एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें: काशी से हैदराबाद के बीच एक और उड़ान, वजूखाने के सर्वे की सुनवाई 5 मई को
Varanasi News: हैदराबाद-वाराणसी के बीच एयर इंडिया एक्सप्रेस की सीधी उड़ान सेवा एक मई से शुरू होगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस की इस रूट पर यह तीसरी विमान सेवा होगी। अब वाराणसी-हैदराबाद के बीच कुल सात विमान संचालित होंगे। इसमें एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो की तीन-तीन और अकासा एयर की एक फ्लाइट है।
विमानन कंपनी ने शेड्यूल जारी कर दिया है और टिकट की बुकिंग भी शुरू हो गई है। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान आईएक्स 2978 सुबह 8:30 बजे हैदराबाद से उड़ान भरकर सुबह 10:35 बजे वाराणसी पहुंचेगा।
वजूखाने के सर्वे की मांग पर अब सुनवाई 5 मई को
वाराणसी स्थित ज्ञानवापी परिसर में वजूखाने की (एएसआई) से सर्वे की मांग वाली याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट अब पांच मई को सुनवाई करेगा। यह आदेश न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल की एकल पीठ ने रेखा सिंह की सिविल पुनरीक्षण अर्जी पर दिया है।
याची के अधिवक्ता सौरभ तिवारी ने मंगलवार को बताया कि 12 दिसंबर को प्लेसेज ऑफ वर्शिप एक्ट-1991 की वैधता को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका पर अभी तक सुनवाई नहीं हो सकी है। ऐसे में उसका अंतरिम आदेश प्रभावी है। इसके तहत अदालतों को सर्वेक्षण के आदेश सहित कोई भी प्रभावी अंतरिम या अंतिम आदेश पारित करने पर रोक लगी है। इस पर कोर्ट ने अगली तिथि नियत कर दी।
दशाश्वमेध घाट पर महिला का मंगलसूत्र उड़ाया
क्रीं कुंड, शिवाला रोड की रहने वाली माधुरी देवी के गले से उचक्के दशाश्वमेध घाट पर 13 ग्राम सोने का मंगलसूत्र खींच ले गए। घटना के संबंध में माधुरी देवी की तहरीर पर दशाश्वमेध थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
माधुरी देवी ने पुलिस को बताया कि वह गत छह अप्रैल की सुबह दशाश्वमेध घाट स्थित शीतला माता मंदिर में दर्शन करने गई थी। उसी दौरान उनके गले से उनका मंगलसूत्र खो गया। उन्होंने घटना की सूचना पुलिसकर्मियों को दी थी। पुलिसकर्मियों ने सीसी कैमरे की फुटेज खंगाली तो एक महिला उनका मंगलसूत्र खींचते हुए कैद हुई है। इस संबंध में दशाश्वमेध थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।
शरारती तत्वों ने गुमटी में लगाई आग
पांडेयपुर चौराहे पर स्थित देसी शराब की दुकान के पास एक गुमटी में शरारती तत्वों ने सोमवार की रात आग लगा दी। स्थानीय लोगों ने हुकुलगंज निवासी गुमटी मालिक दिव्यांग राहुल गुप्ता को सूचना दी। राहुल गुप्ता ने मौके पर पहुंची पुलिस को बताया कि दुकान ही परिवार के भरण-पोषण का सहारा है। आग लगाए जाने से गुमटी के अंदर रखा मोबाइल फोन, सामान और लगभग तीन हजार रुपये जल गए। शरारती तत्व उसकी दुकान में पहले चोरी भी कर चुके हैं।
शिवपुर के पंचवटी धाम कॉलोनी कठवतिया निवासी जागृति सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत तीन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है। जागृति ने तहरीर में बताया कि उनकी शादी 2022 को फरीदाबाद हरियाणा निवासी राहुल ठाकुर के साथ हुई थी
शादी के कुछ दिन बाद ही सुसराल वाल दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि पति राहुल सिंह, ससुर मृत्युंजय ठाकुर और सास नूतन ठाकुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
अपर सचिव ने निरीक्षण कर सील कराया अवैध निर्माण
वीडीए के अपर सचिव गुडाकेश शर्मा ने मंगलवार को सेंट्रल जेल रोड से बाबतपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिकराैल वार्ड के सेंट्रल जेल रोड की ज्ञानवती सिंह के निर्माण कार्य स्थल का निरीक्षण किया। निर्माणकर्ता को दो मंजिल निर्माण की स्वीकृति दी गई थी। बावजूद इसके 100 वर्ग मीटर में अवैध निर्माण कराया गया था। इसके आधार पर भवन को सील कर दिया गया।
राज्यमंत्री ने किया क्रय केंद्र का निरीक्षण
खाद्य एवं रसद विभाग के राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने मंगलवार सुबह लखनऊ से वाराणसी आते समय फूलपुर स्थित गेंहू क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सचिव इंदु प्रताप को खरीद बढ़ाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से बात की। किसानों ने जर्जर क्रय केंद्र के भवन को नए सिरे से बनवाने की मांग की। सचिव ने बताया कि नौ अप्रैल से खरीद शुरू हुई है और पांच किसानों से 198 क्विंटल की खरीद की जा चुकी है।
सपा अध्यक्ष को धमकी देने वाले की शिकायत की
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को गोली मारने की धमकी देने के मामले को लेकर अधिवक्ता आलोक सौरभ ने मंगलवार को पुलिस आयुक्त को शिकायती पत्र सौंपा। अधिवक्ता आलोक सौरभ ने कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो देखा। वीडियो में लखीमपुर खीरी निवासी एक युवक सपा अध्यक्ष को गोली मारने की धमकी देता हुआ दिखा है। उन्होंने पुलिस आयुक्त से मांग की है कि वीडियो से संबंधित व्यक्ति को चिह्नित कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
शराब के ठेके का महिलाओं ने किया विरोध
रोहनिया के अमरा में शराब के ठेके के विरोध में मंगलवार को महिलाओं ने प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना था कि पहले दुकान जहां थी, वह बस्ती से दूर थी। अब बस्ती के पास दुकान खुल रही है। शराब पीकर लोग गांव में उत्पात करेंगे। नए स्थान पर शराब का ठेका नहीं चलने दिया जाएगा।
लक्ष्य पूरा न करने वाले सचिवों का रुकेगा वेतन
सेवापुरी के ब्लॉक सभागार में मंगलवार को बीडीओ प्रतिभा मिश्रा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने सभी सचिवों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना से जुड़े लाभार्थियों का काम दो दिन में हर हाल में पूरा हो जाए। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लाभार्थियों का अधिक से अधिक पंजीकरण कराएं। उन्होंने कहा कि समय से काम पूरा न करने वाले सचिवों का अप्रैल का वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी।
नवाचार से करें कृषि उपज में सुधार
भू-स्थानिक डेटा संवर्धन एवं विकास समिति (जीडीपीडीसी) के चेयरमैन डॉ. श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में सोमवार को ऑपरेशन द्रोणागिरी योजना की समीक्षा बैठक कमिश्नरी सभागार में हुई। बताया गया कि नवाचार से कृषि उपज में सुधार और आय में बढ़ोतरी हो सकती है। बैठक में डीएम एस राजलिंगम, सीडीओ हिमांशु नागपाल समेत अन्य मौजूद रहे।
जेल गए सपा नेता मिश्राजी पर मुकदमे के लिए दी तहरीर
मां करणी देवी पर अभद्र टिप्पणी का आरोप लगाते हुए सपा नेता हरीश मिश्रा उर्फ बनारस वाले मिश्राजी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए मंगलवार को चोलापुर थानाध्यक्ष को तहरीर दी गई। करणी सेना के शशि प्रकाश सिंह ने कहा कि अभद्र टिप्पणी से क्षत्रिय समाज के लोग आहत हैं।
हरीश मिश्रा को गत 14 अप्रैल को अदालत ने हत्या के प्रयास सहित अन्य आरोपों में दर्ज मुकदमे में जेल भेजा था। मंगलवार को तहरीर देने चोलापुर थाने पहुंचे करणी सेना के शशि प्रकाश सिंह ने कहा कि हरीश मिश्रा ने क्षत्रियों की कुलदेवी मां करणी देवी को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी। इसका व्यापक असर देखने को मिल रहा है। इससे क्षत्रिय समाज के लोग आक्रोशित हैं, इसलिए हरीश मिश्रा के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाए।
करणी सेना के रवि कुमार रघुवंशी, दुष्यंत रघुवंशी, राघवेंद्र सिंह, अरुण सिंह और अजय सिंह ने कहा कि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
हरीश से जेल में सपा नेताओं ने की मुलाकात
जिला जेल में बंद सपा नेता हरीश मिश्रा उर्फ बनारस वाले मिश्रा जी से पार्टी के एमएलसी आशुतोष सिन्हा और जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। कहा कि किसी के मोहल्ले में घुसकर कोई मारने आता है। वह बचाव करता है तो उसी को जेल में डाल दिया जाता है।
निगम ने कई इलाकों से हटवाया अतिक्रमण
नगर निगम की ओर से मंगलवार को अतिक्रमण हटवाया गया। प्रभारी प्रवर्तन दल कर्नल संदीप शर्मा के नेतृत्व में शंकुलधारा पोखरे से अवैध अतिक्रमण हटवाए। दो दुकानदारों को दो दिन में दुकानें हटवाने की चेतावनी दी गई। ईंट बालू रखने वालों से 6000 रुपये जुर्माना वसूला। भोजूबीर में सरकारी जमीन पर बांधे तीन पशु को कांजी हाउस भेजा गया।
