुश्ती प्रतियोगिता गोरखपुर में होगी। इसमें खेलने के लिए मंडलीय टीम का चयन ट्रायल सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम हुआ। इसमें वाराणसी के गया सेठ अखाड़े के खिलाड़ी शेरू ने भरनदाज दांव लगाकर गाजीपुर के प्रिंस को हरा दिया। 

उन्होंने यह मैच सिर्फ 1:35 मिनट में बाईफाल कर जीत लिया। शेरू ने गाजीपुर को प्रिंस को भरनदाज दांव में जकड़कर पांच बार रोल किया। हर एक बार रोल करने पर 2 अंक हासिल कर 10 अंक अर्जित कर बिना एक भी अंक गंवाए मैच जीत लिया। प्रादेशिक कुश्ती प्रतियोगिता 27 से 29 सितंबर तक गोरखपुर में होगी। आरएसओ विमला सिंह ने बताया कि मंडलीय टीम में कुल 16 खिलाड़ियों का चयन हुआ इसमें वाराणसी के 14 और गाजीपुर के दो खिलाड़ियों का चयन हुआ है। ट्रायल में वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर के 67 खिलाड़ियों ने भाग लियाा।

फ्रीस्टाइल में इनका हुआ चयन 
कोच गोरख यादव ने बताया कि फ्रीस्टाइल के 57 किलो में आशुतोष, 61 किलो में देवांश पाल, 65 किलो में दीपक यादव, 70 किलो में शेरू यादव, 74 किलो में अनुज यादव, 79 किलो में ऋषि यादव, 86 किलो में मैत्रेय यादव, 125 किलो में गाजीपुर के अंकुर यादव का चयन मंडलीय टीम में हुआ।

ग्रीको रोमन में आठ खिलाड़ी 
ग्रीको रोमन कुश्ती के 55 किलो में नितेश प्रजापति, 60 किलो में जाहिद अली, 63 किलो में अमन यादव, 67 किलो में अनुज विनायक यादव, 72 किलो में अंशुमन यादव, 77 किलो में विष्णु गुप्ता, 82 किलो में प्रियांशु यादव, 130 किलो में गाजीपुर के आशुतोष यादव का चयन हुआ। 

कैसे लगाते हैं भरनदाज दांव
इसमें खिलाड़ी अपने विरोधी खिलाड़ी को कमर से पकड़कर नीचे मैट पर गिराकर रोल करता है। इसमें कमर पकड़कर विरोधी खिलाड़ी को रोल कराने वाले को प्रत्येक रोल पर दो अंक मिलते हैं। इसमें खिलाड़ी बाई फाल यानी चित भी कर सकता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed