सोनभद्र : टिड्डियों का खेतों में उत्पात, जायद फसलों को पहुंचाई क्षति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनभद्र जिले के विभिन्न इलाकों में पहुंचा टिड्डियों का झुंड बृहस्पतिवार सुबह तक डेरा जमाए रहा। बुधवार शाम को पहुंचे टिड्डियों ने खेतों में जमकर उत्पात मचाया और जायद की फसल को नुकसान पहुंचाया। इससे किसानों को भारी क्षति हो सकती है। डीएम एस. राजलिंगम ने टिड्डियों का प्रकोप रोकने के लिए जिला स्तरीय टिड्डी नियंत्रण आपदा राहत दल का गठन कर दिया है। इसका अध्यक्ष सीडीओ को बनाया गया है और कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है।
बुधवार को दिन में करीब चार बजे अचानक घोरावल नगर के आकाश में टिड्डियों का झुंड मंडराने लगा। घोरावल प्रतिनिधि के अनुसार बिसरेखी, धरसड़ा, मरसड़ा, खड़देउर, खरुआंव, महुअरिया, कनेटी, बिमौरी, गणेशपुर, पगिया, तियरा, रानीतारा समेत तमाम गांवों में भी टिड्डियों ने धावा बोल दिया।
हजारों लाखों टिड्डियों का झुंड देखकर लोगों में हड़कंप मच गया और लोग घरों के बाहर निकलकर टिड्डियों को देखने लगे। उधर ग्रामीण इलाकों में खेतों में टिड्डियों का समूह देखकर एकबारगी किसानों को समझ में ही नहीं आया कि क्या करें। उन लोगों ने जानकर लोगों से मोबाइल पर टिड्डियों को भगाने का उपाय पूछा और उसके बाद किसान बर्तन, टिन, डिब्बे इत्यादि पीटकर तेज आवाज उत्पन्न कर उन्हें भगाया।
टिड्डियों के इस हमले में जायद की फसलों जैसे उड़द, मूंग, मक्का, कोहड़ा, भिंडी, लौकी, मिर्चा इत्यादि को नुकसान पहुंचा है। उधर सूचना मिलते ही उप निदेशक कृषि प्रसार, जिला कृषि अधिकारी, जिला फसल सुरक्षा अधिकारी पूरे दल बल के साथ बिमौरी व गणेशपुर गांव में पहुंचकर रात 11 बजे से सुबह चार बजे तक स्प्रे मशीन से दवाओं का छिड़काव कराया।
हजारों टिड्डियों की हुई मौत
घोरावल तहसील क्षेत्र के करमा पगिया, रानी तारा आदि गांवों में बुधवार को टिड्डियों का दल पहुंचा और खेतों व पेड़ों पर डेरा जमा लिया। मौके पर पहुंची कृषि विभाग की टीम ने रात में ही दवा का छिड़काव कराया।इससे हजारों टिड्डियां मर गईं।
टिड्डी नियंत्रण आपदा राहत दल का गठन
डीएम एस. राजलिंगम ने टिड्डी नियंत्रण आपदा राहत दल का गठन किया है। इसका अध्यक्ष सीडीओ को बनाया गया है। सदस्य के रूप मे उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी व सदस्य सचिव जिला कृषि रक्षा अधिकारी को बनाया गया है।
टिड्डी प्रकोप से संबंधित जानकारी के लिए जिला कृषि अधिकारी के मोबाइल नंबर- 6394944133 को कंट्रोल रूम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। डीएम ने लोगों से अपील किया है कि संभांवित टिड्डी दल के आने आदि के संबंध में तत्काल टिड्डी दल नियंत्रण जिला कंट्रोल रूम पर जानकारी दें।