भैसासुर घाट से ठेले खोमचे हटवाए। हुकुलगंज नई बस्ती में रास्ते बांधे दो पशुओं को कांजी हाउस भेजा। गंदगी करने वाले एक व्यक्ति को चेतावनी दी। आजमगढ़ मार्ग पर 52 बीघा के पास गोशाला की चहारदीवारी से झुग्गी, झोपड़ी और गुमटी हटवाए। विश्वेश्वरगंज से ठेला हटवाकर मूत्रालय निर्माण कार्य शुरू कराया।
इस दौरान 20 किलो अवैध प्लास्टिक पकड़ा गया और 500 का प्लास्टिक चालान भी किया गया। लहुराबीर चौराहे से फल की अस्थायी दुकानों को हटवाकर 100 रुपये जुर्माना वसूला। पंचअग्नि और रानी घाट से अतिक्रमण हटवाने की चेतावनी और 500 रुपये जुर्माना लगाया।
57 वाहन सीज, 3334 वाहनों का चालान
तीन दिन की छुट्टी के बाद मंगलवार को बैंक और वित्तीय संस्थान खुले। इसे लेकर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कमिश्नरेट के थानाध्यक्षों को सघन चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिए। चेकिंग अभियान के दौरान 57 वाहन सीज किए गए और 3334 वाहनों का चालान किया गया।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि छुट्टियों के बाद खुले बैंकों और वित्तीय प्रतिष्ठानों के आसपास विशेष रूप से ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। बगैर नंबर वाले वाहन और दोपहिया वाहन पर तीन सवारी की चेकिंग के दौरान 57 वाहन सीज किए गए।
साथ ही, 3334 वाहनों का चालान किया गया। इसके अलावा अलग-अलग मामलों में वांछित 13 लोग गिरफ्तार किए गए। इसके अलावा गत दिनों डीजीपी प्रशांत कुमार के हाथों मिले 50 नए मोटरसाइकिल दस्ते में से काशी जोन को 25, वरुणा जोन को 13 और गोमती जोन को 10 को फैंटम दस्ते के लिए दिया गया है।
रेल अंडरपास बनाए जाने की मांग की
भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने सोमवार को केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। वाराणसी में कई सड़कों पर रेल अंडरपास बनाए जाने की मांग की है। कई रेलवे लाइन पर फाटक बंद हो जाने के कारण लोगों की परेशानियों का हवाला देते हुए उन्होंने नाथूपुर, भिखारीपुर, निगतपुर और फुलवरिया के गेट नंबर 4 से गेट नंबर 5 तक अंडरपास बनवाने की मांग की। हंसराज विश्वकर्मा ने बताया कि रेल मंत्री ने उनकी मांग पूरे करने का भरोसा दिलाया।
निर्माणाधीन पीएचसी का विधायक ने किया निरीक्षण
आदिविश्वेश्वर वार्ड के पत्थर गली के कसाईबाड़े में बन रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का मंगलवार को भाजपा विधायक नीलकंठ तिवारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने गुणवत्ता के साथ समय से काम पूरा कराने को कहा। पिछले दिनों नगर निगम की ओर से कसाईबाड़े से अतिक्रमण हटवाए गए थे। इस स्थान का इस्तेमाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए करने की मांग की गई थी। इसके बाद मेयर अशोक कुमार तिवारी ने जगह उपलब्ध कराया था।
हेलमेट पर ब्लड ग्रुप लिखकर करेंगे जागरूक
काशी रक्तदान नेत्रदान कुटुंब समिति के संस्थापक सचिव और रोटरी मंडल 3120 सत्र 2025 -2026 के ब्लड डोनेशन चेयरमैन राजेश कुमार गुप्ता ने हेलमेट पर ब्लड ग्रुप लिखने की पहल शुरू की है। होमी भाभा कैंसर अस्पताल के रक्त कोष के मुख्य अधिकारी डॉक्टर अक्षय बत्रा ने राजेश को ब्लड ग्रुप लिखा हेलमेट भेंट किया। डॉक्टर बत्रा ने कहा कि इससे रात के अंधेरे में पीछे से हेलमेट पर चिन्हित रक्त ग्रुप चमकते रहने से होने वाले दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
असम के राज्यपाल ने भाजपा नेता का जाना हाल
असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य सोमवार की शाम भाजपा काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी से मिलने उनके भेलूपुर स्थित आवास पहुंचे। पिछले दिनों सड़क दुर्घटना में घायल हुए नवरतन राठी का कुशलक्षेम पूछ उनके स्वस्थ होने की कामना की। इससे पूर्व वह भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह के आवास भी पहुंचे।
पंचायत सशक्तीकरण का अद्भुत अनुभव
तेलंगाना राज्य से लौटने के बाद ग्राम पंचायत भीषमपुर के प्रधान और प्रधान संघ के जिला अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने कहा कि यह यात्रा ग्राम स्वराज, नवाचार और पंचायत सशक्तिकरण के क्षेत्र में अद्भुत अनुभव देने वाली रही। 6 से 12 अप्रैल तक प्रदेश के 19 ग्राम प्रधानों और 6 वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने तेलंगाना राज्य के विभिन्न जिलों में आयोजित एक्सपोजर विजिट में भाग लिया।
