सोनभद्र: जंगल में लगी आग दूसरे दिन बस्ती तक पहुंची, 2500 मुर्गे जिंदा जले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र स्थित रजखड़ गांव में एक दिन पूर्व जंगल में लगी आग सोमवार को एक परिवार पर आफत बन कर टूट पड़ी। जंगल की ओर से बढ़ी आग दोपहर में बस्ती तक पहुंच गई। बस्ती में एक कच्चे मकान में रखे गए करीब 2500 मुर्गे जिंदा जल गए। आग से पोल्ट्री फार्म संचालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
रजखड़ गांव निवासी राजेश कुशवाहा का कहना है कि वह अपने घर के पीछे कच्चे मकान में पोल्ट्री फार्म चलाते हैं। सोमवार दोपहर कुछ जलने की महक से उनकी नींद खुली तो पोल्ट्री फार्म से आग की लपटें उठ रही थी। जब तक कुछ सोचते, आग की लपटें विकराल रूप ले चुकी थी। आग की चपेट में आने से फार्म में रखे 2500 मुर्गे जलकर मर गए।
ग्रामीणों की सहायता से किसी तरह टैंकर के माध्यम से पानी की बौछार मारकर आग पर काबू पा लिया गया। राजेश कुशवाहा का कहना है कि घटना से करीब पांच लाख की क्षति हुई है। मुर्गे सवा दो किलो से ढाई किलो के हो चुके थे। घटना की सूचना एसडीएम दुद्धी व कोतवाली पुलिस को दी गई। पीड़ित ने तहसील प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।
कई किसानों की अरहर की फसल जलकर राख
सोनभद्र जनपद के म्योरपुर थाना क्षेत्र के चैरी गांव में सोमवार की दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में कई किसानों के खेत में आग लग गई। आग ने रामाधार, रामप्रकाश, बेचन, शंखलाल व बीरबल के अरहर के खेत को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस के प्रयास से हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। किसानों का कहना है कि आग से उनकी फसल जल गई। किसानों ने तहसील प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की है।