मलिन बस्ती के चार बच्चों का विद्यालय में दाखिला
स्कूल चलो अभियान के तहत मंगलवार को काशी विद्यापीठ के सांसद आदर्श गांव ककरहिया में रैली निकाली गई। खंड शिक्षा अधिकारी राम पूजन पटेल के नेतृत्व में सरहरी गांव के ईंट-भट्ठा और मलिन बस्तियों में अभिभावकों को बच्चों का नामांकन परिषदीय विद्यालय में कराने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान चार बच्चों का दाखिला किया गया।
सरकार से की फ्रीज महंगाई भत्ता देने की मांग
वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थानम की मासिक बैठक पीडब्ल्यूडी परिसर स्थित डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ भवन में हुई। इसमें सरकार से कोरोना काल में 18 महीने का फ्रीज महंगाई भत्ता देने की मांग की। बैठक में आनंदलाल, बंशीलाल, दीपेंद्र, उमेश बहादुर, सीवी, उमेश चंद्र, संतलाल आदि मौजूद रहे।
आज से विरोध दर्ज कराएंगे बिजलीकर्मी
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के निजीकरण के प्रस्ताव का विरोध अब तेज हो गया है। इसके तहत जिले के बिजली कर्मचारियों की ओर से 16 से 29 मई तक चलने वाले चरणबद्ध आंदोलन की शुरू होगा।
25 अप्रैल को जिला सैनिक बंधु की बैठक
जिला सैनिक बंधु की बैठक 25 अप्रैल की सुबह कलेक्ट्रेट सभागार में होगी। इसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी एस राजलिंगम करेंगे। ग्रुप कैप्टन अशोक पांडेय ने बताया कि सभी भूतपूर्व सैनिक, दिवंगत सैनिकों की पत्नियासमस्याओं के समाधान के लिए 23 अप्रैल तक कार्यालय में संपर्क कर सकती हैं।
कथक पर सजाई प्रभु श्रीराम की भावभंगिमा
काशी वंदन सांस्कृतिक कार्यक्रम में मंगलवार को नमो घाट पर कोलकाता की रूमेली रॉय एवं उनकी शिष्या कुमारी रितिका भास्कर ने कथक से मुग्ध कर दिया। उन्होंने गुरु वंदना से शुरुआत। श्रीरामचंद्र के भजन पर प्रभु के विस्तृत स्वरूप को प्रदर्शित किया। अंत में तराना पर भाव नृत्य पेश किया। संयोजन अंशुमान महाराज, संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन अंकित सिंह ने किया।
पुरस्कृत होंगे निबंध प्रतियोगिता के विजेता
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में निबंध प्रतियोगिता में परास्नातक और शोध छात्रों ने भागीदारी की। डॉ. भगवान दास केंद्रीय पुस्तकालय के समिति कक्ष में नव्य बौद्धवाद और दर्शन विषय पर प्रतिभागियों ने अपने विचारों को लेख के माध्यम से रखा। निबंध के विजेताओं को समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रो. आनंद शंकर चौधरी, डॉ. रविंद्र कुमार गौतम, प्रो. पीतांबर दास मौजूद रहे।
छात्रों को दिया गया आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण
नागरिक सुरक्षा कलेक्ट्रेट प्रखंड की ओर से मंगलवार को सोयेपुर स्थित घनश्याम पीजी कॉलेज में छात्रों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया। हवाई हमले से बचाव का मॉक ड्रिल किया गया। डिवीजनल वार्डेन संजय कुमार राय के संयोजन में छात्रों को पांच दिवसीय प्रशिक्षण एडीसी विवेक कुमार ने दिया। मुख्य अतिथि उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा जितेंद्र देव सिंह और प्रबंधक नागेश्वर सिंह थे। प्रशासक संजीव सिंह, विवेक कुमार राय, अरविंद विश्वकर्मा, डॉ. आनंद सिंह माैजूद रहे।
चौधरी राजित प्रसाद को किया नमन
यादव ज्योति पत्रिका के संस्थापक संपादक व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी चौधरी राजित प्रसाद यादव की 128वीं जयंती पर मंगलवार को राजघाट पर लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। उनकी जयंती यादव दिवस के रूप में मनाई। गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव गप्पू ने बताया कि इस दौरान गोवर्धनधारी भगवान श्रीकृष्ण का शृंगार कर आरती उतारी गई। इस मौके पर अशोक, दिनेश यादव, अभय स्वाभिमानी, मनोज यादव आदि रहे।
मरीजों की जांच कर दी गईं दवाएं
श्री सर्वेश्वरी समूह के सेवा प्रकल्प के तहत अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम की तपोस्थली श्री सर्वेश्वरी निवास सुलेमान बगीचा मंडुवाडीह में निशुल्क चिकित्सा शिविर के तीन वर्ष पूरे होने पर मंगलवार को चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर दवाएं दीं। शिविर में डॉ. अनिल सिंह, डॉ. केके सिंह, डॉ. विजय प्रताप सिंह, डॉ. विश्वात्मन रघुवंशी, डॉ. त्रिविदा रघुवंशी ने लगातार सेवाएं दे रहे हैं। इस मौके पर सुशील सिंह, आशीष राय, मीना सिंह, कृष्ण नारायण सिंह आदि रहे।
युवा उद्यमी 15 मई तक करें आवेदन
कृषि क्षेत्र में स्टार्टअप करने वाले छात्रों को सरकार की ओर से 5 लाख रुपये का फंड मिल सकता है। आईआईटी बीएचयू में ग्रामीण स्टार्टअप पर काम करने वालों को आवेदन करने का मौका 15 मई तक दिया गया है। कृषि, किसान आरकेवीवाई-रफ्तार स्कीम के तहत फंड दिया जाएगा। सिर्फ आइडिया, पैशन और एक आवेदन पर ही फंड मिल सकता है। इसमें कृषि कॉलेज के छात्र-छात्रा, कृषि और खाद्य क्षेत्र में शुरुआती काम कर रहे स्टार्टअप और ग्रामीण नवाचार करने वालों को तरजीह दी जाएगी।
परिषदीय विद्यालय के बच्चों को मिले स्कूल बैग
प्राथमिक विद्यालय चांदपुर में मंगलवार को बच्चों को स्कूल बैग दिया गया। लंदन निवासी संदीप शर्मा ने शिक्षिका कल्पना तिवारी की प्रेरणा से यह सहयोग प्रदान किया। बच्चे नया स्कूल बैग पाकर खुश हुए। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति सिंह, एआरपी रश्मि त्रिपाठी, श्रीनिवास सिंह और प्रधानाध्यापक आभा माैजूद रहीं। खंड शिक्षा अधिकारी ने बच्चों को नियमित स्कूल आने को कहा।
कबीर के दोहों से मनुष्यता के मर्म समझाया
सुबह-ए-बनारस आनंद कानन की ओर से तीसरे मंगलवार को कविकुल काव्यार्चन का आयोजन अस्सी घाट पर हुआ। आमंत्रित रचनाकारों ने संत कबीर के दोहों का पाठकर श्रोताओं को कबीरवाणी से रसासिक्त किया। आजमगढ़ के विजेंद्र प्रताप श्रीवास्तव, वरिष्ठ रचनाकार गणेश प्रसाद गंभीर, महेंद्र तिवारी अलंकार, डॉ. वात्सल्य श्रीवास्तव ने संत कबीर के दोहों का पाठ किया।
राजलक्ष्मी मिश्रा ने संत कबीर का पद साधो, देखो जग बौराना, सांची कहौ तो मारन धावै झूंठे जग पतियाना, हिंदू कहत है राम हमारा मुसलमान रहमाना... सुनाया। प्रियांशी तिवारी और चेतन तिवारी ने भी संत कबीर के मार्मिक दोहों का पाठ किया। स्वागत बीना त्रिपाठी ने किया।
उपकार इंस्टीट्यूट में हुई फ्रेशर पार्टी
उपकार इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज सुंदरपुर में सोमवार को फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। उपकार फाउंडेशन की डायरेक्टर डॉ. ममता पटेल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य डॉ. दयाशंकर मिश्रा, विशिष्ट अतिथि बीजेपी के प्रांतीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, डाॅ. रश्मि सिंह, डॉ. आरएस कश्यप ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
फ्रेशर पार्टी में मिस्टर फ्रेशर सचिन पटेल और मिस फ्रेशर दीक्षा सिंह व मोनिका गौतम को चुना गया। प्रधानाचार्य सुशील कुमार पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के चेयरमैन डॉ. एसजे पटेल ने की। संचालन उप प्रधानाचार्य शुभम सिंह ने की। एमडी स्नेहिल ने सभी का धन्यवाद किया।
युवाओं की एक्टिविटी पर 10 छात्रों ने लगाई प्रदर्शनी
बीएचयू में युवाओं की रोजमर्रा की एक्टिविटीज पर फोकस कर डॅका नाम की एग्जीबिशन लगाई गई। दृश्य कला संकाय के अहिवासी कला दीर्घा में एमएफए के 10 स्टूडेंट्स की चित्र प्रदर्शनी को देखने के लिए 100 कलाकार और छात्र-छात्राएं पहुंचे। उद्घाटन कलाकार एस. प्रणाम सिंह ने किया।
अंतरराष्ट्रीय कला दिवस पर कला प्रदर्शनी में 10 युवा कलाकार थे। लैटिन शब्द डॅका शीर्षक का अर्थ है ऊर्जा, नवोन्मेष और मौलिकता की चमक से युक्त। यह एक कलात्मक संवाद है जो आज के युवाओं की व्यग्रता, आकांक्षाओं और संवेदनशीलताओं का सजीव चित्रण करता है। व्यावहारिक कला विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. मनीष अरोड़ा, प्रो. जसमिंदर कौर और डॉ. सुरेश जांगीड़ मौजूद थे।
पेंटिंग लगाने वाले कलाकार : जयदेब दास, कनु मोनु वेणु, वैष्णवी बर्नवाल , प्रीतिलता, शिवम कुमार सेठ, शिवम त्रिपाठी, आदर्श यादव, ऋषिकेश कुमार, वरुण प्रजापति और यति सिंह।
यज्ञशाला में आहुतियां डालीं, शांति पाठ किया
काशी आर्य समाज मंदिर बुलानाला के स्थापना दिवस पर मंगलवार को सामूहिक वैदिक यज्ञ में लोगों ने आहुतियां डालीं। संस्था के रामाशंकर आर्य की अध्यक्षता में पदाधिकारियों व सदस्यों ने पूजन-अर्चन किया। यज्ञादि अनुष्ठान हुए। अनिल कुमार ने शांति पाठ किया। लोगों ने वेदों को सर्वोपरी मानकर वेद विद्या को जन-जन तक पहुंचाने, हिंदू धर्म में सुधार के लिए शुद्ध वैदिक परंपरा में विश्वास रखने और जातिगत भेदभाव का विरोध करने का संकल्प लिया।
आचार्य पं. रामदेव शास्त्री ने कहा कि काशी आर्य समाज की स्थापना 1880 को महर्षि स्वामी दयानंद ने स्वयं किया था। संस्था की मंत्री सरस्वती देवी, वैभव कुमार, अजीत कुमार आर्य, संदीप पांडेय, प्रखर जायसवाल, मनीष कुमार, अभिषेक अग्रवाल, अजय कुमार आर्य, नंदलाल आर्य आदि ने विचार रखे।
नवांकुरों को सितार की बारीकियों से कराया रूबरू
धरोहर शृंखला के तहत बनारस घराने को समर्पित नए अध्याय का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। अखरी बाईपास स्थित एक स्कूल में सितार व्याख्यान और सिताव वादन की प्रस्तुति में विद्यार्थियों को शास्त्रीय संगीत से परिचित कराया गया। पं. देवव्रत मिश्र ने उन्हें बारीकियों से रूबरू कराया।
कला प्रकाश के इस अभियान का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रख्यात सितार वादक पं. शिवनाथ मिश्र और पं. देवव्रत मिश्र, कृष्ण मिश्र व प्रशांत मिश्र, संस्था के अध्यक्ष अशोक कपूर और स्कूल की निदेशिका सुबीना चोपड़ा ने किया। पं. शिवनाथ मिश्र ने सितार से विद्यार्थियों को अवगत कराया।
अशोक कपूर ने बताया कि शिक्षण संस्थानों में शास्त्रीय संगीत परंपरा के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से धरोहर शृंखला की शुरुआत की गई है। पं. देवव्रत मिश्र और कृष्णा मिश्र ने सितार वादन की प्रस्तुति से विद्यार्थियों से रूबरू कराया। तबले पर प्रशांत मिश्र ने संगत की। सुबीना चोपड़ा ने कलाकरों को सम्मानित किया। इस मौके पर अभिजीत अग्रवाल, ज्योति सिंह, डाॅ. अनुराधा रतूड़ी, डाॅ. आशीष जायसवाल आदि रहे।
25 अप्रैल तक करें आवेदन
केंद्र सरकार की स्माइल योजना की उपयोजना कम्प्रेहेन्सिव रिहैबिलेशन ऑफ पर्सन्स इन्गैज्ड इन द एक्ट ऑफ बेगिंग के तहत भिक्षुओं के पुनर्वास के लिए सामाजिक संस्थाओं से प्रस्ताव मांगे गए हैं। डीएम एस राजलिंगम ने बताया कि संस्था का चयन समिति करेगी। गैर सरकारी संगठन, सामाजिक संस्था और सोसायटी अपना प्रस्ताव 25 अप्रैल की शाम पांच बजे तक सील बंद लिफाफे में विकास भवन में जिला समाज कल्याण अधिकारी के यहां जमा करा दें। जानकारी varanasi.nic.in पर ले सकते हैं।
प्रशिक्षण नहीं मिलना चिंता का विषय
बीएचयू वाणिज्य संकाय में मंगलवार को वस्तु एवं सेवा कर विषय पर स्मार्ट टैक्सेशन सिस्टम वर्कशॉप शुरू हुआ। 22 अप्रैल तक वर्कशाप में कर विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे। वरिष्ठ सहायक कुलसचिव डॉ. शार्दुल चौबे प्रो. अचल कुमार गौर ने निवेश और बचत के आयामों पर प्रकाश डाला।
जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर देवेश तिवारी ने सूचना संग्रह प्रकाश डाला। चार्टर्ड अकाउंटेंट विशाल सिंह ने कहा कि यह कर सबके लिए नहीं है, छोटे व्यापारियों को इसमें छूट है। संकाय प्रमुख प्रो. एचके सिंह ने थ्योरी और प्रैक्टिकल के जरिये कल्याण की दृष्टि पर बात रखी। संयोजक डॉ. लाल बाबू जायसवाल, संचालन डॉ. इशि मोहन और धन्यवाद डॉ. अवधेश सिंह ने किया। प्रो. यश पी अग्रवाल, प्रो. ओपी सिंह, प्रो. फतेह बहादुर सिंह, प्रो. सुंदरम मौजूद रहे।
नामांकन बढ़ाने पर हुई बैठक
नए शैक्षणिक सत्र में नामांकन वृद्धि के साथ शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाना आवश्यक है। यह बातें खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार मिश्र ने संकुल स्तरीय बैठक में कही। सोमवार को प्राथमिक विद्यालय दीनदासपुर में हुई बैठक में उन्होंने शिक्षकों से डोर टू डोर भ्रमण कर नामांकन बढ़ाने पर जोर देने को कहा। इस दौरान संतोष कुमार मौर्य, अनिल राजभर, अखिलेश मिश्रा, अरविंद मौजूद रहे।
डीआरएम भवन में मनी बाबा साहब आंबेडकर की जयंती
पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंडल कार्यालय के भारतेंदु सभागार में बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की 134वीं जयंती मनाई गई। मंडल कार्मिक अधिकारी (इंचार्ज) अभिनव कुमार सिंह, जाति/ जनजाति एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद कुमार, ओबीसी एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएन यादव, ऑल इंडिया मेंस कांग्रेस के अध्यक्ष मनोज कुमार समेत अन्य कर्मचारियों ने विचार रखे।
इस दौरान निबंध प्रतियोगिता में प्रथम आने वाले शिवम कुमार, द्वितीय आने वाले सुरेंद्र यादव और तृतीय आने वाले हैप्पी चौहान को सम्मानित किया। रोशन लाल यादव, राजेश कुमार सिंह, राकेश रंजन, शेख रहमान, राजेश कुमार, अभिनव पाठक रहे।
आयोग की सदस्य आज सुनेंगी समस्याएं
राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा बुधवार को काशी आएंगी। वह सर्किट हाउस में सुबह 11:10 बजे से महिलाओं से संबंधित समस्याएं सुनेंगी। इसमें जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जो समस्याओं के समाधान में मदद करेंगे। जिला प्रशासन की तरफ से अपील की गई है कि पीड़ित महिलाएं अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
निरस्त ट्रेनें फिर से होंगी बहाल
गोरखपुर जंक्शन-गोरखपुर कैंट के बीच तीसरी लाइन के कारण निरस्त ट्रेनें फिर से बहाल होंगी। ट्रेनें अपने तय रूट से ही गुजरेंगी। छपरा-मथुरा समेत अन्य ट्रेनें अपने तय रूट से ही गुजरेंगी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि छपरा से 16, 21, 23, 25, 28 अप्रैल और 02 मई को चलने वाली 15109 छपरा-मथुरा एक्सप्रेस बदले मार्ग सीवान-भटनी-वाराणसी-बनारस-प्रयागराज-कानपुर सेंट्रल के रास्ते चलाई जाएगी।
16, 21, 23, 25, 28 अप्रैल को चलने वाली 15110 मथुरा-छपरा एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग बाराबंकी-गोंडा-गोरखपुर-सीवान के रास्ते जाएगी। मथुरा से 2 मई को चलने वाली 15110 मथुरा-छपरा एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग कानपुर सेंट्रल-प्रयागराज-बनारस-वाराणसी-भटनी-सीवान के रास्ते चलाई जाएगी। 15212 दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस बदले मार्ग छपरा ग्रामीण-वाराणसी-सुलतानपुर-लखनऊ (उत्तर रेलवे)-रोजा के रास्ते चलाई जाएगी।
दालमंडी सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। सोमवार से सड़क निर्माण से जुड़ी टेंडर प्रक्रिया के लिए आवेदन शुरू हो गए। 21 अप्रैल तक आवेदन लिए जाएंगे। इसी बीच आवेदनों की जांच होगी। 22 अप्रैल को टेंडर खुलते ही अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अभी पीडब्ल्यूडी और नगर निगम की टीम सड़क की नापी कर रही है।
पिछले दिनों काशी दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दालमंडी प्रोजेक्ट की समीक्षा करते हुए इसकी डीपीआर मांगी थी। मुख्यमंत्री को दिखाने के बाद 220.59 करोड़ के इस प्रोजेक्ट के बजट की स्वीकृति के लिए इसे भेज दिया गया। दालमंडी की कुल लंबाई 650 मीटर है, जो नई सड़क से लेकर चौक थाना तक है।
अब तक हुई नापजोख में 146 मकान और छह मस्जिदों को चिह्नित किया गया है। सूची बनाकर शासन-प्रशासन को भेज दी गई है। एक अफसर के मुताबिक इसमें कुछ जमीनें सरकारी निकली हैं, इसलिए जितनी जमीनों को चिन्हित किया गया है, उनके कागजात निकलवाए जा रहे हैं। नगर निगम और तहसील प्रशासन की टीमें इसमें जुटी।
रात में प्रदेश का तीसरा सबसे ठंडा शहर रहा बनारस
बनारस रात में प्रदेश का तीसरा सबसे ठंडा शहर बन गया है। मंगलवार की रात न्यूनतम पारा सामान्य से 1.8 डिग्री नीचे 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे कम सोनभद्र के चुर्क में 19.4 डिग्री और मेरठ में 19.6 डिग्री तक तापमान आया।
मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री कम 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दोपहर की तल्ख धूप ने पूरे 5-6 घंटे तक लोगों को खूब परेशान किया। घाटों पर सन्नाटा पसर गया। हालांकि, 15 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से बही हवा ने नमी को बढ़ने नहीं दिया। इससे उमस कम रही। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, काशी में 27 से 21 अप्रैल के बीच बिजली चमकने संग बारिश हो सकती है। साथ ही बादल भी छाए रह सकते हैं।
केंद्रों पर पहुंचीं कॉपियां, एलएलबी की परीक्षा कल से
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और संबद्ध कॉलेजों में एलएलबी और बीए एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं की तैयारी पूरी हो गई है। 17 अप्रैल से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए वाराणसी समेत पांच जिलों में बनाए गए 28 परीक्षा केंद्रों पर कॉपियां पहुंच गई हैं।
29 अप्रैल तक परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। परिसर के साथ ही वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, भदोही के कॉलेजों में परीक्षाओं को दोपहर 1 से 4 बजे तक करवाया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने गुरुवार से शुरू होने वाली परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया।
जेईई मेन : आंसर-की पर अफवाहों पर न दें ध्यान
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने कहा कि जेईई मेन 2025 की अप्रैल सत्र की अब तक फाइनल आंसर की जारी नहीं की गई है। उम्मीदवारों का स्कोर सिर्फ फाइनल आंसर की के आधार पर ही तय किया जाएगा। छात्रों को ऐसी अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी है। परीक्षा में नौ सवालों पर उठे विवाद पर कहा कि अप्रैल सत्र की जो आंसर की अपलोड की गई हैं, वे अस्थायी हैं।
वसंता कॉलेज राजघाट में कैंपस प्लेसमेंट आज
बीएचयू के राजघाट में वसंता कॉलेज फॉर वुमेन में कल से कैंपस ड्राइव की शुरुआत होगी। 20 से 35 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। स्नातक, एमबीए, एमए और प्रोफेशनल कोर्स की छात्राएं हिस्सेदारी कर रही हैं। ये प्लेसमेंट वेदांता इंटरनेशनल की ओर से किया जाएगा। 40 छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। असेंबली हॉल में सुबह 10.30 बजे से प्लेसमेंट ड्राइव लगेगी। इंटरव्यू के बाद कार्यक्षेत्र यूपी, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल के साथ-साथ नेपाल और भूटान होगा।
आज से काशी यूथ समिट, कश्मीर पर होगा संवाद
बीएचयू में आज से दो दिन तक काशी यूथ समिट में युवाओं को लीडरशिप स्किल सिखाई जाएगी। पूर्वांचल और कश्मीर के मुद्दों पर बात कर छात्रों की कम्युनिकेशन स्किल को बेहतर किया जाएगा। साथ ही आइडिया और वैल्यू के साथ नेतृत्व की क्षमता विकसित की जाएगी।
16 और 17 अप्रैल को मजबूत संवाद, कल्चरल एक्सचेंज और विचारों पर आधारित बातें होंगी। देश भर के मोटिवेशनल स्पीकर्स युवाओं को सिखाने आएंगे। इसकी थीम रिजॉल्व 2.0 रिसोर्ट है। संवाद के दौरान रियल टाइम संसद भवन जैसा वातावरण तैयार किया जाएगा।
अप्रेंटिसशिप मेले में 22 अभ्यर्थियों का चयन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में मंगलवार को अप्रेंटिसशिप मेले में दो कंपनियों ने 22 अभ्यर्थियों का चयन किया। 180 अप्रेंटिस की वैकेंसी थी और 122 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। मेले में केवल आईटीआई उत्तीर्ण विद्यार्थियों को ही शामिल किया गया। प्रधानाचार्य मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि समय-समय मेले होते हैं। जिन बच्चों का सलेक्शन नहीं हुआ है वह परेशान न हो, जल्द आयोजन होगा। इस मौके पर राजेंद्र राणा, मनोज कुमार, माता दयाल, पंकज, हेमंत रहे।
आयरलैंड में शोधपत्र पढ़ेंगे बीएचयू के प्रोफेसर
डबलिन सिटी यूनिवर्सिटी, आयरलैंड में 8वें वार्षिक दक्षिण एशिया सम्मेलन में बीएचयू के प्रो. अमरनाथ पासवान व्याख्यान देंगे। सामाजिक समावेशन अध्ययन के प्रो. पासवान ‘’भारत के पंचायत चुनावों में दलित महिलाओं के मतदान व्यवहार से जुड़ी पारंपरिक मिथकों: उत्तर प्रदेश के बस्ती’’ जिले के विषय पर शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे। सम्मेलन में संयुक्त अरब अमीरात, अमेरिका, दक्षिण अफ्रीका, ब्रिटेन सहित कई देशों के विश्वविद्यालयों के प्रतिष्ठित शिक्षाविद् भाग लेंगे।
छात्रों की समस्याएं दूर करने की मांग
हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के विधि विभाग में समस्याओं पर कार्रवाई न होने पर धरने पर बैठे छात्रों के समर्थन में सपा एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने मंगलवार को विद्यापीठ में कुलपति प्रो. एके त्यागी को मांग पत्र सौंपा। वीसी ने आश्वासन दिया।